छत्तीसगढ़
"मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने देवेंद्रनगर मतदान केंद्र में अपने मताधिकार का प्रयोग किया, परिवार सहित अन्य मतदाताओं से भी मतदान करने की अपील"
रायपुर: मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन ने आज देवेंद्रनगर के मतदान केंद्र पहुँच कर सपरिवार अपने मताधिकार का प्रयोग किया। श्री जैन के साथ उनकी धर्मपत्नी ऋतु जैन एवं सुपुत्री अदिति जैन ने भी वोट डाला। मुख्य सचिव श्री जैन ने सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अनुरोध किया।
"मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना कंगाले ने धरमपुरा में मतदान किया, मतदाताओं से मतदान करने की अपील की"
रायपुर: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने आज सवेरे रायपुर के धरमपुरा पूर्व माध्यमिक शाला स्थित मतदान केंद्र में मतदान किया। उन्होंने आम मतदाताओं की तरह लाइन में लगकर अपने परिवार सहित मतदान किया। उन्होंने यहां बनाए गए दोनों मतदान केंद्रों में चल रहे मतदान का अवलोकन भी किया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती कंगाले ने मतदान केंद्र में मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा भी लिया। उन्होंने इस दौरान लोगों से अपने परिवार के सभी मतदाताओं सहित मतदान अवश्य करने की अपील की। उन्होंने लोकतंत्र के इस त्योहार में मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी के लिए 'छोड़कर सारे काम सबसे पहले करें मतदान' का संदेश दिया।
"छत्तीसगढ़ चुनाव 2023: दूसरे चरण में 70 सीटों पर मतदान में 55.31% वोटिंग, धमतरी जिले में सबसे अधिक मतदान"
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 (chhattisgarh election 2023 voting) के दूसरे चरण के 70 सीटों में मतदान जारी है. सुबह 8 से ही मतदाता अपने मतों का प्रयोग करने मतदान केंद्र के बाहर लंबी कतारें लगा कर खड़े हैं. इस बीच निर्वाचन आयोग ने 3 बजे तक के वोटिंग के आंकड़े जारी किया है. जिसमें पूरे 70 सीटों में 55.31 प्रतिशत मतदान हुआ है. जिसमें से धमतरी जिले में सबसे अधिक मतदान हुआ है. वहीं गौरेला पेण्ड्रा मरवाही जिले में सबसे कम मतदान हुआ है.
देखिये 3 बजे तक के वोटिंग के जिलेवार आंकड़े
- बालोद- 63.41
- बलौदाबाजार – भाटापारा – 58.69
- बलरामपुर- 62.20
- बेमेतरा – 58.41
- बिलासपुर – 46.81
- धमतरी – 65.32
- दुर्ग – 52.07
- गरियाबंद- 57.65
- गौरेला पेण्ड्रा मरवाही – 45.39
- जांजगीर-चांपा- 50.88
- जशपुर- 60.05
- कोरबा – 53.27
- कोरिया- 62.46
- महासमुंद- 62.18
- मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर- 53.86
- मुंगेली- 52.84
- रायगढ़- 60.18
- रायपुर- 46.89
- सक्ति – 49.10
- सारंगढ़-बिलाईगढ़- 59.28
- सूरजपुर- 63.02
- सरगुजा- 57.24
"छत्तीसगढ़ चुनाव: दूसरे चरण के मतदान में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने भी भाग लिया"
रायपुर: 70 सीटों पर दूसरे चरण का मतदान जारी है. इसी बीच राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने भी सिहावा भवन मतदान केंद्र में मतदान किया. इस दौरान उनकी धर्मपत्नी भी उनके साथ मौजूद रहीं. उन्होंने भी मतदान किया.
बता दें कि, दूसरे चरण के मतदान के दौरान प्रदेश के एक करोड़ 63 लाख 14 हजार 479 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 81 लाख 41 हजार 624 पुरुष मतदाता, 81 लाख 72 हजार 171 महिला मतदाता तथा 684 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं. सुगम मतदान सुनिश्चित करने के लिए कुल 18 हजार 833 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इनमें से 700 संगवारी मतदान केंद्र हैं जहां सिर्फ महिला मतदान कर्मी ही पदस्थ रहेंगी.
