छत्तीसगढ़
वीर बाल दिवस अदम्य साहस श्रद्धा और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक-किरण सिंह देव
छत्तीसगढ़ संवाददाता
जगदलपुर, 26 दिसंबर। वीर बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि गुरु गोविन्द सिंह जी के पुत्रों ने धर्म, संस्कृति की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी।
वे अताताइयों के आगे अपने सिद्धांतों से झुके नहीं। इतिहास गवाह है कि इतनी छोटी सी उम्र में उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दे कर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। देश उनकी शहादत का ऋणी है। उन्होंने ने कहा कि साहिबजादे जोरावर सिंह जी और साहिबजादे फतेह सिंह जी ने 1705 में अपनी सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय दे अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया। विदित हो भारतीय जनता पार्टी द्वारा सिखों के 10 वें गुरु गोविन्द सिंह जी के छोटे पुत्रों की शहादत को प्रति वर्ष वीर बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।
इसी तारतम्य मे भाजपा जिला कार्यालय में वीर पुत्रों को श्रद्धांजलि देते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि छोटे से बालकों को अताताइयों ने तलवार के बल पर झुकाना चाहा पर वे अपने प्रयास में सफल नहीं हो पाए।
उन्होंने बालकों को दीवार पर चुनवा दिया, किन्तु उन्हें धर्म और संस्कृति से डिगा नहीं पाए। सिख समाज के अध्यक्ष अमरीक सिंह ने कहा 1705 का युद्ध भारत के साहस और मान्यताओं की अडिगता का परिचय है, जब गुरु गोविन्द सिंह जी के छोटे पुत्रों ने युद्ध भूमि पर अदम्य साहस का परिचय दिया। उनके दो पुत्र साहिबजादे अजित सिंह और साहिबजादे जोरार सिंह युद्ध के दौरान वीर गति को प्राप्त हुए और साहिब जादा जोरावर सिंह और साहिब जादा फतेह सिंह आक्राँताओं के द्वारा दीवार पर चुनवा दिए गए, किन्तु उन्होंने धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर अपने प्राणों की आहुति दी, किन्तु अपने सिद्धातों से विमुख नहीं हुए। इस दौरान वीर बालकों के रूप में प्रिया पटवा,पीहू बघेल, दीपा बघेल, श्लोक दास, जया नाथ, ज्योति पटवा, नूपुर दास मोनू देवांगन के मार्गदर्शन में प्रस्तुति दी। कार्यक्रम को भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डे एवं सुरेन्द्र सिंह गिल ने भी सम्बोधित किया।
इस दौरान कार्यक्रम के संयोजक अतुल सिम्हा एवं सह संयोजक अवधेश सिंह गौतम सहित विद्या शरण तिवारी, श्रीनिवास मिश्रा, महापौर संजय पांडे, परिस राम बेसरा, नरसिंह राव, राजपाल कसेर, रोहित त्रिवेदी, सुरेश गुप्ता, संग्राम सिंह राणा, सफीरा साहू, प्रकाश झा, शशिनाथ पाठक, सुधा मिश्रा, माहेश्वरी ठाकुर, प्रमिला कपूर, ममता राणा, बिजली वैध, विपिन मालवीय, दिनेश केजी, ब्रिजेश शर्मा,राजा यादव, सुरेश मिश्रा आदि सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इंदिरा आवास का झांसा, महिला के सोने के जेवर लेकर ठग फरार
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 27दिसंबर।इंदिरा आवास योजना के नाम पर दो लाख रुपये दिलाने का लालच देकर एक महिला से सोने के जेवर ठग लिए गए। ठग ने भरोसा जीतकर महिला को बाइक में घुमाया और अगले दिन पैसे मिलने की बात कहकर जेवर लेकर फरार हो गया। दूसरे दिन उसके नहीं आने पर ठगी का खुलासा हुआ।
सीपत क्षेत्र के पंधी गांव में रहने वाली जानकी भट्ट (61)रोजी-मजदूरी कर जीवन यापन करती हैं। वह अपनी ननद के घर कवर्धा गई थीं। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे वह कवर्धा से बिलासपुर पहुंचीं और महाराणा प्रताप चौक के पास सीपत जाने वाली बस का इंतजार कर रही थीं।
इसी दौरान एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति उनके पास आया और कहा कि उनका इंदिरा आवास स्वीकृत हो गया है तथा दो लाख रुपये मिलने हैं। उसने तहसील के पास स्थित बैंक से रकम मिलने की बात कहते हुए महिला को बाइक में बैठा लिया। उसके साथ एक युवक भी मौजूद था।
