जम्मू-कश्मीर: आर्टिकल 370 हटाने के बाद पीएम मोदी ने की सबकी मांगों की पूर्ति
श्रीनगर: आज जम्मू-कश्मीर बंदिशों से आजाद है. कांग्रेस और उसके साथियों ने आर्टिकल 370 को लेकर देश को गुमराह किया. उसका फायदा कुछ परिवारों को ही मिल रहा है. जम्मू-कश्मीर को कुछ परिवारों के फायदे के लिए जंजीरों में जकड़ दिया गया था. आज 370 नहीं है तो जम्मू-कश्मीर के युवाओं के काम को पूरा सम्मान मिल रहा है. यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को श्रीनगर में आयोजित अपनी पहली सभा में कही.
जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटने के बाद श्रीनगर के प्रसिद्ध बख्शी स्टेडियम में आयोजित अपनी पहली जनसभा में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह वह कश्मीर है, जिसका बरसों से इंतजार था. हम दशकों से इस नए कश्मीर का इंतजार कर रहे थे. इसी कश्मीर के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बलिदान दिया था.
पीएम मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर सिर्फ एक क्षेत्र नहीं है बल्कि भारत का मस्तक है. विकसित जम्मू-कश्मीर ही विकसित भारत की प्राथमिकता है. एक जमाना था, जब पूरे देश में लागू होने वाले कानून यहां नहीं लागू होते थे. गरीब कल्याण की योजनाएं पूरे देश में लागू होती थीं, लेकिन मेरे कश्मीरी भाई-बहनों को उसका फायदा नहीं मिल पाता था.
पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान से आए शरणार्थी, वाल्मीकि समुदाय के लोगों और सफाई कर्मचारी भाइयों को यहां लाभ नहीं मिल रहे थे. अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों को आरक्षण मिल रहा है और उन्हें सीटों में भी आरक्षण मिल रहा है. पंचायतों में हमने जम्मू-कश्मीर के ओबीसी को आरक्षण दिया है. आज हर वर्ग को उनके अधिकार लौटाए जा रहे हैं.
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज जम्मू-कश्मीर पर्यटन के सारे रिकॉर्ड तोड़ रहा है. अकेले 2023 में ही यहां 2 करोड़ लोग आए थे. यही नहीं उन्होंने सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर को 2 एम्स मिलने जा रहे हैं. यहां से तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन हो रहा है. पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले समय में जम्मू-कश्मीर की सक्सेस स्टोरी पूरी दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी.
कश्मीर पहुंचते ही शंकराचार्य हिल को किया नमन
पीएम मोदी ने श्रीनगर पहुंचते ही शंकराचार्य हिल्स कों प्रणाम किया. शंकराचार्य हिल्स श्रीनगर के बीचों-बीच स्थित है. इस पर शंकराचार्य मंदिर बना हुआ है. इसकी स्थापना सैकड़ों साल पहले शंकराचार्य ने कश्मीर पहुंचकर की थी. पीएम मोदी ने श्रीनगर दौरे पर करीब 6,400 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया. पीएम नरेंद्र मोदी ने इसके साथ स्थानीय सामग्री की एक प्रदर्शनी का भी दौरा किया.