इन 70 विधानसभा सीटों पर मतदान
विधानसभा आम निर्वाचन के लिए दूसरे चरण में भरतपुर-सोनहट, मनेन्द्रगढ़, बैकुंठपुर, प्रेमनगर, भटगांव, प्रतापपुर, रामानुजगंज, सामरी, लुण्ड्रा, अम्बिकापुर, सीतापुर, जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव, लैलूंगा, रायगढ़, सारंगढ़, खरसिया, धर्मजयगढ़, रामपुर, कोरबा, कटघोरा, पाली-तानाखार, मरवाही, कोटा, लोरमी, मुंगेली, तखतपुर, बिल्हा, बिलासपुर, बेलतरा, मस्तूरी, अकलतरा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, चंद्रपुर, जैजैपुर, पामगढ़, सराईपाली, बसना, खल्लारी, महासमुंद, बिलाईगढ़, कसडोल, बलौदाबाजार, भाटापारा, धरसींवा, रायपुर ग्रामीण, रायपुर नगर पश्चिम, रायपुर नगर उत्तर, रायपुर नगर दक्षिण, आरंग, अभनपुर, राजिम, बिन्द्रानवागढ़, सिहावा, कुरूद, धमतरी, संजारी-बालोद, डौंडीलोहारा, गुण्डरदेही, पाटन, दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर, भिलाई नगर, वैशाली नगर, अहिवारा, साजा, बेमेतरा और नवागढ़ विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे.
"सांसद सुनील सोनी ने चुनावी दंगल के दौरान छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के अवैध गतिविधियों की शिकायत की, चुनाव आयोग से निष्पक्षता की मांग की"
रायपुर: सांसद सुनील सोनी ने आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ से शिकायत करते हुए बताया है कि छत्तीसगढ़ के 70 विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस द्वारा अवैध रूप से सामग्री वितरण, पैसा वितरण, शराब वितरण के साथ ही गुंडागर्दी करके चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। राज्य में बलवा होने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने भाजपा की ओर से राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से शिकायत की है कि कांग्रेस पार्टी के द्वारा सभी विधानसभा क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा किया जा रहा है। इस कारण चुनाव में शांति भंग होने की आशंका है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ लगातार मारपीट, गाली गलौज एवं जान से मारने की धमकी दी जा रही है। जिससे भाजपा के कार्यकर्ताओं के मन में भय व्याप्त है। इसकी शिकायत विभिन्न थानों में की गई है। लेकिन अब भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। पुलिस और प्रशासन तंत्र निर्वाचन आयोग के नियंत्रण में होने के बावजूद कांग्रेस सरकार के एजेंट की तरह काम कर रहा है।
सांसद सुनील सोनी ने कहा कि मतदान पूर्व की आज रात्रि एवं कल मतदान के दिन तक हर जगह अप्रिय स्थिति निर्मित हो सकती है। आपराधिक तत्वों की सक्रियता बढ़ रही है। मतदाताओं को प्रलोभन देने हेतु शराब, साड़ी, कम्बल एवं दूसरी सामग्रियों का वितरण देर रात तक किया जा रहा है जो कि आदर्श आचार संहिता का घोर उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग से हमारी अपेक्षा है कि छत्तीसगढ़ की सभी 70 सीटों में स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान हो सके, इसके लिए समुचित कदम निर्वाचन आयोग उठाए। भारतीय जनता पार्टी निष्पक्ष चुनाव की पक्षधर है और इस हेतु सहयोग कर रही है। आशा है कि आदर्श आचार संहिता का पालन हो सके, इसके लिए उचित कार्रवाई तत्काल प्रभाव से की जाएगी।
सांसद सुनील सोनी ने रायपुर जिले की 7 सीटों पर शुक्रवार को होने वाले मतदान को निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से संपन्न कराने के लिए रायपुर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से भी आग्रह करते हुए उन्हें जानकारी दी है कि रायपुर जिले की सातों विधानसभा सीटों पर चुनाव को प्रभावित करने के लिए कांग्रेस के दबाव में जिस तरह पक्षपात पूर्ण कार्रवाई की जा रही है और कांग्रेस द्वारा की जा रही अवैधानिक गतिविधियों की शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, उससे चुनाव की निष्पक्षता पर संदेह हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जिले की किसी भी सीट पर मतदान को प्रभावित करने के लिए किसी भी प्रकार के दबाव में आए बिना निष्पक्ष निर्वाचन कराया जाए।
इस अवसर पर सांसद सुनील सोनी के साथ निर्वाचन आयोग संपर्क समिति संयोजक डॉ. विजय शंकर मिश्रा, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष जयंती पटेल , विधि विभाग के अध्यक्ष जयप्रकाश चंद्रवंशी उपस्थित थे।
"जब जनता वोट करेगी, तो उसे याद रहेगा कि छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली कांग्रेस को वोट देना है: भूपेश बघेल"
