छत्तीसगढ़ /
गिधवा परसदा को रामसर साइट घोषित करने केंद्र सरकार से मांग
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बेमेतरा, 16 जनवरी। जिले के एकमात्र वेटलैंड(आद्रभूमि) गिधवा परसदा विदेशी पक्षी विहार को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में अहम पहल करते हुए भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नव-नियुक्त जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी ने केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को पत्र लिखकर गिधवा परसदा को रामसर कन्वेंशन के अंतर्गत शामिल करने की मांग की है।
प्रज्ञा निर्वाणी ने पत्र में कहा है कि प्रदेश में फिलहाल केवल कोपरा जलाशय को ही रामसर साइट का दर्जा प्राप्त है, जबकि गिधवा परसदा जैव विविधता, प्रवासी पक्षियों और पारिस्थितिक संतुलन की दृष्टि से अंतरराष्ट्रीय मानकों पर पूर्णत: खरा उतरता है। प्रज्ञा के अनुसार गिधवा परसदा जिले की इकोलॉजिकल लाइफलाइन है, रामसर साइट घोषित होने से इसे वैश्विक संरक्षण मिलेगा और पर्यावरण व पर्यटन दोनों को मजबूती मिलेगी,महिला शक्ति इस पहल की अगुवाई करेगी।
रामसर दर्जे से क्या बदलेगा
रामसर पैक्ट एक अंतरराष्ट्रीय समझौता है, जिसकी शुरुआत 1971 में ईरान के रामसर शहर में हुई,इसका उद्देश्य झील, तालाब, दलदल और पक्षी विहार जैसी आद्र भूमियों (वेटलैंड्स) का संरक्षण करना है। रामसर सूची में शामिल होने से गिधवा परसदा को वैश्विक वेटलैंड नेटवर्क का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा, इससे अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों, शोधकर्ताओं और पर्यावरण संस्थाओं की सक्रियता बढ़ेगी,साथ ही यह क्षेत्र जिले का प्रमुख इको-टूरिज्म हब बन सकता है। वेटलैंड वे क्षेत्र होते हैं जहां सतही या भूमिगत जल की निरंतर उपस्थिति रहती है,ये क्षेत्र बाढ़ नियंत्रण, भूजल रिचार्ज, जल शुद्धिकरण और जैव विविधता संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को गति करोकन्या धार्मिक स्थल से लिया संकल्प
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बेमेतरा,16 जनवरी। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशन में जिले में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को सशक्त रूप से आगे बढ़ाया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला कार्यक्रम अधिकारी चन्द्रबेश सिंह सिसोदिया एवं जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी सीपी शर्मा के मार्गदर्शन तथा जिला बाल संरक्षण अधिकारी व्योम श्रीवास्तव एवं परियोजना समन्वयक राजेंद्र चंद्रवंशी के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर बेरला विकासखंड अंतर्गत स्थित करोकन्या धार्मिक स्थल के ट्रस्टी, प्रबंधक, अध्यक्ष एवं पुजारी से मुलाकात कर बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। धार्मिक स्थल से जुड़े पदाधिकारियों से आग्रह किया गया कि किसी भी विवाह के आयोजन से पूर्व बालिका की न्यूनतम आयु 18 वर्ष एवं बालक की न्यूनतम आयु 21 वर्ष सुनिश्चित की जाए। आयु सत्यापन के दौरान आधार कार्ड को मान्य न मानते हुए केवल अंकसूची या जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर ही आयु की पुष्टि कर विवाह संपन्न कराने हेतु निर्देशित किया गया।
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 1 जनवरी से 31 जनवरी तक जिले के समस्त धार्मिक स्थलों-मंदिर, गुरुद्वारा, चर्च, मस्जिद, ट्रस्ट तथा विवाह से जुड़ी सेवाएं प्रदान करने वाले धर्मगुरु, टेंट संचालक, डीजे, रसोईया एवं अन्य सेवा प्रदाताओं के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कर जनसमुदाय को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में हायर सेकेंडरी स्कूल पतोरा के छात्र-छात्राओं को बाल विवाह की रोकथाम, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, नशा मुक्त भारत अभियान तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे किशोर एवं युवा वर्ग को सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी प्राप्त हो, तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, सखी वन स्टॉप सेंटर महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस सहायता 112 अथवा जिला प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उक्त कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र की उपस्थिति भी रही। जिला प्रशासन द्वारा जन समुदाय के सहयोग से जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
दो साल से बंद राइस मिल में लगी आग, दो लाख से अधिक बारदाना खाक
छत्तीसगढ़ संवाददाता
