छत्तीसगढ़
"छत्तीसगढ़ को तीसरी बार सर्वश्रेष्ठ ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त"
रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए स्टार परफॉर्मेंस अवार्ड से पुरस्कृत किया गया। सोसाईटी ऑफ एनर्जी इजीनियर्स एण्ड मैनेजर्स - सीम द्वारा 21 सितम्बर को आयोजित 8वें नेशनल एनर्जी मैनेजमेंट अवार्ड समारोह में यह सम्मान दिया गया। श्री आलोक कटियार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा उक्त पुरस्कार को डॉ. अशोक कुमार, उप महानिदेशक, ऊर्जा दक्षता ब्यूरों, (बी.ई.ई.) भारत सरकार के उपस्थिति में प्राप्त किया गया। इस समारोह में क्रेडा की ओर से श्री संजीव जैन, मुख्य अभियंता एवं श्री राजीव ज्ञानी, अधीक्षण अभियंता भी उपस्थित रहें। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने इस पुरस्कार के लिए क्रेडा की टीम और प्रदेशवासियों को बधाई दी है।
उल्लेखनीय है कि लगातार 03 वर्षों (वर्ष 2020, 2021 एवं 2022 ) से क्रेडा को सीम द्वारा ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य नामित एजेंसी के रूप में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। ‘छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा)’ द्वारा विगत 11 वर्षों में प्रदेश में ऊर्जा संरक्षण एवं ऊर्जा दक्षता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गई है। ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिसिएंसी, भारत सरकार की च्।ज् परियोजना के अंतर्गत प्रथम एवं द्वितीय चरण में कुल 44 औद्योगिक संस्थानों द्वारा प्रदेश में लगभग 2.198 मिलियन टन ऑफ ऑयल इक्वीवेलेंट (MTO) ऊर्जा की बचत कर लगभग 6.67 मिलियन टन का कार्बन उत्सर्जन कम किया गया है। इस परियोजना के तहत प्रदेश के उद्योगों को कुल दस लाख से भी अधिक एनर्जी सेविंग सर्टिफिकेट ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिसिएंसी के माध्यम से प्राप्त हुए हैं। व्यावसायिक भवन क्षेत्र में ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा दिये जाने हेतु राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ ऊर्जा संरक्षण भवन संहिता अधिसूचित किया गया है तथा राज्य में कुल 15 भवनों को ग्रीन भवन के रूप में प्रमाणित किया गया है तथा 8 शासकीय भवनों को स्टार रेटिंग नामित करने हेतु प्रस्ताव केन्द्र शासन को अग्रेषित किया गया है। आवासीय भवनों में इको निवास सहिता (ECO NIWAS Samhita) अंतर्गत ऊर्जा दक्ष भवन निर्माण तकनीक अपनाने हेतु प्रदेश के आवासीय परियोजनाओं ऊर्जा दक्ष बनाने हेतु सतत् कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में क्रेडा द्वारा 150 से ज्यादा जागरूकता कार्यक्रम इंजीनियर्स एवं आर्कीटेक्ट हेतु आयोजित किया गये है।
ग्रामीण क्षेत्र में ऊर्जा दक्ष उपकरणों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुल 77 ग्रामों को मॉडल ऊर्जा दक्ष ग्रामों में विकसित किया गया है। इसी तरह 56 स्वास्थ्य केन्द्रों को मॉडल ऊर्जा दक्ष स्वास्थ्य केन्द्र एवं 376 शासकीय स्कूलों को मॉडल ऊर्जा दक्ष शासकीय स्कूलों के रूप में विकसित किया गया है। स्कूली छात्र छात्राओं को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य सेक्रेडा द्वारा कुल 603 स्कूलों में ऊर्जा क्लब का गठन किया गया है तथा आगामी वर्ष में 1 हजार से भी अधिक शैक्षणिक संस्थानों में ऊर्जा क्लब गठन किये जाने का लक्ष्य है।
कृषि क्षेत्र में किसानों को ऊर्जा संरक्षण के विषय में क्रेडा द्वारा बहुआयामी जागरूकता कार्यशाला आयोजित किये गये है। जिसके तहत ऊर्जा दक्ष पंप के उपयोग से होने वाले ऊर्जा एवं पैसे के बचत के विषय पर राज्य के समस्त कृषि विज्ञान केन्द्रों में किसानों को जागरूक किया गया है। प्रदेश के शासकीय कार्यालय एवं संस्थानों ऊर्जा दक्ष उपकरणों के उपयोग को बढ़ावा देने हेतु क्रेडा द्वारा सतत् प्रयास किये जा रहे है जिससे विद्युत खपत में कमी लाई जा सकें।
"मुख्यमंत्री श्री बघेल ने सुकमा जिले में 273.28 करोड़ रुपये के 137 विकास कार्यों का उद्घाटन किया"