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की जनता का पिछले पांच बरसों में न केवल आत्मगौरव बढ़ा है बल्कि राजनीतिक चेतना भी बढ़ी है। उन्होंने कहा है कि अब छत्तीसगढ़ की जनता जानती है कि किस पर भरोसा करना है और कौन गारंटी के रूप में चुनावी जुमला फेंक रहा है। कांग्रेस की सरकार ने पिछले पांच साल में जो काम किए हैं, यह चुनाव उसी पर जनमत संग्रह है और हमें विश्वास है कि इसमें हम खरे उतरेंगे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि हमारे नेता राहुल गांधी जी की मंशानुरुप कांग्रेस की सरकार ने वादा पूरा करने की शुरुआत शपथ ग्रहण के दो घंटे के भीतर ही कर दी थी और किसानों का कर्ज माफ़ किया था। इसके बाद 2500 रुपए में धान ख़रीदी से लेकर बेरोज़गारी भत्ता देने तक बहुत से ऐसे काम किए जिनसे जनता को भरोसा हुआ कि कांग्रेस वादे से अधिक देती है। उन्होंने कहा है कि पिछले पांच वर्षों में किसानों, मज़दूरों, आदिवासियों, महिलाओं और युवाओं सहित हर वर्ग का ध्यान रखा गया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश की जनता की जेबों में पिछले पांच साल में पौने दो लाख करोड़ रुपए गए हैं। और इसका असर यह हुआ है कि प्रदेश में न केवल संपन्नता बढ़ी और 40 लाख लोग ग़रीबी रेखा से बाहर निकले। बल्कि प्रदेश में कारोबार और उद्योग भी फले फूले हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि दूसरी ओर भाजपा है जिसने प्रदेश की जनता के साथ धोखा ही किया। न किसानों को वादे के मुताबिक 2100 रुपए कीमत दी और न हर साल 300 रुपए का बोनस दिया. उन्होंने न हर आदिवासी परिवार को रोज़गार दिया और न उन्हें सुरक्षा दी। उन्होंने कहा है कि 15 साल के भाजपा शासनकाल में छत्तीसगढ़ की पहचान नक्सल और गरीब प्रदेश के रूप में ही थी और कांग्रेस की सरकार ने सफलता पूर्वक इस पहचान को बदला है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पांच साल में ये फ़र्क पड़ा है कि अब छत्तीसगढ़ को माता कौशल्या की भूमि, राम वन गमन पथ, आदिवासी नृत्य महोत्सव और छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा को भाजपा के शासनकाल में भुला दिया गया था और अब हर छत्तीसगढ़वासी आत्मसम्मान और स्वाभिमान के साथ अपनी संस्कृति और परंपरा पर गर्व करता है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि कल जब जनता वोट करेगी तो उसे अवश्य याद रहेगा कि छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली कांग्रेस को वोट देना है। हम आश्वस्त हैं कि जनता हमें पूरा आशीर्वाद देगी और एक बार फिर प्रदेश में भारी बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनेगी।
"घोषणा पत्र के 21 वादों पर कांग्रेस के पक्ष में होगा मतदान: शहरी और ग्रामीण दोनों वर्ग के मतदाता कांग्रेस के साथ"
रायपुर: घोषणा पत्र के 21 वादों पर कांग्रेस के पक्ष में मतदान होगा। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस ने जो कहा था वह किया और जो किया उससे बढ़कर कांग्रेस आने वाले समय में जनता के लिये करने को प्रतिबद्ध है। कांग्रेस पार्टी की प्राथमिकता में जनता को राहत देना और जनता का सर्वांगीण विकास है। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य कांग्रेस की प्राथमिकता है। कांग्रेस के घोषणा पत्र में शहरी और ग्रामीण दोनो का ध्यान रखा गया है। कांग्रेस ने घोषणा पत्र में 200 यूनिट तक फ्री बिजली का लाभ प्रदेश के लगभग 50 लाख परिवारों को मिलेगा। अभी तक गरीबी रेखा के नीचे के लोगो को 5 लाख तक मुफ्त इलाज मिलता था तथा अन्य वर्ग के 50 हजार तक इलाज की सुविधा थी। कांग्रेस की सरकार बनने पर गरीबी रेखा के नीचे वालों को 10 लाख तक तथा अन्य सभी वर्ग के लोगों को 5 लाख तक इलाज की मुफ्त सुविधा दी जायेगी। बड़ी बीमारियों में कांग्रेस की सरकार बनने पर 25 लाख तक ईलाज बिना किसी भेदभाव के सभी को मिलेगा।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देने कांग्रेस का लक्ष्य है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में छत्तीसगढ़ में सभी प्रकार की शिक्षा नर्सरी से लेकर पोस्ट ग्रेजुएट तक सभी वर्ग के लिये निःशुल्क करने का वादा किया है। इससे प्रदेश के हर वर्ग के लोगो का शिक्षा पर होने वाला खर्च बचेगा। छत्तीसगढ़ देश का अकेला ऐसा प्रदेश होगा जहां मेडिकल, इंजीनियरिंग तथा आईटीआई की शिक्षा भी मुफ्त होगी।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि महंगाई से राहत भी कांग्रेस देगी। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद गरीबी रेखा की उज्जवला की बहनों को कांग्रेस सरकार बनने पर मात्र 107 रू. में सिलेंडर मिलेगा तथा सभी वर्ग के लोगों को पूरे देश में सबसे सस्ता 474 रू. के लगभग रसोई गैस छत्तीसगढ़ में मिलेगी। भाजपा ने गरीबी रेखा के नीचे वालो को 500 रू. में सिलेंडर का दावा कर रही कांग्रेस ने सभी वर्ग के लोगों को 500 रू. की राहत देने का वायदा किया है। कांग्रेस किसानों की कर्जा माफी के साथ 3200 रू. में धान खरीदी करेगी। इससे गांव के रास्ते शहरों में समृद्धि आयेगी।
