छत्तीसगढ़ /
राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा शुरु
छत्तीसगढ़ संवाददाता
सारंगढ़, 2 जनवरी। देशभर में 37वां राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा माह 1 जनवरी से 31 जनवरी तक मनाया जा रहा है। गुरुवार को जिले के सारंगढ़ बिलाईगढ़ पुलिस के द्वारा भारत माता चौक में शुभारंभ किया गया। इस माह को मनाने का मुख्य उद्देश्य बताया कि आम नागरिकों को सडक़ सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देना है, ताकि सडक़ दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मौतों में कमी लाई जा सके।
यह राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा सप्ताह भारत सरकार के सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जाता है। हर वर्ष यह सप्ताह एक विशेष थीम के साथ मनाया जाता है। वर्ष 2026 की थीम है सडक़ सुरक्षा नायक बनें। इस अवसर पर देशभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रदर्शनी, कार्यशालाएँ और यातायात नियमों के पालन को लेकर जन-जागरूकता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
सडक़ सुरक्षा माह का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि थोड़ी-सी सावधानी और नियमों का पालन करके हम न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जान भी बचा सकते हैं।और दो पहिया वाहन चालक हेलमेट पहनकर सफर करें वहीं चार पहिया वाहन चालक बेल्ट लगाकर सफर करें और सुरक्षित चलें, नियमों का पालन करें और सडक़ सुरक्षा नायक बनें। इस अभियान में सारंगढ़ बिलाईगढ़ के पुलिस कप्तान आंजनेय वाष्र्णेय के साथ ही एडीशनल एसपी निमिषा पांडे, और पुलिस महकमा के अफसर और कर्मचारी गण के साथ ही समाजसेवी महेन्द्र अग्रवाल और पत्रकार रवि तिवारी मौजूद थे।
विवेक देवांगन बने धर्म सेना प्रदेश अध्यक्ष
छत्तीसगढ़ संवाददाता
सारंगढ़, 2 जनवरी। विवेक देवांगन को छत्तीसगढ़ धर्म सेना का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर लोगों में हर्ष व्याप्त है। सभी ने खुशी का इजहार कर शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है।
प्राप्त समाचार के अनुसार धर्म सेना छत्तीसगढ़ के प्रान्त की बैठक कल रायपुर में सम्पन्न हुई, जिसमें कई निर्णायक फैसले लिए गए। जिसमें धर्म सेना प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र बहादुर सिंह को प्रदेश संरक्षक का दायित्व प्राप्त हुआ व विवेक देवांगन को सर्वसम्मति से धर्म सेना छत्तीसगढ़ का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया।
बिलासपुर विभाग अध्यक्ष विष्णु पटेल को प्रदेश उपाध्यक्ष व बिलासपुर विभाग महामंत्री रूपेंद्र गवेल को प्रदेश महामंत्री का दायित्व प्राप्त हुआ।
धर्म सेना को छत्तीसगढ़ प्रदेश में मजबूत बनाने और युवाओं को संगठन से जोडऩे पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। संगठन की बैठक रायपुर में हुई धर्मांतरण पर बैठक में चिंता जाहिर की गई और सनातन धर्म के प्रचार को लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई गई और राज्य स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी गई ।
बैठक में धर्म सेना के प्रदेश अध्यक्ष विवेक देवांगन प्रदेश सहसंरक्षक सुरेंद्र बहादुर प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु पटेल एवं नामदेव राय प्रदेश महामंत्री रूपेंद्र गावेल रायपुर जिला अध्यक्ष सुधीर सपा एवं अन्य समस्त सदस्य मौजूद रहे। लोगों ने विवेक देवांगन को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर खुशी का इजहार करते हुए बधाई शुभकामनाएं प्रेषित कर उज्जवल भविष्य की कामना की है।
कलेक्टर कार्यालय सारंगढ़ में होने लगा आधार बेस हाजिरी और ई-ऑफिस से कार्य
छत्तीसगढ़ संवाददाता
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 2 जनवरी। एक जनवरी से सारंगढ़ स्थित कलेक्टर कार्यालय में आधार बेस उपस्थिति प्रारम्भ किया गया है। इससे शासकीय कर्मियों की समय पर उपस्थिति ऑनलाइन मानिटरिंग की जा रही है। इसी प्रकार ई ऑफिस से सरकारी कार्य भी कलेक्टर कार्यालय सहित जिले के लगभग सभी विभाग द्वारा किया जा रहा है। इससे अपने राज्य स्तर के कार्यालय सहित सभी अन्य विभागों से पत्र व्यवहार और नोटशीट आदि प्रक्रिया अब डिजिटलीकरण हो रहा है।