रायपुर: मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज सुकमा जिले के छिंदगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में 273.28 करोड़ रूपये की लागत के 137 विकास कार्याें का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। इनमें 254.10 करोड़ रूपये की लागत के 118 कार्यो का भूमिपूजन और 19.18 करोड़ रूपये के 19 कार्यो का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 257 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, रोजगार नियुक्ति पत्र, आर्थिक सहायता राशि का चेक और सामाग्री का वितरण किया।
मुख्यमंत्री द्वारा भूमिपूजन किए जाने वाले कार्याें में 81.08 करोड़ रूपये लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में 12 उच्च स्तरीय पुलिया निर्माण एवं चौड़ीकरण-मजबूतीकरण कार्य, विकासखण्ड सुकमा, कोण्टा, छिंदगढ़ के 47 गांवों में जल जीवन मिशन के तहत 53.38 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित होने वाली एकल ग्राम जल प्रदाय योजना के कार्य एवं छिंदगढ़ में 3 करोड़ की लागत से आवर्धन जल प्रदाय योजना का कार्य शामिल हैं। इसी प्रकार शिक्षा विभाग के हॉस्टल, लाईब्रेरी, स्कूल भवन, अतिरिक्त भवन, पोटा केबिन, लोक निर्माण विभाग के संड़क, पुल-पुलिया, सीसी रोड, जल प्रदाय योजना, माईनर ब्रिज निर्माण, आदिम जाति अनुसूचित जाति विकास के 3 आश्रम भवन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के उप स्वास्थ्य केन्द्र का उन्नयन, 23 प्राथमिक शाला भवन निर्माण कार्य जिसकी कुल लागत 50.77 करोड़ रूपये से अधिक है, आदि कार्य का भूमिपूजन किया। साथ ही 23.70 करोड़ रूपये की लागत के सुकमा में खेल परिसर, महाविद्यालय व विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष, 2 उच्च स्तरीय पुल निर्माण के कार्य, स्वास्थ्य विभाग के 13.96 करोड़ रूपये की लागत से सुकमा के जिला अस्पताल में 50 बिस्तर क्रिटीकल केयर ब्लाक सहित अन्य 03 स्थानांे पर स्वास्थ्य केन्द्र भवन का निर्माण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 4.22 करोड़ रूपये के लागत से 02 सड़क एवं चार सीसी रोड निर्माण, आदिम जाति कल्याण विभाग व पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के तहत 4.83 करोड़ रूपये की लागत के सीसी रोड, पुल-पुलिया, सामुदायिक भवन, स्कूल भवन, आंगनबाड़ी भवन, पंचायत भवन व स्व-सहायता समूह के लिए आजीविका वर्क शेड आदि कार्य, वन विभाग के 5 करोड़ रूपये के 07 नरवा विकास कार्य का भूमिपूजन हुआ।
मुख्यमंत्री श्री बघेल द्वारा लोेकार्पित किए जाने वाले कार्याें में जिला निर्माण समिति के तहत 9.47 करोड़ रूपये से निर्मित स्कूल भवन एवं संधारण, शेड निर्माण, जिला अस्पताल में अतिरिक्त भवन निर्माण, माईनर ब्रिज का लोकार्पण शामिल हैं। इसी प्रकार ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग अंतर्गत 1.74 करोड़ रूपए की लागत से पोटाकेबिन, स्कूल भवन की मरम्मत, 34.74 लाख रूपये की लागत से जिला अस्पताल में निर्मित बर्न वार्ड, उप स्वास्थ्य केन्द्र सुकमा में अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत 4.66 करोड़ रूपये की लागत से 9 एकल ग्राम जल प्रदाय योजना और 2 रेट्रोफिटिंग जल प्रदाय योजना, 2.65 करोड़ रूपये की लागत के 09 उचित मूल्य की दुकान निर्माण, 14 आंगनबाड़ी भवन निर्माण और 30 लाख रूपये की लागत से मुसारिया माता मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया गया।
"सुशील सन्नी अग्रवाल अग्निकुल क्षत्रिय समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित"
रायपुर के शांति नगर, स्वदेशी भवन में अग्निकुल क्षत्रिय समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष, श्री सुशील सन्नी अग्रवाल पहुंचे। श्री अग्रवाल का समाज के प्रमुखों द्वारा आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया। श्री अग्रवाल ने समाज के प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किए। श्री अग्रवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा की अग्निकुल क्षत्रिय समाज सदियों से नागरिकों की रक्षा करते आए हैं। इस समाज के बिना भारत वर्ष का विकाश अधूरा है, समाज के प्रतिभाओं को मेरा सादर वंदन है।
"छत्तीसगढ़ सरकार के वादों की बारात: संविदा कर्मचारियों का प्रदर्शन"
रायपुर: कांग्रेस ने 2018 के चुनाव पूर्व जन घोषणा पत्र में संविदा कर्मचारियों से नियमितीकरण और किसी भी की छंटनी नहीं की जाने का वादा किया था. उन वादों के अभी तक पूरा नहीं होने से नाराज संविदा कर्मचारी 24 सितंबर को सरकार के वादों की बारात निकाल रहे हैं.
