छत्तीसगढ़
"राष्ट्रीय एकता दिवस पर छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में ली गई राष्ट्रीय एकता की शपथ"
रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में आज 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ ली गई। राज्य सूचना आयुक्त श्री मनोज त्रिवेदी ने आयोग कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। इस अवसर पर राज्य सूचना आयुक्त श्री धनवेंद्र जायसवाल और राज्य सूचना आयोग के सचिव श्री जी. आर. चुरेन्द्र सहित आयोग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष 31 अक्टूबर को देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्म दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है।
"रेलवे ट्रैक के बेहतर रखरखाव के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में उपयुक्त मशीनों का उपयोग किया जा रहा है"
रायपुर/बिलासपुर: भारतीय रेलवे 66 हजार से भी अधिक मार्ग किलोमीटर के साथ एकल प्रबंधन के तहत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा रेलतंत्र है । भारतीय रेल में प्रतिदिन आस्ट्रेलिया की पूरी जनसंख्या के बराबर लोग यात्रा करते है तथा यह प्रतिदिन धरती से चाँद के बीच की कुल दूरी का ढाई गुना तय करती है । यात्री परिवहन तथा देश की ऊर्जा एवं अन्य आवश्यकता को पूरा करने के लिए ट्रेन परिचालन में दिनों दिन बढ़ोत्तरी हो रही है । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्री परिवहन और माल ढुलाई दोनों को बेहतर गति देने के लिए सभी तरह के प्रयास और रखरखाव के साधनों को अपनाया है । ट्रेनों की गति एवं लोडिंग क्षमता में नए आयाम कायम करने के लिए ट्रैक को सुदृढ़ बनाया गया है ।
रेल यात्रियों के संरक्षित सफर को सुनिश्चित करने में रेल लाइनों के मेंटेनेंस कार्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है । नए जरूरतों को देखते हुए रेलवे द्वारा अत्यधिक आधुनिक मशीन का प्रयोग किया जा रहा है। इन अत्याधुनिक मशीन के द्वारा रेल ट्रैक के रखरखाव से संबंधित अनेक प्रकार के कार्य सुगमता से सरलता से किए जाते हैं। मशीन के द्वारा कार्य में लागत अत्यधिक कम आती है, और साथ-साथ में रेल ट्रैक की भारी संरचना के कार्य को भी सरल एवं सुरक्षित तरीके से कर देती है जिससे ट्रैक कर्मियों की सुरक्षा भी बनी रहती है ।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में तीसरी लाइन, चौथी लाइन एवं नई लाइन के निर्माण कार्य तथा कार्यरत लाइन के अनुरक्षण एवं मरम्मत के लिए मशीनों की भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण हो गई है । इसके के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेल में मैनपावर के साथ, उच्च तकनीक के मशीनों का भी इस्तेमाल करके आधुनिक ट्रैक मेंटेनेंस किया जा रहा है । नागपुर से बिलासपुर की मेन लाइन की गति 130 किलोमीटर प्रति घंटे की जा चुकी है । बिलासपुर से झारसुगुड़ा सेक्शन की गति मे वृद्धि का परीक्षण भी किया जा चुका है । आने वाले समय में इस सेक्शन की गति मे भी वृद्धि हो जाएगी । ऐसे में इस मशीनों की आवश्यकता तथा महत्ता और बढ़ गई है ।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे अपने 74 ट्रैक मशीनों के साथ ट्रैक रखरखाव एवं अनुरक्षण के कार्य में मुस्तैदी के साथ कार्यरत है । ट्रैक मशीनों मे मुख्यतः सीएसएम, ड्योमैटिक, एमपीटी, यूनिमेट, बीसीएम, एफ़आरएम, बीआरएम, पीक्यूआरएस, टी28, आदि शामिल हैं । इनमें सीएसएम, डब्ल्यूएसटी एवं एमपीटी चार प्रकार की टैपिंग मशीनों के द्वारा में ट्रैक का अनुरक्षण कार्य किया जाता है । बलास्ट क्लीनिंग मशीन (बीएसएम) से ट्रैक की डीप स्क्रीनिंग कार्य किया गया है । टी-28 टर्नऑउट रिन्यूवल मशीन है, जिससे ट्रैक मशीन का टर्नऑउट रिन्यूवल का कार्य किया जाता है। यूनिमेट मशीन भी एक प्रकार की टर्नऑउट टैम्पिंग मशीन है । इस मशीन से ट्रैक की टर्नऑउट टैम्पिंग का कार्य किया जाता है । एफआरएम मशीन से शोल्डर बलास्ट क्लीनिंग किया जाता है । यानि की ट्रैक के दोनों किनारों पर रखा हुआ बैलास्ट को क्लीन किया जाता है । नए ट्रैक को स्लीपर के साथ बिछाने में या पुराने ट्रैक को नए ट्रैक से चेंज करने में पीक्यूआरएस मशीन का महत्वपूर्ण योगदान है । मरम्मत और सफाई जैसे सामान्य कार्यों के अलावा, कई अन्य कार्य भी हैं जिनका रखरखाव मशीन द्वारा किए जाते हैं जिनमें स्लीपर रिप्लेसमेंट, स्लीपर हैंडलिंग, गिट्टी हैंडलिंग, ट्रैक हैंडलिंग, ट्रैक लिफ्टिंग और बहुत कुछ शामिल हैं । इन मशीनों के संचालन के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के ट्रैक मशीन विभाग में लगभग 700 से अधिक कर्मचारी कार्यरत है । इन कर्मचारियों को फील्ड में मशीनों के साथ कार्य के दौरान कैम्पिंग कोच की सुविधा रेलवे के द्वारा उपलब्ध कराई गई है जिसमें खाना बनाने से लेकर सोने, बैठने की पूरी सुविधा उपलब्ध है ।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के ट्रैक रखरखाव एवं अनुरक्षण में इन ट्रैक मशीनों का महत्वपूर्ण योगदान है । हमारे लाखों रेल यात्रियों के विश्वास और भरोसे पर खरा उतरने के लिए जरूरी है कि हमारे यात्रियों के ट्रेनों पर चढ़ने से लेकर उनके गंतव्य तक पहुँचने तक भारतीय रेलवे की विश्वसनीय एवं भरोसे की मुस्कान हमारे रेल यात्रियों के चेहरे पर लगातार बनी रहे । ट्रैक जितनी अच्छी होगी , उसकी गति निर्बाध होगी तथा यात्रियों को भी आरामदायक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा ।
