Swapnil Kusale : पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय शूटर स्वप्निल कुसाले ने इतिहास रच दिया है. गुरुवार यानी 1 अगस्त को उन्होंने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया है. शूटिंग में भारत का यह तीसरा मेडल है. इससे पहले मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य जीता था. फिर मनु ने सरबजोत के साथ मिलकर 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में भी कांस्य पदक अपने नाम किया था. अब स्वप्निल महिला या पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में ओलंपिक मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं. उनसे पहले इस स्पर्धा में कोई भी भारतीय शूटर यह कमाल नहीं कर पाया था.
स्वप्निल कुसाले ने सभी को चौंकाया
दरअसल, स्वप्निल का पदक अप्रत्याशित था, क्योंकि किसी ने उन्हें पदक की दौड़ में शामिल नहीं किया था, उनके नाम की ज्यादा चर्चा नहीं थी. इसके बाद भी उन्होंने कमाल कर दिया. इससे सभी चौंक रहे हैं. राइफल थ्री पोजिशन में निशानेबाज 3 पोजिशन में निशाना लगाता है, इनमें नीलिंग यानी घुटने के बल बैठकर, प्रोन यानी पेट के बल लेटकर और स्टैंडिंग यानी खड़े खड़े शॉट लगाया जाता है.
गजब का कमबैक किया
इवेंट के दौरान भारतीय शूटर स्वप्निल नीलिंग और प्रोन तक पीछे चल रहे थे, हालांकि, स्टैंडिंग पोजिशन में स्वप्निल ने गजब का कमबैक किया और पदक अपने नाम किया.
स्वप्निल ने नीलिंग पोजिशन में 153.3 स्कोर किया, फिर प्रोन पोजिशन में उनका कुल स्कोर 310.1 हो गया था. नीलिंग और प्रोन पोजिशन के बाद स्टैंडिंग पोजिशन में दो शॉट के बाद एलिमिनेशन राउंड की शुरुआत हुई. नीलिंग राउंड में स्वप्निल छठे स्थान और प्रोन पोजिशन के बाद भी छठे स्थान पर ही रहे थे. हालांकि जब बात एलिमिनेशन राउंड की आई तो स्वप्निल पहले पांचवें और फिर तीसरे स्थान पर पहुंच गए. इस तरह उन्हें ब्रॉन्ज मेडल मिला.