छत्तीसगढ़
रायपुर पुलिस ने कुख्यात गैंग के 4 शूटर्स पकड़ा, सीएम साय ने दी बधाई...
रायपुर । छत्तीसगढ़ के दो बड़े कारोबारियों को मारने आए लॉरेंस-अमन गैंग के 4 शूटर को गिरफ्तार कर रायपुर पुलिस ने एक बहुत बड़े षड़यंत्र का पर्दाफाश किया है। जिससे कि रायपुर में होने वाली एक बड़ी अनहोनी टल गई। इस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर पुलिस की पीठ थपथपाई है।
अमलेश्वर में पंडित प्रदीप मिश्रा का शिव महापुराण कथा: यातायात व्यवस्था को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अंतर्गत अमलेश्वर में अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सिहोर वाले) का शिव महापुराण कथा आयोजन किया जा रहा है। यातायात व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी किया है।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया बड़ा बयान
कहा- पीडिया मुठभेड़ में मारे गए सभी लोग नक्सली नहीं थे रायपुर। 10 मई को पीडिया मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को मार गिराने का दावा पुलिस ने किया था। ग्रामीणों ने इसे फर्जी मुठभेड़ बताते हुए तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए गए गांव के लोगों को मारने का आरोप पुलिस पर लगाया था। इस मामले में कांग्रेस जांच दल के नेताओं ने बीजापुर के गंगालूर थानाक्षेत्र के मुतवेंडी में पीडिया के पीड़ितों से मुलाकात की थी। संतराम नेताम की अध्यक्षता में 8 सदस्य दल ने इस मामले की जांच की थी। वहीं अब कांग्रेस नेताओं ने इस मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीसीसी चीफ दीपक बैज, फूलोदेवी नेताम, शिव डहरिया समेत दो दर्जन पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान दीपक बैज ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि, पीडिया मुठभेड़ में मारे गए सभी लोग नक्सली नही थे। उन्होंने कहा हमने गांववालो से बातचीत के बाद रिपोर्ट तैयार की है। सिर्फ दो लोग संघम सदस्य थे, बाकी निर्दोष ग्रामीण थे। दीपक बैज ने आगे कहा कि, आदिवासी के जान माल पर कोई समझौता कांग्रेस को मंजूर नहीं। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगे कहा कि, हम पीडिया में हुई मुठभेड़ की न्यायिक जांच की मांग करते हैं और यह जांच हाई कोर्ट के जज की निगरानी में होनी चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि मारे गए 12 में से 10 लोग ग्रामीण थे। सभी लोग तेंदूपत्ता तोड़ने गए थे। इस दौरान पुलिस ने सभी को दौड़ाकर इनकाउंटर किया था।
मुठभेड़ के बाद मुख्यालय लौट रही पुलिस पार्टी पर नक्सली हमला
जवाबी कार्रवाई में 1 माओवादी ढेर नारायणपुर। कल जिले के अबूझमाड़ के जंगलों में जवानों नक्सलियों के बीच हुए मुठभेड़ के बाद आज जब पुलिस पार्टी वापस मुख्यालय लौट रही थी तभी रास्ते में एक बार फिर से नक्सलियों ने उन्हें घेरने की कोशिश की और उनपर फायरिंग खोल दिया। वहीं इस मुठभेड़ में में भी पुलिस को सफलता हासिल हुई है। आज जवानों द्वारा एक और नक्सली को मार गिराने की खबर सामने आई है।
छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा बाघों का कुनबा, म.प्र. से लाए जाएंगे 3 बाघ
