खेल

क्रिकेट की दुनिया के नए बादशाह बने बिहार के वैभव सूर्यवंशी, IPL 2026 में अपने नाम किए कई सारे रिकॉर्ड

 Vaibhav Suryavanshi IPL 2026: दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग आईपीएल 2026 का समापन हो चुका है। रजत पाटीदार की कप्तानी वाली टीम आरसीबी ने लगातार दूसरी बार आईपीएल के खिताब पर अपना कब्जा जमाया है। हालांकि आईपीएल 2026 में यदि किसी खिलाड़ी ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया है, तो वह थे बिहार के लाल राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षिय खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी।


सूर्यवंशी के नाम हुआ ऑरेंज कैप
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में पूरे ही सीजन आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 237.31 की शानदार स्ट्राइक रेट से सबसे अधिक 776 रन बनाए। इसके साथ ही इस सीजन उन्होंने ऑरेंज कैप को अपने नाम कर लिया। वैभव सूर्यवंशी ने इस साल पूरे 16 मैच खेलते हुए सबसे अधिक 776 रन बनाए।

इस दौरान उनके बल्ले से 72 शानदार छक्के निकले, जो अब तक के एक सीजन में किसी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए छक्के के मामले में सबसे अधिक है। इसके साथ ही उन्होंने 63 चौके भी लगाए। आईपीएल के इस सीजन में वैभव सूर्यवंशी के बल्ले से कुल 5 अर्धशतक निकले, जबकि उन्होंने एक शानदार शतक लगाया। अपनी पिछली दो पारियों में वैभव सूर्यवंशी 97 और 96 शतक से चुक गए। वैभव को इनाम के तौर पर कुल 35 लाख रुपए और शानदार स्ट्राइक रेट के लिए टाटा सिएरा कार मिली।

एक साथ कई अवॉर्ड किया अपने नाम
आईपीएल 2026 के समापन समारोह में वैभव सूर्यवंशी को कई बड़े अवॉर्ड से नवाजा गया। वैभव सूर्यवंशी को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, ऑरेंज कैप, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन जैसे कई सम्मान एक साथ मिले।

एक साथ इतने सारे अवॉर्ड अपने नाम करने के बाद जब वैभव सूर्यवंशी पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर रवि शास्त्री को अपना इंटरव्यू दे रहे थे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में बेहद ही मजाकिए अंदाज में कहा कि, सर, मैं आजकल दूध नहीं पी रहा हूं। साथ ही अपने ताबड़तोड़ प्रदर्शन के बारे में वैभव ने कहा कि, हर मैच अलग होता है और उसे उसी हिसाब से खेलना पड़ता है।

टेस्ट क्रिकेट खेलने की जताई इच्छा
वैभव सूर्यवंशी ने टेस्ट क्रिकेट खेलने की इच्छा जाहिर की। उन्होंने कहा कि, वह टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहते हैं। रेड बॉल क्रिकेट में भी उनका अनुभव काफी अच्छा रहा है। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय सपोर्ट स्टाफ, टीम के सीनियर खिलाड़ी और टीम में अच्छे माहौल को दिया। वैभव ने फिटनेस को लेकर कहा कि, अगर लंबे समय तक खेलना है, तो फिट रहना बहुत जरूरी है।

बिहार के कई खिलाड़ियों ने दिखाया अपना जलवा
वैभव सूर्यवंशी के अलावा बिहार के कई और खिलाड़ियों ने आईपीएल 2026 में अपना जलवा दिखाया। गोपालगंज के तेज गेंदबाद मुकेश कुमार ने दिल्ली के लिए अच्छी गेंदबाजी करते हुए 10 मैचों में 17 विकेट चटकाए। वहीं, गोपालगंज के ही साकिब हुसैन ने इस साल आईपीएल में अपना डेब्यू करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 11 मैचों में कुल 15 विकेट चटकाए। वहीं, समस्तीपुर के ऑलराउंडर अनुकूल राय ने केकेआर के लिए 14 मैचों में 9 विकेट लिए और काफी किफायती गेंदबाजी की।

Leave Your Comment

Click to reload image