‘वादों की बारात’ में पूरे बाराती गुलाबी रंग के पगड़ी सूट-बूट एवं महिलाएं पीले रंग की साड़ी से सज-धज कर इस वादों की बारात में शामिल होंगी, और सरकार ने जो संविदा कर्मचारियों के साथ वादा किया है नियमितीकरण, छंटनी रोकने का 27 वेतन वृद्धि, हड़ताल के दौरान कृत कार्रवाई शून्य करने की सभी वादों को लेकर बाजे-गाजे के साथ बारात निकल जाएगी.
छत्तीसगढ़ सर्व विभागीय संविदा कर्मचारी महासंघ के बैनर तले निकलने वाले इस बारात को भव्य तैयारी की गई है. शनिवार को हजारों संविदा कर्मचारी तूता धरना स्थल में बरात की तैयारी करने पहुंचे. कर्मचारियों ने जिस प्रकार शादी में बारात के पूर्व मंडप छादन, तेल माटी पर्रा रस्मों रिवाज किया जाता है, ठीक उसी तर्ज पर तैयारी की है.
"नारी शक्ति वंदन विधेयक: भाजपा के सांसद गोमती साय ने कहा कि यह एक क्रांतिकारी परिवर्तन का प्रतीक है"
रायपुर: सांसद श्रीमती गोमती साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़निश्चयी व संकल्पवान नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा महिला आरक्षण से संबंधित नारी शक्ति वंदन विधेयक के संसद में पारित होने को एक क्रांतिकारी परिवर्तन का प्रतीक बताते हुए कहा है कि भारत की मातृ शक्ति के इस अप्रतिम सम्मान से लोकतंत्र गौरवान्वित हुआ है।उन्होंने कहा कि संसद का नया भवन इस विधेयक के रूप में नई ऊर्जा, नए विश्वास और संकल्पों के सृजन का साक्षी बना है।
सांसद श्रीमती गोमती साय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने पूरे शासनकाल में लोगों के साथ, माता और बहनों के साथ खिलवाड़ करने का काम किया। आज प्रधानमंत्री श्री मोदी के सक्षम नेतृत्व व निर्णायक नेतृत्व के कारण नारी शक्ति वंदन विधेयक संसद में पारित हो गया है। नारी के सम्मान की दृष्टि इससे बड़ा काम नहीं हो सकता है। इस विधेयक के पारित होने के बाद निश्चित रूप से न केवल दिल्ली में, बल्कि पूरे देश की महिलाओं में उत्साह का माहौल है और खुशियाँ मना रही हैं। देश की माताओं-बहनों ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को आशीर्वाद देते हुए इस बात पर गर्व किया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने नारी शक्ति का सचमुच में वंदन किया है।
सांसद श्रीमती गोमती साय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास आज बोलने के लिए कुछ नहीं है और इसलिए वह अब जातिगत जनगणना और महिला आरक्षण में ओबीसी कोटा तय करने की बात कर रही है, जबकि 2010 में जब यूपीए शासनकाल में यह विधेयक लाया गया था, तब कांग्रेस ने ओबीसी कोटा तय करने का विरोध किया था। तत्कालीन राजद सुप्रीमो लालू यादव ने तो ऐसी कोई व्यवस्था होने पर यूपीए सरकार से समर्थन वापस लेने की धमकी तक दे दी थी। आज कांग्रेस अपने ही नजरिए को लेकर दोहरे राजनीतिक चरित्र का प्रदर्शन कर रही है और राजद समेत घमंडिया गठबंधन के सारे घटक दल भी वही कर रहे हैं, लेकिन आज जनता कांग्रेस और घमंडिया गठबंधन की बातों को सुनने के लिए भी तैयार नहीं है।
"रायपुर: सुशील सन्नी अग्रवाल ने गज्जू लाल निर्मलकर का किया सम्मान, राष्ट्रीय स्तर पर विश्वकर्मा योजना के तहत"
रायपुर: दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के निवासी माननीय श्री गज्जू लाल निर्मलकर को राष्ट्रीय स्तर पर विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत सम्मानित किए जाने पर उनके निज निवास पहुँच कर समाज के वरिष्ठ जनों के साथ शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश एवं समाज का नाम रोशन करने पर शुभकामनाएं देकर सम्मानित किए एवं उनके उज्जवल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दिए।
इस अवसर पर श्री प्रशांत ठेंगड़ी, श्रीमती आशा चौहान एम, श्री कमलेश नथवानी, श्री बंशी कन्नौजे, श्री नरेंद्र सिंह ठाकुर तथा रजक समाज के पदाधिकारीगण मौजूद रहे।