"पूर्व कॉंग्रेस विधायक चिंतामणी भाजपा में वापस आए, भाजपा छत्तीसगढ़ में स्वागत किया"
रायपुर: भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन प्रभारी ओम माथुर तथा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की उपस्थिति में आज पूर्व कॉंग्रेस विधायक चिंतामणी महाराज ने भाजपा का दामन थाम लिया। आज माता राज मोहिनी भवन अंबिकापुर में आयोजित भाजपा के परिवर्तन महा संकल्प रैली के कार्यक्रम में भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने बीजेपी का दुपट्टा ओढ़ाकर कॉंग्रेस विधायक चिंतामणी महाराज का स्वागत किया तथा उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर बीजेपी में उनके आगमन पर खुशी जताते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि संत गहरा गुरूजी को साक्षी मानकर ये कहता हूँ कि पार्टी में उनके सम्मान में कोई कमी नहीं होगी, उनके आने से राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं। मैंने उनसे वादा किया था कि दिल्ली से मैं खुद उन्हें भाजपा में ज्वाइन कराने सरगुजा आऊंगा।
"1 नवम्बर से छत्तीसगढ़ में फिडे रेटेड U15 राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन, 114 बच्चे होंगे भाग्य आजमाने"
""विजयी खिलाड़ी पुणे में करेंगे प्रदेश का प्रतिनिधित्व""
""छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संरक्षण में रायपुर जिला शतरंज संघ तथा विप्र भवन प्रबंधन समिति के संयुक्त तत्वाधान"" में आयोजित होने वाली अंडर 15 बालक एवम बालिका चयन एवम फिडे रेटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ 1 नवम्बर को सुबह 10 बजे विप्र भवन समता कॉलोनी में होने जा रहा है।
लंबे अंतराल के बाद रायपुर में रेटिंग स्पर्धा का आयोजन होने जा रहा है ,
इस स्पर्धा का उद्घाटन योग आयोग के अध्यक्ष एवं नगर निगम रायपुर लोक निर्माण विभाग के अध्यक्ष श्री ज्ञानेश शर्मा , एवं नगर निगम रायपुर के सभापति श्री प्रमोद दुबे करेंगे।
इस स्पर्धा में प्रदेश के हर सम्भाग से कुल 114 प्रतिभागि हिस्सा लेंगे जिसमे रायपुर के अलावा बस्तर,सरगुजा,कवर्धा, महासमुंद,दुर्ग,भिलाई,जगदलपुर राजनांदगांव ,धमतरी,शक्ति, रायगढ़ ,बिलासपुर ,चाम्पा समेत छत्तीसगढ़ के सुदूर हिस्सो से खिलाड़ी भाग ले रहे है।
1 नवम्बर से 3 नवम्बर तक चलने वाली यह प्रतियोगिता 8 चक्रों में खेली जाएगी , इस प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक बैंगलोर से आये हुए फिडे ऑर्बिटर श्री आशुतोष साहू है उनके साथ प्रतियोगिता में सहायक निर्णायक के रूप में पांच सीनियर नेशनल ऑर्बिटर रहेंगे जिसमे रायपुर से श्री अनूप झा एवम श्रीमती हेमा नागेश्वर ,जगदलपुर से श्री मोहम्मद अयाज़ ,मुंगेली से सुबोध कुमार सिंग एवम दुर्ग से दिव्यांशु उपाध्याय रहेंगे।
प्रतियोगिता में कुल 28 हजार रुपये कैश प्राइज के अतिरिक्तलगभग 35 विभिन्न पुरुस्कार प्रदान किये जायेंगे। मुख्य स्पर्धा के अलावा विभिन्न आयु वर्गों जैसे अंडर 7 , अंडर 9, अंडर 11 और अंडर 13 के प्रतिभागियों को भी मैडल एवम ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में प्रथम 4 स्थान पर चयनित बालक और 4 बालिकाये पुणे में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय चयन प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह पूरा आयोजन प्रदेश शतरंज संघ के महासचिव श्री विनोद राठी जी के निर्देशन में हो रहा है एवम आयोजन समिति में आशुतोष शर्मा(अध्यक्ष रायपुर जिला शतरंज संघ) , नवीन शुक्ला(सचिव रायपुर जिला शतरंज संघ) ,विकास शर्मा ( संस्थापक विकास चैस अकादमी) ,आनंद अवधिया (अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी) संदीप दीवान , गौरव दीवान , अजय पांडे, विवेक शर्मा,शिवांश शुक्ला और रायपुर जिला शतरंज संघ के सभी सदस्य शामिल है।
"कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने योगी आदित्यनाथ के छत्तीसगढ़ दौरे पर उठाए तंज, कहा - उनके पास जन सरोकार के मुद्दे बचे नहीं"
रायपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के छत्तीसगढ़ दौरे पर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास जन सरोकार के मुद्दे बचे नहीं है. बीजेपी के नेता दंगा भड़काने का काम करते हैं. योगी आदित्यनाथ छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे, तो जनता उनसे सवाल पूछेगी.
