छत्तीसगढ़
"संतोषी नगर बेटी बचाओ मंच ने कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया, नवकन्या को सम्मानित किया गया"
रायपुर: संतोषी नगर बेटी बचाओ मंच ने माता संतोषी बाघ तथा पिता महेंद्र बाघ के यहां बेटी जन्म अवसर को कन्या जन्मोत्सव के रूप में मनाया । श्री राम मैदान संतोषी नगर स्थित उनके निवास में जाकर नवकन्या जयश्री का पैर धोकर चंदन का लेप करके, देवी का स्वरूप मानकर आशीर्वाद प्राप्त किया । माता को बेटी गौरव सम्मान, पिता को बेटी संरक्षण सम्मान तथा नवकन्या को दुर्गा शक्ति सम्मान से सम्मानित किया। उक्त सम्मान मंच के प्रदेश अध्यक्ष ललित मिश्रा, ऋषि कुम्हार, अन्नपूर्णा कुम्हार, लता छुरा, राधा महानंद, अनुपमा दीप, शांति जगत, लक्ष्मी महानंद, निरंजन बाघ, रूदना बाघ, किसन छुरा, सुशील बाघ, जगन्नाथ महानंद ने पुष्प माला से स्वागत कर बेबी किड्स व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम की जानकारी मोहनदीप ने दी। संचालन किशन छुरा ने किया।
"भारतीय रेलवे की महिला बैडमिंटन टीम ने सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन"
रायपुर: 85वीं सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन गुवाहाटी में दिनांक 18 दिसंबर’ 2023 से किया गया है । इस प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे की महिला बैडमिंटन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है । भारतीय रेलवे की विजेता टीम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की 02 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया एवम पदक जीतने में अहम भूमिका निभाई है ।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की इन महिला बैडमिंटन खिलाडियों में दीक्षा एवं के. प्रीती शामिल हैं । ये दोनों खिलाड़ी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल में क्रमशः कनिष्ठ लिपिक, कार्मिक विभाग एवं कनिष्ठ लिपिक, अभियांत्रिकी विभाग में कार्यरत है ।
भारतीय रेलवे के साथ ही दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा हमेशा से खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दिया जाता रहा है । इसी का परिणाम है कि आज इन महिला खिलाड़ियों ने भारतीय रेलवे के साथ ही साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का भी नाम रौशन किया है । इसके साथ ही साथ दक्षिण पूर्व रेलवे की अन्य खिलाड़ियों ने भी विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी छाप छोड़ी है ।
भारतीय रेलवे की महिला बैडमिंटन टीम एवं उसमें शामिल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन एवं उपलब्धि पर महाप्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे एवं अधिकारियों द्वारा बधाई दी गई है तथा भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया है ।
"छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री सचिव के रूप में नियुक्त हुए आईएएस पी दयानंद: नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठता, और शिक्षा क्षेत्र में अनूठे कार्यों के लिए पहचान"
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सचिव की जिम्मेदारी हासिल करने वाले आईएएस पी दयानंद यूं ही इस पद पर नहीं पहुंचे। इसके लिए उन्होंने कहीं कोई शॉर्ट कट या जोड़ तोड़ का रास्ता भी नहीं अपनाया, बल्कि 17 साल अपने काम में उसी समर्पण से जुटे रहे, जैसा एक आईएएस अफसर से अपेक्षा की जाती है। अपने सिद्धांतों के लिए उन्होंने सदा नो कॉम्प्रोमाइज कहा और उनके लिए मंत्रियों से भी भीड़ गए। धुर नक्सल क्षेत्र सुकमा हो, ऊर्जानगरी कोरबा या फिर न्यायधानी कहे जाने वाले सघन राजनीतिक गढ़ बिलासपुर, अपनी कलेक्टरी लेकर जहां से भी गुजरे, एक-एक कर नए कीर्तिमान भी गढ़ते गए।
2006 बैच के आईएएस अधिकारी पी दयानंद को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपना सचिव नियुक्त किया है। मंगलवार की देर रात सीएम सचिवालय की कमान उन्हें सौंप दी गई। अपनी कड़क कार्यशैली, तेज तर्रार व्यक्तित्व और बेदाग छवि की पहचान रखने वाले पी दयानंद ने पिछले 5 साल गुमनामी में गुजराने के बाद बहुत ही मजबूती के साथ वापसी की है। उनके मुख्यमंत्री सचिव बनने के बाद कहा जा रहा है ब्यूरोक्रेसी में काफी कुछ बदलाव दिख सकता है। ईमानदार और साफ सुथरी छवि के अफसर कहे जाने वाले पी दयानंद को हमेशा से नतीजे देने वाले अफसरों में गिना जाता है।
सुकमा-कोरबा में एजुकेशन हब, बिलासपुर में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