इससे अधिकारी कर्मचारी और एक दूसरे ऑफिस से फ़ाइल भेजने में दूरी के आधार पर शासकीय सेवक द्वारा लाना ले जाना पड़ता था, उससे समय बच रहा है और कार्य में गति आएगा। साथ ही शासकीय सेवकों को आना जाना भी नहीं पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि यह हाजिरी कर्मचारियों की उपस्थिति को उसके अंगूठे और चेहरे के साथ साथ आधार कार्ड के माध्यम से दर्ज किया जाता है। यह प्रणाली सभी सरकारी विभागों और संस्थानों में लागू की गई है। अब हाजिरी पारदर्शी हो गया है और फर्जी हाजिरी नहीं किया जा सकता।
अमितेश पाठक जेकॉम राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त
रायपुर, 31 दिसंबर।चेन्नई में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में रायपुर के अमितेश पाठक को जेसीआई इंडिया के जेकॉम चेयरमैन की नियुक्ति के बाद रायपुर आगमन पर भव्य स्वागत के साथ सिविल लाइंस स्थित वृंदावन हाल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया । उक्त आयोजन में अमितेश पाठक जी का सम्मान किया गया । साथ ही जैक के मंडल अधक्ष्य के रूप में नियुक्त हुए देवेश मरोड़िया जी को भी सम्मानित किया गया । इस अवसर पर सुपर चैप्टर के चेयरमैन राजेश अग्रवाल जी द्वारा दोनों को बधाई दी गई साथ ही अपने संबोधन में कहा कि जेसीआई सेन. अमितेश पाठक का अनुभव, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता जेसीआई इंडिया को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उनका मार्गदर्शन युवा नेतृत्व के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।
कोच अमिताभ दुबे, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनूप मूंदड़ा, कॉर्डिनेटर लीना वाढेर, डायरेक्टर चित्रांक चोपड़ा सहित लगभग 70 सदस्यों की उपस्थिति में सम्मान समारोह सम्पन्न हुआ, कार्यक्रम का संचालन वात्सल्य मूर्ति द्वारा किया गया
कार्यक्रम का समापन संगठनात्मक एकता, सेवा और नेतृत्व के संकल्प के साथ हुआ।
विनोद कुमार शुक्ला के शब्दों में जीवित रहा उनका स्मरण
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रायपुर, 2 जनवरी।ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित, छत्तीसगढ़ के गौरव और समकालीन हिंदी कविता के शिखर पुरुष विनोद कुमार शुक्ल के 89वें जन्मदिन के अवसर पर राजधानी रायपुर के वृंदावन हॉल में एक सादगीपूर्ण स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्मरण विनोद जी सब कुछ होना, बचा रहेगा शीर्षक से आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे हुई, जिसमें छत्तीसगढ़ की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक बिरादरी ने अपने प्रिय कवि को शब्दों, सुरों और स्मृतियों के माध्यम से याद किया।
कार्यक्रम में साहित्य जगत से जुड़े लेखक, कवि, संस्कृतिकर्मी और विनोद कुमार शुक्ल के आत्मीय जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने संस्मरण साझा करते हुए उस कवि को याद किया, जिसने साधारण शब्दों में असाधारण संसार रचा।
इस अवसर पर डॉ. सुयोग पाठक, गजेंद्र साहू, सत्यम वर्मा, हेमंत यादव, ऋषिका दत्त, तमन्ना सिंह और रितु सेलट द्वारा विनोद कुमार शुक्ला की चयनित कविताओं का पाठ किया गया। कविताओं के साथ ढोलक पर गजमान नायक की संगत ने वातावरण को और जीवंत बना दिया। वहीं, सुप्रसिद्ध गायिका भारती सिंह ने कबीर भजन का सुमधुर गायन कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ साहित्यकारों और संस्कृतिकर्मियों ने विनोद जी से जुड़े अपने निजी अनुभव साझा किए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। यह स्मरण आयोजन पूरी तरह सादगीपूर्ण रहा और आम जन के लिए खुला रखा गया, जिसमें हर आयु वर्ग के साहित्य प्रेमियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान देशविदेश साहित्य क्षेत्र से जुड़े अनेक वरिष्ठ और युवा रचनाकारों ने विनोद कुमार शुक्ल से जुड़े अपने संस्मरण साझा किए। विशेष रूप से सिंगापुर से आईं साहित्यप्रेमी नीतू गुजराल सहित रमेश अनुपम, डॉ. सुमन मिश्रा, राजकुमार सोनी, जानवी पांडे, डॉ. सोम गोस्वामी, संकेत ठाकुर, राजीव बक्शी, विनोद वर्मा, आनंद हर्षुल, त्रिलोक महावर्स और पूर्व डीआईजी किशोर अग्रवाल ने विनोद जी के व्यक्तित्व, उनकी सादगी और रचनात्मक संवेदना को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि विनोद कुमार शुक्ल केवल कवि नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के ऐसे रचनाकार थे, जिनकी उपस्थिति मात्र से साहित्य जीवंत हो उठता था।
इस आयोजन का समन्वय छत्तीसगढ़ फिल्म एवं विजुअल आर्ट सोसाइटी द्वारा किया गया।
