सामान्य ज्ञान

अलमारी में नेफ्थलीन बॉल्स रखना पड़ सकता है भारी, कपड़ों को सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं ये प्राकृतिक विकल्प …

 घर की अलमारी में रखे कपड़ों को कीड़ों, फफूंदी, बदबू और नमी से बचाने के लिए लंबे समय से नेफ्थलीन बॉल्स का इस्तेमाल किया जाता रहा है. कई लोगों के लिए यह एक आसान और सस्ता उपाय माना जाता है, लेकिन इन छोटी-छोटी गोलियों सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकती हैं. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए इनका लगातार संपर्क नुकसानदायक हो सकता है. आइए जानते हैं ये कैसे नुकसान पहुँचाते हैं और इसके क्या प्राकृतिक विकल्प हो सकते हैं.



क्यों नुकसानदायक हो सकती हैं नेफ्थलीन बॉल्स?
नेफ्थलीन बॉल्स में ऐसे रासायनिक तत्व मौजूद होते हैं जो धीरे-धीरे गैस के रूप में हवा में घुलते रहते हैं. यही गैस कपड़ों को कीड़ों से बचाने का काम करती है, लेकिन लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने से शरीर पर कई दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं. नेफ्थलीन की गंध सांस के जरिए शरीर में पहुंचकर श्वसन तंत्र को प्रभावित कर सकती है. इससे खांसी, सांस लेने में तकलीफ, गले में जलन और अस्थमा के लक्षण बढ़ सकते हैं. कुछ लोगों को इससे सिरदर्द, चक्कर आना और मतली जैसी समस्याएं भी महसूस हो सकती हैं.

त्वचा और आंखों पर भी पड़ सकता है असर
अगर नेफ्थलीन बॉल्स सीधे कपड़ों के संपर्क में रहती हैं और वही कपड़े बिना धोए पहन लिए जाएं, तो संवेदनशील त्वचा वाले लोगों को खुजली, लाल चकत्ते और एलर्जी की शिकायत हो सकती है. इसके अलावा इसकी तेज गंध आंखों में जलन और पानी आने जैसी परेशानी भी पैदा कर सकती है.

बच्चों और पालतू जानवरों के लिए ज्यादा खतरा
नेफ्थलीन बॉल्स अक्सर छोटी गोलियों के रूप में होती हैं, जिन्हें बच्चे या पालतू जानवर गलती से खाने योग्य वस्तु समझ सकते हैं. ऐसा होने पर गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं. इसलिए इन्हें घर में खुली जगह पर रखना बिल्कुल सुरक्षित नहीं माना जाता.

कपड़ों को सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं प्राकृतिक उपाय
अगर आप कपड़ों को कीड़ों और नमी से बचाना चाहते हैं, तो कई प्राकृतिक और सुरक्षित विकल्प मौजूद हैं.

नीम की पत्तियां
सूखी नीम की पत्तियां अलमारी में रखने से कीड़े-मकोड़े दूर रहते हैं. नीम में प्राकृतिक एंटीबैक्टीरियल और कीट-प्रतिरोधी गुण पाए जाते हैं, जो कपड़ों को सुरक्षित रखने में मदद करते हैं.

लौंग और तेजपत्ता
लौंग और तेजपत्ते की खुशबू कई प्रकार के कीड़ों को अलमारी से दूर रखती है. इन्हें छोटे कपड़े के पाउच में भरकर कपड़ों के बीच रखा जा सकता है.

लैवेंडर या कपूर
लैवेंडर के सूखे फूल या कपूर की टिकिया अलमारी में रखने से कपड़ों में ताजगी बनी रहती है और बदबू भी नहीं आती. हालांकि कपूर का इस्तेमाल भी सीमित मात्रा में करना चाहिए और अलमारी को समय-समय पर खुला रखना चाहिए.

सिलिका जेल पैकेट
नमी से बचाव के लिए सिलिका जेल पैकेट बेहद उपयोगी होते हैं. ये अतिरिक्त नमी को सोख लेते हैं, जिससे फफूंदी और बदबू की समस्या कम हो जाती है.

अलमारी की सफाई भी है जरूरी
सिर्फ कीटरोधी उपाय अपनाना ही काफी नहीं है. अलमारी को नियमित रूप से साफ करना, धूप लगाना और कपड़ों को पूरी तरह सूखाकर ही रखना भी बेहद जरूरी है. नमी और गंदगी की वजह से ही अक्सर कीड़े और फफूंदी पनपते हैं. नेफ्थलीन बॉल्स की जगह प्राकृतिक और सुरक्षित विकल्पों को अपनाना बेहतर है. इससे कपड़े भी सुरक्षित रहते हैं और परिवार की सेहत पर किसी तरह का खतरा भी नहीं होता.

Leave Your Comment

Click to reload image