अचानकमार टाइगर रिजर्व बनेगा नया बसेरा रायपुर। पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश से तीन बाघ जल्द ही आने वाले हैं। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) छत्तीसगढ़ को तीन बाघ देने की अनुमति दे चुका है। अपने राज्य का वन विभाग जल्द ही तीन बाघ लेकर आने वाला है। उन बाघों को अचानकमार टाइगर रिजर्व में छोड़ा जाएगा। उनमें एक मेल और दो फिमेल हैं। वन विभाग के अफसरों ने बताया कि बारिश के समय एक-एक करके बाघ लाए जाएंगे। तीनों को एकसाथ नहीं लाया जाएगा। अभी अचानकमार के जंगल से लगे कई गांवों को विस्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा इस क्षेत्र के ग्रामीणों से राय भी ली जा रही है। सब कुछ ठीक रहा तो जुलाई-अगस्त से बाघ लाने का प्रयास किया जाएगा। अफसरों का कहना है कि तीन बाघ एक वर्ष के अंदर ही लाए जाएंगे। राष्ट्रीय स्तर पर किए गए आकलन के अनुसार देशभर में 51 टाइगर रिजर्व हैं। छत्तीसगढ़ में तीन टाइगर रिजर्व अचानकमार, उदंती-सीतानदी और इंद्रावती हैं। ये रिजर्व कुल मिलाकर 5,500 वर्ग किमी से अधिक क्षेत्र में फैले हुए हैं। प्रदेश में बाघों के संरक्षण पर एक माह में पांच करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं यानी हर साल 60 करोड़ रुपये खर्च। यह राशि बाघों के संरक्षण, उनके लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने के लिए जंगलों में वृद्धि और शाकाहारी जानवरों की संख्या बढ़ाने पर खर्च की गई थी। छत्तीसगढ़ में बाघों की संख्या संतोषजनक नहीं है। एनटीसीए की रिपोर्ट 2022 में 17 बाघों की जानकारी सामने आई है। इधर बाघों की संख्या घटने के बाद प्रदेश के वन विभाग ने अब मिशन मोड पर काम शुरू कर दिया है। इसके लिए पड़ोसी राज्यों से संपर्क साधकर बाघ देने की गुहार लगा रहे हैं। संरक्षक वन्यप्राणी एवं जैव विविधता संरक्षण के प्रधान मुख्य वन सुधीर अग्रवाल ने कहा, बारी-बारी से मध्य प्रदेश से तीन बाघ लाए जाएंगे। इन बाघों को अचानकमार टाइगर रिजर्व में छोड़ा जाएगा। अभी वहां गांववालों को विस्थापित किया जा रहा है। एनटीसीए से अनुमति मिल गई है।
CM विष्णुदेव साय ने जमशेदपुर में निकाला रोड़ शो
झारखंड। झारखंड की इस्पात नगरी जमशेदपुर में आयोजित भव्य रोड शो शुरू हो गया है।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को जमशेदपुर में सांसद एवं भाजपा प्रत्याशी विद्युत वरण महतो के पक्ष में समर्थन के लिए भव्य रोड शो शुरू किया है। इसकी तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने विभिन्न विधानसभा के प्रभारी, संयोजक, सह संयोजक एवं जिला पदाधिकारी के साथ बैठक कर रूपरेखा बनाई थी जिसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दोपहर 2 बजे साकची स्थित बोधि मंदिर मैदान से रोड शो की शुरुआत की है। इस वक़्त जमशेदपुर के निवर्तमान सांसद प्रत्याशी विद्युत महतो भी मौजूद है। रोड शो स्ट्रेट माइल रोड होते हुए एग्रिको मैदान पहुंचकर सम्पन्न होगी। रोड शो के दौरान शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के द्वारा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं विद्युत महतो का स्वागत करने की तैयारी की गई थी।
राजस्व के पेंडिंग मामलों पर सख्त हुए मंत्री टंकराम वर्मा
कहा- संबधित अधिकारियों पर गिरेगी गाज रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल व राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने गुरुवार को कांग्रेस पार्टी और नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस के 300 सीटों पर जीत के दावे को हास्यास्पद बताया है। वहीं राहुल गांधी के मीडिया बिकाऊ है वाले बयान को लेकर केबिनेट मंत्री वर्मा ने भारतीय मीडिया को देश की ताकत बताते हुए राहुल पर जमकर हमला बोला है। इसके अलावा उन्होंने राजस्व के पेंडिग मामलों पर सख्ती दिखाई है। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रदेश में राजस्व की पेंडिंग मामलों पर कहा, कि रेवेन्यू के 40 हजार से ज्यादा मामले एक साल से पेंडिंग हैं। किसानों को भटकना न पड़े, इसके लिए राज्य सरकार लंबित प्रकरणों का 6 महीने में निपटारा करेगी। उन्होंने आगे कहा, कि समय पर मामलों का निपटारा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों पर गाज गिरेगी। कांग्रेस के जीत के दावों पर मंत्री टंकराम- केबिनेट मंत्री वर्मा ने कांग्रेस द्वारा लोकसभा चुनाव में 300 सीटों पर जीत के दावों को लेकर कहा, कि कांग्रेस के बातों पर मुझे हंसी आती है, 400 सीटों से ऊपर बीजेपी की जीत होगी। सभी वर्गों के लिए मोदी सरकार ने काम किया है। बीजेपी की सरकार बनेगी कोई संदेह नहीं है। राहुल गांधी पर साधा निशाना- वहीं उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा बुधवार को दिये गए मीडिया बिकाऊ है वाले बयान को लेकर राहुल पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, कि राहुल गांधी में हताशा और निराशा भर गई है। लोग कांग्रेस छोड़कर जा रहे हैं, इसलिए राहुल गांधी बौखला गए हैं। उन्होंने आगे कहा, कि मीडिया को खरीदने की ताकत किसी में नहीं है, मीडिया देश की ताकत है। लोकतंत्र का मीडिया आधार स्तंभ है। मीडिया तो लोगों की आवाज बनता है।
इंदिरा गांधी कृषि वि.वि. एमटेक के विद्यार्थियों ने सौर ऊर्जा से चलने वाली साइकिल की नई तकनीक इजाद की
साइकिल से किसान घर से खेत तक पहुंचने के साथ खेतों की सिंचाई भी कर सकेगा साइकिल में 36 वोल्ट की लगी है बैटरी, जिसे बिजली से दो घंटे में कर सकते हैं चार्ज रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय एमटेक के विद्यार्थियों ने सौर ऊर्जा से चलने वाली साइकिल की नई तकनीक इजाद की है। इस साइकिल की सहायता से किसान घर से खेत तक पहुंचने के अलावा खेतों की सिंचाई भी आसानी से कर सकते हैं। दरअसल, साइकिल में पीछे कैरियर की जगह सोलर पैनल लगाया गया है, जिसे विद्युत मोटर वाले सेंट्रीफ्यूगल मोटर से कनेक्ट किया गया है। इससे थकने की स्थिति में मोटर की सहायता से बिना पैडल मारे ही साइकिल चलेगी। इसके अलावा नदी, नाले या फिर पानी टंकी से सबमर्सिबल पंप लगाकर इसी मोटर की सहायता से पानी खींचकर खेतों की सिंचाई भी आसानी से की जा सकेगी। साइकिल के पैडल घुमाने पर सबमर्सिबल पंप शुरू हो जाएगा और टंकी या फिर नाले से पानी खींचकर आसानी से खेती की सिंचाई भी की जा सकेगी। इतना ही नहीं, इसी सोलर पैनल व मोटर से घर में उपयोग के लिए एलइडी बल्ब भी जलाया जा सकता है। यह विशेष रूप से पठारी स्थलों व अधिक सौर ऊर्जा वाले स्थानों के लिए सबसे कारगर है। क्योंकि कई जगहों पर अभी बिजली नहीं पहुंच पाई है। बिना बिजली, बिना डीजल के जल पंपिंग करने के साथ यातायात का एक वैकल्पिक साधन भी है। सौर साइकिल के संचालन के लिए बिजली के अलावा सौर ऊर्जा से भी चार्जिंग की जा सकती है। इस साइकिल में सोलर पैनल को साइकिल की पंखों के रूप में लगाया गया है, जो कि आवश्यकता पड़ने पर आसानी से सिकोड़ी व फैलाई जा सकती है। 36 वोल्ट की लगी है बैटरी, सोलर पैनल से तीन घंटे में चार्जिंग- साइकिल में 36 वोल्ट की बैटरी लगी है। बैटरी को बिजली से दो घंटे में चार्जिंग कर सकते हैं। वहीं सोलर पैनल से तीन घंटे में चार्जिंग होता है। वहीं साइकिल को प्रति 30 किमी घंटे से चला सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल चार्जिंग भी कर सकते हैं। जबकि सिंचाई फुल चार्जिंग में लगभग दो घंटे तक चलाया जा सकता है। यानी आधा हार्स कम मोटर को घुमाया जा सकता है। अभी इसे तैयार करने में लगभग 35 हजार रुपये की लागत आई है। आइजीकेवी के प्राध्यापक डा. जितेंद्र सिन्हा ने कहा, सैर साइकिल यातायात और बाड़ी में सिंचाई भी कर सकते हैं। यह पठारी इलाके के लिए सबसे ज्यादा कारगर है।
