छत्तीसगढ़ /

नोटबंदी, जीएसटी, महंगाई, बेरोजगारी ही मोदी सरकार की उपलब्धि- राठौर

छत्तीसगढ़ संवाददाता बीजापुर, 17 सितंबर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय बीजापुर में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और समर्पण के रूप में मनाने के भाजपा के दावे को देश का सबसे बड़ा झूठ बताते हुए कहा है कि इसे बेरोजगारी दिवस, महंगाई दिवस, वादाखिलाफी दिवस और किसान धोखा दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिए। पत्रकार वार्ता में लालू राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में मोदी का कार्यकाल विवादों और असफलताओं से भरा रहा है। उनके 25 वर्षों के सत्ताकाल को सेवा-जतन बताना जनता से क्रूर मजाक है। राठौर ने मोदी सरकार की प्रमुख विफलताओं की लंबी सूची पेश की। इनमें 100 दिनों में महंगाई कम करने, हर साल दो करोड़ रोजगार देने, हर घर नल-हर सिर छत, 15 लाख रुपये जमा करने और किसानों की आय दोगुनी करने जैसे वादे शामिल हैं, जो पूरे नहीं हुए। उल्टे भुखमरी, गरीबी और बेरोजगारी बढ़ी। नोटबंदी को ललित राठौर ने असफल बताया। उन्होंने कहा दावा था काला धन खत्म होगा, लेकिन 99 प्रतिशत से अधिक नकदी बैंकों में लौट आई और छोटे उद्योगों को भारी नुकसान हुआ। जीएसटी के जटिल क्रियान्वयन से एमएसएमई क्षेत्र को झटका लगा। पेट्रोल-डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क कई गुना बढ़ाने से केवल ईंधन से 38 लाख करोड़ रुपये से अधिक वसूली का आरोप लगाया गया। रुपये की डॉलर के मुकाबले गिरावट (2014 में 58-59 से अब 96-97) को भी मोदी राज की बड़ी नाकामी बताया है। लालू राठौर ने गुजरात मुख्यमंत्री काल का जिक्र करते हुए गोधरा कांड, बेस्ट बेकरी और गुजरात दंगों को ऐसे धब्बे बताया जिन्हें धोया नहीं जा सकता। एक मंत्री के तड़ीपार घोषित होने और दूसरे पर दंगों के आरोप में फांसी की सजा (बाद में अपील में बदलाव) का भी उल्लेख किया गया। प्रेस वार्ता में लालू राठौर ने छत्तीसगढ़ के संदर्भ में मोदी की गारंटी पर विश्वासघात का आरोप लगाया। एक लाख सरकारी नौकरियां, 500 रुपये में रसोई गैस, अनियमित कर्मचारियों का 100 दिनों में नियमितीकरण, सभी विवाहित महिलाओं को महतारी वंदन, गांवों में धान का 3100 रुपये नगद भुगतान केंद्र, बेरोजगारी भत्ता, छात्रों का फ्री परिवहन पास और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना जैसे वादे अधूरे बताए गए। गो-सेवा संकल्प के बावजूद गोठान बंद करने का भी आरोप लालू रठौर ने लगाया है। लालू राठौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 43 सवाल पूछे। इनमें अच्छे दिन कब आएंगे, 15 लाख किसके खाते में गए, महंगाई-पेट्रोल कब सस्ते होंगे, दो करोड़ रोजगार मिले या नहीं, नोटबंदी से क्या मिला, किसानों की आय दोगुनी हुई या नहीं, बेटियां सुरक्षित क्यों नहीं, स्मार्ट सिटी कितने बने, सरकारी संपत्ति कब तक बिकेगी और भ्रष्टाचार खत्म हुआ या नहीं जैसे प्रश्न शामिल हैं। पत्रकार वार्ता लालू राठौर ने यह भी कहा कि मोदी की उपलब्धि महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी, भुखमरी और असमानता बढ़ाना तथा किसानों को धोखा देना शामिल है। नोटबंदी और जीएसटी के अलावा कोई बड़ी उपलब्धि नहीं है, इसलिए जन्मदिन इन्हीं तथाकथित उपलब्धियों के आधार पर मनाया जाए, तभी वह सार्थक होगा। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर ने भाजपा से अपील की कि सेवा संकल्प के नाम पर जनता को गुमराह करने की बजाय इन सवालों का जवाब दे। प्रेस वार्ता में कांग्रेस पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave Your Comment

Click to reload image