बतौर कलेक्टर अपनी पहली पोस्टिंग के साथ ही पी दयानंद ने धुर नक्सल जिला सुकमा में उत्कृष्ट कार्य किए और यहां एजुकेशन हब की नींव रखी। अपनी देखरेख में तैयार कराया और आज भी यहां नक्सल प्रभावित क्षेत्र के होनहार बच्चे बेखौफ होकर अपनी शिक्षा पूरी कर रहे हैं। इसके बाद कवर्धा और फिर कोरबा में कलेक्टर रहते पी.दयानंद ने कई अहम काम किए।
कोरबा जिला के कलेक्टर रहने के दौरान ही केंद्र सरकार द्वारा जिला खनिज न्यास मद का गठन किया। उन्होंने कोरबा में भी आदिवासी बच्चों के लिए एजुकेशन हब का निर्माण कराया गया। जहां एक साथ 5 हजार बच्चों के आवासीय शिक्षा की पूरी व्यवस्था तैयार कराई गई है। इसके साथ ही एसईसीएल की खदानों से प्रभावित लोगों के लिए विशेष कार्य योजना तैयार कर उनके रहवास को माॅडल गांव के तर्ज पर सर्व सुविधायुक्त बनवाया गया।
इसके बाद उन्होंने बिलासपुर जिला में कलेक्टर रहते हुए न्यायधानी के अधोसंरचना के विकास के साथ ही पीएम आवास और स्वच्छ भारत अभियान में विशेष कार्य किए। यहां उन्होंने मतदान को प्रोत्साहित करने के अपने अभियान के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम भी
दर्ज कराया।
आईएएस पी दयानंद ने कभी अपने उसूलों के लिए समझौता न किया, बल्कि अधिकारों के लिए लड़ जाने से पीछे नहीं हटे। इसके लिए उन्हें पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के निशाने पर भी आना पड़ा। पिछली बार सरकार बदली, तब वह कोरबा के बिलासपुर के कलेक्टर थे। फिर उन्हें प्रबंध संचालक समग्र शिक्षा बना दिया गया। इसके बाद वह वापसी नहीं कर पाएं। उसके पहले की सरकार में भी एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से भी तीखी बहस हुई थी। मूलतः बिहार के सासाराम के रहने वाले पी.दयानंद की गिनती तेज तर्रार IAS अफसरों में की जाती है।
सुकमा, कोरबा, बिलासपुर सहित प्रदेश के चार जिलों की कमान संभाल चुके आईएएस अफसर पी.दयानंद को शिक्षा के क्षेत्र में एजुकेशन हब के जरिये बेहतर शिक्षा व्यवस्था की नींव रखने के लिए भी पहचाना जाता है। 2006 बैच के IAS अफसर पी.दयानंद के पिछले कार्यकाल को देखा जाये तो उन्होने अपने प्रोबेशन पीरियड नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिला में जिला पंचायत सीईओ के तौर पर पूरा किया। इसके बाद वे सुकमा जिला की कमान संभालते हुए कलेक्टर बने और शिक्षा के क्षेत्र में अद्वितीय कार्य किए।
"रायपुर पुलिस की कार्यवाही: अवैध नशे के खिलाफ बड़ी पकड़, 72 पैकेट गांजा और एम्बुलेंस काम में लाई गई"
रायपुर पुलिस: श्रीमान वरिष्ट पुलिस अधीक्षक महोदय प्रशांत अग्रवाल (भा.पु. से.) द्वारा नशे का कारोबार करने वालो के विरुद्ध कार्यवाही बाबत निर्देशित किया गया है, जिनके निर्देशन, श्रीमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम रायपुर श्री जयप्रकाश बढई, श्रीमान नगर पुलिस अधीक्षक आजाद चौक श्री मयंक गुर्जर (भा०पु० से०) के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी आमानाका निरीक्षक संतराम सोनी के नेतृत्व में दिनांक 20.12.2023 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई की डूमर तालाब चाणक्य स्कूल टर्निग के पास एक एम्बुलेस खडी थी, जिसमे वाहन चालक मिलाकर चार व्यक्ति है तथा उसमें अवैध मादक पदार्थ गांजा है, सूचना पर घेराबंदी कर रेड कार्यवाही किया गया, जिसमें तीन व्यक्ति पुलिस को देखकर भाग गया तथा चालक मौके पर पकडा गया।।
वाहन चालक से पूछताछ करने पर अपना नाम सूरज खुंटे पिता कृष्णलाल खुंटे उम्र 22 साल साकिन ग्राम डोंगियाभाठा थाना भटगांव जिला सारंगढ़ - बिलाईगढ़ का होना बताया तथा अपने भागे हुए साथी का नाम गोलू चन्द्रा तथा अन्य दो का नाम मालूम नही होना बताया। वाहन को चेक करने पर उसमे 72 पैकेट ब्राऊन कलर के रेपर से सील पैक मादक पदार्थ गांजा भरा होना पाया गया। उक्त मादक पदार्थ गांजा के संबंध में पूछने पर गांजा को उडिसा से लाना तथा बलौदाबाजार से अन्य राज्य अपने फरार साथी गोलू चन्द्रा निवासी ग्राम सलौनी कला थाना भटगांव जिला सारंगढ़ के साथ मिलकर ले जाना बताया। मौके पर आरोपी चालक के कब्जे से एक एम्बुलेस कमांक सीजी-04/ एच.डी.- 8385 में 72 पैकेट मादक पदार्थ गांजा कुल वजनी 364. 300 किलो ग्राम जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर अपराध कमांक 00/2023 धारा 20 (ख) एन. डी.पी.एस. एक्ट कायम कर विवेचना में लिया गया, मौके से फरार आरोपियो के संबंध में तस्दीकी किया जाता है।
आरोपी: सुरज खूटे पिता कृष्णलाल खुटे उम्र 22 साल निवासी ग्राम डोंगियाभाठा थाना भटगांव जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़
जप्ती माल का विवरण
