CM साय आज राष्ट्रीय आम महोत्सव में होंगे शामिल… रायपुर कांग्रेस जिला कार्यकारिणी की बैठक आज… जल संकट पर निगम दफ्तर का आज होगा घेराव…
रायपुर |
29-May-2026
रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णदेव साय आज कृषि विश्वविद्यालय में आज से शुरू होने वाले राष्ट्रीय आम महोत्सव-2026 में शामिल होंगे. वह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, वह दोपहर 3:50 बजे कृषि विश्वविद्यालय पहुंचेंगे. जहां वे शाम 4 से 5 बजे तक राष्ट्रीय आम महोत्सव-2026 शामिल होंगे. शाम 5:20 बजे वापस मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे.
IGKV में आज से तीन दिवसीय आम महोत्सव
रायपुर. इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में 29 से 31 मई तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव 2026 आयोजित होगा. इसका शुभारंभ 29 मई को शाम 4 बजे राज्यपाल रमेन डेका करेंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे. महोत्सव में देशी-विदेशी आमों की 250 से अधिक किस्मों की प्रदर्शनी लगेगी. इसमें दशहरी, लंगड़ा, अल्फांसो, केसर, मालदा, तोतापरी, आम्रपाली, मल्लिका और मियाजाकी जैसी खास किस्में रहेंगी. तीनों दिनों में आम आधारित कई प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. इनमें आम सजावट, मैंगो क्विज, फैंसी ड्रेस, बोनसाई, मॉडल प्रतियोगिता और आम से बने व्यंजन जैसे अचार, पना, आमरस, जैम व मिठाइयों की प्रतियोगिता शामिल हैं.
रायपुर कांग्रेस जिला कार्यकारिणी की बैठक आज
रायपुर. गांधी मैदान स्थित कांग्रेस भवन में आज जिला कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है. इस अहम जिला कार्यकारिणी बैठक की अध्यक्षता एआईसीसी (AICC) सह-सचिव और रायपुर जिला प्रभारी विजय जांगिड़ करेंगे. बैठक में संगठन के सुदृढ़ीकरण (मजबूती) और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की जाएगी. इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे.
जल संकट पर निगम दफ्तार का घेराव
रायपुर. नगर निगम जोन-1 कमिश्नरी के बंजारी माता वार्ड में 20 और 12 लाख किलोलीटर की दो टंकियां होने के बावजूद पिछले एक साल से यहां पानी की दिक्कत बढ़ गई है. इसका असर बाजू में स्थित यतियतन लाल वार्ड पर भी पड़ने लगा है. रेलवे फाटक के पास स्थित बंधवा तालाब पारा और विजय नगर में निगम की सप्लाई लाइन से पानी नहीं मिलने पर टैंकर से आपूर्ति हो रही है. निगम जोन कमिश्नरी और मुख्यालय में बार-बार सप्लाई लाइन से पानी देने की मांग के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर पूर्व एमआईसी मेंबर और पार्षद नागभूषण राव ने 29 मई को जोन कमिश्नरी घेराव की चेतावनी दी है. उन्होंने बताया कि बंजारी माता वार्ड में ही रामेश्वरनगर, बुनियाद नगर, कमलचौक और केबिन पारा पूरी तरह ड्राईजोन में आ चुका है. यहां सबके घरों में नल कनेक्शन के बावजूद पानी नहीं मिल रहा है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में यह पूरा एरिया टैंकर फ्री हो चुका था. अभी एक साल से यहां फिर टैंकर माफिया का कब्जा हो गया. उन्होंने बताया कि वार्ड की दोनों टंकियों का जलभराव 7 मीटर तक होता है, लेकिन यहां पिछले 15 दिन से सिर्फ 4.8 मीटर ही पानी भर पा रहा है. इसका असर पानी की नियमित सप्लाई पर पड़ने लगा और नागरिक अपने जरूरत का पानी लेने के लिए टैंकर पर आश्रित हो गये. पार्षद राव ने कहा कि अगर टंकियां नहीं भर पा रही तो महापौर मीनल चौबे द्वारा गठित जलबोर्ड समिति के अधिकारी इस ओर ध्यान क्यों नहीं दे रहे हैं. क्या जलबोर्ड केवल नाम का रह गया या फिर बोर्ड के अधिकारियों को काम करने का अधिकार ही नहीं दिया गया. इसका जवाब मांगने नागरिकों के साथ वे शुक्रवार को धरना-प्रदर्शन करेंगे.