भारतीय टीम के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी टखने की सर्जरी के चलते काफी लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे है. उन्होंने अपना आखरी मुकाबला वनडे विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था, जिसे अब 11 महीने बीत चुके है. वर्ल्ड कप के तुरंत बाद शमी ने सर्जरी करवाई थी तब से लेकर वह अपने रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं. इस बीच उनके फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. दरअसल, मोहम्मद शमी के रणजी ट्रॉफी में अपनी घरेलू टीम बंगाल के लिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करने की संभावना है। सिर्फ यही नहीं इसके बाद वह न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज से इंटरनेशनल मंच पर वापसी भी कर सकते है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मोहम्मद शमी 11 अक्टूबर को यूपी के खिलाफ बंगाल के रणजी मैच में और 18 अक्टूबर को बिहार के खिलाफ कोलकाता में खेल सकते हैं, लेकिन दोनों मैचों के बीच केवल दो दिन का अंतर होने के कारण वह संभवतः केवल एक मैच ही खेलेंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज 19 अक्टूबर से बेंगलुरु में शुरू होगी, इसके बाद पुणे (24 अक्टूबर) और मुंबई (1 नवंबर) में टेस्ट मैच होंगे। उम्मीद है कि शमी इनमें से किसी एक टेस्ट मैच में खेलेंगे ताकि ऑस्ट्रेलिया के बड़े दौरे से पहले वह पूरी तरह फिट हो सकें।
शमी ने UK में करवाई थी टखने की सर्जरी
बता दें कि शमी ने इस साल फरवरी में यूनाइटेड किंगडम में टखने की सर्जरी करवाई थी और तब से उन्होंने कोई प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। सर्जरी के बाद वह कम से कम छह महीने तक बाहर रहे। 11 महीने के लंबे अंतराल के बाद, शमी ने बेंगलुरु में नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में अपनी ट्रेनिंग शुरू की है और सोशल मीडिया पर कम तेजी वाले रन-अप के साथ गेंदबाजी का वीडियो साझा किया है। हालांकि, वह दलीप ट्रॉफी के लिए उपलब्ध नहीं हो सके क्योंकि चयनकर्ता उनकी फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहते थे।
बीसीसीआई की प्राथमिकता है कि भारत के शीर्ष तीन तेज गेंदबाज—जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज—ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए पूरी तरह फिट रहें। शमी ने अब तक 64 टेस्ट मैचों में 229 विकेट लिए हैं, जिसमें छह बार पांच विकेट हॉल और 12 बार चार विकेट हॉल शामिल हैं।