वाहन ईको कार कमांक सी.जी. 04 एच.डी. 8385 (एम्बुलेंस),कुल 72 पेकेट मादक पदार्थ गांजा ब्राऊन कलर के रेपर से सील पैक हालत में भरा, पेकेट रेपर सहित कुल वजन 364.300 किलो ग्राम मादक पदार्थ गांजा कीमती करीबन 36,00,000/रु वाहन सीजी -04/एचडी-8385 कीमती 10,00,000/रु जुमला कीमती 46,00,000/ रूपया
"छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास द्वारा अप्रारंभ नहीं हुए कार्यों पर रोक लगाने के निर्देश, नए सदस्यों के नामांकन की भी दिशा में निर्देश जारी"
रायपुर: छत्तीसगढ़ खनिज साधन विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम-15 के क्रियान्वयन के संबंध में आज मंत्रालय से नये दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जिसके तहत जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद द्वारा ऐसे कार्य जिन्हें प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, परंतु कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं, ऐसे अप्रारंभ कार्याें पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम, 2015 के नियम 5 अनुसार ‘‘जिला खनिज सस्थान न्यास का उद्देश्य खनन अथवा खनन से संबधित संक्रियाओं से प्रभावित व्यक्ति एवं क्षेत्र के हित एवं लाभ के लिए ऐसी रीति से कार्य करना है‘‘ नियम-22 अनुसार न्यास निधि का उपयोग किये जाने का प्रावधान है। न्यास की गतिविधियों के सफल संचालन के लिए समय-समय पर राज्य शासन द्वारा विभिन्न निर्देश जारी किये गये हैं, जिनके तारतम्य में आज खनिज विभाग द्वारा नये निर्देश जारी किए गए हैं।
समस्त कलेक्टर-सह-अध्यक्ष जिला खनिज संस्थान न्यास को छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम, 2015 के नियम-10. 11 एवं 12 (1) के संदर्भ में निम्नानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया है -
छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम, 2015 (यथा संशोधित) अन्तर्गत कलेक्टर-सह-अध्यक्ष, जिला खनिज संस्थान न्यास/शासी परिषद द्वारा ऐसे कार्य जिन्हें प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, परन्तु कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं, ऐसे अप्रारंभ कार्यों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगायी जाये।
शासी परिषद् द्वारा ऐसे अप्रारंभ कार्य की पुन समीक्षा की जाए। तत्पश्चात् शासी परिषद के निर्णय/अनुमोदन अनुसार ही अग्रिम आवश्यक कार्यवाही की जाए।
कलेक्टर-सह-अध्यक्ष, जिला खनिज संस्थान न्यास द्वारा शासी परिषद के बिना प्रशासकीय स्वीकृति के कोई भी नये कार्य प्रारंभ नहीं किए जाएं।
छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम 2015 के नियम-10 (1ख) के प्रावधान अन्तर्गत संबंधित जिले के समस्त नवनिर्वाचित विधानसभा सदस्य, जो पदेन सदस्य हैं। ऐसे समस्त विधानसभा सदस्यों को तत्काल सूचित किया जाए।
छत्तीसगढ़ जिला खनिज सस्थान न्यास नियम 2015 के नियम-10(2), 10 (3) एवं 10(4) के प्रावधान अन्तर्गत संबंधित जिले के ऐसे नामांकित जनप्रतिनिधियों/सदस्यों जिनकी कालावधि 03 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनके स्थान पर नये नामांकन किए जाएं।
"छत्तीसगढ़ विधानसभा: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्यपाल के अभिभाषण को नीरस करार दिया, बोले- 'भाषण में जरूरी बातें नहीं आईं'"
रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा में राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन के अभिभाषण को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नीरस करार दिया है. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल ने अंग्रेजी में भाषण दिया. राज्यपाल का भी भाषण आईना होता है, उसमें वह बात नहीं आई जो छत्तीसगढ़ के लिए जरूरी था. राज्य सरकार ने राज्यपाल से नीरस भाषण कराया.
उन्होंने कहा कि अनुपूरक बजट प्रस्तुत हुआ. 18 लाख आवास की बात करते हैं, कल्याण उन्नति योजना है, 3100 रुपए के बारे में कहा गया है, बोनस के बारे में कहा गया है, कर्ज माफी के बारे में मुख्यमंत्री अलग कहते हैं, और उनके नेता अलग कहते हैं. अनुपूरक बजट में भी कोई नई चीज नहीं दिखाई दे रही है. भाजपा जिन वादों को लेकर जनता के बीच गई, वह कदम सरकार बनने के बाद दिखाई नहीं दिया.
नक्सली घटनाओं को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि नक्सल नियंत्रण पर हमारी सरकार ने काम किया. भाजपा सरकार नियंत्रण नहीं कर पा रही है. एक भी मतदान केंद्र नहीं था, जिसमें 0% मतदान हुआ हो. अधिक मतदान होना इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस सरकार में नक्सली पर लगाम लगा था.
