किराना दुकान में चोरी, 2 नाबालिग बंदी
|
08 Oct 2026
राजनांदगांव, 8 अक्टूबर। रात्रि में दीवार का ईंट निकालकर किराना दुकान में प्रवेश कर नगदी रकम और सामान को पार करने और कैमरों को तोडफ़ोड़ करने वाले दो नाबालिग आरोपियों को पुलिस ने पकडक़र कार्रवाई की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से संदिग्धों की पहचान कर राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन से दोनों विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में चोरी करना स्वीकार, टीवी, नगदी रकम एवं सिगरेट के डिब्बे बरामद कर पुलिस ने जब्त किया। दोनों बालकों को संरक्षणात्मक अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया। मिली जानकारी के अनुसार तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी अंतर्गत 4-5 अक्टूबर की दरम्यानी रात ग्राम तुमड़ीबोड़ स्थित एक किराना स्टोर्स में अज्ञात चोरों द्वारा रात्रि में छत के रास्ते दीवार की ईंट तोडक़र दुकान अंदर प्रवेश कर करीब 36 हजार रुपए की नगदी रकम एवं सिगरेट, गुटखा, टीवी व अन्य सामग्री चोरी की गई तथा दुकान में लगे कैमरों में तोडफ़ोड़ की गई, जिस पर प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी तुमडीबोड़ में धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर राजनांदगांव रेलवे स्टेशन से दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में घटना स्वीकार करने पर उनके बताए स्थानों से एक टीवी, नगदी रकम एवं सिगरेट के डिब्बे बरामद कर जब्त किए गए।