छत्तीसगढ़
ईद के पूर्व बाजार में मिठास घोल रही सेवई, कपड़ा बाजार में भीड़
9 अप्रैल को यदि चांद दिखा तो इस साल 10 अप्रैल कोमनेगीईद बिलासपुर। रमजान का 26वां रोजा पूरा हो चुका है। 9 अप्रैल को यदि चांद दिखा तो इस साल 10 अप्रैल को ईद मनेगी, नहीं तो दूसरे दिन। त्यौहार के ठीक पहले बाजार में सेवईंयां मिठास घोल रही है। कपड़ा बाजार में भी जबरदस्त रौनक है। व्यापारियों को इस साल ईद पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है। मुस्लिम समुदाय के लोगों का मुख्य पर्व ईद को कुछ दिन शेष हैं। पर्व को धूमधाम से मनाने समुदाय के लोग तैयारी में जुट गए हैं। पर्व के मुख्य व्यंजन सेवई का मार्केट शहर में सजकर तैयार है। सेवई की खरीदी जमकर होने होने लगी है। ईद पर्व के लिए शहर में सेवई का मार्केट सज गया है। चौक-चौराहों में रंग-बिरंगे सेवई सजाई गई हैं। मार्केट में सेवई की कई वेरायटी हैं। ईद की तैयारी के लिए मुस्लिम समुदाय के लोग अभी से सेवई खरीद रहे हैं। पर्व की तैयारी के लिए गोलबाजार, सदरबाजार सहित शहर के सभी प्रमुख बाजारों में ईद को लेकर जमकर रौनक है। रंग-बिरंगी सेवईयों से बाजार सजा हुआ। ईद में हैदराबादी सेवई व फेनी, पंचमेवा किराना सेवई, कानपुरी, लखनवी, अहमदाबादी, रायपुरी सेवई व फेनी के साथ ही दूधफेनी और मावा फेनी के साथ ही दूध फेनी ईद की मांग बनी हुई है। इसके साथ ही सेवई को आकर्षक ढंग से सजाने के लिए भी केसरी, हरी, गुलाबी, आरेंज रंग की सेवई की भी पूछपरख बनी हुई है। सेवईयों के साथ ही बादाम, काजू, किसमिस, नारियल गोला, छुहारा, चिरौंजी जैसे ड्राय फ्रूट भी खरीदे जा रहे हैं। रंग-बिरंगी टोपियों और नए परिधानों की भी लोगों ने जमकर खरीदारी में जुटे हैं। यही कारण है कि बाजार में देर रात तक चहल पहल बनी हुई है। कपड़ा बाजार में उमड़ रही भीड़- ईद को लेकर मुस्लिम समुदाय में काफी उत्साह है। लोग इस पर्व को हर्षोल्लास से मनाने के लिए तरह तरह के इंतजाम कर रहे है। जिसमे नए परिधान, घरो में रंग रोगन, दुधिया रोशनी से घरो को सजाने में लोग मशगूल है। वही नए परिधान के लिए शहर में मौजूद कपड़ा दुकानो में बच्चे बड़े व सभी वर्ग की भीड़ उमड़ी हुई है। प्रमुख रूप से तेलीपारा, ट्रेलीफोन एक्सचेंज रोड, सदर बाजार,सरकंडा, मंगला एवं रामा मैग्नेटो माल तथा 36 माल में पहुंच रहे हैं।
मोदी गरीब का बेटा है, लाठी से सिर फोड़ने की धमकी से डरने वाला नहीं
बस्तर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी मोदी का सिर फोड़ने की धमकी दे रहे हैं। मोदी इन धमकियों से डरने वाला नहीं है। आप ही बताए गरीबों को जिन्होंने लूटा उन्हें सजा मिलनी चाहिए की नहीं। मोदी ने भ्रष्टाचार खत्म किया उन्होंने बचाने का काम किया। वे छत्तीसगढ़ में जगदलपुर के आमाबाल गांव में चुनावी सभा को संबोधित किया। बस्तर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार महेश कश्यप हैं। यह इलाका भाजपा के दिवंगत नेता बलिराम कश्यप और कश्यप परिवार का कहा जाता है। यहां के युवाओं को जिसने धोखा दिया है। उनकी तेजी से जांच हो रही है। यहां के कांग्रेसी मोदी का सिर फोड़ने की धमकी दे रहे हैं। मोदी इन धमकियों से डरने वाला नहीं है। आप ही बताए गरीबों को जिन्होंने लूटा उन्हें सजा मिलनी चाहिए की नहीं। मोदी ने भ्रष्टाचार खत्म किया उन्होंने बचाने का काम किया। . मैंने 3 करोड़ बहने को लखपति बनाने का फैसला किया है। आदिवासी समाज का उत्थान करना है। छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा एकलव्य कॉलेज है। जिसको किसी ने नहीं पूछा उसे मोदी ने पूजा है। 24 हजार करोड़ की पीएम जन मन योजना शुरू की गई। इससे आदिवासियों के जीवन को बेहतर बनाया जाएगा। मेरा लक्ष्य देश को विकसित बनाना है। यहां के पूरे परिवार को विकसित बनाना है। छत्तीसगढ़ से मेरा इतना प्यार है कि देश के कई प्रधानमंत्री से भी ज्यादा मैं यहां आया हूं। परिवार से मेरा राम-राम कहना।
सरगुजा में बदला मौसम का मिजाज दिनभर रुक-रुक कर होती रही बारिश
गर्मी से लोगों को मिली राहत, 9 अप्रैल तक ऐसे ही रहेगा मौसम छत्तीसगढ़ संवाददाता अंबिकापुर, 7 अप्रैल। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। रविवार की सुबह से ही हल्की फुल्की बारिश का दौर शुरू हुआ और उसके बाद आसमान में काले बादल दिनभर छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश हुई। मौसम में बदलाव के कारण तापमान में 5 डिग्री की गिरावट आई है, वहीं लोगों को गर्मी से भी काफी राहत मिली है। बहरहाल मौसम काफी खुशनुमा हो गया है और सरगुजा संभाग के बलरामपुर,सूरजपुर जशपुर,कोरिया,सरगुजा सहित संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में कहीं-कहीं तेज बारिश हुई तो कहीं रुक-रुक कर बारिश हो रही है। अंबिकापुर में अचानक मौसम बदलने से आसमान में काले बादल छा गए और गरज चमक के साथ हल्की वर्षा आरंभ हो गई। सरगुजा के कई स्थानों पर तेज गति से भी वर्षा हुई। अप्रैल के प्रारंभ से ही भीषण गर्मी से लोग हलकान हो गए थे, पिछले दो दिनों में पर 38 डिग्री व 39 डिग्री तक पहुंच गया था। पश्चिमी विक्षोभ का असर सोमवार तक बना रहेगा,9 अप्रैल से मौसम पुन: सामान्य रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री की गिरावट हुई है। गौरतलब है कि मार्च के आखरी सप्ताह से ही सरगुजा में तापमान अचानक से बढ़ गया था। पिछले दो-तीन दिनों से संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में तापमान में वृद्धि के कारण दोपहर में धूप काफी तेज महसूस हो रही थी। लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। गरज चमक के साथ वर्षा होने से हवा भी ठंडी चलने लगी, इससे मौसम सुहाना हो गया है। मौसम जानकार के मुताबिक पूरे अप्रैल में मौसम प्रभावित रहने का अंदेशा है। मौसम विभाग के मुताबिक 8 अप्रैल के बाद 14-15 और उसके बाद 22 अप्रैल को भी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल की छाए रहेंगे और धूप-छांव होते रहेगा।
कांग्रेस डूबता हुआ जहाज - विष्णु देव
छत्तीसगढ़ संवाददाता जशपुरनगर,। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 80 के दशक में कांग्रेस के नेता, संसद में भाजपा के कम सांसद होने पर तंज कसा करते थे। अब वही कांग्रेस 40 में सिमट कर रह गई है। आसन्न लोकसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को कहां और किस हाल में बैठाएगी,यह हम सब देखेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत द्वारा दिये गए बयान पर आक्रामक तेवर दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के विकास और भारत को विश्व गुरू बनाने के लिए दिन में 18 घंटे से अधिक काम कर रहे हैं। ऐसे समर्पित व्यक्ति के प्रति कांग्रेसी,आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। देश और प्रदेश के मतदाता, कांग्रेस को इसका जवाब अवश्य देंगे। कुनकुरी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने के लिए पहुंचे सीएम ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी में भारी बिखराव है। कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है, उनके नेता और कार्यकर्ता पार्टी छोडक़र भाजपा में शामिल हो रहे हैं, क्योंकि कांग्रेस पार्टी में कार्यकर्ताओं की कोई इज्जत नहीं है। उन्होंने राजनांदगांव के कांग्रेस नेता सुरेंद्र दाऊ वैष्णव का जिक्र करते हुए कहा- कैसे एक भरी सभा में भूपेश बघेल की उपस्थिति में सुरेंद्र दाऊ ने कहा कि भूपेश जी मैं तीन बार जिला पंचायत सदस्य रहा, लेकिन आपने एक बार भी मिलने का समय नहीं दिया, कांग्रेस पार्टी में कार्यकर्ताओं की कोई इज्जत नहीं है, लेकिन हमारी पार्टी, भाजपा में कार्यकर्ता ही चुनाव लड़ते हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि रायगढ़ लोकसभा से हमने राधेश्याम राठिया को अपना प्रत्याशी बनाया है जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रत्याशी हैं, इसलिए मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाई राधेश्याम राठिया को आगामी 7 मई को कमल छाप पर बटन दबाकर भारी मतों से जीतना है, आप सभी का विधायक होने के नाते में यह आग्रह करने आया हूं। कार्यक्रम को रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र की संयोजक विधायक गोमती साय ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की 10 साल और प्रदेश सरकार के 4 माह के कार्यकाल के बूते भारतीय जनता पार्टी, मतदाताओं के बीच पहुंची है। कार्यकर्ताओं को जोश बता रहा है कि हम जशपुर जिले में एक नया इतिहास रचने वाले हैं। लोकसभा सह संयोजक एवं पूर्व विधायक विजय अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो कहती है,वह करके दिखाती है। इसलिए हम घोषणा पत्र नहीं, गारंटी कार्ड जारी करते हैं। प्रदेश सरकार ने 4 माह के छोटे से कार्यकाल में विधानसभा चुनाव के दौरान दिये गए मोदी की गांरटी में 60 प्रतिशत से अधिक वायदों को पूरा कर दिखाया है। बिलासपुर संभाग क्लस्टर सह प्रभारी कृष्ण कुमार राय ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा रायगढ़ लोकसभा सीट से आदिवासियों की अनदेखी की, हमेशा महलों में रहने वाले लोगों को लोकसभा लड़ाया और आज तक कभी भी जशपुर जिले से प्रत्याशी नहीं दिया, क्या कांग्रेस को आज तक जशपुर जिले में कोई भी आदिवासी नहीं मिला, जिसे चुनाव लड़ा सके, जबकि भाजपा ने हमेशा इस लोकसभा से आदिवासियों को ही चुनाव लड़ाया। हमारा कर्तव्य है कि हम हमारे जिले से आदिवासी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हाथों को मजबूत करते हुए लोकसभा प्रत्याशी राधेश्याम राठिया को भारी मतों से विजयी बनाएं। कार्यक्रम को लोकसभा प्रभारी प्रबोध मिंज, प्रदेश मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, भाजयुमो