इन कक्षाओं के लिए आने वाली हैं एनसीईआरटी की नई किताबें, अब नए तरीके से पढ़ाने की तैयारी!
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने 2025-26 सत्र के लिए चार और क्लासेज की किताबें लाने की तैयारी शुरू की है। स्कूली शिक्षा के लिए नैशनल करिकुलम फ्रेमवर्क (NCF-SE) के आधार पर 2024-25 में सबसे पहले क्लास 3 और 6 की नई किताबें आई हैं और अगले वर्ष चार क्लासेज की किताबें आएंगी। एनसीईआरटी ने विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की निर्धारित भाषाओं में 79 प्राइमर विकसित किए गए हैं, इन शॉर्ट बुक से किसी भी भाषा को सीखने की शुरुआत हो सकेगी। ये प्राइमर राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार हैं और मूल भाषा में शिक्षा को बढ़ावा देता है। NCERT के निदेशक प्रो. दिनेश प्रसाद सकलानी का कहना है कि विभिन्न भाषाओं में 79 प्राइमर तैयार कर लिए हैं और पहले चरण में कुल 121 बनाए जाने है, ये प्राइमर किसी भी भाषा को सीखने की शुरुआती पहल है। प्राइमर एक प्रवेशिका होती है, जो किसी भी भाषा को सीखने के लिए शुरुआती कदम होती है। नई शिक्षा नीति के तहत ये प्राइमर तैयार किए जा रहे हैं।जल्द ही बचे हुए 42 प्राइमर भी तैयार होंगे, जिन पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि एनसीईआरटी ने 2025-26 में यानी अगले साल चार क्लासेज की नई किताबें लाने की तैयारी की है। प्रो. सकलानी का कहना है कि क्लास 4, 5, 7 और 8 की नई किताबें आएंगी और हाल ही में एनसीईआरटी ने एमेजॉन के साथ समझौता किया है ताकि लोग घर बैठे भी किताबें मंगवा सकें।