सूरजपुर,12 जनवरी। जिला मुख्यालय सूरजपुर से लगे पर्री गांव स्थित संदीप एग्रो राइस मिल में बीती रात अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में गोदाम में रखा करीब दो लाख से अधिक खाली बारदाना जलकर पूरी तरह राख हो गया। राइस मिल पिछले दो वर्षों से बंद पड़ी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंद पड़ी राइस मिल के लगभग 25 हजार स्क्वायर फीट क्षेत्रफल वाले गोदाम में पुराने बारदाना संग्रहित थे। मध्यरात्रि में अचानक गोदाम से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने मिल संचालक को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को तत्काल अवगत कराया गया
सूचना पर जिले सहित एसईसीएल एवं पड़ोसी जिलों से दमकल की कई गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं। बारदाना के गठानों के कारण आग अंदर ही अंदर सुलगती रही, जिससे आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग लगने के कई घंटे बाद भी दोपहर तक पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका था। नगर सेना और दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे रहे।
राइस मिल संचालक विनोद मित्तल ने बताया कि उन्हें रात करीब तीन बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने तुरंत दमकल और पुलिस को सूचित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिल की बिजली पहले से कटी हुई थी, इसलिए शॉर्ट सर्किट की संभावना नहीं है। आग जानबूझकर लगाई गई या किसी अन्य कारण से, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस का स्टाफ भी रात करीब सवा चार बजे मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। आगजनी की इस घटना से राइस मिल संचालक को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का आंकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही किया जा सकेगा।
समाचार लिखे जाने सोमवार दोपहर तक दमकल कर्मी मौके पर मौजूद रहकर आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास कर रहे थे।
जुआ खेलते 17 आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ लाख जब्त
छत्तीसगढ़ संवाददाता
उदयपुर,12 जनवरी। सरगुजा जिले में थाना उदयपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जुआ खेलते हुए 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 40 हजार 310 रुपये नगद तथा 52 पत्ती ताश जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 11 जनवरी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कोटेरबुड़ा जंगल पुलिया के पास कुछ लोग रुपये-पैसे का दांव लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं।
सूचना पर थाना उदयपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से 17 जुआरियों को रंगेहाथों पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम राजेश सोनी, संदीप कुमार, राजेंद्र प्रसाद, राजेश गुप्ता, अल्ताफ खान, सुभाष कुमार, दीपक छत्री, विजय सिंह, अमित कोरी, संदीप गुप्ता, शैलेन्द्र गुप्ता, कार्तिक सिंह, संतोष कुमार सोनी, अशोक वर्मा, सुदर्शन सिंह, संदीप ध्रुव एवं अभिषेक कुमार बताया। सभी आरोपी पटना थाना क्षेत्र, जिला कोरिया के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1,40,310 रुपये नकद एवं ताश के 52 पत्ते जब्त किए। आरोपियों का कृत्य छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत दंडनीय पाए जाने पर थाना उदयपुर में अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नवापारा खदान स्क्रैप अफरा-तफरी मामला: विजलेंस जांच शुरू, अधिकारी-कर्मचारी मुख्यालय तलब
छत्तीसगढ़ संवाददाता
सूरजपुर,12 जनवरी। एसईसीएल भटगांव क्षेत्र की नवापारा भूमिगत खदान से जुड़े स्क्रैप अफरा-तफरी मामले में अब विजलेंस की औपचारिक एंट्री हो गई है। जानकारी के अनुसार विजलेंस की टीम दो दिवस पूर्व नवापारा खदान पहुंची और संबंधित अधिकारी व कर्मचारियों से आवश्यक पूछताछ की।
विजलेंस की दबिश के बाद खदान प्रबंधन में हड़कंप की स्थिति है। जांच उपरांत टीम मुख्यालय लौट गई है और इस मामले में प्रथम दृष्टया जिनकी भूमिका संदिग्ध पाई गई है, उन्हें तस्दीक एवं बयान दर्ज कराने के लिए मुख्यालय तलब किया गया है।
बताया जाता है कि वर्ष के अंतिम सप्ताह 25 दिसम्बर नवापारा खदान से स्क्रैप की अफरा-तफरी की जा रही थी। हालांकि सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता के चलते मामला उजागर हो गया और स्क्रैप चोरी पकड़ी गई। इस प्रकरण को और संदिग्ध उस समय बना दिया गया, जब स्क्रैप उठाव करने वाले कबाड़ खरीददार ने स्वीकार किया कि एक वाहन के लिए उसके पास विधिवत अनुमति पत्र था, जबकि दूसरी गाड़ी में लोड स्क्रैप का उठाव अधिकारियों को नगद राशि देकर कराया गया।
