खेल

IPL 2026 RCB vs GT Qualifier 1: लगातार दूसरी बार आईपीएल के फाइनल में पहुंची बेंगलुरु, गुजरात को 92 रन से दी करारी शिकस्त, बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों ने ढाया कहर

 IPL 2026 RCB vs GT Qualifier 1: आईपीएल सीजन 19 के पहले क्वालिफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस (GT) को 92 रन से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली है। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में RCB ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में पूरी तरह दबदबा बनाया।


पिछले सीजन 17 साल का लंबा इंतजार खत्म कर पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली बेंगलुरु अब अपने दूसरे खिताब से सिर्फ एक कदम दूर है। वहीं, आईपीएल इतिहास में यह पांचवां मौका है जब RCB फाइनल में पहुंची है।

रजत पाटीदार की कप्तानी पारी, RCB ने बनाया विशाल स्कोर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCB ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कप्तान रजत पाटीदार ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 93 रन बनाए। उनकी इस पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

पाटीदार के अलावा विराट कोहली और क्रुणाल पांड्या ने 43-43 रन की अहम पारियां खेलीं। देवदत्त पडिक्कल ने 30 रन बनाए, जबकि वेंकटेश अय्यर ने 19 और जितेश शर्मा ने 15 रन का योगदान दिया। अंत में टिम डेविड ने तेजी से रन जोड़कर टीम को 250 के पार पहुंचाया।

गुजरात की ओर से जेसन होल्डर और कैगिसो रबाडा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को एक सफलता मिली।

255 रन के लक्ष्य के सामने बिखरी गुजरात की बल्लेबाजी
255 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले के भीतर ही अपने टॉप और मिडिल ऑर्डर के 5 विकेट गंवा दिए। कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए, जबकि साई सुदर्शन 14 और जोस बटलर 29 रन ही बना सके।

इसके अलावा वॉशिंगटन सुंदर 8 और निशांत सिंधु 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जेसन होल्डर बिना खाता खोले आउट हो गए। लगातार गिरते विकेटों के बीच राहुल तेवतिया ने संघर्षपूर्ण अर्धशतक लगाते हुए 68 रन बनाए, लेकिन वह टीम को हार से नहीं बचा सके।

GT की पूरी टीम 19.3 ओवर में 162 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई और RCB ने मुकाबला 92 रन से अपने नाम कर लिया।

गेंदबाजों ने भी दिखाया दम
RCB की जीत में गेंदबाजों का भी बड़ा योगदान रहा। जैकब डफी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। वहीं, रसिख सलाम डार, क्रुणाल पांड्या और भुवनेश्वर कुमार ने 2-2 विकेट हासिल किए। जोश हेजलवुड को भी 1 सफलता मिली।

GT के पास अब भी फाइनल में पहुंचने का मौका
हालांकि हार के बावजूद गुजरात टाइटंस की फाइनल की उम्मीदें अभी खत्म नहीं हुई हैं। पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में रहने की वजह से GT को एक और मौका मिलेगा। अब गुजरात क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स (RR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच होने वाले एलिमिनेटर मुकाबले की विजेता टीम से भिड़ेगी। इस मुकाबले की विजेता टीम फाइनल में RCB से टकराएगी।
 

Leave Your Comment

Click to reload image