"75 सीटों के साथ प्रदेश में एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी: दीपक बैज"
रायपुर: दूसरे चरण के मतदान के पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि हम पहले चरण के समान ही दूसरे चरण में भी जनता का भरपूर आशीर्वाद कांग्रेस के प्रत्याशियों को मिलेगा। 75 सीटों के साथ प्रदेश में एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी। कांग्रेस ने अपने 5 सालों के कामों के आधार पर जनता से वोट मांगा। हम पूरे चुनाव को सकारात्मक तरीके से लड़े। हमारा प्रयास था कि हम अपने कामों के आधार पर जनता से वोट मांगे। हमारी सरकार ने पिछले पांच सालों में जो काम किया था हमारे वोट मांगने का वही बड़ा आधार था। हमारी सरकार ने किसान, मजदूर, युवाओं, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति को सशक्त बनाने के लिये ठोस योजनायें बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन किया। ऋण माफी, धान खरीदी, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, मजदूर न्याय योजना, स्वामी आत्मानंद स्कूल, खूबचंद बघेल स्वास्थ्य योजना ने छत्तीसगढ़ की तस्वीर बदली। हमने 5 सालों में बेरोजगारी, गरीबी के खिलाफ लड़ाई लड़ी जिससे प्रदेश की 40 लाख आबादी गरीबी रेखा से ऊपर आ गयी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 2018 में जिन वादों के आधार पर कांग्रेस को जनादेश मिला था, हमारी सरकार ने 5 सालों में उन वादों को पूरा कर दिखाया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार जनता के विश्वास पर खरा उतरी। आने वाले समय में हमने जनता से फिर 21 वादे किये है सरकार बनते ही हम उन वादों को फिर से पूरा करेंगे। कांग्रेस ने वादा किया है कि महिलाओं को गृहलक्ष्मी योजना के तहत 15,000 रू. सालाना कांग्रेस की सरकार देगी। पहले की तरह इस बार भी होगा किसानों का कर्ज माफ। अब धान का मिलेगा 3200 रू. प्रति क्विंटल। 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी।
200 यूनिट बिजली फ्री। सभी सरकारी स्कूलों/कॉलेजों में केजी से लेकर पीजी तक शिक्षा मुफ्त। गैस सिलेंडर पर 500 रूपये मिलेगी सब्सिडी। तेंदूपत्ते का प्रति बोरा 6000 रू. और 4000 रू. सलाना बोनस भी। 17.5 लाख गरीब परिवार को हम आवास देंगे। भूमिहीनों को मिलेंगे 10000 रू. प्रतिवर्ष। लघु वनोपजों की एमएसपी पर मिलेंगे अतिरिक्त 10 रू. प्रति किलो। अब 10 लाख रुपये तक का मिलेगा मुफ्त इलाज। अब सभी सरकारी स्कूल बनेंगे स्वामी आत्मानंद स्कूल। दुर्घटनाओं का इलाज मुफ्त। स्व-सहायता समूह का भी होगा कर्जा माफ। तिवरा भी समर्थन मूल्य पर खरीदा जायेगा। जातिगत जनगणना करायी जायेगी। परिवहन व्यवसायियों के होंगे कर व कर्ज माफ। युवाओं को उद्योग, व्यवसाय ऋण में 50 प्रतिशत सब्सिडी। 700 नये रीपा का होगा निर्माण। अंत्येष्टि के लिये लकड़ी का प्रबंध। हमारी सरकार बनते ही हम फिर से वायदा निभायेंगे। हमें पूरा भरोसा है जनता हमारे वादों के आधार पर, हमारी सरकार के पांच साल के कार्यों के आधार पर मतदान करेगी।
"बघेल ने कहा: 'भाजपा सरकार किसानों के कल्याण और जीवन-स्तर में सुधार के संकल्पों को पहले दिन से पूरा करेगी'"
रायपुर: भारतीय जनता पार्टी चुनाव घोषणा पत्र समिति के संयोजक व सांसद विजय बघेल ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज करके भाजपा छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने जा रही है, जो प्रदेश के लाखों किसानों के कल्याण और उनके जीवन-स्तर में सुधार लाने के अपने संकल्पों पर पहले दिन से ही अमल करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। श्री बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार बनते ही 'कृषक उन्नति योजना' के तहत प्रदेश के किसानों का धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदा जाएगा। दो साल के बकाया बोनस का भुगतान भी 25 दिसंबर को श्रद्धेय अटलजी के जन्मदिवस पर किया जाएगा।