मामला सामने आने के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और संबंधित पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करते नजर आए। सूत्रों के अनुसार इस पूरे मामले में सब एरिया मैनेजर और कॉलरी इंजीनियर की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है।
खबर प्रकाशन और विजलेंस जांच के बाद प्रबंधन ने खदान के इंजीनियर अभिषेकसिन्हा का तबादला कर दिया है। इसके साथ ही क्षेत्रीय प्रबंधन द्वारा कुछ अन्य अधिकारी-कर्मचारियों को मेमो जारी किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
वहीं, स्क्रैप अफरा-तफरी का विरोध करने वाले सुरक्षा कर्मी ललित गुप्ता को विजलेंस ने सोमवार को बिलासपुर मुख्यालय बुलाकर बयान दर्ज कराने के लिए तलब किया है।
सूत्रों का कहना है कि स्क्रैप अफरा-तफरी का यह मामला सेटिंग बिगडऩे के कारण उजागर हुआ, जिससे यह आशंका गहराती जा रही है कि इससे पहले भी भटगांव क्षेत्र
की विभिन्न खदानों से बड़े पैमाने पर स्क्रैप में गोलमाल किया गया होगा।इस संबंध में भटगांव क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक दिलीप बोबडे ने बताया कि मामले की जांच चल रही है प्रकरण में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही होगी।उन्होंने बताया कि मामले में कुछ लोगों की भूमिका संदिग्ध मिलने से उनका तबादला दूसरी जगह कर संबंधितों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सॉफ्टबॉल में छत्तीसगढ़ ने बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में जीते पदक
बालिकाओं ने जीता गोल्ड, बालकों ने कांस्य
बीजापुर, 12 जनवरी। 38वीं सब जूनियर नेशनल सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की सॉफ्टबॉल बालिका टीम ने स्वर्ण पदक जीता।
नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन पटौदा, जिला झज्जर (हरियाणा) में 9 से 12 जनवरी के मध्य आयोजित किया गया था। छत्तीसगढ़ बालिका टीम ने शुरू से ही अपना दबदबा कायम रखा। छत्तीसगढ़ ने हिमाचल को 10-0 से हराकर अपनी पारी की जोरदार शुरुवात की, फिर जम्मू-कश्मीर को 09-0 हराया, लेकिन मेजबान हरियाणा से संघर्षपूर्ण मैच में 03-02 से हार गई।
लीग मैच में आंध्रप्रदेश जो कि पिछले वर्ष की रजत पदक विजेता टीम थी, उसको 13-03 से हराकर प्रतियोगिता में फिर से वापसी की और अपने को प्रतियोगिता में बनाए रखा। अगले मैच में केरल को 01-0, मध्य प्रदेश को 03-0 एवं राजस्थान को 03-01 से हराकर फाइनल में पहुंची।
फाइनल हरियाणा के साथ हुआ, पिछली हार का बदला लेने के लिए छत्तीसगढ़ की टीम पूरे उत्साह एवं जोश के साथ मैदान में उतारी एवं शुरू से ही अपने आक्रामक बल्लेबाजी से विपक्षी टीम को दबाव में ला दिया। पहले इनिंग में टॉस हारने के बाद छत्तीसगढ़ की टीम ने हरियाणा को शून्य में आउट किया तथा अपनी इनिंग में एक रन बनाकर आगे हो गई, लेकिन दूसरी इनिंग में हरियाणा ने वापसी की एवं अपने को बराबरी में लाया लेकिन फिर से छत्तीसगढ़ ने 02 रन और बनाए तथा लगातार छत्तीसगढ़ की टीम आगे होते रही। पांचवें इनिंग के अंत में छत्तीसगढ़ में यह मैच 09-03 से जीत लिया।
इस मैच में बीजापुर की शिल्पा ने जोरदार बैटिंग की तथा बीजापुर की ही पीचर अनुराधा ने हरियाणा की टीम को बांधकर रखा। इस तरह से छत्तीसगढ़ ने हरियाणा से अपनी पिछली हार का बदला भी चुकाया और प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत कर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया। यह उल्लेखनीय है की सॉफ्टबॉल बालिका वर्ग में पहली बार स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ है।
प्रतियोगिता के दौरान छत्तीसगढ़ टीम में बीजापुर की खिलाड़ी शिल्पा मरपल्ली ने दो बार शानदार होम रन हिट किया, बीजापुर की ही अनुराधा कोवासी ने शानदार पिचिंग करके विपक्षी टीम की बैटिंग लाइन को बांध कर रखा और रन बनाने नहीं दिया तथा बीजापुर की ही अस्मिता मरपल्ली ने शानदार स्लाइड करके अपनी टीम के लिए रन बनाए। जयपुर की सपना खलखो ने चोट लगने के बावजूद भी अपनी टीम के लिए शानदार कैचिंग की।
बालिका वर्ग में बीजापुर से, त्रिवेणी मरपल्ली, अस्मिता मरपल्ली, अनुराधा कोवासी, रिंकी हेमला, शिल्पा मरपल्ली, जशपुर से सिमरन खलखो , सपना खलखो, आराधना तिग्गा,सोनिया एक्का, बेमेतरा से सरिता सिन्हा, केवरा निषाद, राजनांदगांव से सुजल मेश्राम, रोहिणी यादव, दुर्ग से आस्था वाघाडे, रायपुर से पूनम कोपरकर, कवर्धा से सौम्या चंद्राकर, प्रशिक्षक सोनाली साव एवं प्रीति वर्मा, मैनेजर अंजू टांडी सम्मिलित थे।