विनोद कुमार शुक्ल, जिनकी कविताएं, कहानियां और उपन्यास हिंदी साहित्य की अमूल्य धरोहर हैं, का निधन 23 जनवरी 2025 को रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में हुआ था। उनके 89वें जन्मदिन, 1 जनवरी 2026, पर आयोजित यह स्मरण कार्यक्रम न केवल श्रद्धांजलि था, बल्कि उस संवेदनशील कवि के शब्दों को फिर से जीने का अवसर भी जिनके लिए सब कुछ होना अभी बचा रह गया ।
भाजपा सरकार में शहर में छह शराब दुकानें खुली, विधायक और सांसद के कार्यकाल की यही उपलब्धि -मुदलियार
आबकारी अधिकारी के सामने शराब दुकान का कड़ा विरोध, बंद करनी पड़ी दुकान
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 जनवरी। मोहारा बायपास में नई प्रीमियम शराब दुकान खोले जाने को लेकर कांग्रेस ने आबकारी के सहायक आयुक्त को ही घेर लिया। कांग्रेस नेताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शित किया। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने हिदायत देते कहा कि संस्कारधानी को शराब की फैक्ट्री बनाने का एजेंडा नहीं चलेगा। उनकी चेतावनी का समर्थन करते कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आए दिन शराब दुकान का विरोध हो रहा है। इसके बावजूद विभाग संवेदनशीलता की बजाए हठधर्मिता दिखा रहा है।
बुधवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला कार्यालय में आबकारी सहायक आयुक्त का कार्यालय घेर लिया। नेताओं के पहुंचते ही विभाग में हडक़ंप की स्थिति बन गई। अधिकारी के चेंबर में ताला लगे होने पर भी नेता वहीं डटे रहे। सहायक आयुक्त के यहां पहुंचते ही उन्होंने अध्यक्ष से बातचीत की। अध्यक्ष मुदलियार ने सभी के सामने संवाद की बात कह दी। अधिकारी के सामने मुदलियार ने शराब दुकान के मुद्दे उठाए।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों हमारे प्रदर्शन के दौरान अपने दुकान बंद करने की बात कही थी, लेकिन आप इससे पलट गए। अभी भी दुकान खोली जा रही है। उन्होंने कहा कि ये दोहरा रवैया समाज के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि तत्काल दुकान बंद करवाई जाए और दोबारा न खोला जाए। कड़ा विरोध देखते हुए अधिकारी ने दुकान बंद करने के आदेश जारी किए। उन्होंने कांग्रेसजनों को आश्वस्त किया कि दुकान का दोबारा संचालन नहीं किया जाएगा।
मुदलियार ने कहा कि जब अवैध शराब, शराब दुकान को लेकर जनता का विरोध सामने आता है तो स्थानीय विधायक डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडे चुप्पी साध जाते हैं, यह कैसी स्वार्थपरक राजनीति है। इन नेताओं के कार्यकाल में शहर का बायपास अब शराब का कारिडोर हो गया है। एक मार्ग पर छह दुकानें खोल दी गई, जिस शहर में कांग्रेस सरकार में दो-दो दुकानें थी, वहां भाजपा सरकार ने 10 दुकानें खोल दी हैं।
इस दौरान हेमा देशमुख, संतोष पिल्ले, विवेक वासनिक, रुपेश दुबे, कमलजीत सिंह पिंटू, आसिफ अली, सूर्यकांत जैन, गुरभेज माखीजा, राजा तिवारी, छोटेलाल रामटेके, शारदा तिवारी, इकरामुद्दीन सोलंकी, नरेश शर्मा, मामराज अग्रवाल, मदन साहू, माया शर्मा, राजेश गुप्ता चंपू, अमित खंडेलवाल, गणेश पवार, शरद खंडेलवाल, अभिमन्यु मिश्रा, झम्मन देवांगन, राहुल गजभिये, ऑफताब अहमद, राजा यादव, अरशद खान, वीरेंद्र चंद्राकर, हिमालय बंदे, संदीप सोनी, सौम्य शर्मा, शैलेश ठावरे, लक्ष्मण साहू, नरेश साहू, भगवानदास सोनकर, विशाल गढ़े, शिवम गढ़पायले, रमेश साहू, प्रियेश मेश्राम, अब्बास खान, सुरेंद्र देवांगन, रुपेश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व पदाधिकारी उपस्थित थे।
बच्चों के कैरियर निर्माण के लिए उनकी इच्छा ही सर्वोपरि-कलेक्टर
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 जनवरी। युगांतर पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव अभिव्यक्ति का आयोजन कलेक्टर जितेन्द्र यादव व चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योति यादव की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस वार्षिकोत्सव में समुद्र मंथन-अमृत कलश की गाथा, दुनिया का दूसरा खरबपति, हमारे विघ्रहर्ता श्री गणेश, शेर-ए-पंजाब रणजीत सिंह, हमारे अन्नदाता, ट्रिब्यूट टू धर्मेन्द्र, बॉलीवुड विट्स मा एंड पाश्, राउंड द वल्र्ड इन 20 मिनट्स, मैजिकल बुक ऑफ स्टोरीज, सर्कस ऑफ वंडर्स, नई आवाज की पहचान जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण के केंद्र रहे। इनके अलावा विद्यार्थियों द्वारा और भी रोचक आकर्षक प्रस्तुतियां हुई। जिसमें विद्यार्थी गीत, नृत्य, अभिनय जैसी प्रतिभाओं का प्रदर्शन करके खूब वाहवाही बटोरी।