एनएमडीसी में भर्ती की मांग पर तीसरे दिन भी धरना जारी, प्रदर्शनकारियों और कर्मियों के बीच हुई बहस
|
15 Oct 2026
एल 1 और एल 2 पदों की लंबित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग पर अड़े युवा
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बचेली, 14 अक्टूबर। एनएमडीसी परियोजना में एल-1 और एल-2 पदों की लंबित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर दंतेवाड़ा युवा बेरोजगार संघ के बैनर तले बचेली के सीआईएसएफ चेकपोस्ट पर जारी धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों और प्रबंधन के बीच अब तक कोई अंतिम सहमति नहीं बन पाई है।
एनएमडीसी प्रबंधन ने युवाओं से एक प्रतिनिधिमंडल बनाकर मुख्यालय में चर्चा करने का प्रस्ताव रखा था, जिसे प्रदर्शनकारियों ने ठुकरा दिया। उनकी मांग है कि जिम्मेदार अधिकारी स्वयं बचेली पहुंचकर चर्चा करें। प्रबंधन की ओर से कुछ दिनों का समय देने की बात भी कही गई, लेकिन आंदोलनकारियों का कहना है कि पहले भी कई बार समय दिया जा चुका है। इसके बावजूद भर्ती प्रक्रिया को लेकर कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है। इसी वजह से धरना लगातार जारी है।
बुधवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ धरने पर बैठे युवाओं की तीखी बहस हुई, जिसके बाद स्थिति शांत हो गई और कर्मचारी वापस लौट गए।
ज्ञात हो कि धरने के शुरुआती दिनों में स्थानीय विधायक चैतराम अटामी, कांग्रेस नेत्री तुलिका कर्मा और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम ने पहुंचकर युवाओं की मांगें सुनी थीं।
एनएमडीसी प्रबंधन का कहना है कि कंपनी स्थानीय समुदायों के कल्याण और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रबंधन ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समान अवसर सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता भी जताई है।
समाचार लिखे जाने बधवार शाम 6 बजे तक एनएमडीसी प्रबंधन और प्रदर्शनकारियों के बीच कोई अंतिम सहमति नहीं बन पाई है। फिलहाल, आंदोलन जारी है। सुरक्षा के लिहाज से मौके पर स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ के जवान तैनात हैं।