छत्तीसगढ़ के बालक टीम ने भी अपने खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया एवं गोवा को 15-0 से हराकर बेहतरीन शुरुआत की। इसके बाद गुजरात को 08-0 से हराकर सुपर लीग में प्रवेश किया। सुपर लीग में मध्य प्रदेश को 05-0, पंजाब को 12-0 से हराया। इसके बाद महाराष्ट्र से बहुत ही रोमांचक मैच हुआ।
पहले दो इनिंग तक छत्तीसगढ़ की टीम महाराष्ट्र से एक रन से पीछे रही लेकिन आखिरी इवनिंग में छत्तीसगढ़ ने दो रन बनाकर यह मैच 2-1 से जीत लिया, लेकिन अगले मैच में छत्तीसगढ़ की टीम राजस्थान से 00-01 एक से हार गई।
क्योंकि छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की टीम अपने-अपने पुल की विजेता टीम थी। अत: उन्हें एक मौका और मिला।
मैच इतना संघर्षपूर्ण था कि मैच समाप्त होने तक 02-02 के स्कोर पर दोनों टीमें बराबर रही तथा टाईब्रेकर मैच में महाराष्ट्र की टीम ने दो रन बनाएं और छत्तीसगढ़ की टीम एक रन ही बना सकी तथा यह मैच महाराष्ट्र ने चार तीन से जीत लिया और छत्तीसगढ़ को कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा।
बालक वर्ग में जशपुर से, राहुल एक्का, सुमित खलखो, विमलेश एक्का, बीजापुर से लक्ष्य निषाद, सूर्या कड़ती, अबिल मिच्चा, कबीरधाम से शुभम सेन, पंकज मेरावी, चंद्रेश कुमार कोर्राम, रायपुर से लोकेश नायक, सुमित सबरवाल, दुर्ग से आर्यन पटेल कोरबा से रामानंद मिश्रा राजनांदगांव से रोहित राजपूत, बेमेतरा से कोमल पाटिल, राजू निषाद प्रशिक्षक गौरव डहरिया एवं वीरेंद्र नायक मैनेजर सारंग नेताम सम्मिलित थे।
राज्य का दल 14 जनवरी को दोपहर 2 बजे रायपुर वापस लौटेगा। इस उपलब्धि पर जिले के कलेक्टर संबित मिश्रा एवं खेल विभाग के प्रभारी नारायण प्रसाद गवेल ने खिलाडिय़ों को भविष्य की शुभकामना देते हुए उन्हें बधाइयां दी। उक्त जानकारी सॉफ्टबॉल के अंतरराष्ट्रीय कोच एवं जिले के श्रम निरीक्षक सोपान करनेवार ने दी।
कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर पुलिस की बैठक
लंबित मामलों की समीक्षा, निराकरण करने निर्देश
कोंडागांव, 12 जनवरी। जिले में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित प्रकरणों की समीक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चन्द्रा की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लंबित आपराधिक मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। लंबे समय से लंबित प्रकरणों के निपटारे के लिए विशेष अभियान चलाने तथा लंबित समंस और वारंट की तामिली सुनिश्चित करने को कहा गया। थाना प्रभारियों को प्राप्त शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई करने और फरियादियों से व्यवहार में शालीनता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
अपराधों में आरोपियों के विरुद्ध सजा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला अभियोजन अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर विवेचना की गुणवत्ता पर ध्यान देने को कहा गया। बैठक में उपस्थित अभियोजन अधिकारियों द्वारा विवेचना से संबंधित कानूनी बिंदुओं की जानकारी भी दी गई।
पुलिस और आमजन के बीच संवाद बढ़ाने के लिए थाना क्षेत्रों में चलित थाना एवं सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से साइबर अपराध, एटीएम व बैंक धोखाधड़ी तथा यातायात नियमों के पालन से संबंधित जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा थाना क्षेत्रों में नियमित गश्त, असामाजिक तत्वों पर निगरानी, सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थित धान खरीदी चेक पोस्टों तथा त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए गए।
उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को कॉप ऑफ द मंथ के तहत सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) फरसगांव अभिनव उपाध्याय, थाना प्रभारी विश्रामपुरी उप निरीक्षक विनोद नेताम और आरक्षक अजरंग बघेल को सम्मान प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न थाना प्रभारियों को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए।
अपराध समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी तथा थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
17 में से 15 टंकियों की सफाई कार्य पूर्ण, 2 में कार्य प्रगति पर
निगम जिम्मेदारी के साथ शहर में पहुंचा रहा है शुद्ध पेयजल- सुरेश गुप्ता
जगदलपुर, 9 जनवरी । नगर निगम के जलापूर्ति विभाग से शहर की जनता को शुद्ध पेयजल मिले, इसके लिए शहर में दो फिल्टर प्लांट और 17 टंकी है। एक फिल्टर प्लांट पुरानी और दूसरी फिल्टर प्लांट आधुनिक है। पुराने फिल्टर प्लांट से चार एमएलटी पानी और नए फिल्टर प्लांट से 9 एमएलटी पानी की सप्लाई शहर में की जाती है, लगभग 5.30 एमएलटी पानी की सप्लाई बोर एवं अन्य माध्यम से। इस तरह कुल 17.5 एमएलटी पानी रोजाना शहर की जनता की प्यास बुझाता है।
