निरंतर अभ्यास और मेहनत से अवश्य मिलती है सफलता - विक्रांत
|
19 Dec 2025
दो दिवसीय कबड्डी स्पर्धा के समापन में शामिल हुए जिपं उपाध्यक्ष
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 दिसंबर। खैरागढ़ जिले के ग्राम पंचायत टेकापारकला में आयोजित दो दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह व अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा ने की।
समापन समारोह को संबोधित करते जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि इस प्रकार के ग्रामीण खेल आयोजन से पारंपरिक खेलों को बढ़ावा मिलता है और युवाओं में खेल भावना एवं अनुशासन का विकास होता है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों की सराहना करते कहा कि खेल में जीत-हार दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रतियोगिता में हारने वाली टीमों को निराश न होने की सलाह देते कहा कि निरंतर अभ्यास और मेहनत से सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने युवाओं से खेल के माध्यम से अपने शारीरिक एवं मानसिक विकास पर ध्यान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग में चयनित होने पर ग्राम टेकापारकला के युवा मनीष श्रीवास को मंच पर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि नरेश कुर्रे, संतोष वर्मा, अशोक वर्मा, हेमलाल वर्मा, भागी वर्मा, दुर्गा वर्मा, रामकुमार वर्मा, रामचंद वर्मा, चंद्रेश वर्मा, दिनु नेताम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।आयोजन को लेकर ग्रामवासियों में खासा उत्साह देखा गया।