देश-विदेश

INS ब्रह्मपुत्र में मरम्मत के दौरान लगी आग, समुद्र में एक तरफ झुका जहाज, जूनियर नाविक लापता

 मुंबई। नौसेना डॉकयार्ड में नौसेना की एक युद्धपोत में मरम्मत के दौरान आग लग गई। नौसेना ने कहा कि एक जूनियर नाविक लापता है, जिसकी खोजबीन जारी है वहीं अन्य सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि मुंबई नौसेना डॉकयार्ड में युद्धपोत आईएनएस ब्रह्मपुत्र में रविवार शाम मरम्मत के दौरान आग लग गई और जहाज एक तरफ झुक गया।



नौसेना प्रवक्ता ने कहा कि जहाज के दल ने मुंबई नौकादुर्ग और बंदरगाह के दूसरे जहाजों के दमकल कर्मचारियों की मदद से सोमवार सुबह तक आग पर काबू पा लिया था। इसके बाद दोपहर में जहाज एक तरफ झुकने लगा। सभी कोशिशों के बावजूद, जहाज को सीधा नहीं किया जा सका। जहाज अपने बर्थ के साथ आगे की ओर झुकता रहा और अब एक तरफ पड़ा हुआ है।

नौसेना ने कहा, एक जूनियर नाविक को छोड़कर सभी कर्मचारियों का पता चल गया है, नाविक की तलाश जारी है। भारतीय नौसेना ने दुर्घटना की जांच के लिए एक जांच का आदेश दिया है।


नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने घटना से रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को अवगत कराया है. राजनाथ सिंह ने इस घटना में हुए नुकसान पर चर्चा की और लापता नाविक के सकुशल होने की प्रार्थना की.

आईएनएस ब्रह्मपुत्र स्वदेशी रूप से निर्मित ‘ब्रह्मपुत्र’ कैटेगरी के गाइडेड मिसाइल फ्रिगेट में पहला जहाज है। इसे अप्रैल 2000 में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था। इस जहाज में 40 अधिकारी और 330 नाविक हैं।

जहाज में मध्यम दूरी, छोटी दूरी और एंटी-एयरक्राफ्ट तोपें, सतह से सतह और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें और टॉरपीडो लांचर लगे हैं। जहाज में समुद्री युद्ध के सभी पहलुओं को कवर करने वाले कई सेंसर लगे हैं और यह सीकिंग और चेतक हेलीकॉप्टरों को ऑपरेट करने में सक्षम है।
 

Leave Your Comment

Click to reload image