अध्यक्ष शौर्यप्रताप सिंह जूदेव, डीडीसी ममता कश्यप ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव ने किया। उक्त बातें जिला भाजपा के मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि कुनकुरी विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ में बिलासपुर संभाग क्लस्टर के सह प्रभारी कृष्ण कुमार राय, रायगढ़ लोकसभा प्रभारी प्रबोध मिंज, लोकसभा संयोजक गोमती साय, प्रदेश मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, श्रीमती कौशल्या साय, लोकसभा सह संयोजक एवं पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, लोकसभा प्रत्याशी राधेश्याम राठिया, पूर्व विधायक भरत साय, जिला प्रभारी रामकिशुन सिंह, जिलाध्यक्ष सुनिल गुप्ता, जिला महामंत्री भरत सिंह, विधानसभा प्रभारी राजकुमार अग्रवाल, उपेन्द्र यादव, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, विजय आदित्य सिंह जूदेव, कैलाश गुप्ता, सुनिल अग्रवाल,रजनी प्रधान, ममता कश्यप, अनिता सिंह, उमा देवी, सुनीति भोई, श्रीनायक मिश्रा, संतोष सहाय, कपिल सिंह, कपिल देव साय, ओमप्रकाश साय, सत्येन्द्र सिंह, शिवकुमार बंग, विष्णु गुप्ता, राजू गुप्ता, अमन शर्मा, राजकुमार गुप्ता, दिनेश गुप्ता, गोपाल कश्यप, सहित कुनकुरी विधानसभा के हजारो की संख्या भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
नक्सली दंपति ने किया सरेंडर, ताड़मेटला और मिनपा घटनाओं में थे शामिल
सुकमा। नक्सल प्रभावित क्षेत्र सुकमा जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. यहां 8-8 लाख के इनामी हार्डकोर महिला समेत दो नक्सलियों ने सरेंडर किया है. जानकारी के अनुसार, दोनों आत्मसमर्पित नक्सली कई बड़ी घटनाओं में शामिल रह चुके हैं. जानकारी के अनुसार, 8-8 लाख के इनामी दो हार्डकोर नक्सलियों ने एसपी किरण चव्हाण के सामने आत्मसमर्पण किया है. हार्डकोर नक्सली कलमु प्रकाश डीवीसीएम पद पर नक्सल संगठन में पदस्थ था. वहीं आत्मसमर्पित नक्सली नागेश की पत्नी रिता ने भी सरेंडर किया. आत्मसमर्पित नक्सली कलमू प्रकाश नक्सलियों की किस्टाराम एरिया कमेटी का सचिव रहा है. वह ताड़मेटला, मिनपा सहित जिले के कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहे है.
कोल स्कैम में सौम्या और रानू से दूसरे दिन भी पूछताछ जारी
पहले दिन एक भी सवाल का नहीं मिला संतोषजनक जवाब रायपुर। कोल स्कैम मामले में रायपुर सेंट्रल जेल के महिला सेल में बंद निलंबित आइएएस रानू साहू और डिप्टी कलेक्टर सौम्या चौरसिया से पूछताछ दूसरे दिन शुक्रवार को भी जारी है। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम रानू साहू और सौम्या चौरसिया से पूछताछ करने के लिए सुबह रायपुर सेंट्रल जेल पहुंची। बतादें कि कोर्ट ने रानू और सौम्या से पूछताछ के लिए कोर्ट ने एसीबी और इओडब्ल्यू को तीन दिन का समय दिया है। इससे पहले गुरुवार को एंटी करप्शन ब्यूरो के अधिकारियों ने सात घंटे पूछताछ की। दोनों को आमने-सामने बैठाकर अधिकारियों ने पूछा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कोयले के परिवहन के एवज में किन-किन अधिकारियों, रसूखदार कारोबारियों, नेताओं, मंत्रियों ने पैसों का लेन-देन कर करोड़ों का भ्रष्टाचार किया? जानकार सूत्रों ने बताया कि एसीबी की टीम ने दोनों निलंबित महिला अधिकारियों से करीब 30-30 सवाल पूछे, लेकिन एक का भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उल्टे यह कहकर बचने की कोशिश की उन्हें झूठे केस में फंसाया गया है। सारा खेल ऊपर ही ऊपर हुआ है। ईडी को भी पूरी जानकारी दे चुके हैं। फिर भी जांच सही तरीके से नहीं की गई। एसीबी की टीम ने उनके बयान साथ लाए लैपटाप में दर्ज किया। गौरतलब है कि इससे पहले कोर्ट के आदेश के बाद 29 मार्च से एक अप्रैल तक एसीबी, ईओडब्ल्यू की टीम ने कोयला, शराब घोटाले के साथ महादेव एप सट्टेबाजी केस में जेल में बंद 12 से अधिक आरोपितों से पूछताछ की थी। वहीं अब कोर्ट के आदेश पर दूसरी बार सात अप्रैल (तीन दिन) तक रानू साहू और सौम्या सौरसिया से पूछताछ करेगी। इनसे हो चुकी है पूछताछ- एसीबी ने कोयला घोटाले के मास्टर माइंड सूर्यकांत तिवारी, निलंबित आइएएस समीर बिश्नोई, सुनील अग्रवाल, शराब घोटाले केस में अरविंद सिंह, महादेव एप सट्टेबाजी केस में निलंबित एएसआइ चंद्रभूषण वर्मा, सतीश चंद्राकर, निलंबित कांस्टेबल भीम सिंह, असीम दास समेत अन्य से पूछताछ कर चुकी है। वहीं कोयला कारोबार से जुड़े 50 से अधिक कारोबारियों को नोटिस जारी कर तलब किया जा रहा है। ईडी ने मामले में अब तक 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ईडी के प्रतिवेदन के बाद केस दर्ज कर अब एसीबी ने जांच शुरू की है।
Raipur: ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट के बाद बिजली विभाग गोदाम में लगी भीषण आग,मची अफरा-तफरी.