भाजपा सांसद श्री बघेल ने कहा कि प्रदेश की भूपेश सरकार के कुशासन के चलते प्रदेश के 700 किसानों को आत्महत्या करनी पड़ी। गौठानों में 1300 करोड़ रुपए का घोटाला तो किया ही, गोबर में घोटाला करके कांग्रेस की प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ को शर्मसार किया। इसी प्रकार भूपेश सरकार ने लाखो किसानों को 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि' के लाभ से वंचित रखा। श्री बघेल ने कहा कि दिसम्बर में भाजपा सरकार बनते ही किसानों को उनकी बेची गई उपज का पूरा भुगतान बिना लंबी कतारों के एक ही किश्त में किया जाएगा और इसके लिए हर पंचायत भवन में बैंकों के नकदी आहरण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। धान खरीदी से पहले ही बारदाने की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। इसी प्रकार 'दीनदयाल उपाध्याय कृषि मजदूर कल्याण योजना' अमल में लाकर भाजपा सरकार प्रत्येक भूमिहीन खेतिहर मजदूरों को हर साल 10 हजार रुपए की आर्थिक सहयता भाजपा सरकार प्रदान करेगी। श्री बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार 150 करोड़ रुपए का 'कृषि इनपुट मूल्य स्थिरीकरण कोष' बनाकर खाद व कीटनाशकों की कीमतों में उतार-चढ़ाव नहीं होने देगी। प्रदेश के किसानों के स्वाभिमान की रक्षा करने के लिए भाजपा सरकार हर वक्त प्रतिबद्ध रहेगी। श्री बघेल ने अपील की कि प्रदेश के किसान अपनी बेहतरी, खुशहाली और समृद्धि के लिए भाजपा के पक्ष में शत-प्रतिशत मतदान कर भाजपा की सरकार छत्तीसगढ़ में बनाएँ।
"छत्तीसगढ़ में पांचवें विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण में मतदान शुरू, प्रमुख उम्मीदवारों ने दी अपनी वोट"
रायपुर: छत्तीसगढ़ में पांचवें विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण में प्रदेश की शेष 70 सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान शुरू हो गया है।
दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू अपने गृहग्राम के शासकीय उच्चतर माध्यामिक स्कूल ग्राम पंचायत पाऊवारा में सुबह 8 बजे बूथ क्रमांक 206 में अपना मतदान किया।
ताम्रध्वज साहू ने सबसे अपील कि है मतदान अवश्य करें और अपना आशीर्वाद प्रदान करें। उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों, महिलाओं और आम जनता के लिए कांग्रेस हमेशा खड़ी रही है। कांग्रेस ने जो वादा किया था उसे निभाया। और इस बार भी जो आपसे वादा किया है कि उन्हें निश्चित ही पूरा करेंगे। इसलिए आप सभी लोग मतदान अवश्य करें और पूर्ण बहुमत से छत्तीसगढ़ में भरोसे की सरकार पुनः बनाये।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 का दूसरे और अंतिम चरण का मतदान शुरू हो गया है। छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने वोट डाला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव छत्तीसगढ़ लोरमी विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं। इस सीट पर अरुण साव के सामने कांग्रेस प्रत्याशी थानेश्वर साहू मैदान में हैं।
वहीं बिंद्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के नौ संवेदनशील मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू हो गई है। इसमें एक करोड़ 63 लाख 14 हजार 479 मतदाता अपनी सरकार चुनेंगे। कुल 18,833 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 4,250 शहरी, 14,556 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। इनके अतिरिक्त 27 सहायक मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। 9,424 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग के माध्यम से नजर रखी जाएगी।
मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार की 100 से अधिक कंपनियां तैनात की गई हैं। स्थानीय पुलिस के साथ छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (सीएएफ) के कुल एक लाख से अधिक जवान मोर्चे पर तैनात रहेंगे। मतदान से पहले सुबह साढ़े पांच बजे सभी मतदान केंद्रों पर माकपोल होगा। तीन दिसंबर को मतगणना होगी।
"सुशील सन्नी अग्रवाल ने दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय प्रत्याशी महंत रामसुन्दर दास जी के पक्ष में मतदान करने के लिए जनता से अनुरोध किया।"
रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय प्रत्याशी महंत रामसुन्दर दास जी के पक्ष में मतदान करने के लिए अपील करने श्री सुशील सन्नी अग्रवाल, अध्यक्ष छ.ग. भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल विभिन्न वार्डाें में पहंुचे।
