छत्तीसगढ़ / रायपुर

CM साय के बस्तर दौरे का दूसरा दिन… राज्य में प्रशासनिक अराजकता हावी : बैज… इन जगहों पर आज लगेगा सुशासन तिहार…

 रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिवसीय बस्तर दौरे पर हैं. वह मंगलवार को कांकेर जिला पंचायत सभा में बस्तर संभाग के चार जिलों के विकास कार्य को लेकर बैठक करेंगे. सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक सुशासन तिहार कार्यक्रम में शामिल होंगे. कांकेर में ही रात्रि कालीन विश्राम कर सकते हैं. इस बीच वह भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व महावीर सिंह राठौड़ और स्व भारत मटियारा के परिजनों से भी मुलाकात कर सकते हैं.


राज्य में प्रशासनिक अराजकता हावी : बैज
रायपुर. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, बेमेतरा में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में फैली अव्यवस्था राज्य की बेलगाम नौकरशाही का एक नमूना है. प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं बची है. बेमेतरा में पूरी सरकार के समक्ष सरकारी कार्यक्रम में अव्यवस्था पर विधानसभा अध्यक्ष को मंच से रोष प्रकट करना पड़ता है.

उन्होंने कहा, इसके पहले बेमेतरा के ही सुशासन त्योहार में वरिष्ठ मंत्री, सरकारी अमले और पुलिस पर शराब बेचने का आरोप लगाते हैं. वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद बृजमोहन अग्रवाल रायपुर के कोने-कोने में अधिकारियों को अवैध शराब बिकवाने का खुला आरोप लगाते हैं. यह घटनाएं बताती हैं कि राज्य में सरकार नाम की कोई चीज नहीं बची है. राज्य की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था सब खत्म हो चुकी है. उन्होंने कहा, राज्य में सिर्फ प्रशासनिक अराजकता ही नहीं हावी है, सत्तारूढ़ दल के लोग भी मारपीट पर उतारू हो गए हैं. विधायक, तहसीलदार से मारपीट करते हैं, पुलिस उनको गिरफ्तार नहीं कर पा रही है.

आज जिला स्तरीय तैराकी चयन ट्रॉयल
रायपुर. राजधानी के अंतरराष्ट्रीय स्वीमिंग पूल में 2 जून को सुबह 11 बजे जिला स्तरीय अंडर-14 आयु वर्ग का तैराकी चयन ट्रॉयल आयोजित किया गया है. जिला तैराकी संघ के सचिव नरसिंग फरिकार ने बताया कि इस ट्रॉयल के लिए खिलाड़ियों को अपनी जन्मतिथि प्रमाणित करने के लिए आधार कार्ड लाना होगा. इस ट्रॉयल के आधार पर राज्य स्तरीय टीम के लिए राजधानी में 7 जून को चयन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी.

सुशासन तिहार में शामिल होंगे मंत्री देवांगन
रायपुर. प्रदेश के वाणिज्य उद्योग श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन मंगलवार दोपहर 12ः30 बजे कोरबा जिले के पाली विकासखण्ड के अंतर्ग्रत ग्राम डोंगानाला में आयोजित सुशासन तिहार के जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होंगे तथा विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास करेंगे. वह बुधवार को दोपहर 1 बजे खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले के विकासखण्ड छुईखदान अंतर्गत ग्राम गोपालपुर में सुशासन तिहार (जनसमस्या निवारण शिविर) में शामिल होंगे. तत्पश्चात वे शाम 5 बजे नवा रायपुर स्थित शासकीय निवास लौट आएंगे. 

इन जगहों पर आज लगेगा सुशासन तिहार 

छत्तीसगढ़ में आज बालोद, दुर्ग, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, कोंडागांव, रायगढ़, राजनांदगांव, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, बिलासपुर, कोरबा और सुकमा में आज सुशासन तिहार मनाया जाएगा. इन 13 जिलों के 49 स्थानों पर जनसमस्या निवारण शिविर लगेगा.

रायपुर में आज के कार्यक्रम 
शोभायात्रा

संस्थान – चिंताहरण हनुमान मंदिर ट्रस्ट

स्थान- गणेश मंदिर अग्रसेन चौक से चिंताहरण हनुमान मंदिर चौबे कॉलोनी तक.

समय- 6.45 बजे से शोभायात्रा. सुबह 10 बजे से पूजा अर्चना, ज्योत व सवामणी भोग. शाम 5.30 बजे भजनों की प्रस्तुति. रात्रि 8 बजे सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, आरती व छप्पन भोग, व भंडारा.

योग व ध्यान प्रशिक्षण

संस्था- नूतन उच्चतर माध्यमिक शाला

स्थान- नूतन स्कूल कैंपस, आरडीए कॉलोनी, टिकरापारा

समय- प्रात: 5:10 बजे से

संस्कार शिक्षण दिवस

संस्थान – श्रीआदिनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर ट्रस्ट

स्थान- मालवीय रोड स्थित दिगंबर जैन मंदिर

समय- सुबह 7 से 9:30 एवं शाम 7:30 से 8:30 बजे तक के दो सत्रों में. शाम 7 बजे से सामूहिक आरती व पाठ. रात्रि 8:30 बजे से संस्कारमय सांस्कृतिक कार्यक्रम.

बाल संस्कार योग शिविर

संगठन- श्रीकच्छ कड़वा पाटीदार समाज व श्रीपाटीदार महिला मंडल

स्थान- फाफाडीह स्थित पाटीदार भवन

समय- सुबह 9 से 11 बजे तक.

Leave Your Comment

Click to reload image