राजधानी रायपुर के भारत माता चौक के पास बिजली विभाग के सब डिवीजन कार्यालय के गोदाम में रखे ट्रांसफार्मर में अचानक तेज धमाका हुआ और उसमें भीषण आग लग गई। इस आग में गोदाम में रखे 1500 ट्रांसफार्मर जलकर खाक हो गए हैं।
राजधानी रायपुर के भारत माता चौक के पास बिजली विभाग के सब डिवीजन कार्यालय के गोदाम में रखे ट्रांसफार्मर में अचानक तेज धमाका हुआ और उसमें भीषण आग लग गई। खबरों के अनुसार करीब गोदाम में रखे 1500 ट्रांसफार्मर जलकर खाक हो गए हैं। बताया जा रहा है कि गोदाम में करीब 6000 ट्रांसफार्मर रखे हुए हैं। जिससे बिजली विभाग कार्यालय में लगी आग से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। यह पूरा मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है।
देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि आसमान में दूर से धुएं का गुबार नजर आ रहा है। इधर, स्थानीय लोगों ने भयानक आग पर काबू पाने के लिए तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां आग बुझाने के लिए पहुंच गई हैं। फायर बिग्रेड कर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं। बिजली विभाग के सब डिवीजन कार्यालय के गोदाम में आग लग जाने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है।
इधर, भीषण आग से बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के होश उड़ गए। बिजली विभाग के कार्यालय में आग लगने की खबर मिलते ही सभी बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर में शार्ट सर्किट की वजह आग लगी है। वहीं पुलिस ने आग की वजह से भारत माता चौक स्थित बिजली विभाग के सब डिवीजन कार्यालय की ओर से जाने वाले सभी रास्तों को ब्लाक कर दिया है।
बिजली विभाग के गोदाम में भीषण आग लगने से आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। लोग अपने घरों से आग की लपटों से घिरे बिजली गोदाम को देख कर खौफ में हैं। बिजली विभाग के गोदाम में लगी आग को बुझाने में लगे दमकल कर्मी जुटे हुए हैं। इस भीषण आग में बड़े पैमाने पर नुकसान का अनुमान जताया जा रहा है।
राजनांदगांव में BJP की नामांकन रैली में शामिल हुए CM विष्णुदेव साय
राजनांदगांव। राजनांदगांव में बीजेपी की नामांकन रैली चल रही हैं। जिसमें सीएम विष्णुदेव साय भी शामिल हुए। बता दें कि छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की तीन सीटों महासमुंद, कांकेर और राजनांदगांव में आज (4 मार्च) नामांकन जमा करने का अंतिम दिन है। आज राजनांदगांव से बीजेपी उम्मीदवार संतोष पांडेय पर्चा दाखिल करेंगे। इससे पहले इसी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल नामांकन जमा कर चुके हैं। वहीं, कांकेर और महासमुंद में भी दोनों पार्टियों के प्रत्याशी नॉमिनेशन कर चुके हैं। साय ने कहा कि पीएम मोदी पर चरणदास महंत के बयान से कांग्रेस की संस्कृति उजागर हुई है। प्रधानमंत्री को कांग्रेस नेताओं ने क्या-क्या नहीं कहा। अब देखिए जनता ने उन्हें कहां लाकर खड़ा किया है।
सतीश जग्गी ने विष्णुदेव सरकार से मांगी सुरक्षा
कहा- मुझे और मेरे परिवार को जान का खतरा है रायपुर। कांग्रेस नेता और स्व. रामअवतार जग्गी के पुत्र सतीश जग्गी ने कहा- मुझे और मेरे परिवार को जान का खतरा है. मैंने सरकार से सुरक्षा मांगी है. क्योंकि मुझे कोर्ट के काम से लगातार बाहर आना-जाना करना पड़ता है और मैं जिन लोगों के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ रहा हूँ वो किस प्रभावशाली वर्ग के हैं यह सभी जानते हैं. सतीश जग्गी ने कहा- मेरे पिता की राजनीतिक हत्या हुई थी. और हत्या के पीछे गहरी साजिश रची गई थी. इस हत्या में बड़े राजनीतिक लोग सहित कई आपराधिक प्रवत्ति के लोग शामिल रहे हैं. 2003 से लगातार इस मामले की कानूनी लड़ाई परिवार के लोग लड़ रहे हैं. 21 सालों से जारी हमारी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है. हाईकोर्ट ने हमारे पक्ष में फैसला दिया है. और इस मामले के जो नामजद 27 आरोपी है उनकी उम्रकैद की सजा बरकरार रखा है. जमानत में जो आरोपी अभी बाहर उन्हें वापस जेल जाना पड़ेगा. लेकिन इस मामले में आरोपी रहे अमित जोगी कोर्ट ने दोषमुक्त कर बरी कर दिया था. उनके खिलाफ भी लड़ाई जारी है. हत्या के पीछे किसका हाथ था? किसके कहने पर साजिश रची गई? किसके कहने पर गोली चलाई गई थी? इन सभी सवालों का जवाब मिलना बाकी है. वो तो जानते हैं लेकिन कोर्ट के जरिये इस सवाल का जवाब मिलेगा. न्याय मिलेगा. न्याय के लिए ही उन्होंने अमित जोगी के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका लगाई है. कोर्ट से अमित जोगी को नोटिस भी गया. इस मामले में जल्द सुनवाई होगी. अमित जोगी पर जग्गी परिवार का जो आरोप है उसे न्यायालय में साबित करेंगे. हाईकोर्ट से जो ताजा निर्णय आया उससे मदद मिलेगी.
