सहाड़ा देवता स्थापना, शामिल हुए नपाध्यक्ष
|
27 Nov 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद,26नवंबर। ग्राम पंचायत लभराखुर्द में यादव समाज द्वारा आयोजित सहाड़ा देवता स्थापना कार्यक्रम बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचकर सहाड़ा देवता के दर्शन किए और समाज के लोगों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को सहाड़ा देवता स्थापना की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का काम करते हैं। उन्होंने यादव समाज के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सभी लोगों का एक साथ मिलकर इस तरह का कार्यक्रम आयोजित करना वास्तव में प्रशंसनीय है। कार्यक्रम के दौरान गांव में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। समाज के गणमान्यजनों एवं ग्रामीणजनों ने नगर पालिका अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से जनपद सदस्य निधि लोकेश चंद्राकर, जुगनू चंद्राकर, सरपंच मयंक ध्रुव, उप सरपंच जीवन लाल यादव, कोमल साहू सहित समाज के गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।