CM साय आज करेंगे कचना ओवरब्रिज का लोकार्पण… कई मेमू ट्रेनें आज रहेंगी रद्द… जंगल सफारी में जेब्रा शावक की मौत… अघोषित बिजली कटौती से आम जनता परेशान : कांग्रेस…
रायपुर |
22-May-2026
रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज कचना रेलवे ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे. लंब वक्त के बाद ओवरब्रिज शुरू होने से लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी. शाम 5 से 8 बजे तक खम्हारडीह-कचना मार्ग डायवर्ट रहेगा. अनुपम नगर, श्रीराम नगर ओवरब्रिज और बीएसएनएल मार्ग से आवागमन होगा. कचना से खम्हारडीह जाने वाले वाहनों के लिए भी रूट बदला गया. यातायात पुलिस ने रूट डायवर्ट प्लान जारी किया गया है.
अघोषित बिजली कटौती से आम जनता परेशान : कांग्रेस
रायपुर. प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने गुरुवार को एक बयान जारी कर राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती से आम जनता परेशान है. भीषण गर्मी में एक तरफ बिजली कटौती की जा रही है, वहीं मनमाना बिजली बिल भी भेजा जा रहा है. कोई ऐसा दिन नहीं होता है, जब दो-चार घंटों के लिए बिजली बंद न हो, ग्रामीण इलाकों की स्थिति तो भयावह है. सुशील शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार में आम जनता को मांग के अनुसार बिजली नहीं मिल रही है, बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से शहर से लेकर गांव तक की जनता जूझ रही है. उन्होंने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में भी पूरे पांच साल पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए बिजली बिल हाफ योजना का सुचारू संचालन किया, जिसका लाभ प्रदेश के 44 लाख घरेलू उपभोक्ताओं मिला, मगर भाजपा सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया.
गोंदिया यार्ड में मरम्मत के लिए ब्लॉक कई मेमू ट्रेनें रद्द रहेंगी
रायपुर. रेलवे ने यात्रियों को एक बार फिर बड़ा झटका दिया है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के नागपुर मंडल के गोंदिया यार्ड में 21 मई से दो दिन के लिए विशेष ट्रैफिक एवं इंजीनियरिंग ब्लॉक लिया गया है. पॉइंट और स्विच नवीनीकरण कार्य के लिए कुल 8 घंटे 30 मिनट का ब्लॉक निर्धारित किया गया है. इस दौरान 6 घंटे इंजीनियरिंग कार्य, 2 घंटे सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के तकनीकी परीक्षण और 30 मिनट ओएचई जांच के लिए रखे गए हैं. इसके चलते गोंदिया स्टेशन की लाइन नंबर 6 और 7 पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा. वहीं अप दिशा की ट्रेनों का लाइन 7, 8, 9 और 10 से मेन लाइन में प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा.
ये ट्रेने रहेंगी कैंसिल
गाड़ी संख्या 68817 गोंदिया-गढ़ा मेमू पैसेंजर .
गाड़ी संख्या 68818 गढ़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर.
गाड़ी संख्या 68861 गोंदिया–झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर.
गाड़ी संख्या 68862 झारसुगुड़ा–गोंदिया मेमू पैसेंजर 22 और 23 मई 2026 को रद्द रहेगी.
गाड़ी संख्या 68724 गोंदिया–दुर्ग मेमू पैसेंजर.
जंगल सफारी में जेब्रा शावक की मौत
रायपुर. नवा रायपुर के जंगल सफारी में 7 माह के जेब्रा शावक की मौत हो गई. पिछले पांच दिनों से बीमार चल रहे शावक का जंगल सफारी प्रबंधन उपचार करा रहा था, लेकिन गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक शावक को “कोलिक पेन” और खाने में संक्रमण की समस्या हुई थी.
जंगल सफारी प्रबंधन के अनुसार शावक की हालत बिगड़ने के बाद डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही थी. उपचार के दौरान उसे विशेष देखरेख में रखा गया था, लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका. मौत के बाद शावक का पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया. वर्ष 2025 में नर और मादा जेब्रा की एक जोड़ी गुजरात के जामनगर स्थित राधे कृष्णा टेम्पल एलिफेंट वेलफेयर ट्रस्ट से रायपुर जंगल सफारी लाई गई थी. बाद में मादा जेब्रा ने इस शावक को जन्म दिया था. हालांकि 16 मई 2025 को नर जेब्रा की सांप के काटने से मौत हो गई थी. इसके बाद से शावक अपनी मां के साथ ही रह रहा था. बताया जा रहा है कि पांच दिन पहले शावक को भोजन के दौरान संक्रमण हो गया था, जिसके बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई. अब मादा जेब्रा अकेली बच गई है.
कोलिक पेन बीमारी से ग्रसित था
जंगल सफारी प्रबंधन के डायरेक्टर तेजस शेखर ने बताया कि जंगल सफारी में 7 माह का जेब्रा शावक ‘कोलिक – पेन’ नामक बीमारी से ग्रसित था. पिछले पांच दिनों से उसका लगातार उपचार किया जा रहा था. डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी और देखरेख में जुटी हुई थी, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.