श्री अग्रवाल ने दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं जनसमूह से अपील करते हुए कहा कि इस बार दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की जनता 35 साल के कुशासन को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। अब जनता स्वयं के एवं शहर के विकास के लिए अब ऐसे प्रत्याशी एवं सरकार को चुनना चाह रही है कि जो उनका सर्वांगीण विकास कर सके। श्री अग्रवाल ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जी नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में गांव, गरीब, मजदूर, किसान एवं युवाओं का सर्वांगीण विकास हुआ है। माननीय मुख्यमंत्री जी के मंशानुरूप श्रमिकों के हित में जन्म से लेकर मृत्यु तक की योजनाएं आज छत्तीसगढ़ में संचालित हो रही है जिसका सीधा लाभ लाखों श्रमिक साथियों ने उठाया है।
श्री अग्रवाल ने रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के समस्त मतदाता बंधुओं, माताओं, बहनों, भाईयों से विनम्र निवेदन करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जी के विकास को देखते हुए कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर आपके लोकप्रिय प्रत्याशी महंत रामसुन्दर दास जी को पंजा छाप में बटन दबाकर अपना बहुमूल्य वोट प्रदान कर प्रचण्ड बहुमतों से विजयी बनावें।
"चुनाव से पहले रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को मोटिवेट किया, मतदाता पर्ची का रिव्यू और चुनावी तैयारी में की गई महत्वपूर्ण चर्चा।"
रायपुर: सर्द मौसम में सियासत का पारा काफी गर्म है। चुनाव जीतने के प्रयास में और क्या कमी रह गई है, यह जानने के लिए मतदान के एक दिन पहले पूरा समय मंत्रणा की गई। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा ने भी मौजूदा चुनावी ताने-बाने का रिव्यू किया।
रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा ने गुरुवार को लगातार कई बैठकें की। यही नहीं, भाजपा की विभिन्न इकाई के पदाधिकारी और सदस्यों ने भी कार्यकर्ताओं के साथ सलाह-मशविरा किया। मजबूत या कमजोर सीटों को लेकर विचार-विमर्श किया। मतदाता पर्ची का रिव्यू किया। इसके बाद गणित बैठाया गया कि मतदान के वक्त किस बूथ पर कैसा प्रबंधन किया जाएगा। मतदान के दिन से जुड़ी तैयारियों को लेकर ऐसी बैठक और चर्चा के दौरान कार्यकरर्ताओं को नए सिरे से जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बारे में रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा ने बताया कि, अंतिम दौर तक बैठक और तैयारी संबंधी किया जाना चुनावी माहौल का हिस्सा होता है। हमारे कार्यकर्ता चुनाव में हासिल करने के लिए कमर कसकर डटे हुए हैं। अब कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद का परिणाम आने वाले 3 दिसंबर को सबके सामने होगा। हमें पूर्ण विश्वास है कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद के बल पर इस चुनाव में हमें निश्चित तौर पर जीत मिलेगी। साथ ही पूरे छत्तीसगढ़ में कमल खिलेगा। जनता ने ठान लिया है, अउ नइ सहिबो-बदल के रहिबो।
"छठ महापर्व कल से, सभी तैयारियां पूर्ण: राजधानी रायपुर में छठ महोत्सव की शुरुआत"
रायपुर: राजधानी के महादेव घाट पर छठ महापर्व आयोजन समिति के तत्वाधान में घाट की साफ सफाई से लेकर आकर्षक सजावट सहित तैयारियां पूर्ण कर ली गई है 17 नवंबर को नहाए खाए पर्व से शुरुआत होगी और यह पर्व 3 दिनों तक निरंतर जारी रहेगा 18 नवंबर को खरना का आयोजन होगा 19 नवंबर को डूबते सूर्य को अर्ध देखकर पर्व में और उल्लास और उमंग शामिल हो जाएगा वही 20 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा साथ में महा भंडारा का भी आयोजन रखा गया है इस संबंध में जानकारी देते हुए आयोजन समिति के प्रमुख राजेश सिंह ने बताया कि आयोजन में संगीतमय कार्यक्रम की भी तैयारी की गई है जिसमें 19 नवंबर को शाम 4:00 बजे से रात 9:00 बजे तक संगीतमय कार्यक्रम होगा जिसमें छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रमुख लोक गायक दिलीप सारंगी संगीत में कार्यक्रम पेश करेंगे
वही भोजपुरी गायिका हेम पांडे और आलोक की टीम इलाहाबाद से पहुंच रही है जो संगीत में आयोजन की प्रस्तुति पेश करेंगे इलाहाबाद की झांकी इस आयोजन की मुख्य विषय वस्तु है इसमें राधा कृष्ण के अनुपम दृश्य का वर्णन प्रस्तुत किया जाता है पिछले दिनों समाज के युवा गायक वेंकटेश के द्वारा रचित और संगीत में छठ गीत लॉन्च किया गया है इसे छठ आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश सिंह के कर कमल से लांच किया गया है आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए अध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि यह पर्व केवल आस्था और विश्वास का ही नहीं है बल्कि इससे शुद्धता को भी विशेष स्थान मिलता है उन्होंने बताया कि जिस तरह से घाट पर समाज के लोग मिलजुल कर साफ सफाई के काम में योगदान करते हैं यह बड़ी बात है और इससे शहर के अंदर स्वच्छता का माहौल निर्मित हो पता है या परंपरा पिछले कई वर्षों से उत्तर भारतीय समाज निरंतर वर्णिक करते आ रहा है