"छत्तीसगढ़ विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच नोक-झोंक; सदन स्थगित, गुरुवार को चर्चा होगी"
रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच नोक-झोंक हुई. विपक्ष के विधायकों ने कहा कि किसान आत्महत्या कर रहे हैं, लेकिन उस बारे में कुछ नहीं कहा जा रहा है. राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सदन में जय-जय श्री राम और छत्तीसगढ़ महतारी की जय के नारे लगे. इसके साथ ही गुरुवार तक के लिए सदन स्थगित हो गई.
राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन में अभिभाषण में नई सरकार को बधाई देते हुए कहा कि आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं. आपने जो वादा और दवा किया है उसे आप पूरा करें. मतदान के प्रतिशत का दूरस्थ इलाकों में बढ़ना, सरकार के विश्वास को बताता है. लोगों का संविधान के प्रति लगाव को बताने के लिए काफी है.
इसके साथ ही कहा कि मेरी सरकार अपने योजनाओं को पूरा करे. सदन की जो परंपरा है, उसे उच्च स्तर पर लेकर जाएं. पक्ष और विपक्ष दोनों के भावनाओं का पूरा सम्मान हो. मेरी सरकार गुड गवर्नेंस को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है. मेरी सरकार ने 18 लाख आवास के वादा को पूरा किया है. मेरी सरकार दो साल का बकाया बोनस देने का वादा पूरा करने जा रही है.
राज्यपाल ने कहा कि अटल जी और मोदी जी के सपनों को हमारी सरकार साकार करेगी. दो साल का बकाया बोनस और प्रधानमंत्री आवास देने का अपना वायदा पूरा करेंगे. हमारी सरकार PSC की नौकरी में पारदर्शिता के लिए प्रतिबद्ध है. राज्यपाल के अभिभाषण पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कृतज्ञता प्रस्तुत किया. इसका पुन्नलाल मोहले ने समर्थन किया. अब गुरुवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी.
"राजनांदगांव में 8 लाख नागरिकों ने अपनाया आयुष्मान कार्ड: योजना की मोबाइल ऐप के माध्यम से बन सकता है आवेदन"
रायपुर: भारत सरकार की योजनाओं से नागरिकों को जागरूक करने एवं शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा की मोबाईल वैन के माध्यम से आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अब हितग्राही अपना एवं अपने परिवार का आयुष्मान कार्ड मोबाईल एप के माध्यम से स्वयं निरूशुल्क बना सकते हैं। इसके लिए राशन कार्ड एवं आधार कार्ड दस्तावेज की आवश्यकता होगी। आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए सर्वप्रथम प्ले स्टोर से आयुष्मान ऐप एवं आधार फेस आईडी एप को डाउनलोड कर लें। इसके बाद आयुष्मान ऐप मेें लॉगिन पर जायें और बेनिफिसरी विकल्प को चुने। फिर अपना मोबाईल नंबर दर्ज करें एवं ओटीपी डालकर लॉगिन करें। स्टेट छत्तीसगढ़ व स्कीम राशन कार्ड विकल्प का ही चयन करें। सर्च बाय में डिस्ट्रिक में अपना जिला चुने और फैमिली आईडी में राशन कार्ड नंबर दर्ज कर सर्च करें।
परिवार के सदस्यों की जानकारी प्रदर्शित होगी, जिन सदस्यों का नाम हरा रंग में होगा, उनका आयुष्मान कार्ड बन चुका है एवं जिन सदस्यों का नाम नारंगी रंग में होगा उनका कार्ड बनाना होगा। उनके नाम के सामने डू ई-केवाईसी विकल्प प्रदर्शित होगा। डू ई-केवाईसी विकल्प का चयन करें आगे आधार प्रमाणीकरण व सत्यापन हेतु 4 विकल्प आधार ओटीपी, फिंगर प्रिंट, ईरिस स्कैन व फेस एयेंटिफिकेशन प्रदर्शित होंगे। यदि आधार कार्ड से लिंक मोबाईल नंबर उपलब्ध हैं, तो आधार ओटीपी विकल्प का चयन करें और यदि आधार से लिंक मोबाईल नंबर उपलब्ध नहीं हो तो फेस एयेंटिफिकेशन विकल्प का चयन करें। यदि आपके पास फिंगर प्रिंट बायोमेट्रिक डिवाइस उपलब्ध हैं, तो फिंगर प्रिंट विकल्प का चयन कर आधार प्रमाणीकरण पूर्ण कर ले। आधार प्रमाणीकरण के बाद कैप्चर फोटो विकल्प पर जाकर अपना क्लोजअप फोटो कैप्चर करना होगा। इसके पश्चात पता व मोबाईल नंबर की जानकारी भर कर सबमिट बटन पर क्लिक करें। इस प्रकार सबमिट करते ही आपका केवाईसी पूर्ण हो जाएगा। केवाईसी एयेंटिफिकेशन अप्रूवल हो सकता है। एयेंटिफिकेशन अप्रूवल होने पर कार्ड डाउनलोड करें। एयेंटिफिकेशन अप्रूवल नहीं होने पर अप्रूवल होने की प्रतीक्षा करें। अप्रूवल हो जाने के बाद अपना आयुष्मान कार्ड डाउनलोड कर सकते है। आयुष्मान कार्ड के संबंध में शिकायत एवं सुझाव टोल फ्री नंबर 104, 14555 पर दी जा सकती है। राजनांदगांव के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके बसोड़ ने बताया कि जिले में अब तक इस योजनांतर्गत 8 लाख 7 हजार 22 नागरिकों का आयुष्मान कार्ड बन गया है।
"कांग्रेस का 'डोनेट फॉर देश' कैंपेन पर भाजपा का करारा हमला: 'लूट-नीति' का आरोप"
रायपुर: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के ‘डोनेट फॉर देश’ के नाम पर क्राउड फंडिंग कैंपेन लॉन्च किए जाने पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने करारा हमला बोला है. उन्होंने इसे भी कांग्रेस की लूट-नीति का अभियान बताया है. बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस के इस अभियान में कार्यकर्ताओं और देशवासियों से चंदा इकठ्ठा किया जाएगा. कांग्रेस नेता इसे 1921 के तिलक स्वराज फंड से प्रेरित बता रहे हैं, जबकि तिलक स्वराज फंड के द्वारा चन्दे की राशि का सदुपयोग ब्रिटिश हुकुमत से लडने में किया गया था.