गैस सिलेंडर में सब्सिडी दिए जाने पर संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस की कोशिश है कि जनता को राहत दी जाए. छत्तीसगढ़ में घोषणा के बाद सबसे सस्ता सिलेंडर मिलेगा. वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कल होने वाले छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कहा कि उनकी सुकमा और महासमुंद में चुनावी सभा होगी.
पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले बागी प्रत्याशियों के खिलाफ की जाने वाली कार्रवाई को लेकर सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि जो पार्टी के अनुशासन से बाहर जाएंगे, उन पर कार्रवाई होगी. नामांकन वापस नहीं लेंगे तो पार्टी कार्रवाई करेगी. पार्टी में किसी के आने-जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता.
"प्रियंका गांधी ने बिलासपुर में की जनसभा: 'आपकी आवश्यकताओं को समझने वाली सरकार का वोट दें'"
बिलासपुर: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने आज बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने बिलासपुर जिले के सभी 6 प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाया. इसके बाद कांग्रेस का थीम सॉन्ग लॉन्च किया गया. भाषण की शुरुआत में प्रियंका गांधी ने माहात्मा गांधी के बिलासपुर प्रवास को याद किया. इसके साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की शहादत को याद किया. उन्होंने कहा कि इन शहादतों के बाद भी हमारी देश के प्रति आस्था नहीं टूटी.
प्रियंका ने कहा कि आपके देश में आज क्या हो रहा है, प्रदेश में क्या हो रहा है, ये सब सोचने समझने के बाद ही वोट करें. जिस दल को आप अपना मत दे रहे हैं उन्हें समझिए और उसके बाद जागरुकता के साथ वोट दें. छत्तीसगढ़ में जो सरकार है, उसनें आपको केंद्र के कुशासन से आपको बचाया है.
प्रियंका ने कहा कि जनता सरकार से एक उम्मीद रखती है, उस उम्मीद को पूरा करना सरकार की जवाबदारी है. हमारे अधिकार-कर्मचारी सालों साल अपनी सेवाएं देते हैं और बदले में क्या मांगते हैं, पुरानी पेंशन योजना और ये कोई बहुत बड़ी मांग भी नहीं है, आपको और मांगना चाहिए और उसे पूरा करना सरकार का दायित्व है.
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आएगा दो चार बात कर लेंगे, धर्म का मुद्दा उठा देंगे हमारी सरकार बन जाएगी, मौज हो जाएगी. तो ऐसे नेताओं को वोट देने से बचिए. क्या आपने सोचा था कि जो आप अवारा पशुओं से परेशान थे उसे इस तरह से सुलझाया जाएगा कि आपको आगे परेशानी नहीं होगी, आपने सोचा था कि कभी आपसे गोबर खरीदा जाएगा, क्या आपने सोचा था कि आपको एक ऐसी सरकार मिलेगी जो आपकी हर छोटी-बड़ी समस्या को समझेगी और उसे सुलझाएगी.
प्रियंका गांधी ने कहा कि आप चुनिए आपको किस तरह की राजनीति, किस तरह की सरकार चाहिए. खोखली बातें कौन कर रहा है इसे समझिए. एपमी में 18 साल से भाजपा की सरकार है, कभी बहनों के बारे में नहीं सोचा, लेकिन अभी दो महीने पहले लाडली बहन योजना शुरू कर दी. इनकी नीतियों से अगर आपका प्रदेश भी चलता तो यहां का हाल भी मध्यप्रदेश जैसा होता. तो समझ लीजिए कि काम करने के लिए नियत सही होनी चाहिए. आज विश्व का सबसे बड़ा सांस्कृतिक कार्यक्रम आदिवासियों का कहां हो रहा है, छत्तीसगढ़ में हो रहा है.
आप ये देख कर वोट डालें कि आपका नेता आपकी बात कर रहा है कि आपको लड़ाने का काम कर रहा है. ये जो वोट है तुम्हारा ध्यान से, सोच समझ के, जागरुक बनकर डालो. ऐसी पार्टी को वोट देना बंद करो जो आपका ध्यान भटकाए. अपनी ध्यान अर्जुन की तरह रखें. ऐसी राजनीति को नकारो जो आपको तोड़ती हो.
"छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव: अवैध धन और वस्तुओं के साथ कार्रवाई, आचार संहिता के प्रभाव से 38 करोड़ 34 लाख से अधिक जब्त"
रायपुर: छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 2023 के लिए आदर्श आचार संहिता प्रभावी है. प्रदेश में प्रवर्तन एजेंसियों की कार्रवाई लगातार जारी है. आचार संहिता प्रभावी होने के बाद से 29 अक्टूबर तक की स्थिति में 38 करोड़ 34 लाख रुपए से अधिक की अवैध धन राशि और वस्तुएं जब्त की गई है. इनमें दस करोड़ 11 लाख रुपए की नगद राशि भी शामिल हैं.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवर्तन एजेंसियों (इन्फोर्समेंट एजेंसीज) ने निगरानी के दौरान 29 अक्टूबर तक 30 हजार 840 लीटर अवैध शराब जब्त की है, जिसकी कीमत 90 लाख 87 हजार 532 रुपए है. सघन जांच अभियान के दौरान 14 करोड़ 82 लाख 76 हजार रुपए कीमत के 184 किलोग्राम से अधिक कीमती आभूषण और रत्न भी जब्त किए गए हैं. इनके अतिरिक्त अन्य सामग्रियां जिनकी कीमत नौ करोड़ 50 लाख रुपए से अधिक है, भी जब्त की गई है.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्यवाही किए जाने के संबंध में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं. इन दिशा-निर्देशों के का पालन करते हुए राज्य में विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों के माध्यम से धन और वस्तुओं के अवैध परिवहन और संग्रहण पर कड़ी नजर रखी जा रही है. प्रदेश में लागू आदर्श आचार संहिता के अंतर्गत निगरानी दल द्वारा सघन जांच की कार्यवाही लगातार की जा रही है.
"छत्तीसगढ़ में महिला मतदाताओं की संख्या में वृद्धि, दूसरे चरण के लिए नामांकन बंद"
रायपुर: दूसरे चरण के नामांकन के लिए आज अंतिम दिन था ऐसे में मतदाता सूची को फ्रीज कर दिया गया है. पुरुष मतदाताओं की अपेक्षा महिला मतदाताओं की संख्या छत्तीसगढ़ में अधिक हो गई है. प्रदेश के 2,03,93,160 मतदाता 90 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे. 2,03,93,160 मतदाताओं में 1,01,35,561 पुरुष मतदाता है. वहीं 1,02,56,886 महिला मतदाता हैं. तो वहीं 553 थर्ड जेंडर मतदाता हैं. इनमें से पहले चरण में 40,78,681 मतदाता 20 विधानसभा क्षेत्र में मतदान करेंगे. दूसरे चरण में 1,63,14,479 मतदाता 70 विधानसभा क्षेत्र में मतदान करेंगे.
उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय अग्रवाल ने बताया कि आज नामांकन का अंतिम दिन था ऐसे में मतदाता सूची को फ़्रीज़ कर दिया गया है. निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन दिनांक 4-10-2023 को किया गया था. जिसके अनुसार कुल मतदाताओं की संख्या 2,03,60,240 थी इस प्रकार इसमें अब 32, 920 मतदाताओं की वृद्धि हुई है. आज फ़्रीज़ की गई मतदाता सूची के अनुसार राज्य में मतदाताओं के लिंगानुपात 1012 है तो वहीं सेवा मतदाताओं की संख्या 19,907 है. 18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 7,29,267 है, तो वही सौ वर्षों की वायु पूर्ण करने वाले मतदाताओं की संख्या 2457 है साथ ही राज्य में प्रवासी भारतीय मतदाताओं की संख्या 17 है.
दोनों चरणों में राज्य में अनुपस्थित श्रेणी यानी मतदान केंद्र में जाकर मतदान करने में असमर्थ लोगों के आवेदन संख्या 6447 है. इसमें सभी मतदाताओं के मतदान के लिए विशेष दल घर घर जाकर मतदान सम्पन्न कराएगा एक मतदान दल में पांच लोग होंगे और एक मतदान दल को दिनभर में दस लोगों को मतदान कराना है.
प्रथम चरण के विधानसभा क्षेत्रों में निर्वासन ड्यूटी में तैनात मतदाताओं और अनुपस्थित श्रेणी के मतदाताओं के डाक मत पत्र के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है. अब तक 2141 मतदाताओं के डाक मत पत्र के माध्यम से मतदान पूर्ण कराया जा चुका है.
"छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023: चुनाव सुरक्षा के लिए पुलिस प्रेक्षकों की नियुक्ति"
रायपुर: छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव 2023 के लिए प्रशासन अपनी तैयारियों में जुटा हुआ है, इसी कड़ी में भारत निर्वाचन आयोग ने 1994 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी बी चंद्र शेखर को रायपुर की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों हेतु पुलिस प्रेक्षक (ऑब्ज़र्वर) नियुक्त किया है.
आज उन्होंने ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर रायपुर सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर प्रशांत अग्रवाल से चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता के पालन, SST एवं फ्लाइंग स्क्वाड के संबंध में चर्चा की. रायपुर ज़िले में चुनाव से संबंधित पुलिस संबंधी शिकायतों एवं विषयों के लिए पुलिस प्रेक्षक महोदय से 0771-4919291 पर संपर्क किया जा सकता है.
"छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023: दूसरे चरण के लिए 1245 अभ्यर्थियों ने दाखिल किए अपने नामांकन पत्र"
रायपुर: विधानसभा आम निर्वाचन-2023 अंतर्गत दूसरे चरण के 70 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए लिए कुल 1219 अभ्यर्थियों ने 1985 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं. दूसरे चरण के लिए सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन कुल 1245 नामांकन पत्र दाखिल किए गए.
उल्लेखनीय है कि विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत द्वितीय चरण में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभाग के कुल 70 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं. द्वितीय चरण के लिए नामांकन पत्रों की संवीक्षा 31 अक्टूबर को होगी. अभ्यर्थी 2 नवम्बर तक अपने नाम वापस ले सकते हैं. द्वितीय चरण के लिए 17 नवंबर को कुल एक करोड़ 63 लाख 14 हजार 479 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे, जिसमें 81 लाख 41 हजार 624 पुरुष मतदाता और 81 लाख 72 हजार 171 महिला मतदाता और 684 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं.
विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत द्वितीय चरण में भरतपुर-सोनहट, मनेन्द्रगढ़, बैकुंठपुर, प्रेमनगर, भटगांव, प्रतापपुर, रामानुजगंज, सामरी, लुण्ड्रा, अम्बिकापुर, सीतापुर, जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव, लैलूंगा, रायगढ़, सारंगढ़, खरसिया, धर्मजयगढ़, रामपुर, कोरबा, कटघोरा, पाली-तानाखार, मरवाही, कोटा, लोरमी, मुंगेली, तखतपुर, बिल्हा, बिलासपुर, बेलतरा, मस्तूरी, अकलतरा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, चंद्रपुर, जैजैपुर, पामगढ़, सराईपाली, बसना, खल्लारी, महासमुंद, बिलाईगढ़, कसडोल, बलौदाबाजार, भाटापारा, धरसींवा, रायपुर ग्रामीण, रायपुर नगर पश्चिम, रायपुर नगर उत्तर, रायपुर नगर दक्षिण, आरंग, अभनपुर, राजिम, बिन्द्रानवागढ़, सिहावा, कुरूद, धमतरी, संजारी बालोद, डोंडीलोहारा, गुण्डरदेही, पाटन, दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर, भिलाई नगर, वैशाली नगर, अहिवारा, साजा, बेमेतरा और नवागढ़ विधानसभा क्षेत्रों में 17 नवंबर 2023 को मतदान होगा. प्रथम तथा द्वितीय दोनों ही चरणों की मतगणना 3 दिसंबर 2023 को होगी.
"मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रधानमंत्री मोदी का छत्तीसगढ़ दौरा"
रायपुर: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एक बार फिर छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं. 1 नवंबर, बुधवार को वे छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे. इस दौरान वे महासमुंद और जगदलपुर जाएंगे. जहां वे विशाल जनसभा को संबोधित कर सकते हैं. हालांकि अभी उनका कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है. लेकिन जल्द ही उनका मिनट टू मिनट कार्यक्रम आ सकता है.
बता दें कि छत्तीसगढ़ में चुनाव के लिए कुछ ही दिन बच गए हैं. वहीं पहले चरण के चुनाव के लिए गिनती के दिन ही शेष रह गए हैं. ऐसे में पार्टियां प्रचार-प्रसार में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही हैं. लगातार भाजपा और कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं का दौरा प्रदेश में हो रहा है. बीते शनिवार को ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय प्रवास पर थे. इसके बाद सोमवार को भाजपा के प्रचार के लिए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी छत्तीसगढ़ आए थे. इसके अलावा कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने के लिए राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने खैरागढ़ और बिलासपुर में सभा को संबोधित किया था. साथ ही कई बड़ी घोषणाएं भी की.
अब इसके बाद दो नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं. दो तारीख के बाद वे और दो बार प्रदेश आएंगे. इस दौरान वे भाजपा का घोषणा पत्र भी जारी कर सकते हैं. साथ ही सभा को भी संबोधित करेंगे. इसके बाद 14 नवंबर को वे संभवत: रायपुर प्रवास के दौरान रोड शो कर सकते हैं.
"दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुगम मतदान के लिए प्रयास: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले"
रायपुर: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने आज रेडक्रास भवन रायपुर के सभाकक्ष में दिव्यांग मतदाताओं के सुगम मतदान विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ विधानसभा निर्वाचन में दिव्यांग तथा वृद्ध मतदाताओं को मतदान में सुविधा प्रदान करने के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि दिव्यांगों तथा वृद्ध मतदाताओं के लिए मतदान की प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाते हुए इस वर्ग के मतदाताओं को घर बैठे ही डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान करने का विकल्प दिया गया है। इसके साथ ही यदि दिव्यांग मतदाता मतदान करने के लिए मतदान केन्द्र तक आने के लिए वाहन की सुविधा चाहेंगे तो उन्हें निर्वाचन आयोग की तरफ से सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस सुविधा के लिए ऐसे मतदाताओं को पहले अपना पंजीयन कराना होगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती कंगाले ने बताया कि मतदान दिवस को दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के सहयोग हेतु एनएसएस, एनसीसी, स्काउट गाइड के स्वयंसेवकों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। मतदान केंद्र पर मतदान के लिए आने वाले दिव्यांग एवं 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ मतदाताओं को कतार में खड़े न रहना पड़े, इस बात को ध्यान में रखते हुए उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग पहले करने के लिए प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए ईवीएम मशीन पर प्रत्याशियों का नाम ब्रेल लिपि में भी मुद्रित कराया जा रहा है। मतदान कक्ष में दिव्यांग मतदाताओं की विशेष जरूरतों के संबंध में मतदान कर्मियों को संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य स्तरीय संगोष्ठी को कलेक्टर श्री सर्वेश्वर भूरे ने भी संबोधित किया। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्र पर स्थापित होने वाले मतदाता सहायता बूथ (वीएबी) की स्थिति की जानकारी दिव्यांग मतदाताओं को देने के लिए संकेतक चस्पा किए जा रहे हैं। उन्होंने दिव्यांग मतदाताओं के लिए तैयार सक्षम मोबाइल एप का उल्लेख करते हुए इसे बहुउपयोगी बताया।
राज्य स्तरीय मतदाता आइकन श्री चित्रसेन साहू ने आयोग के प्रयासों का उल्लेख करते हुए इसे दिव्यांग मतदाताओं के लिए बहुत कारगर कदम बताया। उन्होंने अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए बताया कि अब मतदान करना सही मायनों में उत्सव हो गया है। पहले मतदान केन्द्र तक जाना और कतार में खड़े होकर मतदान करना दिव्यांगों के लिए बड़ी समस्या होती थी। निर्वाचन आयोग द्वारा बीते कुछ वर्षों में सुगम निर्वाचन के लिए जो प्रयास किए गए हैं, वो अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आयोग के इन प्रयासों के कारण शत-प्रतिशत दिव्यांग मतदाता मतदान करने के लिए आगे आएंगे।
संगोष्ठी में जिला स्तरीय मतदाता ऑइकॉन श्री पृथ्वी राज ने सक्षम एप की उपयोगिता का उल्लेख किया। उन्होंने इसे दिव्यांगों के लिए हाइटेक सुविधा बताते हुए अधिक से अधिक प्रसारित करने की बात कही। संगोष्ठी के दौरान दिव्यांग मतदाताओं के समक्ष इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही सक्षम एप के उपयोग के संबंध में भी प्रस्तुति दी गई।
संगोष्ठी में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अबिनाश मिश्रा, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के.आर.आर. सिंह और सहायक उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती शारदा अग्रवाल सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी तथा श्रवण एवं दृष्टिबाधित मतदाता उपस्थित थे।
"विधायक विकास उपाध्याय ने गुढ़ियारी हनुमान मंदिर के पूजा पाठ के साथ दाखिल किया पश्चिम विधानसभा नामांकन"
रायपुर: रायपुर पश्चिम विधायक विकास उपाध्याय ने पश्चिम विधानसभा की परिक्रमा कर आज गुढ़ियारी के मारुति मंगलम प्रांगण से भगवान हनुमान जी का विधिवत पूजा पाठ कर आशीर्वाद लेकर हनुमान जी के साथ सुक्रवारी बाजार,पहाड़ी चौक,खलवाड़ा बस्ती, कबीर चौक, कर्मा चौक,अग्रसेन चौक होते हुए आमापारा चौक होते हुए ढोल नगाड़ा और हजारों की संख्या में विशाल नामांकन रैली के साथ सपरिवार शुभ मुहूर्त में कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर नामांकन दाखिल किया।
इस नामांकन रैली का माता बहनों के द्वारा जगह जगह आरती और तिलक लगाकर पुष्प वर्षा करते हुए भव्य स्वागत किया।
इस अवसर में रायपुर पश्चिम विधायक प्रत्याशी विकास उपाध्याय ने कहा आज जिस विश्वास के साथ क्षेत्रवासियों नामांकन रैली ने स्वमेव आकर शामिल हुए और कदम से कदम मिलाकर साथ चले जिससे निश्चित ही यह साबित हो रहा है कि हमारी सरकार ने जो वादा किया था उसे पूरा किया है चाहे किसान मजदूर युवा महिला सभी वर्ग को साथ लेकर काम किया है क्षेत्र वासियों में हर्षोंउल्लास का वातावरण है और एक बार एक फिर मुझे और कांग्रेस सरकार को आशीर्वाद देने के लिए आज भारी संख्या में एकत्रित होकर विशाल नामांकन रैली शामिल हुए।
इस नामांकन रैली में पूर्व सांसद संजय निरुपम सहित निर्वाचित जनप्रतिनिधि वार्ड पार्षद सहित भारी संख्या में समस्त वरिष्ठ पदाधिकारी कांग्रेसजन और भारी संख्या क्षेत्रवासी नामांकन रैली में शामिल हुए।
"पुरंदर मिश्रा ने दिखाया बदलाव का संकेत, रायपुर उत्तर सीट से बीजेपी प्रत्याशी ने दाखिल किया नामांकन"
