World Environment Day: राशि, नवग्रह और देवताओं से जुड़े पौधों का रोपण दिलाता है सकारात्मक ऊर्जा और सुख-समृद्धि…
05-Jun-2026
World Environment Day: सनातन परंपरा में वृक्षों को केवल प्रकृति का हिस्सा नहीं, बल्कि दिव्य ऊर्जा का स्रोत माना है। मान्यता है कि प्रत्येक राशि, नवग्रह और देवी-देवताओं से कुछ विशेष वृक्ष और पौधे जुड़े होते हैं। इनका रोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, सुख-समृद्धि और शुभ फलों का कारक है । हर वर्ष 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है । इस दिन लोगों को पेड़-पौधों और प्रकृति के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाता है।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार वृक्ष, जल स्रोत और पशु-पक्षी विभिन्न ग्रहों से संबंधित होते है । इसलिए उनका संरक्षण और संवर्धन ग्रहों की शांति तथा अनुकूलता बढ़ाने में भी सहायक है।
सूर्य ग्रह को मजबूत करने के लिए मदार और गुड़हल का पौधा लगाना शुभ होगा। मान्यता है कि इससे नेत्र संबंधी समस्याओं का जोखिम कम होता है। व्यक्ति को सम्मान व उच्च पद की प्राप्ति में सहायता मिलती है। चंद्रदेव की कृपा पाने के लिए चमेली तथा सफेद पुष्प वाले पौधे लगाने की सलाह दी जाती है, जिससे मानसिक शांति और मनोबल में वृद्धि होती है।
मंगल ग्रह को बलवान बनाने के लिए अनार, खजूर और चंपा के पौधों का रोपण लाभकारी माना जाता है। इससे रक्त संबंधी समस्याओं से बचाव और साहस में वृद्धि होती है। बुध ग्रह की शुभता के लिए तुलसी, वच और दूर्वा का पौधा लगाना उत्तम माना गया है, जो बुद्धि और वाणी को मजबूत करने में सहायक माने जाते हैं।
गुरु ग्रह को मजबूत करने के लिए पीपल और केले का वृक्ष लगाना शुभ माना जाता है। इससे ज्ञान, समृद्धि और संतान सुख की प्राप्ति होती है। वहीं राहु के लिए दूर्वा तथा केतु के लिए कुश और अश्वगंधा का पौधा लगाने की मान्यता है। इससे शत्रुओं से रक्षा, आध्यात्मिक उन्नति और पूर्व जन्म के कर्मों से राहत मिलने की बात कही जाती है।
शुक्र ग्रह की अनुकूलता के लिए सुगंधित और सुंदर पुष्पों वाले पौधों का रोपण लाभकारी माना जाता है। इससे प्रेम, सौंदर्य, दांपत्य सुख और भौतिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि होती है। पर्यावरण दिवस पर ऐसे पौधों का रोपण न केवल प्रकृति की रक्षा करता है, बल्कि धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से भी अत्यंत शुभ माना जाता है।
राशि अनुसार शुभ पौधे
मेष- आंवला
वृषभ- गूलर
मिथुन- कटहल
कर्क-पलाश
सिंह- बरगद
कन्या- चमेली
तुला- अर्जुन
वृश्चिक- खैर
धनु- साल
मकर-शमी
कुंभ- कदंब
मीन- पीपल
प्रमुख देववृक्ष
भगवान शिव- बेलपत्र
भगवान विष्णु- पीपल
भगवान गणेश- शमी
भगवान कृष्ण-कदंब
माता लक्ष्मी- कमल
भगवान हनुमान-चमेली