"केरल में 24 घंटे में कोरोना के 292 नए मामले, तीन लोगों की मौत; देशभर में कुल 341 मामले, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने की जानकारी"
केरल में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 292 नए मामले सामने आये तथा तीन लोगों की जान चली गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी. मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, बुधवार को सुबह आठ बजे तक देश भर में कोविड-19 के कुल 341 मामले सामने आए, जिसमें से 292 मामले केरल से हैं।
बुधवार सुबह 8:00 बजे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अपडेटेड आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक मरीज केरल में दर्ज किए गए हैं. यहां 292 लोग पॉजिटिव हुए हैं जबकि तमिलनाडु में 13, महाराष्ट्र में 11, कर्नाटक में 9, तेलंगाना और पुद्दुचेरी में 4, दिल्ली और गुजरात में 3 तथा पंजाब और गोवा में एक-एक मामले दर्ज किए गए हैं.
देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़ने के बीच केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों की तैयारियों का जायजा लिया और साथ ही राज्यों से सतर्कता बरतने तथा निगरानी बढ़ाने की अपील की। स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र की ओर से राज्यों को हर प्रकार का सहयोग मिलने का आश्वासन दिया और कहा, ‘‘ हमें सतर्क रहने की जरूरत है, घबराने की नहीं।’’