बिलासपुर रेलवे नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट द्वारा बच्चों को मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण
बिलासपुर। बेटियों में साहसिक खेलों के प्रति में दिलचस्पी बढ़ रही है। रेलवे नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट की ओर से आयोजित मार्शल आर्ट में इस बार बड़ी संख्या में आत्मरक्षा की कला में निपुण होने के लिए आई है, ताकि कभी आवश्यकता पड़ी तो खुद के साथ दूसरों की मदद कर सके। उनमें मार्शल आर्ट सीखने की ललक देखकर प्रशिक्षक भी उन्हें आत्मरक्षा का हर वह पैंतरे सीखा रहे हैं, जो अति कारगर है। मार्शल आर्ट में इस बार बच्चों की संख्या 45 है। पिछले साल की तुलना में यह संख्या अधिक है। सबसे अच्छी बात यह है कि इनमें 22 बेटियां हैं। अभिभावक भी बेटियों का मजबूत बना रहे हैं, ताकि भविष्य में वह किसी पर आश्रित न रहे। इसके अलावा आत्मरक्षा की इस कला में निपुण होकर शहर, प्रदेश व देश का नाम रोशन कर सके। वह प्रशिक्षण के माध्यम से इतनी परिपक्व हो रही है कि आगामी दिनों में होने वाली प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखा सके। उन्हें प्रशिक्षक घनश्याम मार्शल आर्ट की बारीकियां सीखा रहे हैं। उनमें इस खेल को लेकर गजब उत्साह है। यही कारण है कैंप के समय से पहले पहुंच जाती है। इसके अलावा खिलाड़ियों के बीच समय-समय अभ्यास मुकाबला भी कराया जाता है, ताकि उनका मनोबल बढ़े। आने वाले दिनों में मार्शल आर्ट सीखने के लिए बच्चों की संख्या और बढ़ेगी।
राजीव भवन में याद किए गए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन रायपुर में आज 21 मई 2024 को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज की उपस्थिति में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 33वीं पुण्यतिथि, आतंकवाद विरोध दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में पुण्य स्मरण कर श्रद्धांजलि दी गयी एवं चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया गया।। भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर प्रदेश के सभी जिलों एवं ब्लाक कांग्रेस के कार्यालयों में आतंकवाद विरोध दिवस के रूप मनाया गया तथा आतंकवाद विरोध के लिए प्रतिज्ञा किया गया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महामंत्री कन्हैया अग्रवाल, महमूद अली, रमेश राम महंत संहित कांग्रेसजन उपस्थित थे।
रो पड़ा पूरा गांव, 17 शवों का एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
एक ही परिवार के थे 11 लोग, 2 बेटियों की ससुराल में उठी अर्थी मृतकों के परिजनों को अतिरिक्त सहायता राशि देने की घोषणा कबीरधाम।कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में दर्दनाक सड़क हादसे में मारे गए 19 लोगों का अंतिम संस्कार किया गया। सेमहारा गांव में ही 17 लोगों का अंतिम संस्कार किया गया। जबकि 2 महिलाओं का उनके ससुराल में क्रिया कर्म किया गया। एक साथ इतनी लाशों को देखकर पूरे गांव में चीख पुकार मच गई। परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल रहा। अंतिम संस्कार में शामिल सभी की आंखें नम हो गई। हादसे में मारे गए लोगों का अंतिम संस्कार ह्रदय विदारक रहा। एक ही चिता पर 10 लोगों का एक साथ अंतिम संस्कार हुआ। वहीं स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसर गया। कई बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। कई परिवारों की खुशियां छिन गई। सामूहिक अंतिम संस्कार कार्यक्रम में डिप्टी सीएम विजय शर्मा और पंडरिया विधायक भावना बोहरा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ब्रेक फेल होने के चलते हुआ हादसा- सोमवार को सेमरहा गांव के रहने वाले 36 ग्रामीण पिकअप गाड़ी में सवार होकर रोज की तरह तेंदूपत्ता तोड़ने रुखमीदादर के जंगल गए हुए थे। जंगल से तेंदूपत्ता तोड़ने के बाद दोपहर लगभग 2 बजे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बहापानी गांव के पास घाट में गाड़ी का ब्रेक फेल हो गया। गाड़ी अनियंत्रित होता देख ड्राइवर गाड़ी से बाहर कूद गया। ड्राइवर को गाड़ी से कूदता देख गाड़ी में बैठे लगभग 15 लोग भी चलती गाड़ी से कूद गए थे। लेकिन महिलाओं की हिम्मत नहीं हुई। पिकअप आगे जाकर 30 फीट नीचे गिर गई। जिससे गाड़ी के नीचे दबने से 13 महिलाओं की मौके पर मौत हो गई। 8 लोगों को गंभीर स्थिति में कूकदूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान 5 महिलाओं की मौत हो गई। 3 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इस हादसे के बाद कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर, एसपी समेत पूरा जिला प्रशासन घटनास्थल पर पहुंच गया था और शाम होते होते प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। मृतक परिवार को उनके घर जाकर व घायलों से अस्पताल में मुलाकात की। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी कवर्धा पहुंचे और जिला अस्पताल में भर्ती घायलों से मिलकर हालचाल जाना। लगभग रात 10 बजे भूपेश बघेल मृतक के गांव सेमहारा पहुंचे और सभी मृतक के घर जाकर परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख और घायलों को 50 हज़ार की अतिरिक्त सहायता राशि देने की घोषणा- बीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी गांव के पास हुई सड़क दुर्घटना में मृत ग्रामीणों के प्रति मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। छत्तीसगढ़ शासन ने मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख और हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हज़ार की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री साय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X में इसकी जानकारी देते हुए लिखा, कबीरधाम जिले में हुए सड़क हादसे में मृतकों की संख्या 19 हो गई हैं। 3 लोग घायल हैं। दुःख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ शासन पीड़ित परिवारजनों के साथ पूरी तरह खड़ा है। हमनें मृतकों के परिजनों को 5 लाख और इस हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हज़ार की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। यह राशि प्रशासन द्वारा उपलब्ध करायी गयी सहायता एवं बीमा आदि से मिलने वाली राशि के अतिरिक्त है। प्रशासन को यह भी निर्देश दिया गया है कि सड़क सुरक्षा के प्रति अतिरिक्त सावधानी बरती जाये। ऐसे हादसे रोकने के हरसंभव उपाय होने चाहिये।
CM विष्णुदेव साय ने 15 ग्रामीणों की मौत पर जताया शोक