आयोजन समिति में जो और पदाधिकारी शामिल है उसमें सुनील सिंह जयंत सिंह अजय सिंह मनोज सिंह बृज नारायण संजय सिंह रविंद्र शर्मा वेद नारायण सिंह इत्यादि शामिल है जो प्रमुखता से आयोजन की पूरी तैयारी पर प्रतिभागिता दे रहे हैं
"भाजपा की सरकार बनते ही पूरे होंगे वादे: अरुण साव, छत्तीसगढ़ में दिसंबर में लौटेगी दिवाली, जनता को मिलेंगी कई सौगातें"
18 लाख आवास, हर विवाहित महिला को 1 हजार 500 रु में सिलेंडर, किसानों को प्रति एकड़ 65100 एक मुश्त, 10 लाख तक का इलाज दिसंबर से मिलने लगेगा: अरुण साव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि दिसंबर का महीना छत्तीसगढ़ वासियों के लिए कई सौगातें लेकर आ रहा है। भाजपा की सरकार बनते ही, दिसंबर महीने में 3 दिसंबर को हम 18 लाख आवास के लिए राशि जारी करेंगे और गरीब को आशियाना देना सुनिश्चित करेंगे।
दूसरा काम होगा छत्तीसगढ़ के युवाओं को न्याय देना। पीएससी परीक्षा में छत्तीसगढ़ के युवाओं का हक मारते हुए, इस कांग्रेस ने अपने चहतों को उपकृत किया है और इन घोटालों की तुरंत जांच कर दोषियों को सजा देंगे।
25 दिसंबर को छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता श्रधेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिन, सुशासन दिवस के अवसर पर किसानों को 2 साल का बोनस देंगे। छत्तीसगढ़ के धान बेचने वाले प्रत्येक किसान को 65100 रु प्रति एकड़ एक मुश्त सीधा किसानों के खाते में डालेंगे।
छत्तीसगढ़ की विवाहित महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना के तहत ₹1000 प्रति माह देने का संकल्प पूरा करेंगे। छत्तीसगढ़ की महिलाओं को ₹500 में सिलेंडर मिलने लगेगा।
युवाओं को 2.5 लाख नौकरियां देने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, और नियमतीकरण एवं कर्मचारियों के विभिन्न समस्याओं के निपटारे के लिए कमेटी का गठन कर दिया जाएगा। दिसंबर महीने में ही जनता को 10 लाख का मुफ्त इलाज मिलने लग जाएगा।
2024 नए वर्ष में नई उमंग के साथ छत्तीसगढ़ वासी हमारे हृदय के मान बिंदु प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के साक्षी बनेंगे। छत्तीसगढ़ के नागरिकों को भाजपा रामलला दर्शन यात्रा पर ले जाएगी।
"आरंग: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आरंग में गुरू खुशवंत साहेब के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया"
आरंग : बुधवार को आरंग नगर पालिका में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आगमन हुआ। जेपी नड्डा ने आरंग विधान सभा के भाजपा प्रत्याशी गुरू खुशवंत साहेब के पक्ष मे आम जनता से संबोधित करते हुए कहा जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई है। तब से चारों ओर से लूट खसोट और कमीशनखोरी हो रही हैं। ऐसी भ्रष्ट सरकार को जड़ से उखाड़ कर फेकना होगा। और पुनः एक बार आरंग सहित पूरे प्रदेश में भाजपा के विधायक चुनकर भाजपा की सरकार बनानी होगी।
वहीं सांसद सुनील सोनी ने आम जनता से बातचीत करते हुए कहा पिछले 5 सालों से लगातार प्रदेश में भ्रष्टचार और कमिश्नखोरी हो रही है। ऐसी सरकार को छत्तीसगढ़ से भगाना होगा।
वहीं भाजपा प्रत्याशी खुशवंत गुरु ने कहा जब से शिव कुमार डहरिया आरंग विधानसभा सीट के विधायक चुने गए हैं। तब से वो धर्म नगरी आरंग से गांधी नगरी आरंग बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
आरंग नगर पालिका में जेपी नड्डा के साथ सांसद सुनील सोनी , संजय शुक्ला , पूर्व विधायक नवीन मारकंडे , भाजपा प्रत्याशी खुशवंत गुरु, पूर्व विधायक संजय ढीढ़ी, श्याम नारंग समेत भाजपा के वरिष्ठ नेतागण मौजूद रहे।
"मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बलौदाबाजार में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया, कांग्रेस पर निशाना साधा"
बलौदाबाजार: मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बलौदाबाजार पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी टंकराम वर्मा के पक्ष में प्रचार कर वोट मांगने की अपील की. इस दौरान असम के सीएम ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. इतना ही नहीं कई चुनावी वादों का जिक्र करते हुए भाजपा को वोट देने की अपील की. उन्होंने कहा, भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी. माताओं और बहनों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर मिलेगा. किसानों को धान का मूल्य के साथ 2 साल का रुका बोनस मिलेगा. छत्तीसगढ़ में भाजपा के आते ही युवाओं को 1 लाख सरकारी नौकरी मिलेगी.
