छत्तीसगढ़ / रायपुर

आरोप-प्रत्यारोप के बजाय जनहित पर ध्यान हो : CM साय… निकाय और पंचायत आम-उपचुनाव के लिए आज वोटिंग… बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस करेगी प्रदर्शन… खेत बचाओ अभियान आज से शुरू होगा…

  रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पश्चिम बंगाल में टीएमसी सांसद पर हमले के बाद आरोप-प्रत्यारोप को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने पश्चिम बंगाल के मौजूदा राजनीतिक हालातों और विभिन्न दलों के बयानों पर कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर विभिन्न दलों के बीच मतभेद देखने को मिल रहे हैं. हमारा मानना है कि राज्य की जनता परिवर्तन और बेहतर प्रशासन की अपेक्षा रखती है. जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है. ऐसे में लगाए जा रहे आरोपों और प्रत्यारोपों के बजाय जनहित के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए. हमारा विश्वास है कि सुशासन, पारदर्शिता और विकास के माध्यम से जनता की आकांक्षाओं को पूरा किया जा सकता है.


निकाय और पंचायत आम-उपचुनाव के लिए आज वोटिंग
रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार राज्य में चल रहे नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम-उपचुनाव के लिए आज मतदान किया जा रहा है. नगरीय निकायों में अध्यक्ष के 05 पदों और पार्षद के 71 पदों के निर्वाचन के लिए बनाए गए 96 मतदान केन्द्रों में कुल 31928 मतदाताओं (15720 पुरूष मतदाता, 16207 महिला मतदाता तथा 01 अन्य मतदाता) द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया जायेगा. वहीं त्रि-स्तरीय पंचायत में जनपद पंचायत सदस्य के 10, सरपंच के 34 और वार्ड पंच के 107 पदों के निर्वाचन के लिए बनाए गए 274 मतदान केन्द्रों में कुल 102797 मतदाताओं (51465 पुरूष मतदाता, 51331 महिला मतदाता तथा 01 अन्य मतदाता) द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया जायेगा. नगरीय निकायों में मतदान समय सुबह 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक और त्रि-स्तरीय पंचायतों में मतदान समय सुबह 7:00 बजे से शाम 3:00 बजे तक निर्धारित है.

रायपुर में कांग्रेस करेगी प्रदर्शन
रायपुर. राजधानी रायपुर में बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस प्रदर्शन किया जाएगा. पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस जनप्रतिनिधि दोपहर 12:30 बजे कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर से मुलाकात करेंगे. इस दौरान वे बिजली कटौती की समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा. विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की जाएगी.

खेत बचाओ अभियान आज से शुरू होगा
रायपुर. रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित उपयोग से प्रभावित हो रहे मृदा स्वास्थ्य, घटती भूमि उर्वरता और पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान के लिए केंद्रीय कृषि मंत्रालय द्वारा 1 से 30 जून तक देशव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ चलाया जाएगा. अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में भी व्यापक स्तर पर जनजागरूकता और कृषक उन्मुख गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. अभियान के दौरान ग्राम पंचायत, विकासखंड और जिला स्तर पर कृषक संगोष्ठियां, कृषि चौपाल, जनजागरूकता कार्यक्रम और जैविक उत्पाद प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी. कृषि वैज्ञानिक किसानों को रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभाव, प्राकृतिक खेती के लाभ, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा खेती की लागत कम करने के उपायों की जानकारी देंगे. साथ ही मृदा परीक्षण आधारित पोषक तत्व प्रबंधन और फसल की आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों के उपयोग के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा. प्रदेशभर में अधिक आवागमन वाले क्षेत्रों में दीवार लेखन के माध्यम से मृदा संरक्षण और प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी. किसानों और नागरिकों को प्राकृतिक खेती अपनाने की शपथ भी दिलाई जाएगी. पंचायत स्तर पर आयोजित कृषि चौपालों में किसानों और जनप्रतिनिधियों को अपनी कम से कम 25 प्रतिशत कृषि भूमि पर स्वेच्छा से प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा.

