सूरजपुर: मायके से पत्नी के न लौटने से व्यथित युवक ने की खुदकुशी
सूरजपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पत्नी के मायके से वापस न आने से हताश होकर एक 33 वर्षीय युवक ने आत्मदाह कर लिया. गंभीर रूप से झुलसे युवक को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है.
मृतक की पहचान श्रीनगर गांव निवासी जमुना प्रसाद यादव के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, जमुना की पत्नी करीब एक साल पहले साईंपारा स्थित अपने मायके चली गई थी. वह लगातार अपनी पत्नी को मनाकर घर वापस लाने का प्रयास कर रहा था. बीते 21 अगस्त को भी वह उसे लेने ससुराल गया था, लेकिन पत्नी ने साथ आने से साफ इनकार कर दिया.
इस बात से गहरे तनाव में आकर जमुना उसी शाम अपने घर पहुंचा और खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली. चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों और परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. झुलसी अवस्था में उसे पहले रामानुजनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर सूरजपुर जिला अस्पताल ले जाया गया.
हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के बर्न यूनिट रेफर कर दिया था, जहां मंगलवार को उसकी जीवन लीला समाप्त हो गई. पुलिस ने स्वजनों के बयान दर्ज कर घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.