डबल मर्डर: चौथे दिन भी सुराग नहीं, पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी
|
14 Oct 2026
छत्तीसगढ़ संवाददाता
सूरजपुर, 13 अक्टूबर। सूरजपुर जिले के केशवनगर निवासी शिक्षिका और उसके बेटे की हत्या में पुलिस को अब तक किसी प्रकार का सुराग नहीं मिल सका है। एसपी द्वारा लगातार घटना की मॉनिटरिंग करने के साथ जिले के कई थानों के तेज तर्रार स्टॉफ की ड्यूटी लगाई है, जो अपने अपने स्तर पर जांच में जुटे है। मृतिका के संपर्क में रहे लोगों की पुलिस द्वारा कुंडली खंगाली जा रही है। पुलिस लगातार संदिग्धों से पूछताछ में जुटी है।
घटना के बाद से मृतक मां-बेटे का मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है पुलिस बंद मोबाइल को बरामद करने के लिए भी पूरा जोर लगाई हुई है। पुलिस द्वारा मृतक और उसके मां के मोबाइल नंबर से पिछले डेढ़-दो माह में हुई बातचीत के आधार पर उन नंबरों के मोबाइल धारकों को भी थाना तलब कर पूछताछ किए जाने की जानकारी है।
सोमवार की तरह मंगलवार को भी एसपी योगेश पटेल बिश्रामपुर थाने में सभी मातहत अधिकारियों और कर्मियों से जांच के बिंदुओं पर चर्चा कर आरोपियों की पता तलाश में लगे दिखे। पुलिस द्वारा घटनास्थल सहित आसपास के रहवासियों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है कि घटना दिवस या उसके आसपास कौन-कौन लोग मृतिका के घर आए, साथ ही उसके बेटे के दोस्तों और करीबियों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
एडिशनल एसपी योगेश देवांगन ने बताया कि पुलिस हर उस बिंदु पर जांच को फोकस कर रही, जिससे मामला खुल सके। उधर दोनों का शॉट पीएम रिपोर्ट पुलिस को प्राप्त हो गया है। डबल मर्डर की घटना को लेकर स्पष्ट हो गया है कि अपराधियों ने हत्या की पूरी प्लानिंग सुनियोजित तरीके से की है ।
पुलिस अलग-अलग लोगों से पूछताछ के आधार पर प्राप्त तथ्यों की कडिय़ाँ जोड़ डबल मर्डर की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।