मनोरंजन

Main Vapas Aunga का ट्रेलर रिलीज, 12 जून को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म …

 डायरेक्टर इम्तियाज अली (Imtiyaz Ali) की फिल्मों का जादू हमेशा से दर्शकों के सिर चढ़कर बोला है. चाहे फ़िल्म तमाशा हो, रॉकस्टार या फिर अमर सिंग चमकीला. उनकी कहानियां सिर्फ पर्दे पर नहीं चलतीं बल्कि लोगों के दिलों में उतर जाती हैं. वहीं, अब एक बार फिर इम्तियाज अपनी नई फिल्म मैं वापस आऊंगा (Main Vapas Aunga) के साथ दर्शकों को एक इमोशनल और यादगार सफर पर ले जाने के लिए तैयार हैं. फिल्म का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है.




फ़िल्म के कलाकार और कहानी
12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, शरवरी वाघ, वेदांग रैना और नसीरुद्दीन शाह जैसे दमदार कलाकार नजर आने वाले हैं. ट्रेलर की शुरुआत ही एक भावुक माहौल से होती है, जहां दिलजीत दोसांझ का किरदार अपने दादाजी की बिगड़ती हालत के बीच उनकी अधूरी यादों और पुराने रिश्तों की परतें खोलता दिखाई देता है. कहानी में एक ऐसा भावनात्मक मोड़ आता है, जो सीधे भारत-पाकिस्तान बंटवारे के दौर से जुड़ता है.


फिल्म की सबसे खास बात इसकी संवेदनशील कहानी और इम्तियाज अली का कहानी कहने का अंदाज है. ट्रेलर में वेदांग रैना और शरवरी वाघ को बंटवारे से पहले के दौर में दिखाया गया है, जहां प्यार, जुदाई और यादों का दर्द साफ महसूस होता है. ट्रेलर देखकर दर्शकों को कहीं न कहीं लव आजकल की झलक भी देखने को मिली, लेकिन इस बार कहानी में एक बड़ा इमोशनल ट्विस्ट छिपा हुआ है.

सामने आए ट्रेलर में नसीरुद्दीन शाह और दिलजीत दोसांझ की बातचीत और डायलॉग्स लोगों का दिल जीत रहे हैं. दोनों कलाकारों की स्क्रीन प्रेजेंस काफी दमदार नजर आ रही है. खास बात यह है कि फिल्म सिर्फ एक साधारण लव स्टोरी नहीं लगती, बल्कि इसमें रिश्तों, यादों और बिछड़ने के दर्द को बेहद खूबसूरती से दिखाया गया है.

फ़िल्म का गीत- संगीत भी शानदार
फिल्म का संगीत भी इसकी सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है. म्यूजिक की जिम्मेदारी ए. आर.रहमान ने संभाली है, जबकि गीतों को Irshad Kamil ने लिखा है. इम्तियाज और ए.आर. रहमान की जोड़ी पहले भी कई शानदार गाने दे चुकी है और इस फिल्म से भी दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं.

दिलजीत दोसांझ और इम्तियाज अली की यह दूसरी फिल्म है. इससे पहले दोनों अमर सिंग चमकीला में साथ काम कर चुके हैं, जिसे दर्शकों और समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी. अब मैं वापस आऊंगा के जरिए यह जोड़ी फिर से बड़े पर्दे पर भावनाओं और संगीत का जादू बिखेरने के लिए तैयार है.

Leave Your Comment

Click to reload image