छत्तीसगढ़ /

हाथियों का उत्पात, फसलों को भारी नुकसान

छत्तीसगढ़ संवाददाता लखनपुर,15 अक्टूबर। सरगुजा जिले में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। लखनपुर वन परिक्षेत्र के कुन्नी सर्कल अंतर्गत ग्राम लिपिंगी और जमदरा में बुधवार की रात हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान हाथियों ने किसानों के खेतों में पहुंचकर खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। फसलों की बर्बादी से किसानों की चिंता बढ़ गई है, वहीं ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। हाथियों का दल उदयपुर वन परिक्षेत्र के कर्म कटरा जंगल से निकलकर लिपिंगी और जमदरा गांव पहुंचा था। यहां हाथियों ने खेतों में विचरण करते हुए फसलों को नुकसान पहुंचाया। उत्पात मचाने के बाद हाथियों का दल वापस उदयपुर वन परिक्षेत्र की ओर लौट गया। क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही और फसलों को हो रहे नुकसान से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों को आशंका है कि हाथियों का दल दोबारा आबादी वाले क्षेत्रों और खेतों की ओर रुख कर सकता है। ऐसे में लोगों को जान-माल के नुकसान की चिंता सता रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि हाथियों के नजदीक जाने, उन्हें घेरने या भगाने का प्रयास न करें। हाथियों की गतिविधियों की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

Leave Your Comment

Click to reload image