अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप(Donald Trump) ने घोषणा की है कि इस वर्ष दक्षिण अफ्रीका में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में अमेरिका का कोई भी आधिकारिक प्रतिनिधि हिस्सा नहीं लेगा। ट्रंप ने आरोप लगाया कि दक्षिण अफ्रीका में श्वेत किसानों के साथ भेदभाव किया जा रहा है और इसी कारण उनकी सरकार इस सम्मेलन में भागीदारी नहीं करेगी। ट्रंप पहले ही स्पष्ट कर चुके थे कि वे स्वयं इस सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे। पहले यह संभावना जताई गई थी कि उनकी जगह उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर सकते हैं, लेकिन अब इस विकल्प को भी खारिज कर दिया गया है।
ट्रंप के इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। दक्षिण अफ्रीका ने अमेरिकी आरोपों को पहले भी आधारहीन बताते हुए कहा था कि उसके यहां सभी समुदायों के अधिकार और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कानून और व्यवस्थाएँ मौजूद हैं।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, “यह बहुत ही अपमानजनक है कि जी-20 सम्मेलन दक्षिण अफ्रीका में हो रहा है।” इसके बाद बुधवार को मियामी में ‘अमेरिका बिजनेस फोरम’ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा “मैं नहीं जा रहा हूं। दक्षिण अफ्रीका में जी-20 की बैठक है। दक्षिण अफ्रीका को जी-20 में ही नहीं होना चाहिए क्योंकि वहां जो हुआ है वह बहुत बुरा है। मैंने उन्हें बता दिया है कि मैं नहीं आ रहा हूं। मैं वहां अपने देश का प्रतिनिधित्व नहीं करने वाला।”
दक्षिण अफ्रीका ने 1 दिसंबर 2024 को एक वर्ष के लिए जी-20 की अध्यक्षता संभाली है। इसी कड़ी में वह 22 और 23 नवंबर को जोहानिसबर्ग में समूह के देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों की शिखर बैठक की मेज़बानी करेगा। यह अवसर इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पहली बार जी-20 शिखर सम्मेलन अफ्रीकी महाद्वीप पर आयोजित होने जा रहा है। इससे पहले भारत ने दिसंबर 2022 से नवंबर 2023 तक जी-20 की अध्यक्षता की थी और सितंबर 2023 में नई दिल्ली में 18वें जी-20 शिखर सम्मेलन का सफलतापूर्वक आयोजन किया था।
जी-20 दुनिया की प्रमुख विकसित और उभरती अर्थव्यवस्थाओं का समूह है। इसके सदस्य हैं अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राज़ील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, ब्रिटेन और अमेरिका, साथ ही यूरोपीय संघ और अफ्रीकी संघ भी इसका हिस्सा हैं।
दक्षिण अफ्रीका ने 1 दिसंबर 2024 को एक वर्ष के लिए जी-20 की अध्यक्षता ग्रहण की है। शिखर सम्मेलन 22–23 नवंबर को जोहानिसबर्ग में आयोजित होगा। यह पहली बार है कि जी-20 शिखर बैठक अफ्रीकी धरती पर हो रही है। भारत ने दिसंबर 2022 से नवंबर 2023 तक जी-20 की अध्यक्षता की थी और सितंबर 2023 में नई दिल्ली में शिखर सम्मेलन की मेज़बानी की थी, जिसमें तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन शामिल हुए थे। इसी अवधि में अफ्रीकी संघ को जी-20 का स्थायी सदस्य भी बनाया गया था. जिसे भारत की अध्यक्षता के दौरान एक महत्वपूर्ण वैश्विक उपलब्धि माना गया।