रायपुर। सीएम विष्णुदेव साय ने कवर्धा में 15 ग्रामीणों की मौत पर शोक जताया है। X पर उन्होंने लिखा कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी गांव के पास पिकअप पलटने से 15 ग्रामीणों के निधन एवं 7 के घायल होने का दुःखद समाचार प्राप्त हो रहा है। घायलों के बेहतर इलाज के आवश्यक निर्देश ज़िला प्रशासन को दिए गए है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके परिवार के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता हूँ। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ। विजय शर्मा का ट्वीट- कवर्धा में मजदूरों से भरी पिकअप वाहन पलटने से 15 लोगों के निधन की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी शोक-संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपनों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता में जुटा है। रमन सिंह का ट्वीट- कुकदूर थाना, कवर्धा के बाहपाली में तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गये लोगों की पिकअप गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। इस दुर्घटना में दिवंगत हुए 15 लोगों की आत्मा की शांति और घायल 7 मजदूरों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ। इस हादसे में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को प्रभु श्री राम धैर्य और संबल प्रदान करें।
ग्राम बलौदी में डायरिया का प्रकोप, 35 से ज्यादा लोग हुए बीमार
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्राउंड जीरो पर लिया स्थिति का जायजा बलौदाबाजार। तापमान में उतार चढ़ाव की वजह से ग्रामीण इलाकों में डायरिया, वायरल बुखार, खांसी-जुकाम पैर पसारना शुरू कर दिया है. मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीज अस्पताल में पहुंचने लगे हैं. बदले मौसम की मार बच्चों पर ज्यादा पड़ रही है. बलौदाबाजार के पलारी तहसील क्षेत्र के ग्राम बलौदी में फैली गंदगी, दूषित पानी और खाना खाकर 35 से 40 लोग बीमार हैं. इनमें से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी में ही 19 लोग भर्ती है. वहीं कुछ गंभीर मरीजों को जिला चिकित्सालय और कुछ को रायपुर भी रेफर किया गया है. डायरिया की बढ़ती शिकायत को देख मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एमपी महेश्वर अपने स्वास्थ्य दल के साथ ग्राम पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए ग्रामीणों को सावधानी बरतने के साथ स्वास्थ्य टीम को मुस्तैद रहने के लिए कहा. ग्रामीणों से जानकारी लेने के बाद उन्होंने पूरे गांव का भी दौरा किया. मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि ग्राम बलौदी मे डायरिया के मरीज मिले हैं जिनका ईलाज जारी है और स्थिति नियंत्रण में है. उन्होनें कहा कि गांव में शादी व्याह का सीजन चल रहा है. इस दौरान ग्रामीण बासी भोजन भी कर लेते हैं, साथ ही बच्चे खुले में बिक रहे गुपचुप चाट भी खा रहे हैं. जो डायरिया के फैलने का प्रमुख कारण है. मैं इस गांव के साथ ही सभी जिला वासियों से अपील है किस भीषण गर्मी से बचें, बासी भोजन न करें और अपने आसपास साफ-सफाई रखें. अभी लगभग 35 से 40 मरीज मिले हैं सबका ईलाज जारी है स्थिति नियंत्रण में है. कुसमी में भी डायरिया के 5 से ज्यादा मरीज- ग्राम बलौदी की तरह इसके पड़ोसी गांव कुसमी में भी 5 से अधिक लोग डायरिया से पीड़ित मिले हैं, जिन्हें उपचार के लिए पलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है. बीमारी फैलने की वजह डॉक्टर शादी विवाह का सीजन बता रहे हैं. यह भी कह रहे हैं कि कई लोग बाहर से शादी से गांव लौटे हैं. खान-पान की वजह से बीमारी फैल रही है. वहीं गांव में तालाब के पानी में ग्रामीणों की निस्तारी है. तालाब में ही नहाते हैं, वहीं पानी के लिए सार्वजनिक नालों और टंकियों में भरे पानी का इस्तेमाल करते हैं. इन दिनों तालाब में पानी कम है, उसी में गांव के जानवर और ग्रामीण दोनों निस्तारी कर रहे हैं.
