"पश्चिमी विक्षोभ के कारण छत्तीसगढ़ में हल्की वर्षा की संभावना, खाड़ी से आ रही नमी का असर"
प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवा की दिशा में परिवर्तन हुआ है साथ ही बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है, जिसके कारण कल दिनांक 1 दिसंबर को प्रदेश के चरम उत्तर छत्तीसगढ़ में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
एक चिन्हित निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण अंडमान के ऊपर स्थित है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए एक अवदाब के रूप में दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर अगले 24 घंटे में बनने की संभावना है। इसके और अधिक प्रबल होकर गहरा अवदाब और फिर चक्रवाती तूफान के रूप में 3 दिसंबर को दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बनने की संभावना है। उसके बाद इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर तमिलनाडु और दक्षिण आंध्र प्रदेश तट के पास 04 दिसंबर के प्रातः काल में पहुंचने की संभावना बन रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश के बस्तर संभाग और उससे लगे जिलों में प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तीन चार और पांच दिसंबर को हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।