तहसील के पास पहुंचकर आरोपी ने किसी मैडम को फोन लगाने का नाटक किया और कहा कि अगले दिन पैसे मिल जाएंगे। इसके बाद उसने अमानत के तौर पर कुछ रखने को कहा। जब महिला ने पैसे न होने की बात कही,तो ठग ने उनके गले और कान में पहने सोने के जेवर मांग लिए। भरोसे में आकर महिला ने सोने की माला उसे सौंप दी। जेवर लेते ही आरोपी वहां से चला गया।
अगले दिन ठग के नहीं आने पर महिला ने परिजनों को बताया और ठगी का अहसास हुआ। शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस महाराणा प्रताप चौक और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है,ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
अटल बिहारी वाजपेयी को किया याद
रामानुजगंज, 25 दिसंबर। रामानुजगंज स्थित अटल चौक में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, आदर्शों, राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान तथा उनकी राजनीतिक दूरदर्शिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने वाजपेयी द्वारा बताए गए मार्गों पर चलने का संकल्प लिया और कहा कि उनका व्यक्तित्व, सरलता एवं समाज सेवा की भावना आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
युवा कांग्रेस ने पीएम का पुतला फूंका
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजपुर,25 दिसंबर। छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के आह्वान पर बलरामपुर जिला के राजपुर में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष बृजेश यादव के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के द्वारा भिलाई और छत्तीसगढ़ के संसाधनों को बचाने के चल रहे सत्याग्रह के समर्थन और केंद्र सरकार के तानाशाही फैसले के विरोध में किया गया।
जिलाध्यक्ष बृजेश यादव ने कहा- हम केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि वह तुरंत इस निजीकरण की प्रक्रिया को रोकें और भिलाई के स्कूल और मैत्री बाग को निजी हाथों में सौंपने का निर्णय वापस लें। हम छत्तीसगढ़ की जनता से अपील करते हैं कि वे इस संघर्ष में हमारे साथ खड़े हों और अपने अधिकारों की रक्षा करें। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस और पुलिस के बीच काफ़ी झूमा झूटकी हुई।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव नीरज तिवारी, विधानसभा अध्यक्ष दीपक बुनकर पूर्व एनसयूआई जिलाध्यक्ष रुपेश यादव जनपद सदस्य अमीन शाय,पिंटू यादव,अलोक,युवा नेता अंकित मिंज, राहुल भारती, हेमंत यादव, देवा,जैद हसन, अभिजीत भारती एव अन्य युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में विहिप-बजरंग दल का प्रदर्शन, पुतला फूंका
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रामानुजगंज, 25 दिसंबर। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के तत्वावधान में बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचार के विरोध में रामानुजगंज में एक प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान लरंगसाय चौक में बांग्लादेश सरकार का पुतला दहन किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ हो रही घटनाओं को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। उनका आरोप था कि वहां हिंदू समुदाय के लोगों, धार्मिक स्थलों और संपत्तियों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने इन घटनाओं को मानवाधिकार उल्लंघन बताया।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष जस्सू केसरी ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं से जुड़ी घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर भारत सरकार को ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खंड कार्यवाह विमल किशोर दुबे सहित विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें आशीष चौबे, सुशील मेहरा, सूरज कश्यप, नेहाल कश्यप, सच्चिन पासवान, रंजन शर्मा, प्रहलाद यादव, आकाश ठाकुर, विकास गुप्ता, आनंद विश्वकर्मा, रौनक गुप्ता, सुमेर सिंह, विशाल राम और सनी दास के नाम शामिल हैं। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा।
भाजपा सरकार की विफलता छिपाने के लिए कराया गया बंद-बालकृष्ण पाठक
अंबिकापुर, 25 दिसंबर। कांकेर की घटना को लेकर सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि कांकेर की घटना प्रदेश की भाजपा सरकार की विफलता का परिणाम है और इसी विफलता को छिपाने के लिए भाजपा द्वारा चेहरा बदलकर अराजकता पूर्ण बंद कराया गया।
