देश-विदेश

UK General Election 2024 LIVE: ब्रिटेन में कीर स्टार्मर सरकार, लेबर पार्टी की सीटें 395 पार, ऋषि सुनक ने स्वीकार की हार

 UK General Election 2024 LIVE: ब्रिटेन आम चुनाव के वोटों की गिनती जारी है। उम्मीदों के अनुरूप मुख्य विपक्षी लेबर पार्टी (Labour Party) प्रचंड जीत की ओर बढ़ रही है। शुरुआती नतीजों में लेबर पार्टी 395 सीटें जीत चुकी हैं। जबकि सत्तारूढ़ ऋषि सुनक (Rishi Sunak) की कंजर्वेटिव पार्टी (Conservative Party) अभी तक सिर्फ 103 सीटें ही जीत पाई है। लिबरल डेमोक्रेट्स ने अभी तक 32 सीटों, स्कॉटिश नेशनल पार्टी ने चार सीटों और रिफॉर्म यूके ने चार सीटों पर जीत दर्ज की है। लेबर पार्टी से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार कीर स्टार्मर (keir starmer) भी लंदन (London) की होलबोर्न और सेंट पैनक्रास सीट पर जीत दर्ज कर चुके हैं। अभी तक 650 सीटों में से 588 सीटों पर नतीजों का ऐलान किया जा चुका है।


इधर प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने आम चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बीच अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने इस हार की खुद जिम्मेदारी ली है। उन्होंने कहा कि मैं इस हार की जिम्मेदारी लेता हूं और किएर स्टार्मर को जीत की बधाई देता हूं।

इससे पहले गुरुवार को सुबह 7 बजे (भारतीय समयानुसार 11:30 बजे) 40 हजार पोलिंग सेंटर्स पर वोटिंग शुरू हुई थी। रात 10 बजे (भारतीय समयानुसार 2:30 बजे) वोटिंग खत्म होने के कुछ देर बाद एग्जिट पोल के नतीजे सामने आए। इसमें भारतवंशी सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी की करारी हार का अनुमान लगाया गया है।

जीत के बाद स्टार्मर बोले- यह दिखावे की राजनीति का अंत

लंदन की होलबोर्न और सेंट पैनक्रास सीट पर जीत दर्ज करने के बाद कीर स्टार्मर ने कहा, “मैं अपने चुनाव क्षेत्र में रह रहे हर एक नागरिक के हित में काम करूंगा। मैं सभी की आवाज बनूंगा। देश की जनता अब बदलाव के लिए तैयार है। यह दिखावे की राजनीति का अंत है। ये जनता का लोकतंत्र है, उन्होंने वोट दिया। अब हम उनकी बदलाव लाकर दिखाएंगे।

कंजर्वेटिव पार्टी 14 साल से सत्ता में

PM ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी बीते 14 सालों से सत्ता में रही। हालांकि, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में लगातार उथल-पुथल की स्थिति बनी हुई थी। कंजर्वेटिव पार्टी ने पिछले 5 सालों में 4 बार प्रधानमंत्री बदला है। न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव परिणाम से पहले गुरुवार को लंदन के शेयर बाजार और पाउंड में डॉलर के मुकाबले बढ़त दर्ज की गई। इसकी वजह कंजर्वेटिव पार्टी की हार का अनुमान बताया जा रहा है।

भारत के लिए यूके इलेक्शन महत्वपूर्ण क्यों?

भारत और ब्रिटेन दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ावा देने के लिए दो साल से अधिक समय से प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर बातचीत कर रहे हैं। लेबर पार्टी की प्रचंड जीत से दोनों देशों के बीच एफटीए पर चल रही वार्ता के डायनामिक्स में बदलाव आ सकता है। यदि सर्वेक्षण सटीक होते हैं, तो अन्य यूरोपीय देशों की तरह ब्रिटेन में भी वर्तमान सरकार बदल जाएगी। बता दें कि कोविड महामारी और यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के कारण उत्पन्न संकट के बाद कई यूरोपीय देशों में हुए चुनाव में सत्ता परिवर्तन देखने को मिला है। एग्जिट पोल के आंकड़े ब्रिटेन में भी यह चलन कायम रहने के संकेत देते हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image