रायगढ़ दौरे पर वित्त मंत्री ओपी
रायपुर. वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी आज रायगढ़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे सड़क, पहुंच मार्ग, मिनी स्टेडियम एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रमों में शामिल होंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री चौधरी दोपहर 3:30 बजे मिडमिडा में हाई स्कूल पहुंच मार्ग के भूमिपूजन एवं सीसी सड़क लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके पश्चात शाम 4:15 बजे त्रिभोना में त्रिभोना से कोड़पाली पहुंच मार्ग एवं सड़क निर्माण कार्य के भूमिपूजन और सीसी सड़क लोकार्पण कार्यक्रम में भाग लेंगे. शाम 5:00 बजे वे तुरंगा में मिनी स्टेडियम, शेड एवं सीसी सड़क लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद शाम 5:45 बजे कोतासुरा में गोतमा-कोतासुरा मार्ग के लोकार्पण कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे. अपने प्रवास के दौरान वित्त मंत्री चौधरी शाम 6:30 बजे कोंडातराई पहुंचेंगे, जहां वे पुसौर-सुरजगढ़ मार्ग के भूमिपूजन, शेड, सीसी सड़क और यात्री प्रतीक्षालय के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होकर क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात देंगे. कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहेंगे.

स्काईवॉक तोड़कर बनाएं फ्लाईओवर : कांग्रेस
रायपुर. प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि स्काई वॉक शहर की जनता की गले की हड्डी बन चुका है. रोज इसके पैनल गिर रहे हैं. राहगीरों की जान खतरे में पड़ी रहती है. भाजपा सरकार अपनी जिद छोड़े और शहर की जनता से माफी मांगकर स्काई वॉक तोड़कर वहां फ्लाईओवर बनाए, जिसकी आज जरूरत है. उन्होंने कहा, स्काईवॉक भाजपा के भ्रष्टाचार की स्मारक के रूप में छत्तीसगढ़ की जनता के सामने खड़ा है. तत्कालीन भाजपा सरकार द्वारा बिना किसी आवश्यकता के रायपुर शहर में एक स्काईवॉक बनाने का प्रोजेक्ट तैयार किया गया.

रायपुर में आज के कार्यक्रम
संस्कार शिक्षण शिविर

संस्थान- श्रीआदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर ट्रस्ट

स्थान- मालवीय रोड स्थित दिगंबर जैन मंदिर

समय- सुबह 7 से 9:30 एवं शाम 7:30 से 8:30 बजे तक के दो सत्रों में.

शाम 7 बजे से सामूहिक आरती व पाठ. रात्रि 8:30 बजे से संस्कारमय सांस्कृतिक कार्यक्रम.

बाल संस्कार शिविर का समापन

संस्थान – महाराष्ट्र मंडल की योग व आध्यात्मिक समिति

स्थान- चौबे कॉलोनी स्थित मंडल के सभागृह में

समय- शाम 6 बजे से.

बाल संस्कार योग शिविर

संगठन – श्रीकच्छ कड़वा पाटीदार समाज व श्रीपाटीदार महिला मंडल

स्थान- फाफाडीह स्थित पाटीदार भवन

समय- सुबह 9 से 11 बजे तक.

परमानंद महोत्सव

संस्थान- श्रीगिरिराज मंदिर ट्रस्ट

स्थान- बूढ़ापारा स्थित मंदिर

समय- सुबह 10 बजे से दुग्धाभिषेक, वेदोक्त पाठ. रात्रि 8 से 9 बजे के मध्य विशेष मनोरथ के साथ श्रृंगार दर्शन.

श्री रामचरित मानस कथा

कथावाचक- राधा रासबिहारी शरण महाराज

आयोजक- सनातन धर्मप्रेमी गण

स्थान- टिल्लु चौक लाखेनगर स्थित श्रीराम मंदिर प्रांगण

समय- सुबह 9 बजे से.

Leave Your Comment

Click to reload image