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा विद्यालय की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को पदक और छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय द्वारा आयोजित सी टॉप एक्जाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थीगण भी सम्मानित हुए। नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यालय के चयनित विद्यार्थी तथा विद्यालय के ऐसे भूतपूर्व विद्यार्थी, जिन्होंने उच्च मुकाम हासिल किए हैं, वे भी सम्मानित हुए। विद्यालय के भूतपूर्व छात्र लक्ष्य गुप्ता का वेब धारावाहिक मनुष्य का सफलतापूर्वक निर्माण करने हेतु सम्मान किया गया । खेल, अनुशासन, साहित्य और सांस्कृतिक क्षेत्रों में सर्वोत्कृष्ट स्थान अर्जित करने वाले विजेता हाउस की घोषणा भी हुई।
विद्यालय के प्राचार्य मधुसूदन नायर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुतकर विद्यालय की उपलब्धियों को दर्शाया। उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रबंधन बड़े पैमाने में प्रतिभावान विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप प्रदानकर सराहनीय कार्य कर रहा है। यही नहीं विद्यालय प्रबंधन इन विद्यार्थियों को नि:शुल्क नीट और आईआईटी की कोचिंग भी प्रदान कर रहा है। हॉस्टलर स्टूडेंट्स के बौद्धिक विकास हेतु सप्ताह में एक बार नियमित विशेष क्लासेस संचालित की जा रही है। इसी तारतम्य में विद्यालय की वार्षिक पत्रिका युगांतर विजन का विमोचन कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने सपत्नीक किया।
कलेक्टर ने कहा कि बच्चों के कॅरियर निर्माण हेतु उनकी इच्छा ही सर्वोपरि होती है। पालकों और शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा बच्चों के कॅरियर निर्माण में उनकी इच्छाओं पर ही विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। बच्चे क्या बनना चाहते हैं, इस आधार पर उनका मार्गदर्शन किया जाना चाहिए। विद्यालय के निदेशक अकेडमिक्स सुशील कोठारी ने कहा कि कलेक्टर द्वारा सिविल सेवा हेतु किए जाने वाला मार्गदर्शन अद्वितीय है।
उन्होंने इस संबंध में युगांतर में आयोजित कार्यशाला में बहुत ही प्रभावकारी वक्तव्य दिया था कि ईमानदारी सबसे महंगा शौक है और यह सर्वोत्तम नीति भी होती है, इसलिए इसे हमेशा अपने भीतर जीवित रखने का प्रयास करना चाहिए। कलेक्टर का यह प्रेरक वक्तव्य विद्यार्थियों के कॅरियर निर्माण में प्रभावकारी सिद्ध होगा। उन्होंने आगे कहा कि विद्यार्थियों को ईमानदारी से अपने कॅरियर निर्माण में ध्यान देना चाहिए। उन्होंने विद्यालय के टीचिंग और नान टीचिंग स्टॉफ को स्वास्थ्य बीमा की दी जाने वाली सुविधा का भी उल्लेख किया।
विद्यालय के चेयरमैन अजय सिंगी ने कहा कि युगांतर विद्यार्थियों के चहुंमुखी विकास के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने इस संबंध में विद्यालय की बहुआयामी गतिविधियों का उल्लेख किया। इस दौरान विद्यालय के निदेशक अकेडमिक्स सुशील कोठारी का पत्रकारिता के क्षेत्र में पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी सम्मान मिलने पर स्मृति चिन्ह प्रदानकर सम्मान किया गया। इसी तरह विद्यालय के चेयरमैन अजय सिंगी का पाश्र्वनाथ मंदिर नगपुरा का ट्रस्टी बनने पर स्मृति चिन्ह प्रदानकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर अखराज कोटडिय़ा, विनय डड्ढा, मिश्रीलाल गोलछा, नरेंद्र कोटडिय़ा, विनोद सदानी, पारस अग्रवाल, डॉ. मोहन पारख, राजकुमार अग्रवाल, जितेंद्र भंसाली, दिनेश प्रताप सिंह, विनीता तिलवानी उपस्थित रहे। आयोजन में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे। आयोजन की समाप्ति राष्ट्रगान से हुई।
शासकीय कन्या शाला की छात्राओं की आवाज, बस सुविधा की उठी मांग
सुरक्षा और पढ़ाई पर हो रहा असर
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बचेली, 30 दिसंबर। पुराना मार्केट स्थित शासकीय कन्या शाला में अध्ययनरत छात्राओं ने बस की समुचित व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। विद्यालय में अध्ययन करने वाली छात्राएं छठवीं से बारहवीं कक्षा तक की हैं, जिनमें अधिकांश आदिवासी बालिकाएं शामिल हैं। छात्राओं को प्रतिदिन 4 से 6 किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर विद्यालय आना-जाना पड़ता है, जिससे उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार छात्राएं वार्ड क्रमांक 1 दशरथ पारा, ग्राम पंचायत बड़े बचेली के चालकी पारा, मांझीपारा, पटेलपारा, रेलवे कॉलोनी सहित अन्य दूरस्थ क्षेत्रों से स्कूल पहुंचती हैं। लंबी दूरी और सीमित परिवहन साधनों के कारण कई बार छात्राएं समय पर विद्यालय नहीं पहुंच पातीं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है।