रायपुर: ‘...बदल के रहिबो।’ बीजेपी के इस नारे का ही असर है कि वास्तव में अब काफी कुछ बदल रहा है। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में बदलाव की आंधी तो चल ही पड़ी है, सोमवार को यहां के बीजेपी प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा भी काफी बदले हुए अंदाज में नजर आए। पुरंदर मिश्रा को लोगों ने जब रिक्शे पर सवार देखा था तो चहक उठे। कहा, जय हो...।
रायपुर उत्तर विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा ने सोमवार को प्रभावशाली शक्ति प्रदर्शन करते हुए हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। राजधानी रायपुर में सोमवार को उस वक्त बिल्कुल त्यौहार जैसा माहौल बना, जब रायपुर उत्तर विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा रिक्शे पर बैठकर नामांकन पत्र दाखिल करने निकले। चूंकि रायपुर उत्तर विधानसभा सीट का क्षेत्र क्रमांक- 151 है, इसलिए श्री मिश्रा के समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं का काफिला अलग-अलग 151 रिक्शे में निकला। इस दौरान रास्ते भर भारतीय जनती पार्टी जिंदाबाद..., पुरंदर भैया जिंदाबाद...और अउ नइ सहिबो, बदल के रहिबो के नारे जोर-शोर से गूंजे।
इससे पहले रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा ने सुबह भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। यहां से भगवान का आशीर्वाद लेकर वे पंडरी स्थित मुख्य चुनाव कार्यालय पहुंचे। इसी कड़ी में मुख्य चुनाव कार्यालय से भाजपा कार्यालय एकात्मक परिसर के लिए हजारों की भीड़ के साथ भव्य रैली निकाली गई। रैली में क्षेत्र के चारों मंडल के वार्डों के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की टोली ढोल-नगाड़े व बाजे-गाजे के साथ रिक्शे में सवार होकर शामिल हुई। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी श्री मिश्रा खुद भी रिक्शे पर सवार होकर एकात्मक परिसर पहुंचे। यहां रायपुर दक्षिण विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी राजेश मूणत, रायपुर ग्रामीण विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी मोतीलाल साहू और धरसीवां विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी अनुज शर्मा ने श्री मिश्रा से आत्मीय मुलाकात की और चुनावी तैयारी की तारीफ करते हुए जीत के लिए अग्रिम शुभकमानाएं दीं। इसके बाद पुरंदर मिश्रा ने काफिले के साथ चुनाव आयोग कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिले की प्रक्रिया पूरी की। वहीं पुरंदर मिश्रा के समर्थन में जुटी हजारों लोगों की भीड़ शहर में पूरा दिन चर्चा का विषय बनी रही।
कमल छाप को जिताना हैः पुरंदर
नामांकन रैली के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए रायपुर उत्तर के प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है, बीजेपी केडर बेस पार्टी है। कार्यकर्ता डटकर मैदान में खड़े हैं। प्रत्याशी कोई भी हो कमल छाप को जिताना है। हमारी लड़ाई कांग्रेस पार्टी से है जिसे हराकर भाजपा का परचम लहराना है।
एक हाथ से नमस्ते और दोनों हाथ से प्रणाम में बहुत फर्कः
उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र का विकास कार्य ठप है। महिलाओं, युवाओं व किसानों को धोखा देनी वाली सरकार को उखाड़ फेंकने जनता अब तैयार है। इस बार उत्तर की जनता को मिलनसार, सरल, सहज काम करने वाला व धर्म को मानने वाला प्रत्याशी जनता को मिला है और यही वजह है कि मतदाता परिवर्तन के मूड में हैं। उत्तर विधानसभा क्षेत्र की जनता की जो भी समस्याएं हैं, वही मेरा चुनावी मुद्दा है। क्षेत्र की जनता एक हाथ से नमस्ते करने वाले की जगह अब दोनों हाथों से प्रणाम करने वाले को अपना समर्थन देगी।
"देवेंद्र फडणवीस का आरोप: 'कांग्रेस सरकार गजनी हो गई' छत्तीसगढ़ में"
रायपुर: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का कहना है कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस की सरकार गजनी हो गई है उनका कहना था कि जो वादे 5 साल के लिए किए थे वह अब तक पूर्ण नहीं हो पाए हैं और फिर से वही वादे किए जा रहे हैं उन्होंने बताया कि अगर झूठ बोलने का ओलंपिक होता तो सभी गोल्ड मेडल कांग्रेस को मिलते उनका कहना था कि लगातार झूठ बोलने से कांग्रेस की विशेषता खत्म हो गई है
मीडिया शिव चर्चा करते हुए देवेंद्र फडणवीस ने आरोप लगाकर कांग्रेस की सरकार को घेरा और कहां की शराबबंदी कब आया था गंगाजल लेकर किया गया था लेकिन शराब बंदी नहीं हुई उल्टे शराब घोटाला हो गया उनका आरोप था सरकार के तत्वाधान में नकली होलोग्राम लगाकर पैसे कमाए गए अब वही पैसे चुनाव में लगाए जा रहे हैं स्वास्थ्य को लेकर देवेंद्र फडणवीस का कहना था कि यूनिवर्सल हेल्थ स्कीम 4500 करोड रुपए की स्कीम तैयार की गई लेकिन आज तक यूनिवर्सल हेल्थ स्कीम की हवाई एंबुलेंस हवाई एंबुलेंस नहीं मिल पाई है पीएससी घोटाले पर कहा कि देश में पहला ऐसा राज्य है
जहां अधिकारी और नेताओं के बेटा- बेटी होने पर चयन होता है राज्य के हजारों युवाओं का सपना तोड़ा गया है कांग्रेस की सरकार छूट और फरेब की सरकार है आज तक वोटो की राजनीति के कारण 16 लाख लोगों को आवास से वंचित रखा गया है केंद्र सरकार का भेजा गया पैसा नहीं पहुंचा पता है रोक दिया जाता है उनका कहना था कि देश में महादेव के काफी भक्त हैं उनमें से एक भक्ति मैं भी हूं लेकिन छत्तीसगढ़ में एक अलग ही महादेव चर्चा में है महादेव के नाम से किन कार्यालय तक पहुंच गया है यह स्पष्ट है
"प्रियंका गांधी की घोषणाएं: बिजली बिल माफ, सिलेंडर सब्सिडी, और ऋण माफ शामिल"
खैरागढ़: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने जालबांधा में विशाल सभा को संबोधित किया और कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगा. इस दौरान प्रियंका गांधी ने मंच से घोषणाओं की झड़ी लगा दी. उन्होंने कई बड़ी घोषणाएं की. जिसमें सिलेंडर में सब्सिडी, बिजली बिल माफ, स्व-सहायता समूहों का कर्ज माफ जैसे ऐलान शामिल हैं.
