T20 World Cup 2026: ZIM vs WI मैच में टूटे सारे कीर्तिमान, दोनों टीमों ने मिलकर ठोके इतने छक्के कि बन गया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
24-Feb-2026
West Indies vs Zimbabwe T20 World Cup 2026: आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप का 44वां मैच सोमवार को जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया. इस मैच में वेस्टइंडीज को 107 रनों से जीत मिली है. इस महाजीत से वेस्टइंडीज का रन रेट भी बेहतर हुआ है और जिम्बाब्वे को नुकसान हुआ है.
West Indies vs Zimbabwe T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की सरजमीं पर खेले जा रहे टी20 विश्व कप 2026 में रिकॉर्ड्स की बारिश हो रही है. अब तक 44 मैच हो चुके हैं. इस दौरान कई रिकॉर्ड बने और टूटे, लेकिन 23 फरवरी की शाम मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया 44वां मुकाबला ऐतिहासिक साबित हुआ. जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए इस मैच में छक्कों की इतनी बारिश हुई कि वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया. यह मुकाबला टी20 विश्व कप के इतिहास में छक्कों के लिए याद किया जाएगा. मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले 254 रन बनाए और फिर जिम्बाब्वे को 147 रनों पर समेट दिया. विंडीज की जीत से ज्यादा चर्चे उसके द्वारा बनाए गए छक्कों के विश्व कीर्तिमान की हो रही है.
एक मैच में 31 छक्कों के साथ बना वर्ल्ड रिकॉर्ड
दरअसल, पहले बैटिंग करते हुए वेस्टइंडीज ने वो कमाल किया, जिसके लिए वह पहचानी जाती है. वानखेड़े के मैदान पर उसने अपनी सिक्स हिटिंग एबिलिटी दिखाई और 20 ओवरों में 19 छक्के ठोक डाले. जवाब में जिम्बाब्वे भले ही 147 रनों पर सिमट गई, लेकिन उसने भी 12 छक्के उड़ाए. इस तरह मुकाबले में कुल 31 छक्के लगे. यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में किसी एक मैच में सबसे ज्यादा छक्कों का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड है. इससे पहले साल 2014 के टी20 विश्व कप में आयरलैंड और नीदरलैंड के बीच सिलहट में खेले गए मैच में 30 छक्के लगे थे. अब यह रिकॉर्ड टूट चुका है.
T20 वर्ल्ड कप इतिहास में एक मैच में सबसे ज्यादा छक्के
31 छक्के- वेस्टइंडीज vs जिम्बाब्वे, मुंबई, 2026
30 छक्के- आयरलैंड vs नीदरलैंड, सिलहट, 2014
25 छक्के- इंग्लैंड vs इटली, कोलकाता, 2026
24 छक्के- ऑस्ट्रेलिया vs भारत, ग्रॉस इसलेट, 2024
24 छक्के- ऑस्ट्रेलिया vs भारत, ब्रिजटाउन, 2010
शिमरोन हेटमायर का तूफान, 19 गेंदों में फिफ्टी
वानखेड़े के मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत के हीरो शिमरोन हेटमायर रहे, जिन्होंने सिर्फ 19 गेंदों पर फिफ्टी ठोकी. यह टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज की ओर से सबसे तेज फिफ्टी का नया रिकॉर्ड है. इससे पहले हेटमायर ने ही स्कॉटलैंड के खिलाफ ईडन गार्डन्स में 22 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था. उनसे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 2012 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोलंबो में 23 गेंदों पर फिफ्टी बनाई थी.
शिमरोन हेटमायर ने 17 छक्के लगाकर किया पूरन जैसा कमाल
जिम्बाब्वे के खिलाफ हेटमायर के बल्ले से 34 गेंदों पर 85 रन निकले, जिसमें 7 छक्के और इतने ही चौके शामिल थे. इन 7 छक्कों के दम पर हेटमायर इस सीजन कुल 17 छक्के मार चुके हैं. इन 17 छक्कों के दम पर हेटमायर ने एक एडिशन में सबसे ज्यादा छक्कों के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली. इससे पहले यह रिकॉर्ड निकोलस पूरन ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप में 17 छक्के लगाकर बनाया था. अब हेटमायर भी 17 छक्कों के साथ उसी मुकाम पर पहुंच चुके हैं.