दोनों फिल्टर प्लांट से 13 एमएलटी पानी की सप्लाई से पूर्व, 24 घंटे में 6 बार पानी का सैंपल लिया जाता है और इसे लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रयोग शाला में जांच कराया जाता है। फिल्टर प्लांट से ट्रीटमेंट प्लांट से होकर गुजरने के बाद सप्लाई से पूर्व सेंपल पानी का लिया जाता है और इसे टेस्ट किया जाता है। इस तरह से मानक युक्त शुद्ध जल ही निगम द्वारा सप्लाई की जा रही है।
मर्दापाल में श्रम पंजीयन शिविर
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोण्डागांव, 9 जनवरी। छत्तीसगढ़ शासन के मंशा अनुरूप एवं कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना के निर्देशानुसार कार्यालय श्रम पदाधिकारी जिला कोण्डागांव द्वारा निर्माण श्रमिक एवं असंगठित कर्मकारों का पंजीयन, नवीनीकरण एवं विभागीय योजनाओं का दिलाने के लिए विकासखण्ड कोंडागांव के ग्राम पंचायत मर्दापाल में मोबाईल कैम्प पंजीयन नवीनीकरण शिविर का आयोजन किया गया।
उक्त शिविर में ग्राम मर्दापाल, कांगा बादालूर, मूलनार, बड़ेकुरूषनार के 60 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया, जिसमें 46 महिला और 14 पुरुष हितग्राही शामिल हैं।
शिविर में शासन द्वारा श्रमिकों के कल्याण हेतु संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं जैसे नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, मिनीमाता महतारी जतन योजना, नोनी बाबु मेधावी शिक्षा सहायता योजना, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामवासियों को दी गई।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दावा-आपत्ति निराकरण की दी जानकारी
कोण्डागांव, 9 जनवरी। मंगलवार को अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय, कोण्डागांव में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कोण्डागांव अजय उरांव द्वारा निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत नो मैपिंग कैटेगरी के मतदाताओं को जारी नोटिस, उनकी सुनवाई तथा दावाआपत्ति निराकरण के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अवगत कराया गया कि 5 जनवरी को कुल 1007 मतदाताओं की सुनवाई कर उनका निराकरण किया गया। साथ ही जिन मतदाताओं द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए हैं, उन्हें आगे पुन: अवसर प्रदान किया गया है। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रपत्र क्रमांक 9, 10, 11, 11(ए) एवं 11(बी) की एक-एक प्रति उपलब्ध कराई गई।बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, डिप्टी कलेक्टर रश्मि पोया, तहसीलदार मनोज रावटे सहित सभी सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।
202 वन प्रबंधन समितियों की बैठक
कोण्डागांव, 9 जनवरी। मंगलवार को वनमण्डल कोण्डागाँव अंतर्गत 202 वन प्रबंधन समितियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समितियों के सदस्यों द्वारा सर्वप्रथम नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए लाभांश राशि, अग्नि सुरक्षा, वनों की सुरक्षा, कूप विदोहन से संबंधित विषयों पर चर्चा एवं सुझाव दिया गया। साथ ही अवैध कटाई, अतिक्रमण के रोकथाम के संबंध में में भी चर्चा हुई।
बैठक में वन एवं वन्यजीव की घटनाओं को रोकने संबंधी आवश्यक उपायों, वनों को आग से बचाने, अवैध कटाई, अतिक्रमण के रोकथाम, वन संपदा का संरक्षण, लाभांश राशि का उपयोग विकास कार्यों में करने जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विस्तृत रूप से विचार विमर्श किया गया। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा वन एवं वन्यजीव की सुरक्षा तथा स्थानीय लोगों को वन संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर एक स्वर में सहमति व्यक्त की गई। साथ ही यह अपील की गई कि वनों की सुरक्षा, अवैध कटाई, अतिक्रमण को किसी भी हालत में नहीं होने देना हैं।
ड्रग्स के दुष्प्रभाव को जाना शंकर नगर विद्या मंदिर के बच्चों ने
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 9 जनवरी। शंकर नगर विद्या मंदिर इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, को ड्रग्स और उसके प्रभाव पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का सम्मान मिला। मुख्य अतिथि अविनाश कुमार दुबे, सीनियर सिविल जज सचिव, जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण ने अपने प्रभावशाली प्रस्तुति में हमारे युवा दिमागों के लिए यह समझना महत्वपूर्ण बताया कि जो अक्सर एक सामान्य प्रयोग के रूप में शुरू होता है, वह जल्दी ही जीवन बदलने वाली लड़ाई में बदल सकता है। उन्होंने कानूनी परिणामों पर भी बात की, जिसमें नशीली दवाओं के कब्जे और वितरण से संबंधित सख्त कानूनों और इसमें शामिल गंभीर दंडों के बारे में बताया।
