बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती, पारंपरिक नृत्यों की बिखरी छटा
|
19 Nov 2026
वीर सपूतों के परिजनों का हुआ सम्मान
छत्तीसगढ़ संवाददाता
जगदलपुर, 18 नवंबर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर मनाए जा रहे जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को स्थानीय शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदान में भव्य जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में वक्ताओं ने जनजातीय महानायकों के बलिदान को नमन करते हुए समाज की एकजुटता, संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और नक्सलवाद के खात्मे के बाद तेजी से विकसित हो रहे नए बस्तर की तस्वीर पेश की। समारोह के दौरान जनजातीय संस्कृति, इतिहास और विकास की विविध झलकियां देखने को मिलीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में बस्तर के जनजातीय समुदाय से जुड़े स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं क्रांतिकारी नायकों के परिजनों का विशेष सम्मान किया गया। सांस्कृतिक उल्लास को बढ़ाने के लिए आयोजित जिला स्तरीय शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव की पारंपरिक नृत्य प्रतियोगिता में लामकेर के गेड़ी नर्तक दल, छिंदावाड़ा के धुरवा मंडई नृत्य और किलेपाल के गौर सिंग नर्तक दल ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इसके साथ ही क्षेत्र की उपलब्धियों को दर्शाती जिला स्तरीय विकास प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका समापन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण के साथ हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने स्थानीय हल्बी और हिंदी भाषा में आत्मीय उद्बोधन देकर जनसमूह का दिल जीत लिया। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं से अपने असली रोल मॉडल चुनने का आह्वान करते हुए बस्तर के वीर सपूतों-गुंडाधुर, डेबरीधुर, शहीद वीर नारायण सिंह, कुंवर गेंद सिंह और शहीद झाड़ा सिरहा के बलिदान को याद किया। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि आज देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद पर जनजातीय समाज की बेटी आसीन हैं और छत्तीसगढ़ को पहली बार विष्णु देव साय के रूप में एक आदिवासी मुख्यमंत्री का नेतृत्व मिला है।
केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए विधायक श्री देव ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय बनाकर विकास की जो नींव रखी थी, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उस पर अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी ने कहा कि आदिवासियों के पास सुरक्षित जल, जंगल और जमीन बिरसा मुंडा के संघर्ष और 1908 के छोटानागपुर भूमि कानून की देन है। बस्तर और दंतेवाड़ा के नक्सल मुक्त होने पर हर्ष जताते हुए उन्होंने समाज से कुरीतियों व धर्मांतरण से दूर रहकर संगठित होने का आह्वान किया।
इसी क्रम में जगदलपुर के महापौर संजय पाण्डे ने माई दंतेश्वरी के जयकारों के साथ आदिवासी समाज के प्रकृति प्रेम और गौरवशाली इतिहास को रेखांकित किया।
इस अवसर पर दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ राम कश्यप एवं श्री राजाराम तोड़ेम, सर्व आदिवासी समाज के दशरथ कश्यप और संतोष बघेल ने भी अपने विचार रखे, जबकि स्वागत उद्बोधन आदिवासी विकास विभाग के उपायुक्त गणेश सोरी ने दिया। समारोह में नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, कलेक्टर आकाश छिकारा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।