खेल

Asia Cup 2025 Prize Money: खिताब जीतकर मालामाल हुई भारतीय टीम, पाकिस्तान टीम पर भी करोड़ों की बारिश

  भारत ने संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित टी20 एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को 5 विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत नौवीं बार एशिया कप (दूसरी बार टी20 एशिया कप) का चैंपियन बना है। खिताब जीतने के साथ ही भारतीय टीम पर पैसों की भी बारिश हुई, जबकि फाइनल में हारने के बावजूद पाकिस्तान टीम को भी मोटी रकम मिली है।



भारतीय टीम को कितनी मिली प्राइज मनी
टी20 एशिया कप 2025 की विजेता टीम इंडिया को 300,000 अमेरिकी डॉलर (करीब ₹2.6 करोड़) की इनामी राशि मिली। वहीं, उपविजेता पाकिस्तान टीम को भी 150,000 अमेरिकी डॉलर (करीब ₹1.3 करोड़) की रकम दी गई। इस बार की प्राइज मनी पिछली बार की तुलना में लगभग 50% ज्यादा है।

पिछली बार कितनी थी प्राइज मनी?
एशिया कप आखिरी बार साल 2022 में टी20 फॉर्मेट में खेला गया था, जब श्रीलंका ने पाकिस्तान को फाइनल में हराकर खिताब जीता था। तब चैंपियन टीम को 200,000 डॉलर (करीब ₹1.6 करोड़) और उपविजेता पाकिस्तान को 100,000 डॉलर (करीब ₹80 लाख) मिले थे। इसके बाद 2023 के एशिया कप (ODI फॉर्मेट) में भारत को 150,000 डॉलर (1.24 करोड़ रुपये), जबकि, उपविजेता टीम श्रीलंका को 75,000 डॉलर (62.31 लाख रुपये) की राशि दी गई थी।


एशिया कप की विजेता टीमें
साल विजेता उप-विजेता फॉर्मेट मेजबान देश
1984 भारत श्रीलंका वनडे यूएई
1986 श्रीलंका पाकिस्तान वनडे श्रीलंका
1988 भारत श्रीलंका वनडे बांग्लादेश
1990–91 भारत श्रीलंका वनडे भारत
1995 भारत श्रीलंका वनडे यूएई
1997 श्रीलंका भारत वनडे श्रीलंका
2000 पाकिस्तान श्रीलंका वनडे बांग्लादेश
2004 श्रीलंका भारत वनडे श्रीलंका
2008 श्रीलंका भारत वनडे पाकिस्तान
2010 भारत श्रीलंका वनडे श्रीलंका
2012 पाकिस्तान बांग्लादेश वनडे बांग्लादेश
2014 श्रीलंका पाकिस्तान वनडे बांग्लादेश
2016 भारत बांग्लादेश T20I बांग्लादेश
2018 भारत बांग्लादेश वनडे यूएई
2022 श्रीलंका पाकिस्तान T20I श्रीलंका
2023 भारत श्रीलंका वनडे पाकिस्तान/श्रीलंका
2025 भारत पाकिस्तान T20I यूएई
साल 1983 में हुई थी एशिया कप की स्थापना
एशियन क्रिकेट कॉउंसिल (एसीसी) द्वारा आयोजित, एशिया कप की स्थापना साल 1983 में हुई थी और एक साल बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शारजाह में पहली बार इस टूर्नामेंट को आयोजित किया गया था। एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले 12 संस्करण 50 ओवरों के एकदिवसीय फॉर्मेट में खेले गए थे, लेकिन 2016 से यह टूर्नामेंट एकदिवसीय और T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के बीच बारी-बारी से खेला जाता रहा है।

भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान जैसी महाद्वीपीय टीमों के अलावा, हांगकांग, चीन, संयुक्त अरब अमीरात और नेपाल जैसे एसोसिएट नेशंस भी पहले एशिया कप में हिस्सा ले चुके हैं।

श्रीलंका ने सबसे ज्यादा बार खेला है एशिया कप
श्रीलंका के नाम सबसे अधिक एशिया कप में खेलने का रिकॉर्ड है, जिसने अब तक सभी 16 संस्करणों में हिस्सा लिया है। भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश ने 15-15 बार एशिया कप में शिरकत की है, जबकि अफगानिस्तान ने चार बार टूर्नामेंट में हिस्सा लिया है।

एशिया कप की सबसे सफल टीम है भारत
कप्तान सुनील गावस्कर के नेतृत्व में भारत ने 1984 में पहला एशिया कप जीता था – यह तीन टीमों का टूर्नामेंट था जिसमें पाकिस्तान और श्रीलंका अन्य टीमें थीं। भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप की सबसे सफल टीम भी है, जिसने 17 संस्करणों में से 9 बार खिताब जीता है। भारत ने टूर्नामेंट के पहले पांच संस्करणों में से चार जीते और 1988 से 1995 के बीच लगातार तीन एशिया कप खिताब जीतने वाली एकमात्र टीम भी है।

श्रीलंका प्रतियोगिता में दूसरी सबसे सफल टीम है, जिसने छह बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है, जबकि पाकिस्तान दो खिताबों के साथ तीसरे स्थान पर काबिज है। बांग्लादेश 2012, 2016 और 2018 में तीन बार उपविजेता रहा है। इस बीच, श्रीलंका सात बार एशिया कप में उपविजेता रहा है जो किसी भी टीम द्वारा सबसे अधिक है।
 

Leave Your Comment

Click to reload image