स्कूल के प्रिंसिपल विश्वदीप शुक्ला ने स्वागत भाषण में छात्रों से उन प्रतिष्ठित वक्ताओं द्वारा दी गई सलाह पर ध्यान देने का आग्रह किया जो किसी न किसी रूप में नशीली दवाओं के खतरे के मुद्दे से जुड़े हुए हैं। वक्ताओं ने स्कूल जाने की उम्र के दर्शकों से उन नशीली दवाओं से दूर रहने का आग्रह किया जो शरीर और दिमाग दोनों को खराब करती हैं। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रमुख अतिथि भी शामिल रहे ।
कार्यक्रम में आईटीएम विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा नशीली दवाओं की लत विषय पर एक नाटक भी प्रस्तुत किया। विवि की वाइस चांसलर डॉ. श्रीमती लक्ष्मी मूर्ति ने इंटरैक्टिव सत्र का विषय नशीली दवाओं को ना कहें था। बच्चे पूरी तरह से तल्लीन थे और इतने महत्वपूर्ण विषय पर ध्यान दिया।
इसके बाद, सत्र में नशीली दवाओं की लत पर एक छोटी फिल्म दिखाई गई। डॉ. श्रीमती गुंजन मिश्रा, एचओडी , साइकोलॉजी, आईटीएम यूनिवर्सिटी ने एक दिलचस्प लेक्चर सेशन दिया, जिसमें उन्होंने आभार व्यक्त किया और पीयर प्रेशर का विरोध करने और नहीं कहने के लिए कहा। संजय जैन, कोषाध्यक्ष, स्कूल समिति ने भी इस मामले से संबंधित अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में कानून, डॉ. शिवली श्रीवास्तव,डॉ. दीपश्री चौहान और अन्य विशेषज्ञ शामिल थे। आखिर में, डॉ. जेलिस सुभान ने धन्यवाद दिया।
दीपशिखा विद्यालय में वार्षिकोत्सव-पुरस्कार वितरण समारोह
छत्तीसगढ़ संवाददाता
उतई, 9 जनवरी। दीपशिखा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डुमरडीह ,उतई में प्रतिवर्षानुसार रजत जयंती वर्ष के अवसर पर वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ललित चंद्राकर विधायक दुर्ग ग्रामीण उपाध्यक्ष अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण, अध्यक्षता दीपशिखा शिक्षण समिति के अध्यक्ष प्रेम लाल सिन्हा ने की। विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष सरस्वती साहू, शीतला ठाकुर अध्यक्ष भाजपा मण्डल उतई, धर्मेश बंजारे सरपंच ग्राम पंचायत डुमरडीह, करण सेन सरपंच ग्राम पंचायत करगाडीह, भुवनेश्वर प्रसाद साहू सरपंच पतोरा रहे।
सर्वप्रथम अतिथियों ने माँ सरस्वती के मंदिर में दीप प्रज्वलित कर तथा छत्तीसगढ़ महतारी की वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात समस्त अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं चंदन के साथ अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर छात्र छात्राओं के द्वारा लगाए गए विज्ञान प्रदर्शनी, पुष्प सज्जा, थाल सज्जा ,सलाद सज्जा, वेस्ट टु बेस्ट का अतिथियों ने अवलोकन कर सराहा।
मुख्यातिथि चंद्राकर ने सभी अभिभावकों अतिथियों एवं विद्यालय परिवार को नववर्ष की बधाई देते हुए कहा कि वार्षिकोत्सव किसी भी विद्यालय का आईना होता है जिसमें विद्यालय की उपलब्धि एवं बच्चों की प्रतिभा को पालकों तथा अभिभावकों तक पहुँचाने का माध्यम होता है तथा बच्चों की विभिन्न क्षेत्रों में उनकी उपलब्धि को सराहने एवं सम्मानित करने का अवसर होता है। उन्होंने प्रतिभावान सभी बच्चों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए अन्य बच्चों को भी इस योग्य बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय के डायरेक्टर डी एल सिन्हा प्राचार्य के आर सिन्हा प्रधान पाठक एन के चंद्राकर ने अतिथि देवो भव को चरितार्थ करते हुए मुख्य अतिथि का शाल श्रीफल एवं प्रतीक चिह्न से सम्मानित किए।
इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के प्रतिभावान छात्र- छात्राओं के साथ-साथ स्थानीय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किए। विद्यालय के राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं राज्य स्तरीय खिलाड़ी तथा भारत स्काउट गाइड के राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए चयनित वेदांत वर्मा एवं राज्यपाल पुरस्कार से पुरस्कृत बच्चों का भी अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया। विद्यालय में गठित सदनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महानदी सदन को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ हाउस के सम्मान से नवाजा गया। बेस्ट टीचर के रूप में सुश्री भूमिका साहू अंग्रेजी माध्यम तथा श्री विश्वजीत मुखर्जी हिंदी माध्यम चुने गए तथा बेस्ट स्टूडेंट हिंदी माध्यम से वेदांत वर्मा तथा अंग्रेजी माध्यम से श्रेया शेमुअल चुने गए। विद्यालय से उत्तीर्ण होनहार विद्यार्थी आदित्य चन्द्राकर का सीजीपीएससी 2024 में प्रशासनिक अधिकारी के रूप में चयनित हुआ है। जिसको विद्यालय परिवार एवंअतिथि द्वारा सम्मानित किया गया । इस अवसर पर जिला शिक्षा कार्यालय दुर्ग से विनोद कुमार सिन्हा मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा दुर्ग अपनी टीम के साथ उपस्थित थे। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा चलाए जा रहे परीक्षा पे चर्चा 2026 के लिए अभिभावकों को प्रधानमंत्री से जुडऩे के लिए प्रेरित किए। कार्यक्रम में दुर्ग प्राइवेट एसोसिएशन के पदाधिकारी हरीश साहू , दयाराम साहू, सनद देवांगन, सुशील साहू, दिनेश राजपूत तथा पालक शिक्षक समिति के सदस्य घनश्याम चंद्राकर ,तुलसीदेव, झरना हिरवानी, विद्यासाव, चंदा सिन्हा, लता सिन्हा, समस्त शिक्षक शिक्षिकाएँ प्रमोद जैन तथा बड़ी संख्या में अभिभावकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक के के साहू एवं शिक्षिका शरनजीत कौर ने किया।
अवैध शराब संग 2 आरोपी गिरफ्तार
राजा खुज्जी और साल्हे मार्ग में की कार्रवाई
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 जनवरी। डोंगरगांव थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग इलाकों में अवैध रूप से शराब बिक्री के मामले में पुलिस ने देशी शराब 104 पौवा को जब्त कर 2 लोगों पर कार्रवाई की। दोनों के विरूद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार 7 जनवरी को पुलिस सूचना मिली कि ग्राम राजा खुज्जी में अवैध रूप से देशी मदिरा रखकर बिक्री के लिए रखा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते डोंगरगांव थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में टीम गठित कर बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर एक आरोपी को पकडा गया। आरोपी के कब्जे से कुल 69 पाव देशी मदिरा कीमती 5520 रुपए जब्त की गई। आरोपी का नाम पूछने पर स्वयं का नाम राजीव गिरी गोस्वामी उर्फ राजू उर्फ धीरेन्द्र गिरी गोस्वामी 34 साल निवासी वार्ड नं. 18 ग्राम राजा खुज्जी बताया। बरामद मदिरा को मौके पर पंचनामा तैयार कर विधिवत जब्त किया गया। आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में अवैध शराब का कोचिया काम कर रहा था।
खेत से सोलर सबमर्सिबल पंप का स्टार्टर चोरी, दो आरोपी और खरीददार गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ संवाददाता
जशपुरनगर, 9 जनवरी। जशपुर जिले के चौकी पंडरा पाठ क्षेत्रांतर्गत ग्राम पोस्कट से एक किसान के सरसों के खेत से सोलर प्लेट सबमर्सिबल पंप का स्टार्टर को चोरों ने चोरी कर लिया। पुलिस ने दो आरोपी समेत एक खरीददार को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 6 जनवरी को प्रार्थी मनोज कुमार यादव ग्राम पोस्कट, चौकी पंडरा पाठ ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 दिसंबर 25 को उसके सरसों के खेत में लगे सोलर प्लेट के सबमर्सिबल पंप के स्टार्टर को, जिसकी कीमत 25000 रु है को, संदेही भूपेन्द्र राम, निवासी उपर सेमरा चौकी पंडरा पाठ व विनोद यादव निवासी हेठ सेमरा के द्वारा चोरी कर किसी को बेच दिया गया है।
रिपोर्ट पर चौकी पंडरा पाठ में आरोपियों के विरुद्ध चोरी के लिए बीएनएस की धारा 303(2) व 317(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए, मुखबिर की सूचना पर दोनों संदिग्ध आरोपी क्रमश: भूपेंद्र राम व विनोद यादव को, पंडरा पाठ में ही एक कार में घूमते हुए हिरासत में ले लिया गया।
पूछताछ पर दोनों संदिग्ध आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार्य करते हुए बताया, कि उनके द्वारा चोरी की पंप स्टार्टर को चौकी पंडरा पाठ क्षेत्रांतर्गत ही ग्राम चुंदा पाठ के ही एक व्यक्ति उदय नाथ यादव को 4000रु में बिक्री कर दिया गया है,। जिस पर पुलिस के द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए चोरी की पंप स्टार्टर को खरीदने वाले आरोपी उदयनाथ यादव के घर में दबिश दी गई, जहां से पुलिस को चोरी का पंप स्टार्टर मिला।
प्रभावित क्षेत्र में टैंकर से होगा पानी सप्लाई
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 जनवरी। ममता नगर वार्ड के कुछ क्षेत्रों में नल में गंदा पानी आने की शिकायत पर महापौर मधुसूदन यादव गुरुवार सुबह निगम के तकनीकी व स्वास्थ्य अमला के साथ वार्ड का निरीक्षण कर लिकेज पाईप लाइन की जांच करने, साफ-सफाई करने के साथ-साथ क्लोरिन टेबलेट वितरण करने एवं प्रभावित क्षेत्र में टैंकर के माध्यम से पानी सप्लाई करने के निर्देश दिए।