छात्राओं और अभिभावकों ने बताया कि पैदल आवागमन के दौरान तेज गति से चलने वाले वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खासकर सुबह और छुट्टी के समय सडक़ पर बढ़ी हुई आवाजाही छात्राओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन रही है। इस स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रबंधन और पालकों द्वारा एनएमडीसी बचेली प्रबंधन एवं दंतेवाड़ा जिला कलेक्टर को लिखित रूप से बस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। हाल ही में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) के बचेली दौरे के दौरान भी इस समस्या से उन्हें अवगत कराया गया था। डीईओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया है, जिससे छात्राओं और अभिभावकों में उम्मीद जगी है।
गौरतलब है कि एनएमडीसी द्वारा नगर के कुछ क्षेत्रों में पहले से बस सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। ऐसे में पुराना मार्केट शासकीय कन्या शाला की छात्राओं के लिए भी इसी प्रकार की सुविधा मुहैया कराए जाने की मांग को न्यायसंगत बताया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों का कहना है कि यदि बस सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, तो इससे न केवल छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि उनकी नियमित उपस्थिति और शैक्षणिक प्रगति भी बेहतर हो सकेगी। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन और एनएमडीसी प्रबंधन के निर्णय पर टिकी हैं, जिससे इस समस्या का शीघ्र समाधान निकल सके।
तीन माह से राशन नहीं मिलने का आरोप, पलारी के सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे कलेक्टोरेट
कोण्डागांव, 30 दिसंबर। जिला मुख्यालय कोण्डागांव से लगे ग्राम पंचायत पलारी में पिछले तीन माह से राशन नहीं मिलने की शिकायत को लेकर सोमवार को सैकड़ों ग्रामीणों का दल कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। ग्रामीणों ने शासकीय उचित मूल्य दुकान के माध्यम से मिलने वाले पीडीएस राशन वितरण में गंभीर अनियमितता का आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
कलेक्टर कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों राधिका देवांगन, अनिता बघेल, रामदाई सहित अन्य ने बताया कि ग्राम पंचायत पलारी में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान से कई हितग्राहियों को लगातार 2 से 3 माह से राशन नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार राशन देने के नाम पर फिंगरप्रिंट (अंगूठा) ले लिया जाता है, लेकिन तत्काल राशन नहीं दिया जाता और बाद में महीनों तक चक्कर लगवाए जाते हैं। इस मनमानी से ग्रामीण खासे परेशान हैं।
आरोपों को बताया निराधार
इधर, राशन दुकान की सेल्स महिला दीपिका देवांगन ने ग्रामीणों के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि जिन हितग्राहियों का केवाईसी पूरा नहीं हुआ है, उन्हें राशन नहीं दिया गया है, जबकि अन्य सभी को नियमित रूप से राशन वितरण किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में जिला स्तर के अधिकारियों को पूर्व में जानकारी दी जा चुकी है।पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों ने कोण्डागांव कलेक्टर कार्यालय में एसडीएम अजय उरांव को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ग्राम पंचायत पलारी में राशन वितरण में घोर अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की गई है। एसडीएम अजय उरांव ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।
कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की हड़ताल: दूसरे दिन निकाली रैली
छत्तीसगढ़ संवाददाता
केशकाल, 30 दिसंबर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी- अधिकारी फेडरेशन के बैनर तले पूरे राज्य के कर्मचारी वेतन विसंगति दूर करने सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ के 4,50,000 सरकारी कर्मचारी सोमवार से तीन दिवसीय हड़ताल पर बैठ गए हैं। इसी क्रम में केशकाल के रावणभाठा मैदान में भी केशकाल विकासखंड के सभी विभागों के अधिकारी- कर्मचारी सोमवार से हड़ताल पर बैठे हैं। जिससे शासकीय कामकाज पर भी खासा असर पड़ता नजर आ रहा है।