आगे हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, भाजपा का शासन होगा तो देश में रामलला का मंदिर बनेगा. कांग्रेस के शासन में किसी ने भी रामलला का मंदिर बनाने में ध्यान नहीं दिया.सरकार बनेगी सबको रामलला का दर्शन करवाएंगे. मोदी जी ने धारा 370 हटाया
भूपेश बघेल बोलते हैं मोदी जी झूठे हैं, पर उन्होंने जो वादा किया था वो पूरा किया क्या.
हिमंत बिस्वा सरमा ने आगे कहा, छत्तीसगढ़ में नक्सली और कांग्रेस के बीच साठगांठ है, इसलिए नक्सलवाद खत्म नहीं हो रहा है. गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि, सरकार बनी तो 5 साल में नक्सलवाद खत्म हो जाएगा. मोदी जी जो बोलते हैं करके दिखाते हैं. हमारा वादा है, छत्तीसगढ़ के माताओं और बहनों के एकाउंट में हर माह 1 हजार रुपये डाला जाएगा.
हिमंत बिस्वा सरमा ने यह भी कहा कि, छत्तीसगढ़ के गरीब आवास योजना को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छीना है.
भूपेश बघेल कहते हैं, भरोसा करो तुमने तो आवास योजना वापस कर दिया तो भरोसा कैसे करें. भाजपा की सरकार गरीबों को आवास देगी. मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाना है तो हमें छत्तीसगढ़ में भी बीजेपी की सरकार बनाना है. यदि छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार बनाती है तो मोदी जी 400 सीट से जीतेंगे. भूपेश बघेल और शैलेष नितिन त्रिवेदी को महादेव माफ नहीं करेंगे.
नरेंद्र मोदी जी किसी को छोड़ने वाले नहीं हैं, चाहे वह भूपेश बघेल हो या शैलेष नितिन त्रिवेदी हो. गड़बड़ी करेंगे तो छोड़ेंगे नहीं.
"रायपुर पुलिस का फ्लैग मार्च: चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था के प्रति लोगों में बढ़ता विश्वास"
रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए 17 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के चुनाव के दौरान लोगों में कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा बरकरार रखने के लिए रायपुर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न स्थानों में फ्लैग मार्च निकाला.
जिला दण्डाधिकारी रायपुर डॉ. सर्वेश्वर भुरे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर प्रशांत अग्रवाल, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी रायपुर एनआर साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर रायपुर लखन पटले सहित प्रशासन व पुलिस के आला अधिकारी/कर्मचारियों की 2 अलग – अलग टीमों ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला.
पुलिस लाईन से शुरू हुआ प्रारंभ फ्लैग मार्च धमतरी गेट, कालीबाड़ी चौक, कोतवाली चौक, जयस्तंभ चौक, मौदहापारा, फाफाडीह चौक, वॉल्टेयर लाईन अंडर ब्रिज, गुढ़ियारी पड़ाव, भारत माता चौक, रामनगर चौक, दिशा कॉलेज, मोहबा बाजार, एन.आई.टी. गेट, डंगनिया बाजार, अनुपम गार्डन, चौबे कॉलोनी, अग्रसेन चौक, लाखेनगर चौक, पुरानी बस्ती, मठपारा, नया बस स्टैण्ड पहुंची.
इसके बाद नमस्ते चौक, देवेन्द्र नगर मण्डी, मण्डी गेट तिराहा, एक्सप्रेस वे, अवंति बाई चौक, व्ही.आई.पी टर्निंग विधानसभा रोड, अशोका रतन, अनुपम नगर चौक, खम्हारडीह थाना चौक, अवंति विहार, तेलीबांधा चौक, कटोरा तालाब, नेताजी होटल, राजेन्द्र नगर अंडरब्रिज, केनाल रोड, कमलविहार चौक, बोरियाखुर्द, संतोषी नगर चौक, सिद्धार्थ चौक, टिकरापारा से पुलिस लाइन में समाप्त हुआ.