छत्तीसगढ़ /

ट्रक से 24 टन अवैध स्क्रैप जब्त

रायगढ़, 8अक्टूबर। रायगढ़ पुलिस द्वारा जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 चक्का ट्रक से करीब 23.880 टन अवैध स्क्रैप जप्त किया है। अति पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गर्देशन एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन पर थाना प्रभारी पूंजीपथरा रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा अवैध कबाड़ परिवहन करने वालों पर लगातार निगरानी रखते हुए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया है। इसी क्रम में 06 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि एक 10 चक्का ट्रक में अवैध स्क्रैप लोड कर रायगढ़ इस्पात प्लांट में अनलोड करने ले जाया जा रहा है। सूचना पर पूंजीपथरा पुलिस टीम ने रायगढ़ इस्पात मेन रोड पर घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ा। वाहन की जांच करने पर उसमें भारी मात्रा में स्क्रैप कबाड़ लोड मिला। पुलिस द्वारा वाहन चालक स्युवीर सिंह पिता गुरूदयाल सिंह (51), निवासी ऐंठापाली, थाना बुडाराजा, जिला संबलपुर, ओडिशा से कबाड़ के संबंध में पूछताछ की गई। चालक द्वारा ग्राम रैमण्ड, संबलपुर से कबाड़ लेकर रायगढ़ इस्पात प्लांट में खाली करने जाना बताया गया, लेकिन कबाड़ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद वाहन में लोड स्क्रैप का कांटा कराया गया, जिसमें कुल 23 टन 880 किलोग्राम स्क्रैप पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 57 हजार है। पुलिस ने अवैध स्क्रैप एवं परिवहन में प्रयुक्त ट्रक को जब्त करते हुए कुल करीब 18 लाख की संपत्ति जप्त की है। मामले में आरोपी स्युवीर सिंह के विरुद्ध धारा 35(क)(5) 303(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

Leave Your Comment

Click to reload image