पुतिन ने 'शैतान-2' मिसाइल तैनात करने का दिया आदेश, अमेरिका-यूक्रेन को परमाणु हमले की चेतावनी,
28-Nov-2024
मॉस्को: रूस और यूक्रेन के युद्ध के बीच पुतिन का एक और कदम फिर दुनिया को डराने लगा है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कथित तौर पर RS-28 सरमत मिसाइल को युद्ध के लिए तैयार करने का आदेश दिया है। आम बोलचाल की भाषा में इस खतरनाक मिसाइल को 'शैतान-2' भी कहा जाता है। यह दुनिया का सबसे घातक हथियार है जो 25556 किमी तक हमला कर सकता है। अपने साथ यह कई परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है, जो इसे दुनिया के लिए बड़ा खतरा बनाता है।
यह घोषणा रूस की सरकारी समाचार एजेंसी TASS के जरिए की गई। यह दिखाता है कि टेस्टिंग में विफलताओं और देरी के बावजूद मिसाइल को तैनात करने का प्रयास हो रहा है। अमेरिका और यूक्रेन को यह परमाणु युद्ध की सीधी चेतावनी है। रूस के सामरिक मिसाइल बलों के प्रमुख कर्नल-जनरल सर्गेई कराकायेव ने पुष्टि की कि सरमत मिसाइल को देश के शस्त्रागार में जोड़ने के लिए काम चल रहा है।
उन्होंने कहा, 'अब तक, पांचवीं पीढ़ी के यार्स और एवांगार्ड मिसाइल सिस्टम को रणनीतिक मिसाइल बलों में पेश किया गया है। लड़ाकू ड्यूटी पर तरल-ईंधन वाली सुपर-हैवी सरमत मिसाइल को जोड़ने का काम जारी है।'
यूक्रेन पर किया था बड़ा हमला
इस घटनाक्रम की टाइमिंग यूक्रेन युद्ध में उल्लेखनीय वृद्धि के साथ मेल खाता है। पिछले सप्ताह ही रूस ने यूक्रेन के नीप्रो शहर पर हमले के लिए एक अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की थी, जिससे इस संघर्ष में एक नाटकीय मोड़ आ गया। कथित तौर पर यह हमला यूक्रेन की ओर से लंबी दूरी के मिसाइल हमलों के जवाब में किया गया था। वहीं रूसी रक्षा मंत्रालय ने पश्चिम को डरावनी चेतावनी देते हुए कहा कि जवाबी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
शैतान-2 कितनी खतरनाक?
शैतान-2 एक अंतरमहाद्वीपीय मिसाइल है। इसका आकार 14 मंजिल इमारत के बराबर है, जिसमें 750 किलोटन के 10 परमाणु हथियार ले जाने की क्षमता है। यह इसे दुनिया का सबसे विनाशकारी हथियार बनाता है। 25556 किमी तक यह हमला करने में सक्षम है। हालांकि इस मिसाइल को बनाने में रूस पूरी तरह एक्सपर्ट नहीं है। सितंबर में ली गई सैटेलाइट तस्वीरों में शैतान लॉन्च साइट पर एक विशाल गड्ढा दिखाई दिया था। यह एक असफल परीक्षण के कारण माना जा रहा है।