उन्होंने कहा कि शहर में शांतिपूर्वक व्यापार कर रहे कई व्यापारियों ने बताया है कि बंद समर्थकों द्वारा दुकाने बंद कराने के दौरान अभद्रता की गई, जो अत्यंत खेदजनक है।
पाठक ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी लोभ, दबाव या धोखे से होने वाले किसी भी प्रकार के धर्मांतरण के सदैव खिलाफ रही है। लेकिन वर्तमान सरकार ऐसे धर्मांतरण पर रोक लगाने के बजाय अपने चेहरे बदलकर समाज में वैमनस्य फैलाने का कार्य कर रही है, जो स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सद्भाव बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और सरकार को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में गंभीर प्रयास करने चाहिए।
प्रभु यीशु के जन्म पर महा गिरजाघर में विशेष प्रार्थना सभा, मसीही समाज में उत्साह
क्रिसमस जागरण एक साधारण जागरण नहीं है, यह एक अद्भुत व अनोखा जागरण है-बिशप डॉ. अंतोनिस बड़ा
छत्तीसगढ़ संवाददाता
अम्बिकापुर, 25 दिसंबर। प्रभु यीशु के जन्म क्रिसमस के शुभ अवसर पर अंबिकापुर के नवापारा स्थित बेदाग ईश माता महा गिरजाघर में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। रात्रि 9 बजे से समस्त धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हुए, जो देर रात तक चले। रात्रि 12 बजे यीशु के जन्म के साथ ही चर्च के घंटे बज उठे।
जन्म पर्व के अवसर पर विशेष रूप से सजाए गए महागिरिजा घर में चरनी आशीष के सांथ धार्मिक अनुष्ठान की शुरुवात हुई। सरगुजा धर्म प्रान्त के धर्माध्यक्ष बिशप डॉ. अंतोनीस बड़ा की अगुवाई में पल्ली पुरोहित फादर जार्ज ग्रे कुजूर ने समस्त धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न कराई।
इस अवसर पर समुदाय को संबोधित करते हुए अपने संदेश में बिशप डॉ. अंतोनिस बड़ा ने कहा कि इस वर्ष का क्रिसमस जागरण एक साधारण जागरण नहीं है, यह एक अद्भुत एवं अनोखा जागरण है। आज हम यीशु के 2025वां वर्षगांठ मना रहे हैं,हम ईश्वर को धन्यवाद देते हैं कि उसने हम मानव को बचाने के लिए पाप के जाल से छुड़ाकर स्वर्ग ले जाने के लिए अपने इकलौते बेटे यीशु को कुंवारी माता के द्वारा इस संसार में भेजा। अत: ख्रीस्त जयंती सारी मानव जाति के लिए प्रेम शांति आनंद का पर्व है। आइये इस समारोह में सहभागी होने के लिए हमने आपको तैयार करें और सारे गुनाहों के लिए माफी मांगे और अपने मन को शुद्ध करें। इस क्रम में आगे सुसमाचार का वाचन भी किया गया।
इस दौरान पारा टोला से आये समाज के समाज के लोगों ने पवित्र बाइबिल पाठ का वाचन किया गया। पहला पाठ का वाचन कुंती एक्का भगवानपुर व दूसरे पाठ का वाचन डेविड एक्का ने पवित्र पाठ का वाचन कर यीशु के संदेशों को दिया।
रात्रि प्रार्थना सभा के दौरान फा.अनुरंजन व फ़ा जॉन जयसवाल की अगुवाई में युवक-युवतियों के द्वारा अनुष्ठान के बीच-बीच में भक्तिमय गीतों से ऐसा समा बांधा कि लोग भक्तिमय गीतों में रम गए।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में परम प्रसाद का वितरण व बालक यीशु का चुंबन किया गया । बड़े बुजुर्गों के लिए घर में बैठ कर लाइव प्रसारण केमाध्यम से धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने की नि:शुल्क व्यवस्था जेरीन जोसेफ ने उपलब्ध कराई थी।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व महापौर डॉ.अजय तिर्की, फ़ा.थेओडोर लकड़ा, फा.ज्ञान लकड़ा, फा.पीटर, फ्रांसिस केरकेट्टा, अलीशा अंशु बड़ा, रुबेन तिग्गा,डेविड एक्का,संतोषकिस्पोट्टा,राजेन्द्र तिग्गा,हॉली क्रास,उर्सुलाइन, संतअन्ना,मिशनरीज आफ चैरिटी सिस्टर्स व बड़ी संख्या में गणमान्य व मसीही समाज के लोग मौजूद थे।
पूर्व महापौर डॉ. तिर्की को सैकड़ों लोगों ने दी बधाई
क्रिसमस पर्व पर पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की के घर पहुंचकर सैकड़ों लोगों ने क्रिसमस पर्व की उन्हें शुभकामनाएं दी। इस दौरान अजय तिर्की ने सभी को केक व विभिन्न प्रकार के मिष्ठान खिलाकर उनका स्वागत किया। कांग्रेस के युवा नेता राधे अग्रवाल, अभिनव पांडे सहित उनके सैकड़ों समर्थक श्री तिर्की को पुष्पगुच्छ देकर क्रिसमस पर्व की बधाई दी।