"रायपुर: हस्ताक्षर अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों की जन जन जागरूकता की शुरुआत"
रायपुर: दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अरविंद दीक्षित वार्ड एवं शहीद पंकज विक्रम में श्री सुशील सन्नी अग्रवाल, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल एवं राजीव युवा मितान क्लब के तत्वावधान में 7 दिवसीय हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत हुई। इस अवसर श्री अग्रवाल ने कहा की भूपेश बघेल सरकार की उपलब्धियों एवं युवा, किसान, मजदूर, गांव, गरीब के लिए बनाई गई योजनाओं की जानकारी देकर हस्ताक्षर अभियान का शुरूआत किया गया है ताकि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक नागरिकों तक कांग्रेस सरकार की 5 वर्ष की उपलब्धियों को जन जन पहुंचाया जा सके।
प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज- चमक के साथ वज्रपात होने तथा भारी वर्षा होने की भी संभावना
मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर जैसलमेर, कोटा, गुना, सतना, पुरुलिया, कृष्णा नगर और उसके बाद पूर्व की ओर मणिपुर तक स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम विहार और उसके आसपास 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
एक द्रोणिका उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश से पश्चिम असम तक 0.9 किलोमीटर से 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
प्रदेश में कल दिनांक 24 सितंबर को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
प्रदेश में अधिकतम तापमान में वृद्धि संभावित है।
"महासमुंद: बौद्ध धर्म से जुड़ी प्राचीन मूर्तियों की तस्करी के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया"
महासमुंद: बौद्ध धर्म के देवता अवलोकितेश्वर पद्मपाणी की 10वीं-11वीं सदी की प्राचीनतम मूर्ति की तस्करी करते 03 अंतरर्राज्जीय तस्कर को पुलिस ने धर दबोचा है. मूर्ति की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग दो करोड़ 50 लाख रुपए है. बतायाज जा रहा कि तस्कर जिला अंगूल, ओडिशा क्षेत्र के मंदिर से दोनों मूर्ति को चुराकर ले जा रहे थे. इसकी सूचना पर थाना सिंघोडा एवं सायबर सेल पुलिस की टीम ने आरोपियों को धर दबोचा. अवलोकितेश्वर पद्मपाणि की प्रतिमा 10वीं-11वीं सदी की होने की पुष्टि पुरात्तव विभाग ने की है. कला एवं पुरातत्व की दृष्टी से पुरात्तव विभाग ने महत्वपूर्ण प्रतिमा बताई है.
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर क्षेत्र रायपुर शेख आरिफ हुसैन (IPS) के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह (IPS) ने अगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारियों को दीगर प्रांत से आने वाली अवैध शराब, अवैध मादक पदार्थ, संदिग्ध गतिविधियों एवं अवैध परिवहन पर नजर रखकर कड़ी कार्यवाही करने निर्देशित किया है. इसके तहत थाना/चौकी प्रभारी व सायबर सेल की टीम दीगर प्रांतों से आने वाले सभी चेक पोस्ट पर संदिग्ध गतिविधियों एवं अवैध परिवहन पर नजर रखी हुई थी.
शनिवार को सिंघोडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अन्तर्राजीय चेक पोस्ट रेहटीखोल ओडिशा बॉर्डर के पास पुलिस पार्टी संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी, तभी बरगढ़ ओडिशा की तरफ से एक सफेद रंग की कार तेज रफ्तार बरगढ, ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही थी. पुलिस पार्टी को देखकर वाहन को चेक पोस्ट से पहले छोड़कर तस्कर भागने लगे, जिसे पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर 03 व्यक्ति को पकड़ा. इसमें 01 व्यक्ति मौके से फरार हो गया. पुलिस पार्टी को देख भागने का कारण पूछे जाने पर तीनों युवक टाल मटोल व गोलमोल जवाब देने लगे.