नियमितीकरण याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनाया फैसला
98 संविदा कर्मचारियों में खुशी की लहर रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले करीब 10 साल से संविदा और अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण का मुद्दा सियासी गलियारों में गूंज रहा है। नियमितीकरण की मांग को लेकर कई बार कर्मचारी आंदोलन भी कर चुके हैं। अगर पिछली भूपेश सरकार की बात करें तो उन्होंने कर्मचारियों से वादा किया था कि सत्ता में आते ही संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा, लेकिन पांच साल बीत जाने के बाद भी कांग्रेस ने अपना वादा पूरा नहीं किया। लेकिन इस बीच कल सुप्रीम कोर्ट ने संविदा कर्मचारियों के हित में बड़ा फैसला दिया है। दरअसल गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में विजय कुमार गुप्ता सहित 98 कर्मचारी दैनिक वेतनभोगी के तोर पर कार्यरत थे। ये सभी कर्मचारी विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद से करीब 10 साल या उससे अधिक समय से कार्यरत थे। साल 2008 में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से इन सभी कर्मचारियों को नियमित करने का आदेश जारी किया था। जारी आदेश के अनुसार 10 साल या उससे ज्यादा समय तक सेवा चुके कर्मचारियों को नियमित किया जाना था। इस आदेश के परिपालन में उच्च शिक्षा संचालक ने भी 26 अगस्त 2008 को विभाग में कार्यरत ऐसे कर्मियों को स्ववित्तीय योजना के तहत नियमितीकरण और नियमित वेतनमान देने का आदेश दिया। मार्च 2009 तक इन्हें नियमित वेतन भी दिया गया। इसके बाद बिना किसी जानकारी या सूचना दिए यूनिवर्सिटी ने नियमित वेतन देना बंद कर दिया था। कर्मचारियों को सुनवाई का अवसर दिए बिना ही उन्हें कलेक्टर दर पर वेतनमान देने का आदेश जारी कर दिया। इसके साथ ही 10 फरवरी 2010 को तत्कालीन रजिस्ट्रार ने 22 सितंबर 2008 को जारी शासन के नियमितीकरण को भी निरस्त कर दिया। रजिस्ट्रार के इस आदेश को चुनौती देते हुए कर्मचारियों ने अधिवक्ता दीपाली पाण्डेय के माध्यम से हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसमें बताया गया कि गुरु घासीदास विवि को राज्य सरकार से केंद्रीय विश्वविद्यालय के रूप में स्वीकार किया गया है। लिहाजा, राज्य शासन के अधीन कार्यरत सभी कर्मचारियों को उसी स्थिति में केंद्रीय विश्वविद्यालय में शामिल करना चाहिए, जिस स्थिति में कर्मचारी राज्य विश्वविद्यालय में कार्यरत थे। लेकिन, यूनिवर्सिटी के अधिकारियों ने ऐसा नहीं किया। इस मामले की लंबी सुनवाई के बाद हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने बीते 22 नवंबर 2022 को फैसला सुरक्षित रख लिया था। जिस पर 6 मार्च को कोर्ट ने कर्मचारियों के पक्ष में फैसला सुनाया। साथ ही याचिका स्वीकार करते हुए कोर्ट ने उन्हें पूर्व की तरह नियमितीकरण की तिथि से नियमित कर्मचारी के रूप में सभी लाभ का हकदार घोषित किया। दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी अपने हक की लड़ाई को लेकर पिछले 11 साल से संघर्षरत हैं। हाईकोर्ट के इस फैसले के खिलाफ यूनिवर्सिटी ने सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर कर दिया। इस मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस ऋषिकेश रॉय और जस्टिस प्रशांत मिश्रा की बेंच हुई। सभी पक्षों को सुनने के बाद डिवीजन बेंच ने कहा कि दो दशकों से अधिक समय से काम कर रहे दैनिक वेतनभोगियों को नियमित करने के मामले में हाईकोर्ट के आदेश में हस्तक्षेप करने का कोई मजबूत आधार नहीं है। इसलिए याचिका खारिज की जाती है।
