"छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू, राज्य में कई जिलों में बदले गए शीर्ष पुलिस अधिकारी"
रायपुर: आज विधानसभा का बजट सत्र प्रारंभ हो रहा है। राज्य शासन ने देर रात करीब दो बजे 24 जिलों के एसपी और 5 रेंज आईजी बदल दिए गए। एनआईए की प्रतिनियुक्ति से वापस लौटे अमरेश मिश्रा रायपुर आईजी बनाए गए हैं। वहीं सीआईडी पुलिस मुख्यालय में पदस्थ संजीव शुक्ला अब बिलासपुर के आईजी होंगे। दुर्ग एसएसपी रामगोपाल अब दुर्ग रेंज के ही प्रभारी आईजी होंगे। वहीं दीपक कुमार झा राजनांदगांव रेंज के प्रभारी आईजी होंगे। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर करीब चार साल से बस्तर में ही पदस्थ आईजी पी. सुंदरराज को नहीं हटाया गया है। बिलासपुर एसपी संतोष कुमार सिंह अब राजधानी की कमान संभालेंगे। वहीं सेनानी छसबल जगदलपुर शशिमोहन सिंह मुख्यमंत्री के गृह जिला जशपुर की कमान संभालेंगे।
सरकार ने 23 जिले के पुलिस कप्तान बदल दिए हैं,। वहीं पिछली सरकार के कोपभाजन के शिकार रहे आईपीएस रजनीश सिंह अब बिलासपुर की कानून- व्यवस्था संभालेंगे। परिवहन आयुक्त एडीजी दीपांशु काबरा को हटा दिया गया है, उन्हें पुलिस मुख्यालय वापस भेज दिया गया है। वहीं जशपुर एसपी डी. रविशंकर को अतिरिक्त परिवहन आयुक्त की महती जिम्मेदारी दी गई है। इससे प्रतीत होता है कि अब परिवहन आयुक्त की जिम्मेदारी कोई आईएएस ही संभालेंगे या परिवहन सचिव एस. प्रकाश को ही परिवहन आयुक्त की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
रायपुर रेंज को दो फाड़ कर दिया गया था- एक में बलौदाबाजार, गरियाबंद धमतरी और महासमुंद जिले को मिलाकर रेंज बनाया गया था, जिसे भूपेश बघेल के पसंदीदा अफसर माने जाने वाले शेख आरिफ देख रहे थे। उन्हें अब पुलिस महानिरीक्षक छसबल, उत्तर क्षेत्र, सरगुजा पदस्थ किया गया है। वहीं दूसरे में केवल रायपुर जिले को रेंज बनाया गया था जिसकी कमान रतनलाल डांगी संभाल रहे थे। उन्हें वापस पुलिस प्रशिक्षण अकादमी चंदखुरी भेज दिया गया है। अब रायपुर के दोनों रेंज को मिलाकर एक कर दिया गया है जिसकी कमान अमरेश मिश्र को दिया गया है। केंद्र में प्रतिनियुक्ति में जाने से पहले अमरेश मिश्रा रायपुर एसएसपी की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
उधर बिलासपुर पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव, दुर्ग आईजी बद्रीनारायण मीणा एवं आईजी खुफिया तंत्र रहे डॉ. आनंद छाबड़ा को पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया गया है। वहीं उत्तर बस्तर डीआईजी छसबल बी.एस. ध्रुव की भी पीएचक्यू में वापसी हुई है। डीआईजी कांकेर बालाजी राव सोमावर एवं डीआईजी छसबल सरगुजा पारुल माथुर को पुलिस मुख्यालय वापस बुलाया गया है। वहीं राजधानी में करीब 3 वर्ष तक नाबाद रहे रायपुर एसएसपी प्रशांत अग्रवाल अब डीआईजी छसबल बस्तर क्षेत्र होंगे। राज्य में महादेव एप्प सट्टा के संचालन में सहयोगी पुलिस अधिकारियों में से वे एक माने जाते हैं।
पीएचक्यू में नक्सल ऑपरेशन देख रहे के.एल. ध्रुव अब डीआईजी कांकेर होंगे। वहीं सदानंद कुमार रायगढ़ से बलौदाबाजार भेजे गए हैं। पिछली सरकार में लंबे समय तक हाशिये पर रहे गिरिजाशंकर जायसवाल अब मुंगेली के पुलिस कप्तान होंगे। इससे पहले तक वे सहायक पुलिस महानिरीक्षक पीएचक्यू थे। पुलिस कप्तान एम. आर. अहिरे सक्ती जिला से सूरजपुर भेजे गए हैं।