नाली निर्माण का विरोध, सांसद ने जायजा लेकर लोगों को दिया आश्वासन
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजपुर, 24 दिसंबर। नगरीय क्षेत्र में एनएच 343 पर हो रहे नाली निर्माण को लेकर नागरिकों के विरोध के बाद सरगुजा सांसद चिंतामणि महराज ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने महामाया हीरो शो रूम से रेस्ट हाउस तक पैदल चलकर एनएच विभाग द्वारा बनाये जा रहे नाली का निरीक्षण किया।
राजपुर नगर के कुछ लोगों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाए जा रहे नाली को ऊँचाई को लेकर आपत्ति दर्ज की जा रही है कि बन रहे नाली के कारण उनके घर काफी नीचे हो जा रहा है जिससे उनका व्यापार प्रभावित होगा, वहीं घरों के पानी का भी निकासी नहीं हो पाएगा।
नगरवासियों के विरोध के बाद सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज सहित राष्ट्रीय राजमार्ग के ईई एसडीओ, सब इंजीनियर एवं ठेकेदार ने नगरवासियों से बातचीत की। सरगुजा सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों से उनकी ड्राइंग डिजाइन की जानकारी ली तथा अधिकारियों से नाली की ऊंचाई को लेकर आवश्यक चर्चा की।
करीब दो घंटे तक सरगुजा सांसद चिंतामणि महराज ने रेस्ट हाउस में राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों व नगरवासियों के चर्चा के बाद नगरवासियों को यह आश्वासन दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के उच्च अधिकारियों से नाली की ऊंचाई को लेकर चर्चा की जाएगी और संभव होगा तो नाली की ऊंचाई कम की जाएगी।
सरगुजा सांसद चिंतामणि महराज ने ठेकेदार से दो दिनों के लिए नाली निर्माण कार्य रोकने के निर्देश देते हुए कहा कि दो दिन में राष्ट्रीय राजमार्ग के उच्च अधिकारियों से चर्चा के पश्चात नाली निर्माण का काम प्रारंभ करें।
बच्चों को पढ़ाते-पढ़ाते रचा इतिहास, केबीसी की हॉट सीट तक पहुंचीं सरगुजा की शिक्षिका विभा चौबे
छत्तीसगढ़ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 दिसंबर। सरगुजा जिले की शिक्षिका विभा चौबे ने अपने ज्ञान, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। वे देश के लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) की हॉट सीट तक पहुंचने वाली सरगुजा जिले की पहली महिला तथा छत्तीसगढ़ की पहली महिला शिक्षिका बन गई हैं। शो के जारी प्रोमो के अनुसार वे 31 दिसंबर और 1 जनवरी को महानायक अमिताभ बच्चन के सामने बैठकर खेलती नजर आएंगी।
वर्तमान में विभा चौबे दरिमा गल्र्स हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं और वर्षों से छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित करती रही हैं। सतत अध्ययन और ज्ञानार्जन की उनकी लगन ने उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाया है। उनकी सफलता में उनके पति एवं मैनपाट मिडिल स्कूल के प्राचार्य प्रमेंद्र चौबे का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
विभा चौबे की इस उपलब्धि पर जिले के शिक्षा जगत में हर्ष की लहर है। उनका कहना है कि यदि दृढ़ निश्चय और मेहनत हो तो सपनों को साकार किया जा सकता है। उनकी यह सफलता विशेष रूप से ग्रामीण अंचल की महिलाओं, छात्राओं और शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
101 गरीब व असहाय लोगों को गर्म कपड़े दिए
छत्तीसगढ़ संवाददाता
रामानुजगंज, 24 दिसंबर।छत्तीसगढ़ में इन दिनों हाड़ कंपा देने वाली शीतलहर ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। ठंड से सबसे अधिक परेशानी गरीब, असहाय और बेसहारा तबके के लोग हो रहे हंै। ऐसे कठिन समय में समाजसेवी संस्था जनचेतना कल्याण मंच ने एक बार फिर मानवीय संवेदना और सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए जरूरतमंदों के बीच राहत पहुंचाई है।