महंत के बयान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तीखी प्रतिक्रिया
बोले- पीएम को गाली अब जनता बर्दाश्त नहीं करेगी रायपुर। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दिए गए विवादास्पद बयान की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ी आलोचना की है. उन्होंने कहा कि पहले भी प्रधानमंत्री को अनेकों तरह से गाली दी गई हैं, जिसका खमियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ा. उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि मैं भी मोदी का परिवार हूं और पहले डंडा मुझे मारो सीएम साय ने कहा- कि हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। पहले भी प्रधानमंत्री जी पर अनेक तरह से गाली दी गई है। देश का चौकीदार चोर है, मौत का सौदागर कहा गया, इसका खामियाजा कांग्रेस पार्टी को भुगतना पड़ा है। मैं कहता हूं कि मैं भी मोदी का परिवार हूं और पहले डंडा मुझे मारो मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, छत्तीसगढ़ की जनता इस बात को बिलकुल बर्दाश्त नहीं करने वाली है। छत्तीसगढ़ की एक भी सीट कांग्रेस को नहीं लेने देंगे, पूरी 11 की 11 सीट बीजेपी को मिलेगी। नक्सल मुठभेड़ पर बोले सीएम साय- वहीं बीजापुर जिले में मुठभेड़ में 13 नक्सलियों की मौत पर सीएम साय ने कहा है कि, जब से हमारी सरकार आई है, तब से नक्सलवाद से मजबूती के साथ लड़ रहे हैं। लगातार हम सुरक्षा केंद्र खोल रहे हैं। नए सुरक्षा केंद्रों को हम विकास कैंप कहते हैं। विकास कैंप के माध्यम से जो संवेदनशील एरिया है, वहां राशन पहुंचना है। सुविधाओं को पहुंचाने का काम करते हैं। इसके लिए नियाद नेल्ला नार योजना शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से हर एक जगह पर सुविधा पहुंचाना चाहते हैं। बता दें, महंत के विवादित बयान से भाजपा आक्रोशित है। इस मामले को लेकर भाजपा के सभी दिग्गज कड़ी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा- मैं हूं मोदी का परिवार पहली लाठी मुझे मारो। महंत के बयान की घोर निंदा करता हूं। मोदी जी पर जब जब ऐसे बयान दिए गए उनका व्यक्तित्व और निखर कर आया है। छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस को सबक सिखाएगी। वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित प्रदेश चुनाव प्रभारी नितिन नवीन और सभी भाजपाई नेताओं ने महंत के बयान का कड़ा विरोध किया है। क्या था महंत का विवादित बयान- दरअसल, कांग्रेस नेता चरणदास महंत ने मंगलवार को एक चुनावी रैली के दौरान ने पीएम मोदी को लेकर काफी विवादित बयान दे डाला। उन्होंने कहा- हमें मोदी का मुड़ (सिर) फोड़ने वाला सांसद चाहिए। अब इस मामले में भाजपा का भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में आज दोपहर 2 बजे बीजेपी का प्रतिनिधि मंडल चुनाव आयोग पहुंचकर इस मामले में शिकायत दर्ज कराएगा।
वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने भूपेश बघेल को दिया चैलेंज
कहा- तैयार हूं शर्त लगाने, कांग्रेस 1 भी सीट नहीं जीतेगी रायपुर। लोकसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। बता दें कि देश में सात चरण में मतदान होंगे। बात करें छत्तीसगढ़ की तो यहां तीन चरणों में मतदान होंगे। वहीं, 4 जून को परिणाम जारी होंगे। सभी पार्टियां चुनाव में जीत के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। इसी बीच वित्त मंत्री ओपी चौधरी का बड़ा बयान सामने आया है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस के लोकसभा की 11 सीट जीतने के दावे पर कहा, कि मैं भूपेश बघेल और कांग्रेस नेताओं से शर्त लगाने को तैयार हूं। कांग्रेस 1 भी सीट नहीं जीतेगी। यहां रिमोट कंट्रोल की नहीं विष्णुदेव साय की सरकार है।
90 हजार लोगों ने नहीं पटाया संपत्तिकर, अब लगेगा 6 प्रतिशत सरचार्ज
रायपुर। नगर निगम इस वित्तीय वर्ष अपने लक्ष्य से अधिक राजस्व वसूली तो कर चुका है। लेकिन अभी भी निगम के खाते में मौजूद 90 हजार संपत्तिधारकों ने टैक्स नहीं पटाया है। अब ये कर दाता छह से लेकर 17 प्रतिशत तक सरचार्ज देकर टैक्स का भुगतान करेंगे। अधिकारियों के मुताबिक इन संपत्तिधारकों से रायपुर नगर निगम का राजस्व विभाग सालभर टैक्स की वसूली करेगा। अगर लोग खुद से तत्परता दिखाते हुए टैक्स का भुगतान कर दिए होते तो निगम इस वित्तीय वर्ष 370 करोड़ से अधिक के राजस्व का आकंड़ा पार कर देता। वर्तमान में 70 हजार से अधिक की राजस्व वसूली निगम को अब अप्रैल माह से अगले वित्तीय वर्ष तक करनी है। बड़ी बात तो यह है कि अब जनता को सरचार्ज के साथ टैक्स का भुगतान करना पड़ेगा। वर्तमान में निगम के 90 हजार संपत्तिधारकों के पास छह प्रतिशत सरचार्ज देकर टैक्स पटाने का मौका है। संपत्तिधारक खुद से जिम्मेदारी दिखाते हुए अगर अप्रैल माह में टैक्स का भुगतान कर देते हैं, तो उन्हें मात्र छह प्रतिशत सरचार्ज देकर संपत्तिकरण का भुगतान करना होगा। अगर अप्रैल के बाद संपत्तिधारकों द्वारा टैक्स का भुगतान किया जाएगा तो हर महीने एक प्रतिशत सरचार्ज बढ़ेगा। उदाहरण के तौर पर अगर मई में संपत्तिधारक द्वारा सपंत्तिकर पटाया जाता है, तो उसे सात प्रतिशत के साथ टैक्स का भुगतान करना पड़ेगा। दिसंबर तक यह सरचार्ज 12 प्रतिशत तक बढ़ेगा। वहीं, दिसंबर के बाद संपत्तिधारकों को 17 प्रतिशत सरचार्ज के साथ टैक्स का भुगतान करना पड़ेगा। एक वर्ष बीत जाने के बाद चक्रवृद्धि ब्याज के साथ संपत्तिधारकों को टैक्स का भुगतान करना पड़ेगा। 