ये हैं घोषणाएं-
- सिलेंडर रिफिल करने पर 500 रुपये की सब्सिडी घर की महिला के बैंक खाते में दिया जाएगा.
- 200 यूनिट तक बिजली फ्री, अधिक खपत पर 200 यूनिट प्रति माह तक नि:शुल्क बिजली.
- महिला स्व-सहायता समूहों तथा सक्षम योजनांतर्गत लिए गए ऋण माफ.
- आगामी वर्षों में 700 नवीन ग्रामीण औद्योगिक पार्कों की स्थापना.
- राज्य के सभी सरकारी स्कूल को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश एवं हिन्दी मीडियम स्कूलों में अपग्रेड करेंगे.
- छत्तीसगढ़ के निवासियों के सड़क दुर्घटनाओं में तथा अन्य आकस्मिक दुर्घटनाओं में मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत नि:शुल्क इलाज.
- परिवहन व्यवसाय से जुड़े 6,600 से अधिक वाहन मालिकों के वर्ष 2018 तक के 726 करोड़ राशि के बकाया मोटरयान कर, शास्ति और ब्याज के कर्ज की माफ.
- राज्य के किसानों से “तिवरा” को भी समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा.
कांग्रेस की अब तक की घोषणा-
- प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान की खरीदी
- किसानों का कर्जा माफ
- 17 लाख परिवारों काे आवास
- जातिगत जनगणना
- स्कूल से लेकर काॅलेज तक मुफ्त शिक्षा
- तेंदूपते पर आदिवासियों को हर साल मिलेगा 4000 रुपये बोनस
- डॉ. खूबचंद स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत गरीब वर्ग को 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख तक मुफ्त इलाज की सुविधा
- भूमिहीन मजदूर को मिलने वाली 7 हजार रुपए की राशि को बढ़ाकर 10 हजार रुपए किया जाएगा.
"छत्तीसगढ़ उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने गंगाजल की झूठी कसम वाले बीजेपी के आरोपों का जवाब दिया"
रायपुर: शराबबंदी का वादा कर कांग्रेस द्वारा गंगाजल की झूठी कसम वाले बीजेपी के आरोप को लेकर उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने बयान दिया है. उन्होंने कहा कि गंगाजल लेकर किस चीज पर शपथ खाई थी? मैनें आज तक कभी गंगाजल लेकर कसम नहीं खाई. शराबबंदी को लेकर गंगाजल की कसम नहीं खाई गई थी. एक वाक्या हुआ था जब कसम खाई गई थी, क्या हुआ था मुझे याद नहीं क्योंकि उस वक्त मैं मौजूद नहीं था.
बीजेपी के आरोप “आम जनता को परेशान कर रहे राहुल गांधी” पर डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि किसानों ने राहुल गांधी को खुलकर अपनी बातें बताई. राहुल गांधी ने किसानों से भाव पूछा, उन्होंने सभी बातें साझा की. किसानो ने बताया कि अब वे कर्ज से मुक्त हैं. उनके पास कोई कर्ज नहीं है. धान के सही दाम उन्हें मिल रहे हैं.
प्रियंका गांधी के दौरे और उनके द्वारा संभावित घोषणाओं पर सिंहदेव ने कहा कि हम एक सोच को लेकर चल रहे हैं. लोगों को घोषणा पत्र का इंजतार है. पिछले चुनाव में भी हमने घोषणाएं की थी, एक-एक कर हाईकमान से अनुमति लेकर घोषणाएं की जाएंगी.
अरुण साव का बयान “कांग्रेस जहां भी जा रही जनता उन्हें दौड़ा रही वे डर की वजह से घोषणाएं कर रहे”, इस सिंहदेव ने कहा कि सरकार के प्रतिनिधि के रूप में मुझे 5 साल हो गए हैं, अभी तक किसी ने नहीं दौड़ाया, अरुण साव को कौन दिख गया, जिन्हें दौड़ाया जा रहा है. वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के राहुल गांधी से हिसाब मांगने के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि हम हिसाब देने ही लोगों के बीच में जा रहे हैं. बहुत महत्वपूर्ण चीजे हमने की है. जिन बातों की घोषणाएं नहीं की, वो भी पूरा कर रहे हैं.