जवाबों में भिन्नता एवं असमानता पाए जाने पर संदेह प्रतीत हुआ, जिसके आधार पर कार की तलाशी ली गई. पुलिस टीम के द्वारा वाहन के तलाशी दौरान पीछे डिक्की से 02 नग छोटा, बड़ा मूर्ति मिला. बाहर निकालकर देखने पर प्राचाीनकालीन मूर्ति मिला, जिसके संबंध में पूछताछ करने पर उक्त व्यक्तियों ने पुलिस टीम को गोलमोल जवाब देकर गुमराह किया. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि18 सितंबर को इंदौर से ओडिशा जाने के लिए निकले थे. 21 सितंबर को जिला अंगूल ओडिशा के 60-70 किमी आगे पहुंचे, जहां पर एक मंदिर था. उक्त मंदिर में स्थापित छोटा, बड़ा 2 नग मूर्ति को चोरी कर कार के डिक्की में रखकर वापस इंदौर, मध्यप्रदेश जा रहे थे. पुलिस की टीम ने तीनों आरोपियों के पास से 02 नग छोटा, बड़ा पद्मपाणी प्रतिमा (बौध्द धर्म से संबंधित मूर्ति), कार और मोबाइल जब्त कर तीनों को गिरफ्तार किया. वहीं फरार आरोपी हासीम खान पिता सलीम खान की पतासाजी की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी
- बलराम यादव पिता लक्ष्मण सिंग उम्र 48 वर्ष सा. ग्राम कलौदहाला थाना लवुडिया जिला इंदौर, मध्य प्रदेश।
- सुरेन्द्र पाल पिता रामप्रसाद पाल उम्र 40 वर्ष सा. वार्ड नं. 16 म.न. 122 रूवमी नगर छोटा बागडण थाना एरोड्रम जिला इंदौर, मध्य प्रदेश।
- सुधीर अहीर पिता वासुदेव अहीर उम्र 18 वर्ष सा. कृष्णबाग कॉलोनी पटेल दूध डेरी के पास विजय नगर इंदौर, मध्य प्रदेश।
"छत्तीसगढ़ में भू-वैज्ञानिक कार्यक्रम मंडल की 23वीं बैठक में खनिज साधन विभाग के योजनाएं और प्रगति पर चर्चा"
रायपुर: राज्य स्तरीय भू-वैज्ञानिक कार्यक्रम मंडल छत्तीसगढ़ की 23वीं बैठक शुक्रवार की देर शाम को इंद्रावती भवन में खनिज साधन विभाग के विशेष सचिव जय प्रकाश मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में वर्ष 2023-24 के भू-वैज्ञानिक क्षेत्रीय कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया। विशेष सचिव जय प्रकाश मौर्य ने बैठक में बताया कि वर्ष 2022-23 में लगभग 13000 करोड़ के खनि राजस्व की प्राप्ति हुई है, जो राज्य स्थापना वर्ष की तुलना में लगभग 30 गुना अधिक है।
बैठक में भौमिकी तथा खनिकर्म छत्तीसगढ़ के द्वारा क्षेत्रीय सत्र 2022-23 में सम्पन्न कार्यों की जानकारी देते हुए संचालक भौमिकी तथा खनिकर्म श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2022-23 में कुल 2.45 बिलियन टन चूनापत्थर एवं लौह अयस्क के 125 मिलियन टन भण्डार आंकलित किये गये हैं। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2023-24 में प्रदेश में 12 विभिन्न खनिजों की कुल 45 परियोजना अन्वेषण तथा पूर्वेक्षण कार्य हेतु लिए गये हैं। जिसमें आयरन ओर के 20, फास्फोराईट के 04, चूनापत्थर के 04, गोल्ड के 04, ग्लुकोनाईट के 03, ग्रेफाईट के 02, डायमण्ड के 02, आरईई के 02, टंगस्टन के 01, लिथियम के 01, बॉक्साईट के 01 तथा बेसमेटल के 01 अन्वेषण-पूर्वेक्षण परियोजनाएं सम्मिलित हैं।
बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य में खनिज अन्वेषण एवं खनिज दोहन के क्षेत्र में कार्यरत भारत सरकार एवं राज्य सरकार के विभागों एवं संस्थानों द्वारा वर्ष 2022-23 में किये गये भू-वैज्ञानिक कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जहां वर्ष 2022-23 के सम्पादित कार्यों की उपलब्धियों पर चर्चा की गई तथा प्रदेश में पाये जाने वाले खनिजों की खोज के लिए वर्ष 2023-24 में प्रस्तावित भू-वैज्ञानिक कार्यों को अंतिम रूप दिया गया।
इंद्रावती भवन में आज संपन्न स्टेट जियोलॉजिकल प्रोग्रामिंग बोर्ड की बैठक में देश की विभिन्न शासकीय एवं निजी अन्वेषण संस्थाओं द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश में खनिज विशेष के अन्वेषण हेतु प्रस्तुत प्रस्ताव पर भी वृहद् चर्चा की गई।
गौरतलब हो कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में उपलब्ध खनिज संसाधन, राज्य एवं देश के आर्थिक-सामाजिक विकास का आधार हैं। राज्य के जीएसडीपी में प्रदेश के खनिज संसाधन 11 प्रतिशत से अधिक की भागीदारी रखते हुए वार्षिक तौर पर लगभग 13 हजार करोड़ का खनिज राजस्व देते हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश के यूनिक जियोलॉजिकल सेटअप अनुसार यहां लौह अयस्क, कोयला, डोलोमाईट, चूनापत्थर, बाक्साईट इत्यादि बल्क मिनरल्स के अलावा बहुमूल्य एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण खनिजों यथा ग्लूकोनाईट, ग्रेफाईट, निकल, क्रोमियम एवं पीजीई, की उपलब्धता भी विभिन्न एजेंसियों द्वारा प्रमाणित की गई है। तथापि अब तक प्रदेश में खनिजों का दोहन कोयला, लौह अयस्क, बाक्साईट, लाईमस्टोन तक सीमित है।
बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश में डीजीएम के अलावा जीएसआई, एमईसीएल, सीएमपीडीआईएल, एएमडी, एनएमडीसी, मॉयल आदि देश के नवरत्न कंपनियां विभिन्न खनिजों के अन्वेषण कार्य में संलग्न हैं। एसईसीएल द्वारा भी अब कोयला के अलावा अन्य खनिजों के दोहन में रूचि ली जा रही है। परिणामस्वरूप प्रदेश में लगभग 13 परियोजनाएं बहुमूल्य एवं सामरिक महत्व के खनिजों के लिए प्रस्तावित की गई हैं। इस प्रयास से विभाग द्वारा ग्लूकोनाईट, ग्रेफाईट, निकल, क्रोमियम एवं पीजीई, गोल्ड के 06 ब्लॉक्स ई-नीलामी के माध्यम से देश के महत्वपूर्ण माईनिंग कंपनियों को पारदर्शितापूर्ण नीलाम किये गये है।
वर्ष 2015 में खनिज नियमों में संशोधन उपरांत विभाग द्वारा कोयला के अतिरिक्त अब तक कुल 33 खनिज ब्लाकों का आबंटन ई-नीलामी से किया गया है। इन ब्लॉकों के दोहन से आने वाले वर्षों में प्रदेश को 01 लाख करोड़ से ज्यादा की आय होगी। बैठक में केन्द्र सरकार तथा राज्य शासन के विभिन्न विभागो, उपक्रमों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
"छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच पारितंत्रिक संघर्ष: प्रदेश अध्यक्षों के बीच तकरार"
रायपुर: छत्तीसगढ़ में भाजपा की परिवर्तन यात्रा जारी है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा, परिवर्तन यात्रा को लोगों का खूब समर्थन मिल रहा है. प्रदेश सरकार के खिलाफ लोगों में आक्रोश है. महिला आरक्षण बिल ऐतिहासिक फैसला है.
कांग्रेस पार्टी 2 अक्टूबर को भरोसा यात्रा निकालने जा रही है. इस मामले पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा,
कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओं में भरोसे का संकट है. सरकार पर जनता का भरोसा नहीं है. जनता ने सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है.
राहुल गांधी के बिलासपुर दौरे पर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने तंज कसते हुए कहा, कांग्रेस की कोई भी नेता आए फर्क नहीं पढ़ना है. कांग्रेस के नेता बोल रहे थे कि बीजेपी के स्थानीय नेताओं पर भरोसा नहीं है. आज क्या बोलेंगे? प्रियंका गांधी के जाने के बाद सामूहिक दुष्कर्म हुआ. प्रियंका गांधी को छत्तीसगढ़ आके महिलाओं का आवाज बुलंद करना चाहिए.
"7 लाख लोगों को मिलेगा आवास: छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल ने दी जानकारी"
रायपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सियासी गरमाई हुई है। लगातार सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस नेताओं के की बैठक कर रही है। इसी बीच आज कांग्रेस घोषणा पत्र समिति की बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में सीएम भूपेश, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, दीपक बैज समेत कई दिग्गज नेता मौजूद थे।
बैठक के बाद PCC चीफ दीपक बैज ने जानकारी दी है। दीपक बैज ने कहा कि 2 अक्टूबर को कांग्रेस भरोसा यात्रा निकालेगी। कांग्रेस का ये भरोसा यात्रा सभी विधानसभा में निकाली जाएगी। वहीं सीएम भूपेश बघेल ने भी जानकारी दी है कि 25 सितंबर को राहुल गांधी बिलासपुर आएंगे। राज्य के 7 लाख लोगों को आवास मिलेगा। 25 सितंबर को आवास की राशि वितरित करेंगे।
"कांग्रेस में चुनाव से जुड़ी कमेटियों की बैठक हुई, आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई"
रायपुर: राजीव भवन में आज कांग्रेस की अलग-अलग 6 कमेटियों की बैठक हुई, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई. बैठक के बाद प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा, पीसीसी की 6 कमेटियों की बैठक हुई है. इन कमेटियों की बैठकों का दौर और चलेगा. कोर कमेटी के सामने भी बात रखी गई है. सभी सीनियर लीडर इसमें साथ रहे. ये हमारी रणनीति का हिस्सा है. पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, 2 अक्टूबर को हर विधानसभा में भरोसा यात्रा निकाली जाएगी.
बैठक के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, 25 को बिलासपुर में राहुल गांधी आ रहे हैं, जिसमे आवास योजना के तहत राशि का वितरण होगा. बलौदाबाजार में राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे जी आएंगे, जिसमें अलग-अलग न्याय योजना, बेरोजगारी भत्ता की राशि दी जाएगी. प्रियंका जी का दौरा फाइनल होना बाकी है. पंचायती राज के जनप्रतिनिधियों का सम्मेलन होगा, जिसमें वे शामिल होंगी.