बीते 28 वर्षों से निरंतर सामाजिक सेवा में सक्रिय जनचेतना कल्याण मंच द्वारा शीतलहर को देखते हुए आज बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्थित वार्ड क्रमांक 13 में गर्म कपड़ों का वितरण किया गया। संस्था के प्रदेश अध्यक्ष विकास दुबे के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम के तहत 101 गरीब एवं असहाय लोगों को गर्म कपड़े प्रदान किए गए, जिससे उन्हें ठंड से राहत मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान मंच के प्रदेश अध्यक्ष विकास दुबे ने कहा कि, कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों की सहायता करना केवल सेवा नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। संस्था आगे भी इसी तरह जरूरतमंदों के बीच राहत कार्य जारी रखेगी।
इस अवसर पर यशपाल दुबे, मनोज तिवारी, विकास केशरी, उज्जवल तिवारी, विष्णु पांडेय, पीयूष गुप्ता, सलाम मंसूरी, अजय केवट सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
उल्लेखनीय है कि, जनचेतना कल्याण मंच का यह सेवा कार्य शीतलहर के बीच जरूरतमंदों के लिए न केवल सहारा बना, बल्कि समाज में आपसी सहयोग और संवेदना की भावना को भी मजबूत करता नजर आया।
5वीं अनुसूची क्षेत्र में अधिसूचित कानून का जागरूकता अभियान, पेसा कानून पर संगोष्ठी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
लखनपुर,24 दिसंबर। पेसा एक्ट दिवस पर जिले के लखनपुर विकासखंड के खदान प्रभावित ग्राम परसोडी कला में ग्राम सभा ( संगोष्ठी)का आयोजन किया गया। इस ग्राम सभा में बड़ी संख्या में आसपास गांवों के ग्रामीण शामिल हुए और बाहर से आए वक्ताओं ने उपस्थित ग्राम वासियों को पेसा एक्ट नियम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
वक्ताओं ने उपस्थित लोगों से कहा की छत्तीसगढ़ के बस्तर और सरगुजा संभाग पांचवी अनुसूचित क्षेत्र है। पेसा एक्ट कानून आदिवासी और पांचवी अनुसूची क्षेत्र में ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने और उन्हें स्वशासन का अधिकार देता है। पेसा एक्ट कानून को लेकर जागरूकता कार्यक्रम क्षेत्र के गांव गांव में चलाया जाएगा। ग्रामीणों के साथ हुए अन्याय को लेकर एक जुट होकर लड़ाई लडऩे हेतु जागरूकता पर विशेष चर्चा की गई ।
गौरतलब है कि अमेरा कोल परियोजना विस्तार में हुए ग्रामीण और प्रशासन के बीच झड़प के बाद खुले खदान मामले को लेकर के विगत दिन क्षेत्र के ग्रामीण नव पदस्थ सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत के समक्ष न्याय दिलाये जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इसके बाद सरगुजा कलेक्टर ने राज्य और केंद्र सरकार के नियमों के तहत ही खनन कार्य करने पुनर्वास और नौकरी के संबंध में विधि के अनुसार निराकरण करने कोल प्रभावित ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया।
देव स्थलों को किया गया नुकसान, हमारी आस्था के साथ हुआ खिलवाड़
इस कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के द्वारा बताया गया कि गांव का सिवरिहा देवता के नाम से प्रसिद्ध देव स्थल का खदान विस्तार के दौरान खोद दिया गया जिसे प्रशासन हमारे आस्था के साथ खिलवाड़ किए हैं, इस मामले को लेकर के ग्रामीणों के बीच एक विरोध जागृत हुआ जिसको लेकर के ग्रामीणों ने कहा कि अन्य समाज एवं अन्य धर्म के लोगों के आस्था के साथ कोई भी व्यक्ति खिलवाड़ नहीं कर सकता तो हमारे आस्था के साथ इस प्रकार से खिलवाड़ क्यों किया गया। इस पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
ग्रामीणों ने कहा जब तक है जान तब तक यह लड़ाई रहेगी जारी
खदान प्रभावित ग्रामीणों का आरोप है कि शासन प्रशासन के द्वारा नियम विरुद्ध तरीके से कॉल बैरिंग एक्ट का हवाला देकर अमेरा खदान का विस्तार को लेकर भू अर्जन किया गया है। जब किया पांचवी अनुसूची क्षेत्र है और ग्राम सभा का निर्णय ही सर्वमान्य होता है। ग्राम सभा के सहमति लिए बिना शासन प्रशासन के द्वारा एक तरफा कार्रवाई की गई है।गांव में कई पीढ़ी से निवास करने वाले ग्रामीणों को उनकी ही जमीन से बेदखल किया जा रहा है। जब तक शरीर में जान है तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। अपनी जमीन बचाने के लिए कोई भी लड़ाई लडऩे को तैयार है।
महान नदी में हाथियों की अठखेलियां बनीं आकर्षण का केंद्र
छत्तीसगढ़ संवाददाता
