खेल

Olympic Order Award 2024: इंदिरा गांधी के बाद अब दिग्गज शूटर अभिनव बिंद्रा को मिलेगा ओलंपिक का ये खास अवार्ड, आज IOC करेगी सम्मानित

 Olympic Order award 2024: पेरिस ओलंपिक्स की शुरुआत 26 जुलाई को हुई थी, जिसका उदघाटन समारोह पूरे विश्व भर में चर्चा का विषय बना था. अब ये खेल समाप्त होने ही वाले हैं, जिनका समापन समारोह 11 अगस्त को होना है। इससे पहले आज का दिन भारत के लिए बेहद खास होने जा रहा है। 10 अगस्त 2024 को अभिनव बिंद्रा को ओलंपिक ऑर्डर का अवार्ड दिया जाएगा। यह ओलंपिक आंदोलन का सर्वोच्च पुरस्कार है, जो बिंद्रा को ओलंपिक आंदोलन में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया जाएगा।



बता दें, ये सिर्फ अभिनव बिंद्रा ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए काफी खास पल है, क्योंकि वह इस अवॉर्ड से सम्मानित होने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय होंगे। इससे पहले आज से करीब 41 साल पहले पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को यह अवॉर्ड दिया जा चुका है। साल 1983 में मुंबई में आयोजित अवॉर्ड सेरेमनी में इंदिरा गांधी को यह अवॉर्ड दिया गया था। इसके बाद अब इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी (IOC) आज पेरिस में आयोजित अवॉर्ड सेरेमनी में बिंद्रा को इस अवॉर्ड से सम्मानित करेगी। ओलंपिक के इतिहास में अब तक 116 हस्तियों को गोल्ड ओलिंपिक ऑर्डर मिला है।


क्या होता है ओलंपिक ऑर्डर अवॉर्ड?
1975 में स्थापित ओलंपिक ऑर्डर, ओलंपिक आंदोलन का सर्वोच्च पुरस्कार है, जो ओलिंपिक मोमेंट में विशेष योगदान के लिए दिया जाता है। पहले यह अवॉर्ड तीन कैटेगरी- गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज में दिया जाता था। लेकिन 1984 में ये तय किया गया कि आगे यह अवॉर्ड गोल्ड कैटेगरी में राष्ट्र प्रमुखों और विशेष योगदान देने वाली हस्तियों को दिया जाएगा।



बीजिंग ओलंपिक में भारत के लिए जीता गोल्ड
बता दें कि अभिनव बिंद्रा ओलपिंक में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। वह वर्तमान में अभिनव बिंद्र फाउंडेशन के माध्यम से भारतीय खेलों को आगे बढ़ा रहे हैं। 25 साल की उम्र में अभिनव बिंद्रा ओलिंपिक खेलों में व्‍यक्तिगत गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने थे, जिन्‍होंने 10 मीटर एयर राइफल प्रतियोगिता में बीजिंग में आयोजित हुए ओलिंपिक 2008 में सोने पर निशाना लगाया था। बिंद्रा ने 15 साल की उम्र में 1998 कॉमनवेल्‍थ खेलों में हिस्‍सा लिया था। उस समय वह इन खेलों में शामिल होने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी थे।
 

Leave Your Comment

Click to reload image