प्रत्याशी चयन में देरी पर बीजेपी के बयान पर सीएम ने पलटवार करते हुए कहा, भाजपा में मेंबरशिप कब होता है पता ही नहीं चलता है. राष्ट्रीय अध्यक्ष कब चुने जाते हैं, पता नहीं चलता है. हम प्रत्याशी चयन के लिए प्रक्रिया के तहत बैठक करते हैं, अभी और बैठके होगी. मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा, वन नेशन वन इलेक्शन की अब बात नहीं हो रही. महिला बिल केवल लाया गया है. ये कब लागू होगा, इसकी भी जानकारी नहीं है. अभी चुनाव है, नई सरकार आएगी वो जनगणना कराएगी.
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, महंगाई से ध्यान बांटने के लिए ये बिल लागू किया है. इसे 2024 में लागू किया जा सकता था पर सिर्फ बिल लाया गया है. भाजपा में नाटक नौटंकियां बहुत होती है, पर आज ये जान गए हैं कि ज्यादा दिन ये चलने वाला नहीं है.
"भाजपा पदाधिकारियों की मैराथन बैठक में बीजेपी की दूसरी लिस्ट पर चर्चा हुई"
रायपुर: भाजपा पदाधिकारियों की मैराथन बैठक 7 घंटे तक चली, जिसमें बीजेपी की दूसरी लिस्ट को लेकर मंथन किया गया. वहीं परिवर्तन यात्रा, पीएम मोदी के दौरे और चुनाव प्रचार को लेकर भी चर्चा हुई. बैठक में ओम प्रकाश माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल सहित अन्य लोग मौजूद थे. नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा, बीजेपी की दूसरी लिस्ट जल्दी आएगी. तारीख बताना संभव नहीं है.
बैठक में अलग-अलग प्रदेशों के मुख्यमंत्री के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी चर्चा की गई. आगामी विधानसभा चुनाव के चलते कई केंद्रीय मंत्री भी छत्तीसगढ़ दौरे पर आने वाले हैं. नेता प्रति पक्ष नारायण चंदेल ने कहा, बीजेपी की दूसरी लिस्ट जल्दी आएगी. तारीख बताना संभव नहीं है. रायपुर में हुए गैंगरेप पर नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा, प्रशासन के नाक के नीचे अपराध हो रहा है. सरकार के संरक्षण में घटनाएं घट रही है.
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, जन घोषणा पत्र में महिलाओं से जो वादा किया था, वह वादा आज भी अधूरा है. प्रदेश में सारे काम ठप पड़े हुए हैं. भारतीय जनता पार्टी की दूसरे लिस्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, प्राथमिक चर्चाएं करीब-करीब पूरी हो गई है. जब भी चुनाव समिति की बैठक होगी उस पर तय होगा. कांग्रेस पार्टी की मैराथन बैठक पर रमन सिंह ने तंज कसते हुए कहा, कांग्रेस में अंतर विवाद इतने हैं कि एक महीने तक कुछ नहीं कर सकते.
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने पलटवार किया. उन्होंने कहा, मोदी जी की तुलना किसी से नहीं हो सकती. मजबूती के साथ बीजेपी काम कर रही है. धरातल पर ठोस काम करने का काम मोदी जी ने किया है. कांग्रेस 2004 और 14 की सरकार जैसे नहीं है. यहां रोज भ्रष्टाचार होते थे.
"कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में आयोजित भरोसा यात्रा के लिए तैयारियाँ शुरू; नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी"
रायपुर: राजीव भवन में आज कांग्रेस की मैराथन बैठक में बड़ा फैसला लिया गया है. 2 अक्टूबर को कांग्रेस सभी विधानसभा में भरोसा यात्रा निकलेगी. इसके लिए विधानसभावार सभी नेताओं को यात्रा की जिम्मेदारी दी गई. इस यात्रा के दौरान कांग्रेसी नेता भूपेश सरकार की उपलब्धियां बताएंगे. वहीं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का छत्तीसगढ़ दौरा भी तय हुआ है. 4 अक्टूबर को प्रियंका गांधी फिर छत्तीसगढ़ आएंगी.
4 अक्टूबर को कांकेर में पंचायती राज नगरीय निकाय सम्मेलन रखा गया है, जिसमें प्रियंका गांधी शामिल होंगी. सीएम भूपेश बघेल के साथ सभा को भी संबोधित करेंगी. वहीं 25 सितंबर को राहुल गांधी आएंगे छत्तीसगढ़ आएंगे और तखतपुर में आयोजित सम्मेलन में शामिल होंगे. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी 28 सितंबर को बलौदाबजार में सभा को संबोधित करेंगे.