प्रतापपुर,24 दिसंबर। प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत बहने वाली महान नदी में हाथियों के अठखेलियां करते हुए तस्वीरें और वीडियो इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं। बताया जा रहा है कि कई हाथियों का एक बड़ा झुंड बीते कुछ दिनों से प्रतापपुर वन परिक्षेत्र और आसपास के गांवों के निकट देखा जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, झुंड में एक विशाल कद और बड़े दांत वाला हाथी भी शामिल है, जिसे दिन के समय नदी के पानी में नहाते और मौज-मस्ती करते देखा गया। कुछ हाथी नदी के एक किनारे मौजूद हैं तो कुछ दूसरी ओर विचरण करते नजर आ रहे हैं। यह दृश्य इतना मनमोहक है कि लोग मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं, जहां यह तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई कह रहा है कि ठंड के मौसम में हाथी राजा स्नान करने नदी में उतर आए हैं, तो कोई आशंका जता रहा है कि रात के समय हाथियों की आवाजाही से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। इन दृश्यों को देखकर जहां एक ओर लोगों को रोमांच और आनंद मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों के मन में हल्की चिंता भी देखी जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का झुंड गांव की ओर न बढ़े, इसके लिए वे अपने स्तर पर सावधानी बरत रहे हैं और हाथियों को भगाने का प्रयास भी कर रहे हैं। वहीं वन विभाग द्वारा लगातार मुनादी (अलाउंस) कराई जा रही है और लोगों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है।
विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों को छेड़ें नहीं, उनके रास्ते में बाधा न बनें और किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें।
सबसे खास बात यह है कि दिनदहाड़े हाथियों का इस तरह खुले में दिखना लोगों के लिए कौतूहल और चर्चा का विषय बन गया है। प्रकृति और वन्यजीवों का यह दुर्लभ दृश्य जहां लोगों को आकर्षित कर रहा है, वहीं यह संकेत भी देता है कि मानव और वन्यजीव सहअस्तित्व को लेकर सतर्कता और समझदारी बेहद जरूरी है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ नेता प्रतिपक्ष ने रखा उपवास
छत्तीसगढ़ संवाददाता
दुर्ग, 23 दिसंबर। नगर निगम दुर्ग में कथित रूप से व्याप्त भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं एवं प्रशासनिक उदासीनता के विरोध में नगर निगम दुर्ग के नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले सोमवार को एक दिवसीय उपवास पर बैठे।
यह उपवास नगर निगम की कार्यप्रणाली में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण और प्रशासन को चेताने का माध्यम रहा। नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले ने कहा कि पिछले कई महीनों से नगर निगम दुर्ग में भ्रष्टाचार चरम पर है। डामरीकरण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता कर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है, जिससे शहर की सडक़ों की हालत बदतर हो चुकी है। इसके साथ ही महिला स्व-सहायता समूहों को सशक्त करने के उद्देश्य से दिए जाने वाले शौचालय निर्माण एवं संचालन के टेंडर नियमों को दरकिनार कर एक व्यक्ति विशेष को सौंपे गए, जो सीधे-सीधे सरकारी नीतियों का उल्लंघन है।
उपवास कार्यक्रम में पूर्व विधायक अरुण वोरा, आर एन वर्मा , दीपक दुबे, दीपक साहू, भास्कर कुंडले, विजयंत पटेल, गौरव उमरे, चिराग शर्मा, अजय मिश्रा, राजकुमार पाली, सुशील भारद्वाज, विजेंद्र भारद्वाज, पायल पाटिल, कन्या ढीमर, चंद्रकला खिचरिया, प्रकाश जोशी, संदीप वोरा, सन्नी साहू, राय सिंह ढिकोला, राकेश यादव, फतेह सिंह भाटिया, राकेश ठाकुर, शिशिरकांत कसार, अनीश रजा, अशोक मेहरा, मनीष बघेल, भोला महोबिया, रत्ना नरामदेव, कौशल किशोर सिंह, संघर्ष हीरवरकर, सुरेश सोनी, अशोक जैन, अशोक पाटनी, अमोल जैन, आयुष शर्मा, सोनू साहू, गोल्डी कोसरे , रजत सिन्हा, देवेश राजपूत, अहमद राजा, सुधीर चंदेल, दिव्यांश साहू, अली असगर, सौरभ ताम्रकार, शंकर ठाकुर, अश्विनी निषाद, केशव सिन्हा, पृथ्वी चंद्राकर, राजू कन्नौजिया, राकेश साहू, प्रेमलता साहू, पोषण साहू, आदित्य नारंग, सुनीत घोष, निकिता सिंह, मनीषा सोनी सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि नगर निगम दुर्ग आज भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का केंद्र