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि देश के नाम पर पार्टी के लिए चंदा इकठ्ठा करने के इस अभियान को तिलक स्वराज फंड से जोड़कर कांग्रेस ने अपनी घिनौनी राजनीतिक मानसिकता का परिचय दिया है. लोकमान्य तिलक और उनके स्वराज अभियान का अपमान करने का अधिकार कांग्रेसियों को कतई नहीं है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हमेशा से यही लक्ष्य रहा है कि पैसा किसी स्थिति में आना चाहिए. छत्तीसगढ़ को लूट-लूटकर कांग्रेस की तिजोरी भरने के बाद कांग्रेस अब कर्नाटक को अपने एटीएम के तौर पर इस्तेमाल कर रही है. इसके बाद तेलंगाना में भी कांग्रेस इसी लूट-खसोट की नीति अमल में लाने जा रही है. भ्रष्टाचार जिस कांग्रेस के डीएनए में रचा-बसा है, उस कांग्रेस को पैसों की किल्लत नहीं है. कांग्रेस सांसद धीरज साहू के घर से काले धन के तौर पर करोड़ों रुपए की नकदी बरामदगी से साफ हो गया है कि कांग्रेस के नेताओं ने सत्ता में रहकर कितनी लूट मचा रखी थी! दरअसल कांग्रेस के सब नेताओं ने अपनी-अपनी जेबें भर ली हैं, इसलिए अब देश के नाम पर कार्यकर्ताओं और देश के लोगों को लूटने का यह ख्याल कांग्रेस के लोगों को आया है.
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हजारों करोड़ रुपए के घोटालों, कमीशनखोरी और सरकारी खजाने की लूट करने के बाद कांग्रेस की छत्तीसगढ़ और राजस्थान में हुई हार के बाद कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व का एटीएम बंद हो चला है और कांग्रेस के पैसों की भूख और चिंता सता रही है, इसलिए लूट-खसोट का यह नया वेरिएंट कांग्रेस ने लॉन्च किया है. कांग्रेस भ्रष्टाचार की इस महामारी के प्रकोप से बचाव ही देशवासियों के लिए एकमात्र उपाय है.
मंदिर हसौद में राज्य स्तरीय सुवा नृत्य प्रतियोगिता का पांचवा वर्ष हुआ सफल आयोजन
मंदिर हसौद: छत्तीसगढ़ी संस्कृति की पारंपरिक धरोहर सुवा नृत्य को जीवित रखने महिला कलाकारों को मंच एवं सम्मान प्रदान करने के उद्देश्य को लेकर श्री मनोकामना सुवा नृत्य उत्सव समिति न.पा.मंदिर हसौद के तत्वाधान में राज्य स्तरीय सुवा नृत्य का भव्य आयोजन किया गया जिसमें छत्तीसगढ़ भर से अनेक महिला नृत्य मंडलियों ने भाग लेकर अपनी शानदार प्रस्तुति से तालियां बटोरी। कार्यक्रम प्रारंभ होने से पूर्व आयोजक समिति द्वारा महावीर ढोल पार्टी मंदिर हसौद की अगुवानी में शोभायात्रा निकालकर ग्राम देवी देवताओं को आमंत्रित किया गया तत्पश्चात द्रोपती मानस परिवार अछोला महासमुंद की श्री राम कथा रामायण की विशेष प्रस्तुति की गई।
कार्यक्रम 16 दिसंबर शाम 4:00 बजे से प्रारंभ होकर अगले दिन 17 दिसंबर दोपहर 2:00 बजे तक भारी दर्शकों की उपस्थिति में बिना रुके लगातार 22 घंटे तक जारी रहा आयोजन समिति के संचालक एवं मंच के उद्घोषक त्रिलोचन साहू ने भी अपनी बेहतरीन शैली से सफल संचालन कर समां बांधा। कार्यक्रम के अतिथि गण बिरझु ध्रुव,शोभित साहू, ओम प्रकाश यादव, नरसिंग अग्रवाल, संतोष सिन्हा, जी.पी.निषाद, श्रीमती तारिणी पिंटू निर्मलकर,अविनाश अग्रवाल,रानी सनत पटेल,गोवर्धन सिन्हा,नरोत्तम निषाद,मुकेश बघेल,प्रेम शंकर वर्मा,अजय सिन्हा,सकालू छुरा आदि अतिथियों का आयोजक समिति ने आतिशबाजी के साथ पुष्पमाला गमछा श्रीफल एवं मोमेंटो भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में ऐसे आयोजन के लिए समिति की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई एवं साधुवाद दिया। तीसरे दिन निर्णायक समिति के सदस्यों अनिल सिन्हा,पंकज ध्रुव,रामजी वर्मा,डॉ. गोवर्धन साहू,राधेश्याम पटेल,नंदकुमार पटेल,दिलीप जोशी द्वारा विजेता टीमों की घोषणा की गई जिसमें प्रथम स्थान एवं श्रेष्ठ नृत्य में- जगमग दीप जले सुवा मंडली चरौदा (पलारी), द्वितीय- स्थान मां की प्रेरणा सुवा परिवार धर्म नगरी आरंग, तृतीय- मासूम सुवा परिवार खपरी (भवानीपुर) चतुर्थ- जय महामाई सुवा मंडली फुटगुना (पिथौरा), पंचम- कही देबे संदेश सुवा नृत्य मंडली ससहा (पलारी), छठवां- सुवा के बोली मंडली रानी सागर (गुल्लू) श्रेष्ठ वेशभूषा- मां की महिमा सुवा परिवार छटेरा (गोइन्दा) श्रेष्ठ गायन- जय माधव सुवा परिवार कौवाझर (महासमुंद) श्रेष्ठ संगीत- जय मां शारदा सुवा मंडली तमासिवनी विजेता रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आयोजक समिति के संचालक-त्रिलोचन साहू, संरक्षक-ओमप्रकाश सिन्हा गजाधर वर्मा, अध्यक्ष-निर्देश सिन्हा, उपाध्यक्ष-गिरवर ध्रुव, सचिव-नरेंद्र ध्रुव, कोषाध्यक्ष-उमाशंकर वर्मा, सह सचिव-शंकर साहू अजय ध्रुव, प्रचार प्रमुख-हेमंत ध्रुव विनय सिन्हा नितेश ध्रुव,संगठन सचिव- राकेश साहू गिरधर वर्मा सुरेश ध्रुव सलाहकार- जितेन्द्र सिन्हा, कार्यकारिणी सदस्य धर्मेंद्र ध्रुव,राकेश ध्रुव,कमल साहू,योगेश ध्रुव,प्रताप निर्मलकर,प्रवीण साहू,प्रदीप चक्रधारी,राजा यादव,लक्ष्मीकांत सोनी,भूपेंद्र सर्वा,पुनीत देवांगन,अविनाश वर्मा,रविंद्र ध्रुव,जतिन ध्रुव,राजेंद्र ध्रुव,साहिल ध्रुव,मनमोहन साहू,यशराज सिंह,घनश्याम साहू,रत्नेश दुबे, कृष्णा यादव,सौरभ ध्रुव,अंशु ध्रुव,अर्जुन ध्रुव,मयंक वर्मा,भूपेश चंद्राकर और सूर्यकांत वर्मा का योगदान रहा।