61 हजार संपत्तियां कर के दायरे से बाहर- निगम क्षेत्र में 61 हजार संपत्तियां हैं, जिनसे निगम को टैक्स नहीं मिलता है। इसमें सरकारी, स्लम बस्ती सहित धार्मिक संपत्तियां मौजूद हैं। मिली जानकारी के अनुसार लगभग 3 लाख 21 हजार संपत्तियाें का खाका निगम के पास मौजूद है। निगम इनमें 2 लाख 60 हजार संपत्तियों से टैक्स की वसूली करता है। लेकिन सालभर की भारी मशक्कत के बाद भी निगम के सभी 10 जोन के राजस्व विभाग मात्र 1 लाख 70 हजार संपत्तिधारकों से ही टैक्स की वसूली कर सका। नगर निगम रायपुर राजस्व उपायुक्त आरके डोंगरे ने कहा, 1 लाख 70 हजार संपत्तिधारकों ने संपत्तिकर का भुगतान जिम्मेदारी पूर्वक कर दिया है। लेकिन अभी भी बचे हुए संपत्तिधारकों द्वारा संपत्तिकर का भुगतान नहीं किया गया है। इनसे अब सरचार्ज के साथ वसूली की जाएगी। घर बैठे आनलाइन टैक्स जमा करने की सुविधा- नगर निगम नागरिकों को घर बैठे टैक्स पटाने की सुविधा उपलब्ध करा रहा है। नागरिक आनलाइन और आफलाइन दोनो माध्यमों से टैक्स पटा सकते हैं। लेकिन इसके बाद भी समय से नागरिकों ने टैक्स का भुगतान नहीं किया और समय बीत जाने के बाद भी लगभग 30 प्रतिशत से अधिक लोगों का टैक्स बकाया रह गया है। हालांकि निगम को इस बार लक्ष्य से ज्यादा करों का भुगतान हुआ है। जिसकी वजह नियमितीकरण को भी माना जा रहा है। निगम ने नियमितिकरण के तहत 1,700 अवैध मकानों, दुकानों और कांप्लेक्स को वैध किया है, जिससे राजस्व में बढ़ोतरी हुई है। टैक्स अदा करने के लिए च्वाइस सेंटर का भी विकल्प है। नगर निगम का संपत्तिकरण इस वर्ष 200 करोड़ को पार गया गया। जो अब तक का सबसे ज्यादा संपत्तिकर कहा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक निगम इस वित्तीय वर्ष अन्य करों को जोड़कर 300 करोड़ से अधिक का आंकड़ा पार किया है। इसमें संपत्तिकर, जलकर, यूजर चार्ज, समेकित कर, शिक्षाउपकर शामिल हैं। इसके अलावा निगम की दुकानों से मिलने वाला किराया, विभिन्न तरह के शुल्क सहित अन्य करों से निगम को यह पैसा मिला है।
ललित कला अकादमी के कलाकारों ने सांसद का किया सम्मान
भिलाई। ललित कला अकादमी की स्थापना से जुड़े राज्य भर के सुप्रसिद्ध कलाकारों ने सांसद विजय बघेल का सम्मान किया। उन्होंने सांसद के नीज निवास में एकत्रित होकर शुभकामनाये दी कि वे इस बार रिकार्ड मतों से विजयी होकर केंद्रीय मंत्री बनें। इस दौरान कलाकारो ने भिलाई मे अकादमी की स्थापना के लिए सांसद द्वारा किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हे धन्यवाद दिया। वहीं सांसद ने समस्त कलाकारो को ज्यादा से ज्यादा वोट देने की अपील की है। ज्ञात हो कि भिलाई मे ललित कला अकादमी के रीजनल सेन्टर की स्थापना को लेकर न सिर्फ राज्य भर के बल्कि विदेशों में बसे कलाकार भी एक मंच पर आ चुके हैं। सांसद विजय बघेल के नेतृत्व मे इसे चुनावी घोषणा पत्र में शामिल कर लिया गया है। जिसके कारण राज्य शासन भी इस पर संज्ञान लेते हुए एक कमेटी का गठन कर रहा है। जिससे इसकी स्थापना सुनिश्चित मानी जा रही है और इसे लेकर यहां के कलाकारो में विशेष उत्साह है। यही नही सांसद विजय बघेल के कलात्मक अभिरूचियो को देखते हुए समस्त कलाकार आशान्वित हैं कि आने वाले समय मे भिलाई मध्य भारत के एक बड़े कलाकेंद्र के रूप मे विकसित हो सकता है। यही वजह है कि विभिन्न विद्या के कलाकार सांसद के सम्मान में स्वस्फूर्त पहुंचे थे। सांसद ने कलाकारो द्वारा सम्मान किए जाने पर कहा कि वे खुद भी पहले एक कलाकार रह चुके हैं। जिसके कारण सभी कलाकारो के दुख दर्द को समझते हैं और उनका ह्रदयतल से सम्मान करते हैं। कलाकार सदैव ही उनके दिलों में बसते हैं तथा वे छत्तीसगढ़ी कलाजगत के विकास के लिए निरंतर मदद करेंगे। सभी कलाकारो ने जहां विजय के रिकॉर्ड मतों से विजयी होने की कामना की वही देश भर मे इस बार 400 पार के संकल्प को दोहराया। विजय बघेल ने कलाकारो को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार का चुनाव देश के विकास की दशा और दिशा तय करेगी इसलिए भाजपा को ही वोट देवें। इस दौरान सुप्रसिद्ध चित्रकार हरीसेन, रीखी क्षत्रिय, पी.भानूजीराव, बी.एल.सोनी, विजय शर्मा, पी.वाल्सन, राष्ट्रपति पुरस्कृत गुरुजी परसराम साहू, मूर्तिकार मोहन बराल, ब्रजेश तिवारी, संतोष पराशर, वीरेंद्र पटनायक, बी.आर.बोरकर, यश दलवी, कांता देवी, खैरागढ से प्राची श्रीवास्तव, धीरज तथा दुर्ग, भिलाई, रायपुर के अनेक कलाकारो के साथ ही ललित कला अकादमी में छत्तीसगढ़ के प्रथम बोर्ड मेम्बर अंकुश देवांगन उपस्थित थे। जीविका स्वसहायता समूह की अध्यक्ष लल्लेश्वरी साहू, लता, सौहद्रा, सुभद्रा गंधर्व, संतोषी, ज्योति ने सांसद को भाजपा की अनोखी माला पहनाई। और उन्हे जीत की शुभकामनाये देने के लिए 500 भाजपा के बैच भी भेंट दिए।