मंगलवार को हड़ताल के दूसरे दिन सैकड़ों की संख्या में कर्मचारियों ने धरना स्थल से आईटीआई चौक तक हाथों में बैनर पोस्टर लिए पैदल रैली निकाल कर राज्य सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। कर्मचारियों का कहना है कि अगर इसके बाद भी हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो भविष्य में हम उग्र आंदोलन करेंगे।
कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक शिवराज सिंह ठाकुर ने बताया कि सरकार बने दो वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि मोदी की गारंटी के तहत रुका हुआ महंगाई भत्ता एरियर्स के रूप में नहीं दिया गया है। इसके अलावा केंद्र के समान देय तिथि से डीए देने, चार स्तरीय वेतनमान लागू करने और कैशलेस चिकित्सा सुविधा जैसे प्रमुख वादे अब तक अधूरे हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि सरकार की असंवेदनशीलता के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। फेडरेशन संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो तीन दिवसीय हड़ताल के बाद आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में तब्दील किया जाएगा। जिसकी पूर्ण जवाबदेही शासन प्रशासन की होगी।
इस दौरान मुख्य रूप से जिला संयोजक शिवराज सिंह ठाकुर, जिला सचिव हीरा सिंह, प्रांतीय सचिव चमनलाल वर्मा, डॉ. सुरेंद्र नाग, सचिव गिरिजाशंकर साहू, श्यामलाल कोर्राम, रोशन हिरवानी मौजूद रहे।
दिनदहाड़े एनएमडीसी कर्मचारी टाउनशिप में 12 गाडिय़ों में तोडफ़ोड़
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बचेली, 30 दिसंबर। बचेली नगर के एनएमडीसी कर्मचारी आवसीय कॉलोनी सुभाषनगर व टाइप-टू कॉलोनी क्षेत्र में दिन के उजाले में हुई एक गंभीर घटना ने पूरे नगर को दहशत में डाल दिया है। कॉलोनी के बाहर खड़ी चारपहिया वाहनों में जमकर तोडफ़ोड़ की गई, जिसमें करीब 12 चार पहिया वाहनो को नुकसान पहुंचाया गया है। यह घटना सोमवार को दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है।
कॉलोनीवासियों के अनुसार, हमलावर ने कुछ वाहनों के सामने के शीशे तोड़े, तो कुछ के पीछे के कांच क्षतिग्रस्त किए। घटना की जानकारी मिलने के बाद एक पीडि़त द्वारा थाना बचेली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।
थाना प्रभारी मधुनाथ धु्रव ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह कृत्य असामाजिक तत्वों अथवा किसी मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति द्वारा किया गया प्रतीत होता है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से नगरवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। लोगों का कहना है कि बचेली नगर में इस तरह की घटना पहली बार हुई है, जिससे आमजन में चिंता बढ़ गई है। खासतौर पर एनएमडीसी टाउनशिप क्षेत्र में, जहां सुरक्षा के नाम पर कर्मचारियों से प्रतिमाह धनराशि की कटौती की जाती है और प्रबंधन द्वारा लाखों रुपये सुरक्षा व्यवस्था पर खर्च किए जाते हैं, वहां इस तरह की घटना होना कई सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब इतनी बड़ी संख्या में गाडिय़ों को नुकसान पहुंचाया जा रहा था, उस समय सुरक्षा गार्ड क्या कर रहे थे? यदि दिन के समय ऐसी घटना हो सकती है, तो रात में वाहनों की सुरक्षा को लेकर आम नागरिक खुद को और अधिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की जाए।
उल्लेखनीय है कि टाउनशिप की सुरक्षा व्यवस्था सीडीओ कंपनी के जिम्मे है, जिनके सुरक्षा गार्ड क्षेत्र में तैनात रहते हैं।
सुरक्षा गार्ड के इंचार्ज से दूरभाष पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि वे वर्तमान में बचेली से बाहर हैं और उन्हें घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि बचेली पुलिस मामले की जांच कर रही है, जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि घटना को किसने अंजाम दिया। उनके अनुसार, इससे पहले इस तरह की कोई घटना सामने नहीं आई है।
वहीं, इस संबंध में एनएमडीसी के संबंधित अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके बैठक में व्यस्त होने के कारण संपर्क नहीं हो सका।
नगरवासियों का कहना है कि पूर्व में भी चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन उन पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है। अब इस ताजा घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। जनता की मांग है कि पुलिस और एनएमडीसी प्रबंधन मिलकर कड़ी कार्रवाई करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और नगर में फिर से सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके।