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर धान खरीदी एवं बोनस वितरण के संबंध में मुख्य सचिव ने अधिकारियों की बैठक आयोजित की
रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन ने आज यहां राजधानी रायपुर स्थित चिप्स कार्यालय में अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक ली। यह बैठक प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की गारंटी के परिपालन में राज्य के किसान भाईयों के बकाया धान बोनस की राशि के भुगतान की तैयारियों के संबंध में संबंधित विभाग के अधिकारियों और जिला कलेक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के लिए आयोजित हुई।
मुख्य सचिव ने राज्य में समर्थन मूल्य पर जारी धान खरीदी के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने आगामी 25 दिसम्बर को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी बाजपेयी के जन्म दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सुशासन दिवस की तैयारियां और घोषणा पत्र के परिपालन में दो वर्ष के बकाया धान बोनस राशि वितरण के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने राज्य के सभी जिला कलेक्टरों को इस संबंध में आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को विशेष अभियान चलाकर लाभान्वित करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू सहित सभी विभागीय सचिव व वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
SGPCL केबिन में चौथी लाइन कनेक्टिविटी हेतु एनआई कार्य से कुछ गाड़ियों का परिचालन प्रभावित होगा: रेलवे प्रशासन
रायपुर: रेलवे प्रशासन द्वारा अधोसंरचना विकास के कार्यों को शीघ्र पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है | इसी संदर्भ में अधोसंरचना विकास हेतु दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के अंतर्गत राबर्टसन-भूपदेवपुर के मध्य स्थित SGPCL केबिन में चौथी लाइन कनेक्टिविटी हेतु नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा। इसके फलस्वरूप कुछ यात्री गाड़ियों का परिचालन प्रभावित रहेगा। इस कार्य के पूर्ण होते ही गाडियों के परिचालन में गतिशीलता आएगी
रद्द होने वाली गाडियां:-
1)दिनांक 20 दिसम्बर 2023 से 22 दिसम्बर 2023 तक बिलासपुर व रायगढ़ से चलने वाली गाडी संख्या 08738/08737 बिलासपुर-रायगढ़-बिलासपुर मेमू स्पेशल रद्द रहेगी ।
2)दिनांक 20 दिसम्बर 2023 से 22 दिसम्बर 2023 तक बिलासपुर से चलने वाली गाडी संख्या 08736 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू स्पेशल रद्द रहेगी ।
3)दिनांक 21 दिसम्बर 2023 से 23 दिसम्बर 2023 तक रायगढ़ से चलने वाली गाडी संख्या 08735 रायगढ़-बिलासपुर मेमू स्पेशल रद्द रहेगी ।
रास्ते में समाप्त/प्रारंभ होने वाली गाड़ी -
1) दिनांक 20 दिसम्बर 2023 से 22 दिसम्बर 2023 तक गोंदिया से चलने वाली 08861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू स्पेशल बिलासपुर स्टेशन में समाप्त होगी तथा बिलासपुर-झारसुगुड़ा के मध्य रद्द रहेगी। इसीप्रकार 20 दिसम्बर 2023 से 22 दिसम्बर 2023 तक झारसुगुड़ा से चलने वाली 08862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू स्पेशल बिलासपुर स्टेशन से प्रारंभ होगी तथा झारसुगुड़ा-बिलासपुर के मध्य रद्द रहेगी।
तैयारी पूरी, फिर भी सतर्कता जरूरी: कोरोना वायरस के नए वेरिएंट के साथ राज्य सरकार ने जारी की एडवाइजरी
रायपुर: केरल में कोरोनावायरस के नए वेरिएंट की दस्तक के साथ ही देश भर में हलचल पैदा कर दी है वहीं केंद्र सरकार ने सभी राज्य सरकारों को एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने के निर्देश दे दिए हैं राज्य में कोरोना सतर्कता विभाग में नोडल अधिकारी सुभाष मिश्रा ने बताया है कि तैयारी पूरी है टेस्टिंग दवाइयां सभी उपलब्ध हैं आज दोपहर बाद 3:00 बजे संचालक स्वास्थ्य सेवाएं के नेतृत्व में जिले के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारियों से बैठक का चर्चा की गई है और समीक्षा के साथ आगे की रणनीति बनने पर जोर दिया गया है