बस्तर के चहुंमुखी विकास के लिए महेश है जरूरी-रिकेश सेन
जगदलपुर में वैशाली नगर विधायक का जगह-जगह स्वागत छत्तीसगढ़ संवाददाता भिलाई नगर, 1 अप्रैल। पिछले 5 साल में बस्तर समेत पूरे प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने भ्रष्टाचार किया है, उन भ्रष्टाचारों को उजागर करने, बस्तर का चहुंमुखी विकास करने, नई ट्रेनों की सौगात लाने इन सभी मुद्दों को लेकर बीजेपी ने चुनाव मैदान में महेश कश्यप को प्रत्याशी बनाया है। पूरे देश में मोदी लहर है और बस्तर में भी केंद्र सरकार ने जो विकास किया है, उन सभी मुद्दों को लेकर बीजेपी चुनाव लड़ रही है। उक्त बातें वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क के दौरान जगदलपुर में कहीं। उन्होंने आह्वान किया कि छत्तीसगढ़ से भाजपा को सबसे बड़ी जीत दिलाने बस्तर का एक एक कार्यकर्ता और वोटर कमर कस कर तैयार है। बस्तर के चहुंमुखी विकास की गति को डबल इंजन की तेजी और शक्ति देने के लिए महेश और मोदीजी सबसे अहम कड़ी हैं। आज सुबह से उन्होंने अलग-अलग क्षेत्र में कोंडागांव, नारायणपुर और कोंटा में कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित किया। इस दौरान जगह-जगह विधायक रिकेश का सेन समाज के प्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया। श्री सेन आगामी तीन दिनों तक विभिन्न बैठकों को सम्बोधित करने के बाद क्षेत्र में महेश कश्यप के लिए जनसम्पर्क भी करेंगे। बस्तर को आदिवासी और उडिय़ा संस्कृति का अनूठा मिश्रण बताते हुए श्री सेन ने बड़ी संख्या में मौजूद नाई समाज प्रमुखों की भी बैठक लेकर मोदीजी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प दिलवाया। उन्होंने कहा कि महेश कश्यप को जितने अधिक मतों के अंतर से आप सभी सांसद बनाएंगे मोदीजी उससे चौगुना विकास बस्तर का करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी ने नाई समाज से पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुरजी को भारत रत्न देकर पिछड़ा वर्ग का मान बढ़ाया है। छत्तीसगढ़ से लोकसभा की सभी 11 सीटों पर भाजपा को भारी मतों से जीता कर मोदीजी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने हम सभी संकल्पित हैं। छत्तीसगढ़ प्रभारी नितिन नबीन के निर्देश पर रविवार को बस्तर प्रवास पर पहुंचे विधायक रिकेश सेन का जगह जगह भव्य स्वागत हुआ। वे अगले तीन दिन तक बस्तर की अलग-अलग विधानसभा सीटों पर लोकसभा प्रत्याशी महेश कश्यप के लिए जनसम्पर्क रैली और सभाओं को सम्बोधित करेंगे।
आध्यात्मिक सत्संग का समापन
छत्तीसगढ़ संवाददाता करगीरोड (कोटा), 1 अप्रैल। संत रामपाल जी महाराज के आध्यात्मिक सत्संग का आयोजनसोमवार को कोटा डिपरापारा में हुआ। तीनों देवा कमल दल बसे, ब्रह्मा विष्णु महेश। प्रथम इनकी वंदना, सुन सतगुरु उपदेश। अर्थात ब्रह्मा, विष्णु तथा शिवा तीनों देवता हमारे शरीर में बने कमल दलो (कमल चक्रो) में बसे निवास करते हैं इसलिए सर्वप्रथम साधना स्तुति उनकी करनी होती है। सत्संग में शरीर (पिण्ड) में बने कमलो (चक्रो) के बारे में विस्तार से बताया गया। गीता अध्याय 16 श्लोक 23 में कहां है कि हे अर्जुन! जो व्यक्ति शास्त्रविधि को त्याग को त्यागकर अपनी इच्छा से मनमाना आचरण करता है। उसको न सुख प्राप्त होता है, न सिद्धि प्राप्त होती है तथा न उसकी गति यानी मुक्ति (मोक्ष प्राप्ति) होती है। गीता अध्याय 16 श्लोक 24 में कहां है कि इससे तेरे लिए अर्जुन! कर्तव्य (जो साधना करनी चाहिए) तथा अकर्तव्य (जो साधना नहीं करनी चाहिए) की व्यवस्था में शास्त्र ही प्रमाण है। तू शास्त्रोक्त भक्ति कर। आयुर्वेद अध्याय 40 मंत्र 15 में कहा है कि ओम् क्रतो स्मर, क्लिबे स्मर,कृतुम स्मर। अर्थात ओम नाम का जाप कार्य करते-करते कर, विशेष लगन तड़प के साथ तथा मानव जीवन का मुख्य कर्तव्य मानकर जाप कर। गीता अध्याय 8 श्लोक 5 व 7 में कहा है कि हे अर्जुन तू युद्ध भी कर मेरा स्मरण भी कर। विचार करो, युद्ध से कठिन कार्य कोई भी नहीं होता भक्ति उस दौरान भी की जानी चाहिए अर्थात साधना नाम जाप वाली कारगर है। नाम का जाप 3 वर्ष के बच्चे से लेकर वृद्ध तक आसानी से कर सकता है। चलते फिरते भी कर सकता है लेटा लेटा व बैठकर भी नामो का जाप कर सकता है। कबीर परमेश्वर जी चारों युगों में नामांतर करके आते हैं - सतयुग में सतसुकृत नाम से, त्रेतायुग मुनिन्द्र, द्वापरयुग में करुणामय कलयुग में अपने वास्तविक नाम कबीर परमेश्वर के नाम से प्रकट होते हैं। संत रामपाल महाराज के आध्यात्मिक ऐतिहासिक कार्यक्रम में बिलासपुर संभाग कोऑर्डिनेटर जगतदास महंत, बिलासपुर जिला कोऑर्डिनेटर हीराराम साहू, तुलसी साहू, दशरथ केवट, शंकर भारद्वाज, प्रकाश मानिकपुरी, अश्वनी यादव, अजय बंजारे, ताराचंद साहू, दुर्गा वस्त्रकार, ताराचंद साहू,रवि दिब्यदर्शी, नगर पंचायत कोटा एवं बिलासपुर जिला से हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
