छत्तीसगढ़ /

रावण, मेघनाथ और कुंभकरण का दहन, आतिशबाजी के बीच निकली श्रीराम की विजय यात्रा

छत्तीसगढ़ संवाददाता कोण्डागांव, 21 अक्टूबर। विजयादशमी के अवसर पर जिला मुख्यालय के विकास नगर स्थित स्टेडियम मैदान में रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशाल पुतलों का दहन किया गया। शीतला माता मंदिर समिति के तत्वावधान में रामलीला बाल मंडली ने 36वें रामलीला एवं रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी हुई और बड़ी संख्या में लोग इस आयोजन के साक्षी बने। कार्यक्रम में कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी सहित अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत शीतला माता मंदिर माता गुड़ी में माता का आशीर्वाद लेकर हुई। इसके बाद भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और वानर सेना एक मार्ग से, जबकि रावण दल दूसरे मार्ग से स्टेडियम मैदान पहुंचा। यहां रामलीला का मंचन किया गया, जिसमें राम वनवास, सीता हरण, लंका दहन और कुंभकरण व मेघनाथ वध के प्रसंगों का मंचन हुआ। इसके बाद बुराई, अहंकार और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देते हुए तीनों विशाल पुतलों का दहन किया गया। पुतला दहन के दौरान मैदान आतिशबाजी से गूंज उठा। पुतला दहन के बाद भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और वानर सेना के साथ विजय जुलूस निकाला गया। विकास नगर स्टेडियम मैदान से शुरू हुई यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शीतला माता मंदिर पहुंची, जहां माता सीता का गृह प्रवेश कराया गया। आयोजन के दौरान नगर पालिका, शीतला माता मंदिर समिति, प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यवस्थाएं संभाली गईं। सुरक्षा के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। रावण दहन के बाद स्थानीय मान्यता के अनुसार कई लोग जले हुए पुतले की लकडिय़ों के अवशेष अपने साथ ले जाते नजर आए। खास बात यह रही कि पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई सहित अन्य अधिकारी भी इस परंपरा का पालन करते हुए रावण के पुतले के अवशेष अपने साथ ले जाते दिखाई दिए।

Leave Your Comment

Click to reload image