उल्लेखनीय है कि केरल में कोरोनावायरस का नया वेरिएंट के संक्रमित मरीज पाए गए हैं इनमें से पांच मरीजों की मौत हो चुकी है उसके बाद से लगातार हड़कंप बचा हुआ है देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक बार फिर तैयारी को लेकर समीक्षा शुरू कर दी गई है केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडवीया ने देश के सभी राज्य सरकारों को एडवाइजरी जारी करते हुए सतर्क रहने के दिशा निर्देश दे दिए हैं वहीं मनसुख मांडवीया 20 दिसंबर को सुबह 10:00 एक महत्वपूर्ण बैठक लेंगे जिसमें देश के सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य अधिकारी जुड़ेंगे इस बैठक में कोरोनावायरस के नए संक्रमण और नई स्थितियों से विचार विमर्श किया जाएगा यहां छत्तीसगढ़ में कोरोनावायरस सतर्कता विभाग के नोडल अधिकारी सुभाष मिश्रा ने एक महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि कोरोनावायरस का नया वेरिएंट खतरनाक नहीं है
लेकिन सभी लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है उनका कहना था कि इस वायरस से विशेष रूप से तीन वर्ग के लोग अधिक संक्रमित हो सकते हैं इसमें पहले छोटे बच्चों वृद्ध पुरुष एवं महिलाएं तथा गर्भवती महिलाएं को अधिक सतर्कता की आवश्यकता है दूसरा नंबर पर थायराइड हाइपरटेंशन और शुगर की बीमारी से परेशान लोगों को विशेष सावधानी रखने की जरूरत है तीसरे नंबर पर हृदय लीवर किडनी के रोगों से ग्रसित लोगों को सावधानी रखनी चाहिए उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के संचालक स्वास्थ्य सेवाएं के नेतृत्व में एक बैठक हुई है जिसमें प्रमुख सुपरीटेंडेंट राज्य सर्विलांस के अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित कई प्रमुख मेडिकल के अधिकारियों ने भाग लिया है और इस दिशा में बातचीत हुई है
उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देश के बाद और केंद्र निर्देश की एडवाइजरी जारी होने के बाद और तैयारी तेज कर दी गई है तैयारियां पूर्ण है उनका कहना था कि किडनी ट्रांसप्लांट सिकल सेल और थैलेसीमिया से ग्रसित बीमारी के लोगों को भी कोरोनावायरस के नए वेरिएंट से सावधानी बरतनी की आवश्यकता है हालांकि सरकार अपनी स्तर पर सभी तरह के प्रयास कर रही है और टेस्टिंग से लेकर के दवाइयां स्वास्थ्य केदो में उपलब्ध कराई कर दी गई है और कराई जा रही हैं जिनोम सीक्वेंसिंग की भी टेस्टिंग की व्यवस्था की गई है श्री मिश्र का कहना था कि नया वेरिएंट अधिक खतरनाक नहीं है फिर भी सावधानी आवश्यक है लोगों को जानकारी मिलने के बाद चेहरे पर मास्क लगाना आरंभ कर देना चाहिए इससे सतर्कता और सुरक्षा दोनों की जा सकेगी आने वाले दिनों में राज्य सरकार सुरक्षा उपायों को लेकर जल्द जल्द एडवाइजरी और दिशा निर्देश लोगों के लिए जारी करने जा रही है
मुख्यमंत्री से रामनामी समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य मुलाकात
रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से राज्य अतिथि गृह (पहुना) में जांजगीर-चांपा एवं सक्ती जिले से आए रामनामी समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात कर मुख्यमंत्री को नयी जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को नये वर्ष में आयोजित होने वाले समाज के मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने न्यौता दिया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री साय के शपथ ग्रहण समारोह में छत्तीसगढ़ के विभिन्न पंथो के साधु-संत भी शामिल हुए थे। इनमें रामनामी समुदाय के प्रतिनिधि भी शामिल थे।
पुरन्दर मिश्रा ने जगन्नाथ के जयकारे के साथ ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
रायपुर: मंगलवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा का विधिवत गठन हो गया है। प्रोटेम स्पीकर रामविचार नेताम ने विधानसभा के सभी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। छत्तीसगढ़ के हाई प्रोफाइल सीट रायपुर नगर उत्तर विधानसभा से प्रचंड बहुमत से विजय पताका लहराने वाले विधायक पुरन्दर मिश्रा ने भी सदन के भीतर छत्तीसगढ़ के षष्ठम विधानसभा सदस्य के तौर पर पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