नशा मुक्ति संकल्प व वस्त्र दान के साथ रासेयो शिविर का समापन
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कोंडागांव, 30 दिसंबर। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय दहिकोंगा द्वारा राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. नीता वाजपेई उच्च शिक्षा विभाग छ ग राज्य कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संजीवन कुमार शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर जगदलपुर जिला संगठक जिला कोंडागांव शशिभूषण कनौजे के मार्गदर्शन में संस्था के प्राचार्य टी.पी.जोशी के सहयोग और कार्यक्रम अधिकारी कमलेश्वर सिंह कुमेटी के सानिध्य में 22 दिसंबसे स्वस्थ संकल्प एवं नशा मुक्त भारत के लिए युवा थीम को लेकर सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में साफ-सफाई, सोख्ता गढ़ा, रोड़ै समतलीकरण, बाउंड्री वाल पोताई, नशा उन्मूलन कार्यक्रम, सुरक्षित पारा सुरक्षितै लइमन , इससे संबंधित सांस्कृतिक कार्यक्रम के द्वारा ग्राम बड़े बंजोड़ा में जन जागृति फैलाई गई, जिसमें ग्राम पंचायत बड़े बंजोड़ा के सरपंच श्री दास राम कोराम , उप सरपंच श्रीमती कुमारी पोयाम , ग्राम पुजारी श्री समरूप राम पोयाम समस्त पंचगण सिनियर स्वयंसेवक अजीत सिन्हा , विशनाथ मोहनी भारती दल नायक पप्पु सेठिया संजना बघेल एवं युवा समिति का विशेष सहयोग मिला।
स्वयंसेवको के प्ररणा से ग्राम बड़े बंजोडा के सन्त यादव, देवेन्द्र यादव, फूलसिंह पोयाम , दिलीप कोर्राम, सुखरू यादव ने नशा नहीं करने का निर्णय लिया एवं दो लोगों को एवं ग्रामीणो को प्राचार्य द्वारा शपथ दिलवाया गया एवं पांच निराश्रित लोगों को वस्त्र दान किया गया ।
शिविर में आकर्षण का केंद्र था सांस्कृतिक कार्यक्रम, ग्रामीण खेल एवं सांस्कृतिक रैली जो ग्रामीणों का मन मोह लिया ।
पिकनिक मनाकर घर लौट रहे बाइक चालक की सडक़ दुर्घटना में मौत
महासमुंद,29 दिसंबर। सिरपुर क्षेत्र से पिकनिक मनाकर घर लौट रहे बाइक सवार की अचानकपुर मोड़ के पास सडक़ दुर्घटना में मौत हो गई तथा उसी बाइक में पीछे बैठे युवक को मामूली चोटें आई हैं। मृतक का नाम शैलेंद्र दीवान बताई गई है।
पता चला है कि वह मुनगाशेर से कबड्डी खेलने गुडेला भांठा गया था। कबड्डी खेलकर वह सिरपुर की और पिकनिक मनाने निकल गया था। वहां से घर वापसी के दौरान यह घटना घटी। घटना रविवार की शाम को हुई। समाचार लिखते सोमवार सुबह 11 बजे तक पुलिस की विवेचना जारी है।
41 दिवसीय मण्डल व्रत पूजा: नम आंखों से दी भगवान अयप्पा को विदाई
मंदिर का पट बंद, अब मकर संक्रांति पर फिर होंगे दर्शन
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बचेली, 29 दिसंबर। लौह नगरी बचेली स्थित अयप्पा मंदिर में 41 दिवसीय मण्डल व्रत पूजा का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण समापन शनिवार को हुआ। अंतिम दिन मंदिर परिसर श्रद्धा, आस्था और भक्ति से सराबोर नजर आया। सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु अयप्पा मंदिर पहुँचकर भगवान अयप्पा के दर्शन में लीन रहे। यह पावन पूजा परंपरागत रूप से केरल राज्य के मलयालम समाज द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान अयप्पा, भगवान शिव के पुत्र माने जाते हैं और उनकी आराधना से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
भव्य झांकी व शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र-
मण्डल व्रत पूजा के अंतिम दिन रेलवे कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं द्वारा हाथों में दीपक लेकर शहनाई की मधुर धुनों के साथ भगवान अयप्पा की भव्य झांकी निकाली गई। यह शोभायात्रा रेलवे कॉलोनी शिव मंदिर से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए अयप्पा मंदिर पहुँची। शहनाई दल विशाखापट्टनम से आमंत्रित किया गया था। रथ को अत्यंत आकर्षक रूप से सजाया गया था। पूरे मार्ग में गाजे-बाजे, आतिशबाजी और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। पूरे मंदिर मंदिर भी आकर्षक झालर लाईटो से जगमगा रहा था।
विशेष मण्डल पूजा व विशाल प्रसाद वितरण