महापौर ने ममता नगर क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर वार्डवासियों से रूबरू हुए और गंदा पानी आने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने जल विभाग के उप अभियंता अनुप पाण्डे से गंदा पानी आने वाले क्षेत्र के गली नं. 3 व 5 के अलावा आसपास के क्षेत्रों में पाईप लाइन की जॉच करने के निर्देश दिए तथा पानी में नियमित रूप से क्लोरिंन की मात्रा चेक करने कहा। उन्होंने कहा कि गंदा पानी आने या पाईप लाइन लिकेज जैसी शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करें तथा प्रभावित क्षेत्र में टैंकर के माध्यम से पानी सप्लाई करें।
स्वास्थ्य अधिकारी से महापौर ने कहा कि पंचशील कालोनी के पीछे बंद नाला की सफाई कर पानी निकासी कराएं। उन्होंने नियमित रूप से गली, सडक़ एवं नाली की सफाई करने, समय-समय पर कीटनाशक दवाईयों का छिडक़ाव करने, गड्ढे में भरे पानी की कच्ची नाली खोदकर निकासी कराने तथा क्लोरिन टेबलेट का वितरण करने कहा। उन्होंने कहा कि श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र एवं सघन बस्ती में साफ -सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। मौसमी एवं संक्रामक बीमारी से बचने समझाईस दी जाए। साथ ही स्वच्छता अभियान चलाकर समुचित साफ -सफाई किया जाए।
क्लोरिन टेबलेट का वितरण
महापौर के निर्देश पर ममता नगर क्षेत्र में समुचित साफ-सफाई कर क्लोरिन टेबलेट का वितरण किया गया। साथ ही पाईप लाइन लिकेज के संभावित स्थल गली नं. 3 व 5 तथा आसपास निगम के जल विभाग के अमला द्वारा खोद कर जांच एवं सुधार कार्य किया गया तथा पीएचई विभाग को पानी की सेम्पल की जांच करने भेजने के अलावा निरंतर मानिटरिंग की जा रही है। निरीक्षण के दौरान नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले, पार्षद संगीता युधिष्ठिर देवांगन सहित वार्डवासी एवं निगम का तकनीकी एव स्वास्थ्य अमला उपस्थित था।
भव्य रूप से मनाया जाएगा बस्तर पंडुम- सीएम
छत्तीसगढ़ संवाददाता
दंतेवाड़ा,2 जनवरी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर पंडुम इस वर्ष भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस दौरान 12 विधाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।
शुक्रवार को दंतेवाड़ा के दंतेश्वरी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने आगे कहा-बस्तर पंडुम को अंतरराष्ट्रीय पटल पर स्थापित किया जाएगा, जिससे सारी दुनिया बस्तर की सभ्यता - संस्कृति और परंपराओं से वाकिफ हो सके।
भारत में हो बस्तर पंडुम की धमक - विजय शर्मा
पर्यटन मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन, राजेश अग्रवाल ने दंतेवाड़ा में बस्तर पंडुम के लोगो और थीम सांग अनावरण के दौरान संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि बस्तर मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में शामिल है। बस्तर पंडुम की सफलता में बस्तर के नागरिकों की भूमिका अहम है।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री दंतेवाड़ा, केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर पंडुम के माध्यम से बस्तर वैश्विक पटल पर स्थापित होगा। इसमें मुख्यमंत्री की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने नक्सली मुक्ति अभियान की सफलता हेतु मुख्यमंत्री विष्णुदेव और गृहमंत्री विजय शर्मा को धन्यवाद दिया। मंत्री श्री कश्यप नें आदिवासी समाज के सदस्यों से अपनी परंपराओं को बताने की अपील की। वैश्विक तापमान वृद्धि और जलवायु परिवर्तन के समाधान हेतु बस्तर की संस्कृति और परंपरा कारगर साबित होगी।
इस दौरान गृहमंत्री छत्तीसगढ़ शासन विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव की मंशा अनुसार मां दंतेश्वरी की आराधना के साथ बस्तर पंडुम का लोगो - थीम सॉन्ग अनावरण हो रहा है। पंडुम के पीछे विज्ञान कार्य करता है। उन्होंने कहा कि पूरे भारतवर्ष में बस्तर पंडुम की धमक होनी चहिए।
उन्होंने अगला जन्म बस्तर में लेने की इच्छा व्यक्त की।
बस्तर में शांति और विकास हेतु मुख्यमंत्री की सानी नहीं है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विगत दो वर्षों में बस्तर की तस्वीर बदली। विगत वर्षों से अनेक साप्ताहिक बाजार बंद थे, जो अब शुरू हो चुके है।
पूर्व के वर्षों में नक्सलियों द्वारा अनेक नरसंहार किया गए। जिन्हें अब नहीं सहेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस वर्ष मार्च तक नक्सलवाद का खत्म हो जाएगा।
विजय शर्मा ने धर्मांतरण करने वालो पर हमला किया। उन्होंने कहा कि बस्तर को किसी से सीखने की जरूरत नहीं है। बस्तर सिखाने में सक्षम है।
इस अवसर पर सांसद महेश कश्यप और विधायक चैतराम ने भी उद्बोधन दिया। इस अवसर पर रोहित यादव,आईजी सुंदरराज पी, डीआईजी कमलोचन कश्यप, कलेक्टर देवेश ध्रुव, पुलिस अधीक्षक गौरव राय और डीएफओ सागर जाधव मौजूद थे।