बन चुका है। जनता के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ऐसे मामलों पर चुप नहीं बैठेगी और जरूरत पड़ी तो सडक़ से सदन तक संघर्ष करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि महापौर पूरी तरह निष्क्रिय हैं और नगर निगम प्रशासन पर उनका कोई नियंत्रण नहीं है। जनहित से जुड़े इतने गंभीर मुद्दों के बावजूद महापौर द्वारा न तो जवाबदेही तय की जा रही है और न ही ठोस कार्रवाई की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि डामरीकरण कार्य, शौचालय टेंडर एवं पेयजल व्यवस्था से जुड़े सभी मामलों की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई हो तथा नगर निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
चरौदा निगम ने लगाया एक दिनी जन समस्या समाधान शिविर
भिलाई नगर, 23 दिसंबर। नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा द्वारा राज्य शासन एवं जिला प्रशासन से मिले निर्देश एवं मार्गदर्शन के अनुसार सुशासन सप्ताह शिविर का आयोजन सामुदायिक भवन चरौदा में सोमवार को किया गया। इस शिविर में जिला प्रशासन के समस्त विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे तथा जनसमस्या संबंधी लोगों के आवेदन स्वीकार किये।
शिविर में अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाडा के प्रतिनिधि सतीश साहू एवं दिलीप पटेल ने भी अपनी उपस्थिति दी। जहां सभी विभागों के काउंटर पर जाकर शासन प्रशासन की प्रचलित योजनाओं का किस प्रकार क्रियान्वयन किया जा रहा है देखा।
निगम कमिश्नर डी.एस.राजपूत, रवि सिन्हा, आलोक पसीने, हेमंत साहू, प्रभाकर शुक्ला, मुकेश चंद्राकार, मुकेश रात्रे सभी रिलपिकीय एवं फील्ड स्टाफ मौजूद रहे।
जीवन अनिश्चितताओं का खेल है,लेकिन हम उसे कैसे लेते हैं यह हमारे ऊपर निर्भर करता है
आध्यात्मिकता का अर्थ है अपने मन को शांत और संतुलित रखना- ई. वी. गिरिश
छत्तीसगढ़ संवाददाता
दुर्ग, 23 दिसंबर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के बघेरा स्थित आनंद सरोवर दुर्ग के कमला दीदी सभागार में चल रहे वाह जिंदगी वाह शिविर के तीसरे दिन के सत्र में मुम्बई से आये अंर्तराष्ट्रीय प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर प्रोफेसर ई.वी. गिरीश ने कहा कि आध्यात्मिक व्यक्ति अंदर से आसान होगा और सत्य के आधार पर जीवन जिएगा।
हमने तनाव के बारे में समझा हमारी यह गलत अवधारणा है कि बाहर के व्यक्ति, परिस्थिति चैलेंज से हमको टेंशन होता है ऐसा नहीं है वह तो वास्तविकता है वह तो रियलिटी है लेकिन मैं किस प्रकार से प्रतिक्रिया करता हूं उसे बाहर की बातों को यह उस पर निर्भर करता है। मेरे जीवन में तनाव है या मैं तनाव मुक्त हूँ तो एक सत्य हमें यह समझना है कि मैं अगर परिस्थिति से ज्यादा सक्षम और शक्तिशाली हो जाऊं तो फिर वह परिस्थिति मुझ पर हावी नहीं होगा तो स्वयं को शक्तिशाली बनाना बहुत जरूरी है हमने यह भी समझा मेरे जीवन में मेरी सफलता का कारण भी और फिर दु:ख का कारण भी मैं ही हूं।
आपने स्वयं को सशक्त व शक्तिशाली बनाने के लिए भिन्न-भिन्न टिप्स दिए। आपने उदाहरण देते हुए कहा कि 5 महीने के बच्चा तैरना सीख सकता है, लेकिन हम 15 साल के बच्चे को पानी में उतरने से डराते हैं। यह हमारी गलत धारणाओं का परिणाम है। दो व्यक्तियों के बीच में आपस में यह कर्मों का अकाउंट ट्रांसफर पॉसिबल ही नहीं है।
जिस व्यक्ति के जैसे कर्म होंगे उसी के अनुसार उसे जीवन में सुख या दु:ख प्राप्त होता है इस सत्यता को यदि हम गहराई से समझते हैं तो परिवार व समाज में रहते हुए भी हमारी मानसिक स्थिति स्टेबल रह सकती है इसके लिए स्वयं को प्रतिदिन सीखना होता है यही बातें आध्यात्मिकता हमें सिखाती है। स्नेह, मुस्कुराहट, शक्ति, निडरता यही सब तो दिव्य गुण है, जिसके आधार से देवियाँ पूजनीय बन जाती हैं आपको भी पूजनीय बनाना है जिसको हम सेल्फ रिस्पेक्ट कहते हैं इन गुणों को जीवन में धारण करने से दूसरों के लिए भी आप बहुत आदरणीय बन जाएंगे।
कांग्रेसियों ने निकाली रैली, नपा घेरा