ईस्टर पर चर्चो में विशेष प्रार्थना
देर रात तक मनी खुशियां, जमकर हुई आतिशबाजी छत्तीसगढ़ संवाददाता अम्बिकापुर,31 मार्च। प्रभु यीशु का पुनरुत्थान अर्थात पास्का की वास्तविकता हम ख्रीस्तीयों के लिए आस्था व विश्वास का प्रमुख केंद्र बिंदु है। हम मसीहियों का यह सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण त्यौहार है क्योंकि यही ख्रीस्तीय विश्वास की आधारशिला है। ईसाई धर्म का अस्तित्व सिर्फ यीशु के पुनरुत्थान के कारण ही संभव हुआ है। उक्त बातें अम्बिकापुर सरगुजा के रोमन काथलिक धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष बिशप अंतोनिस बड़ा ने प्रभु ईशा के मृत्यु पर विजय के पर्व ईस्टर की पूर्व संध्या पर नवापारा स्थित बेदाग इश्माता महा गिरिजाघर में समुदाय को संबोधित करते हुए अपने संदेश में कही। खचाखच भरे चर्च परिसर में शनिवार रात 10 बजे से विशेष प्रार्थना सभा प्रारम्भ हुई, जो मध्य रात्रि तक चलती रही। पुण्य शनिवार की रात 10 बजे पास्का मोमबत्ती के आशीष के बाद समुदाय द्वारा घरों से लाई हुई मोमबत्तियां पास्का मोमबत्ती से प्रज्ज्वलित कर समस्त धर्म विधियां प्रारंभ हुई। समस्त धार्मिक अनुष्ठान बिशप अंतोनिस बड़ा की अगुवाई में व्हीकर जनरल फादर विलियम उर्रे व पल्ली पुरोहित फादर जार्ज ग्रे कुजूर ने संयुक्त रूप से सम्पन्न कराई। इस दौरान पवित्र बाइबिल से नौ पाठों का वाचन डॉ. रोजलिन एक्का, क्रेसेंसिया लकड़ा, अंतोनिस लकड़ा, सिस्टर स्वेता व पारा टोलों से आये समुदाय के लोगों द्वारा किया गया। रात 10 बजे से प्रारंभ होकर देर रात तक चले इस पूरे कार्यक्रम के दौरान बीच बीच में फादर अनुरंजन तिग्गा फादर जोन जयसवाल फादर मुक्ति व युवा संघ की टीम के भक्ति गीतों से चर्च परिसर गुंजायमान होता रहा। प्रभु यीशु को समर्पित भक्ति गीतों की प्रस्तुति को भक्तों ने खूब सराहा। सुसमाचार का वाचन फादर विलियम उर्रे ने किया। परम प्रसाद वितरण के साथ ही समस्त धार्मिक अनुश्ठान सम्पन्न हुए। रात 12 बजते ही चर्च की घंटियां बजना शुरू होते ही चर्च के बाजू में ही काथलिक युवा मंच के युवाओं ने जमकर आतिशबाजी कर अपनी खुशियों के संदेश को दिया। इस अवसर पर महापौर अजय तिर्की, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज,फादर अमृत,फ़ा निर्दोष,फ़ा पीटर,फ़ा ज्ञान प्रकाश लकड़ा,फ़ा माइकल तिर्की, ई पीएचई प्रदीप खलखो,डॉ योगिता,सभापति फ्रांसिस केरकेट्टा, रुबेन तिग्गा,कुलदीप कुजूर,अरुण मिंज, जगजीत मिंज भानु दादा, बिपिन व युवा संघ,महिला संघ के पदाधिकारी, सहित शहर में समुदाय द्वारा संचालित संस्थानों के प्रमुख फादर सिस्टर्स व हजारों की संख्या में मसीहिजन उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में अम्बिकापुर पल्ली के सभी पारा पंचों का सराहनीय योगदान रहा।
सामुदायिक भवन के लिए विधायक ने की पांच लाख की घोषणा
छत्तीसगढ़ संवाददाता बागबाहरा, 31 मार्च। खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ग्राम जामली में आयोजित रामायण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में खुशहाली की कामना की। साथ ही ग्रामीणों की मांग पर विधायक निधि से सामुदायिक भवन निर्माण के लिए पांच लाख रूपए की राशि देने की घोषणा की। जिस पर ग्रामीणों ने विधायक श्री यादव का आभार जताया है। जामली में ग्रामवासियों द्वारा रामायण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें अतिथि के रूप में विधायक द्वारिकाधीश यादव शामिल हुए। विधायक श्री यादव ने भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि हम सभी को भगवान श्रीराम के बताए मार्ग पर चलने की जरूरत हैं रामायण हमें जीवन जीने की कला सीखाती है। छग प्रदेश मर्यादा पुरूषोत्तम राम का ननिहाल है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में जहां-जहां श्रीराम पधारे थे, वहां-वहां जगहों को चिन्हित कर जीर्णोद्धार करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मर्यादित जीवन जीकर भगवान श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाए। श्रीराम के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने से जीवन का कल्याण सुनिश्चित होगा। श्रीराम के आदर्श वर्तमान युग में भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने की रामायण काल में हुआ करते थे। भगवान राम का जीवन अपने वचन पर कायम रहने के साथ त्याग, तपस्या, भक्ति का मार्ग अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि रामायण हमें सत्य के मार्ग पर चलने की सीख देता है, अंधरे से प्रकाश की तरफ ले जाता है, हमें बुराई से अच्छाई की तरफ ले जाने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर प्रमुख रूप से बलराम चंद्राकर, जीवराखन सिन्हा, दयाराम साहू, खम्हन दीवान, राजेंद्र प्रसाद, पुनीत राम साहू, धनसिंग ठाकुर, देवचरण ध्रुव, अक्तुराम दीवान, सोनूराम ध्रुव, पुनाराम ठाकुर, तोषण ठाकुर, मोतीराम दीवान, गैंदूराम चंद्राकर, नारायण देवदास सहित ग्रामवासी मौजूद रहे।