झांकी के मंदिर पहुँचने के बाद अयप्पा मंदिर में विशेष मण्डल पूजा संपन्न हुई। इस अवसर पर हजारों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं को गुड़ और चावल से बना पारंपरिक प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर परिसर को फूलों एवं आकर्षक झालर लाइटों से सजाया गया था, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। नगर के आम नागरिकों के साथ-साथ एनएमडीसी बचेली परियोजना के महाप्रबंधक महेश नायर अयप्पा मंदिर पहुँचे और विधिवत दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।
भाजपा नेताओं ने सुनी मोदी से मन की बात
छत्तीसगढ़ संवाददाता
कुरुद, 29 दिसंबर। ग्राम पंचायत बुडेनी में मगरलोड जनपद के पूर्व अध्यक्ष श्याम साहू के निवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात का सामूहिक श्रवण किया गया। जिसमें उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचारों को गंभीरता से सुना।
जनपद अध्यक्ष मगरलोड वीरेंद्र साहू ने बताया कि रविवार को हम सब ने रेडियो पर मन की बात सुनी, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सहभागिता, स्वच्छता अभियान, आत्मनिर्भर भारत, युवा शक्ति, महिला सशक्तिकरण तथा भारतीय संस्कृति और मूल्यों पर सारगर्भित विचार रखा। उन्होंने जनभागीदारी को देश की प्रगति का मूल आधार बताते हुए सभी नागरिकों से सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। जिसे सुनकर हमें नया भारत निर्माण के इस अभियान में सहभागी बनने की प्रेरणा मिली। पीएम मोदी के विचारों को आत्मशात कर हम अपने दैनिक आचरण में शामिल करने एवं प्रधानमंत्री के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर डागेश्वर सोनकर, प्रीतराम देवांगन, खेमूराम साहू, हेमंत साहू, देवचरण साहू, हृदयराम साहू, ललित देशमुख, रमेश देवांगन सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
शक्ति दिवस पर्व: आदिवासी हल्बा संस्कृति और एकता का अनुपम संगम
मां दंतेश्वरी की अर्जी विनती व समाज की पत्रिका का विमोचन
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बचेली, 29 दिसंबर। बचेली नगर में अखिल भारतीय हल्बा,हल्बी आदिवासी समाज शाखा, बचेली के तत्वावधान में शक्ति दिवस पर्व 2025 का आयोजन 26 दिसंबर को सामाजिक भवन, बचेली में अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। यह आयोजन आदिवासी समाज की एकता, परंपरा, संस्कृति और सामाजिक चेतना को सशक्त करने का प्रतीक बना।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनएमडीसी बचेली परियोजना के उपमहाप्रबंधक सिविल एसआर डहरिया एवं विशिष्ट अतिथि मानव संसाधन विभाग के उपमहाप्रबंधक तिरूपति राव थे। साथ ही अध्यक्षता विघुत सहायक महाप्रबंधक प्रकाश ठाकुर ने की। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक ध्वजारोहण, मां दंतेश्वरी की अर्जी-विनती एवं समाज की पत्रिका के विमोचन के साथ की गई। इसके पश्चात आदिवासी परंपराओं से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। समाज के युवाओं और बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें उत्साहपूर्वक सहभागिता देखने को मिली। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ प्रबंधक महेन्द्र कुमार ठाकुर उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज प्रमुख, गोंडवाना समाज, उरांव समाज, सतनाम समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। हल्बा,हल्बी समाज शाखा अध्यक्ष श्री सुरेश सहारे, कर्मचारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष महेन्द्र कुमार ठाकुर, तथा समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता खोमन तारम, वेदप्रकाश कोठारी, पी.आर. कोलियारे, लक्ष्मीकांत भोयर, विकास ठाकुर, पितांबर सिंह देवहारी, सी.आर. ठाकुर, किशोर चनाप, परदेशी राम कोसमा, हुषन रावटे, दिलीप चिराम, रामेश्वर चिराम, दयालु राम, मुलचंद ठाकुर, ऋषि ठाकुर, नरेन्द्र रावटे सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।
दंतेश्वरी मंदिर में भक्तों का रेला
छत्तीसगढ़ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 26 दिसबर। छत्तीसगढ़ के विख्यात् शक्तिपीठों में शुमार दंतेश्वरी मंदिर में दर्शनार्थियों की शुक्रवार को कतार लगी रही। इस दौरान समूचा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से सराबोर था।
गौरतलब है कि वर्ष के अंतिम सप्ताह और नववर्ष के आगमन के पहले छुट्टियों के मद्देनजर बड़ी संख्या में दूरस्थ स्थानों से श्रद्धालुओं का दंतेश्वरी दरबार में आगमन हो रहा है। श्रद्धालु सपरिवार बस्तर आराध्य देवी के दर्शन हेतु पहुंच रहे हैं। इसके फलस्वरुप जिले के समस्त होटल - धर्मशालाएं हाउसफुल हो चुके हैं। जिससे भक्तों को आश्रय ढूंढने में समस्याएं हो रही हैं।