छत्तीसगढ़ /

बस चालकों की हड़ताल से थमे पहिए

मारपीट करने वाले ऑटो चालकों पर कार्रवाई और अलग स्टैंड की मांग पर अड़े छत्तीसगढ़ संवाददाता बलौदाबाजार, 1 अक्टूबर। बलौदाबाजार के बस स्टैंड में बुधवार को उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब बस वाहन चालक-परिचालक संघ ने अचानक ही सभी बसों को बस स्टैंड में खड़ा कर दिया और सडक़ों पर चलाने से मना कर दिया, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दूसरे दिन गुरुवार को भी बस के पहिए थमे रहे। मामला बुधवार सुबह का था, जब राधेश्याम बस सर्विस के चालक को ऑटो चालकों ने सवारी बैठाने के नाम पर मारपीट करते हुए काफी चोट पहुंचाई, जिससे बस चालक राधेलाल बांधे लहूलुहान हो गया। उसे साथी जिला अस्पताल लेकर गए, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया। वहीं इस घटना से गुस्साए चालकों-परिचालकों ने एक साथ बस चलाने से मना कर दिया और आंदोलन पर बैठ गए। बस चालकों की मांग है कि वे ऑटो चालकों की मनमानी से परेशान हैं। आए दिन मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। आज की घटना में जब तक दोषी व्यक्तियों की गिरफ्तारी नहीं होगी और कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, बस नहीं चलेगी। साथ ही, आटो चालकों के लिए उन्होंने बस स्टैंड के अंदर आने से मना करने और उनके लिए अलग से स्टैंड बनाने की मांग की है। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस सहित आरटीओ अधिकारी व तहसीलदार मौके पर पहुंचे और चालकों को शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया, पर चालक जब तक मांग पूरी नहीं होगी, बस का संचालन नहीं करेंगे, इस मांग पर अड़े हैं। बस चालकों के समर्थन में व्यापारी बस चालक संघ के सलीम खान ने कहा कि जब तक ऑटो रिक्शा चालकों के लिए अलग से स्टैंड बनाने के साथ ही उन्हें बस स्टैंड के अंदर आने से मना नहीं किया जाएगा और हमारे साथी चालक पर प्राणघातक हमला करने वाले दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक बस नहीं चलेगी। वहीं बस चालकों की मांग का समर्थन बस संचालकों ने भी किया। साथ ही बस स्टैंड के व्यापारियों ने भी समर्थन दे दिया है।

Leave Your Comment

Click to reload image