रायपुर के निमोरा, गोंदवारा और बोरियाखुर्द में अवैध प्लाटिंग पर हुई कार्रवाई
रायपुर। कलेक्टर डा. गौरव सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध प्लाटिंग पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है। निमोरा, गोंदवारा और बोरियाखुर्द में अवैध प्लाटिंग पर रोक लगाते हुए कार्रवाई की गई। वही मुरम से बनाए गए रोड को नष्ट किया गया। बता दें कि कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के निर्देश पर रायपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत डोमा एवं ग्राम पंचायत दतरेंगा में भी अवैध प्लॉटिंग पर कार्यवाही किया गया। स्थल पर निर्मित रोड रास्ता तथा बाउंड्री को जेसीबी से तोड़ा गया। इसी के साथ रायपुरा में दुर्गा विसर्जन स्थल के पास में की गई अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई।
जामपाली में हुई सीएम विष्णुदेव साय की जनसभा
ओड़िशा। जामपाली में सीएम विष्णुदेव साय की जनसभा हुई। सीएम साय ओडिशा के सुंदरगढ़ लोकसभा दौरे पर है। देश को चाहिए मोदी जैसा मजबूत प्रधानमंत्री यह लोकसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश की बागडोर सौंपने का चुनाव है। मोदी जी गरीब परिवार से आते हैं, इसलिए गरीबों की पीड़ा उन्हें अच्छे से पता है। नरेंद्र मोदी जी देश के गांव, गरीब, किसान, मजदूर सबकी चिंता करते हैं। प्रतिदिन 18 घंटे काम करते हैं। 140 करोड़ भारतवासियों को अपना परिवार मानते हैं। उन्होंने गरीबों को गैस सिलेंडर देने, पक्के घर देने, स्वच्छ पानी, मुफ्त उपचार की सुविधा, बैंक खाता खुलवाने से लेकर शौचालय बनवाने का काम किया। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनवाने, जम्मू एवं कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त करने के साथ देश को आतंकवाद से मुक्ति दिलाने का काम पिछले दस साल में मोदी जी के नेतृत्व में हुआ है। इसलिए देश को फिर से मोदी जी जैसे मजबूत प्रधानमंत्री की जरूरत है।
राजस्व हानि रोकने वाणिज्यिक कर विभाग एक्शन मोड में
रायपुर। वाणिज्यिक कर (पंजीयन) विभाग संपत्ति के मूल्यांकन से होने वाले नुकसान को लेकर गंभीर हो गया है. इस संबंध में तमाम जिला पंजीयकों को पत्र लिखकर संपत्ति के न्यून मूल्यांकन के फलस्वरूप होने वाले राजस्व हानि रोकने के साथ प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समयावधि में करने का निर्देश दिया गया है. वाणिज्यिक कर (पंजीयन) विभाग द्वारा तमाम जिला पंजीयकों को जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित गाइडलाइन कीमतों से कम कीमत पर संपत्ति का मूल्यांकन नहीं किया जाए. यदि किसी प्रकरण विशेष में ऐसा प्रतीत होता है कि संपत्ति की कीमत गाइडलाइन दर से भी कम हो सकता है, तो नियमों के तहत साक्ष्यों के साथ प्रस्ताव भेजकर अनुमोदन के उपरांत आगे की कार्रवाई करने कहा गया है. यही नहीं नई आवासीय, व्यावसायिक या औद्योगिक परियोजना का मूल्य निर्धारण करते समय छत्तीसगढ़ बाजार मूल्य मार्गदर्शक सिद्धांतों को आधार बनाते हुए नियमों के अनुसार कार्रवाई करने निर्देशित किया गया है. साथ ही ताकीद किया गया है कि यादृच्छिक आधार पर दर अवधारित नहीं किए जाए.