उल्लेखनीय है कि 3 दिसंबर को परिणाम आने के बाद छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी ने बहुमत हासिल की है। रायपुर की चारों सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की है, जिसमें रायपुर उत्तर विधानसभा से पुरन्दर मिश्रा ने विजय पताका फहराकर अपने विरोधियों को धोबी पछाड़ दिया है। मंगलवार को छत्तीसगढ़ के षष्ठम विधानसभा का गठन किया गया, जिसमें विजय प्राप्तकर सदन पहुंचे विधायकों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरन्दर मिश्रा ने महाप्रभु जगन्नाथ के जयकारे के साथ विधानसभा सदस्य के तौर पर शपथ ली। शपथ ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र की जनता से जो वादा किया है, उसका अक्षरश: पालन करेंगे। विधायक मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र की जनता अपना प्रतिनिधि चुनकर सदन तक पहुंचाती है, ताकि उनकी बातें सरकार तक पहुंच सके और उनकी समस्याओं का समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते मैं अपनी जिम्मेदारी का पालन करने के लिए हमेशा तत्पर रहूंगा।
उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने गुरू घासीदास जयंती के कार्यक्रम में साझा किया आदर्श और सुशासन का संदेश
रायपुर: उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव 18 दिसम्बर को देर शाम मुंगेली जिले के लालपुर तथा मोतिमपुर-अमरटापू धाम में आयोजित गुरू घासीदास जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने बाबा गुरू घासीदास मंदिर एवं जैतखाम में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। श्री साव ने प्रदेशवासियों को गुरू घासीदास जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके संदेशों को रेखांकित किया।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कार्यक्रम में कहा कि सत्य मनुष्य का आभूषण है। बाबा गुरू घासीदास जी ने मनखे-मनखे एक समान, करुणा, प्रेम, सत्य और अहिंसा का संदेश दिया। यह बहुत प्रभावशाली संदेश है। बाबाजी के बताए सत्य के मार्ग पर चलकर सभी को अपना जीवन सफल बनाना है।
श्री साव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार गांवों व शहरों के विकास और सुशासन के लिए कार्य करेगी। ‘‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’’ का नारा पूरे हिन्दुस्तान में गूंजेगा। दोनों कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद थे।
25 दिसंबर को मनाया जाएगा सुशासन दिवस: छत्तीसगढ़ में श्रद्धांजलि और स्वच्छता अभियान के साथ होगा आयोजन
रायपुर: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती 25 दिसंबर सुशासन दिवस के रूप में राज्य के सभी जिलों एवं ग्राम पंचायतों में मनाई जाएगी। राज्य शासन द्वारा सुशासन दिवस 25 दिसंबर 2023 के पूर्व ग्राम पंचायतों में पहले से निर्मित अटल स्तंभ की साफ-सफाई आवश्यक मरम्मत आदि कराने के निर्देश दिए गए हैं। सुशासन दिवस के दिन निर्वाचित जनप्रतिनिधि और आम नागरिक ग्राम तथा ग्राम पंचायत में सुशासन स्थापित करने का संकल्प भी लेंगे। इसी क्रम में ग्राम और ग्राम पंचायतों में 25 दिसंबर से आगामी एक सप्ताह तक स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू ने राज्य के सभी कलेक्टर और मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सुशासन दिवस के आयोजन के संबंध में दिशा-निर्देश दिए हैं। सुशासन दिवस 25 दिसंबर 2023 को आयोजित कार्यक्रम में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति में प्रातः 10 बजे अटल चौक से प्रारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर अटल चौक में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर, दीप प्रज्ज्वलन पश्चात् उपस्थित निर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता द्वारा ग्राम तथा ग्राम पंचायत में सुशासन स्थापित करने का संकल्प भी लिया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव श्री साहू ने कलेक्टरों से कहा है कि सुशासन दिवस के आयोजन के लिए अपने-अपने जिलों के समस्त जनपद और ग्राम पंचायतों को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किया जाए और सुशासन दिवस मनाने के लिए कार्यक्रम की पूरी तैयारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही आयोजित कार्यक्रम के फोटोग्राफ एवं पालन प्रतिवेदन संचालक, पंचायत संचालनालय छत्तीसगढ़, नया रायपुर को भेजा जाए।