बेमेतरा, 24 दिसंबर। शहर कांग्रेस कमेटी एवं कांग्रेस पार्षद दल के द्वारा नगर पालिका में कथित भ्रष्टाचार, विकास कार्यों में हो रहे भेदभाव, नगर पालिका में सामान्य सभा की बैठक न होने, टैंकर खरीदी, लाइट खरीदी में अनियमितता, प्रधानमंत्री आवास योजना के भुगतान में हो रहे विलंब तथा नगर पालिका क्षेत्र मे सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका का घेराव किया गया।
रैली की शक्ल में सैकड़ों की संख्या मे कांग्रेसी और विभिन्न वार्डों के निवासी महतारी चौक से निकल कर कार्यालय का घेराव किया इस बीच मुख्य नगर पालिका अधिकारी और नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई ।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि जब से नगर पालिका में भाजपा की सरकार काबिज हुई है निर्माण कार्यों मे भारी भ्रष्टाचार किया जा रहा है । लगातार जनता से शिकायत मिल रही है कि शहर में विकास कार्य ठप हो गए ,लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए नगर पालिका के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। पिछले 6 महीनों से परिषद की बैठक नहीं बुलाई गई है इसके कारण जनता से जुड़े मुद्दों पर भी सकारात्मक निर्णय नहीं हो पा रहे। जब कांग्रेस पार्षद अधिनयम अनुसार धारा 57 की बैठक बुलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत कर रहे, तब भी नगर पालिका अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा बैठक न बुलाना नगर पालिका अधिनियम का खुला उल्लंघन है ,आखिर क्यों पार्षदों द्वारा लगाए गए विषयों पर चर्चा करने से ये भाग रहे है। प्रधानमंत्री आवास के अंतर्गत हितग्राहियों को मकान निर्माण उपरात किस्त की राशि के नहीं मिल पा रही है ।
उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अधिकारी भाजपा के एजेंड बनकर काम कर रहे है , अगर वार्डों के विकास मे भेदभाव बरता गया तो कांग्रेस पार्टी इसका जमकर विरोध करेगी।
इस दौरान सुमन गोस्वामी ललित विश्वकर्मा मंगत साहू प्रांजल तिवारी हरीश साहू राजू साहू रश्मि मिश्रा रीता पांडे शकुन्तला साहू जनता साहू मनोज शर्मा जोगेंदर छाबड़ा अखिलेश नामदेव टोकेश्वर साहू प्रकाश ठाकुर नीलम टंडन शुभम गंधर्व बीकू मानिकपुरी रवि रजक रूबी सलूजा मिथलेश वर्मा नारायण छाबड़ा चंदू शीतलानी सूरज कौशले भाव शिह राज संजय वर्मा धरम वर्मा सुनील नामदेव वतन मिश्रा प्रतीक दुबे ऋतिक तिवारी जयंत जांगड़ेप्रज्ज्व वर्मा देवा गर्ग गौरव छाबड़ा सीताराम यादव रोमन वर्मा रूप सिंह साहू सौरभ राघव जग्गू जांगड़े अतुल साहू शुभांक परगनिहा ओमप्रकाश यादव वशीम मुनीर कौनैन अली याशिफ खान राजेंद्र साहू कबीर वर्मा उत्कल गायकवाड घनश्याम देवांगन सहित नगर वासी उपस्थित रहे।
युवा महोत्सव में पीछे जगह मिलने पर नाराज हुए अमर, सीएम ने सामने बुलाया तो माने
छत्तीसगढ़ संवाददाता
बिलासपुर, 24दिसंबर।बहतराई स्थित खेल परिसर में आयोजित राज्य युवा महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मंच व्यवस्था को लेकर हल्का तनाव देखने को मिला। भाजपा विधायकअमर अग्रवालको मंच पर पीछे की पंक्ति में बैठने की जगह मिलने से असंतोष दिखा।
कार्यक्रम में मौजूदमुख्यमंत्री विष्णु देव सायने स्थिति को भांपते हुए विधायक अमर अग्रवाल से आग्रह किया कि वे सामने पहली पंक्ति में आकर बैठें। इस पर विधायक ने कहा कि वे मुख्यमंत्री के सम्मान में आगे आ रहे हैं। इसके बाद वे पहली पंक्ति में बैठ गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा स्पीकर डॉ. रमन सिंह को करनी थी। वे किसी कारण से नहीं पहुंच पाएं, इसके चलते पहली पंक्ति में सीट खाली भी थी।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद विधायक अमर अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि उनकी किसी से कोई नाराजगी नहीं है। उन्होंने कहा कि वे शुरू से ही व्यवस्था के पालन के आदी रहे हैं और किसी विधायक की उपेक्षा नहीं हो रही है। उन्होंने इसे केवल व्यवस्था से जुड़ा विषय बताया।
मंगलवार को शुरू हुए राज्य युवा महोत्सव में मुख्यमंत्री के साथ डिप्टी सीएमविजय शर्मा,डिप्टी सीएमअरुण साव,मंत्री और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। तीन दिवसीय इस आयोजन में प्रदेशभर से करीब30हजार युवा भाग ले रहे हैं,जो14सांस्कृतिक और साहित्यिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।