"महासमुंद में 2023 विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियों में तेजी, जिले के मतदान केंद्रों की सुरक्षा और व्यवस्था में जांच जारी"
महासमुंद: जिला प्रशासन ने 2023 विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी है. आज महासमुंद जिले के जिला निर्वाचन अधिकारी ने कृषि उपज मंडी में जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र के लिए बनाए जा रहे स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया. इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था को दुरुस्त करने, स्ट्रांग रूम की साफ सफाई और नंबरिंग करने के निर्देश दिए.
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मौसम को देखते हुए लाइटिंग, शेड, रंग रोगन के अलावा स्ट्रांग रूम में पानी से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं. निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी, एसडीएम, लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका सीएमओ सहित तमाम विभाग प्रमुख मौजूद थे. वहीं दूसरी तरफ पुलिस अधीक्षक महासमुंद ने जिले के 13 थानों के थानेदार, 4 एसडीओपी और चार चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर छत्तीसगढ़ सीमा से लगे अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर कड़ी निगरानी करने, निगरानी सुदा बदमाश, वारंटियों की गिरफ्तारी, निजी लोगों द्वारा रखे गए आर्म्स की जानकारी एकत्रित करने के साथ ही आर्म्स को थाने में जमा करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही लंबित प्रकरणों के जल्द निराकरण करने की बात कही.
बता दें कि जिले के महासमुंद, बसना, सरायपाली और खल्लारी विधानसभा के लिए 1079 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं और लगभग 8 लाख मतदाता इन मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. जिला निर्वाचन अधिकारी ने मीडिया को बताया कि वर्तमान में तीन बिन्दुओं पर काम चल रहा है. सबसे पहले मतदाता सूची में नाम जोड़ने व काटने का काम चल रहा है, जो 4 अक्टूबर को फाइनल हो जाएगा. जिले के सभी चेक पोस्ट पर सघन जांच शुरु कर देने के साथ ही मतदान प्रशिक्षण की तैयारी चल रही है.
"विश्व बैंक से मंजूरी प्राप्त: छत्तीसगढ़ में चॉक परियोजना के लिए 2500 करोड़ रुपये की सहायता"
रायपुर: राज्य में स्कूली शिक्षा के बदलते परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए तेजी से बदलाव लाने की दृष्टि से स्कूली शिक्षा में सुधार हेतु चॉक (CHALK) परियोजना की विश्व बैंक एवं भारत सरकार से स्वीकृति प्राप्त हो गई है, आज इस परियोजना के दस्तावेजों पर विश्व बैंक, भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अधिकृत रूप से हस्ताक्षर किए गए।
वर्ल्ड बैंक की मदद से शिक्षा गुणवत्ता सुधार के साथ स्कूलों का कायाकल्प किये जाने का निर्णय लिया गया है, इसके अंतर्गत छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पहले चरण में 400 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। इस परियोजना के माध्यम से अगले 5 वर्षों में (जुलाई, 2023 से सितंबर, 2028 ) विश्व बैंक द्वारा कुल 300 मिलियन डालर (लगभग 2500 करोड़ रूपए) की सहायता प्राप्त होगी ।
इस परियोजना के माध्यम से प्रमुख रूप से बच्चों की उपलब्धि में सुधार की दिशा में विभिन्न कार्य, पालकों की मांग के आधार पर स्वामी आत्मानंद की तर्ज पर उत्कृष्ट परिणाम देने वाले नए स्कूलों का प्रारंभ, राज्य में सुदूर अंचलों में संचालित स्कूलों की अधोसंरचना में सुधार हेतु आवश्यक समर्थन आदि कार्य किये जा सकेंगे। इस परियोजना के आने से छत्तीसगढ़ राज्य में विगत चार वर्षों में शुरू किए गए विभिन्न सुधार कार्यों को गति एवं विस्तार देने में आसानी हो सकेगी एवं स्कूली शिक्षा की गुणवता में व्यापक सुधार हो सकेगा।
परियोजना के अंतर्गत कक्षा के स्तर अनुरूप सीखने-सिखाने से सबंधित प्रशिक्षण, शिक्षकों को अपने लिए उपयुक्त प्रशिक्षण के चयन का अवसर (ऑन डिमॉड ट्रेनिंग), उच्च प्राथमिक से लेकर हायर सेकण्डरी स्तर की कक्षाओं के लिए प्रत्येक विषय एवं अवधारणा के लिए उपचारात्मक शिक्षण, स्कूलों में प्रभावी आकलन हेतु डिजिटल टेक्नोलोजी का उपयोग कर बच्चों के परिणामों के विश्लेषण की व्यवस्था, उच्च क्वालिटी के टेस्ट आइटम आईसीटी एवं विज्ञान प्रयोगशाला, स्मार्ट क्लासरूम की उपलब्धता, चयनित स्कूलों को अधोसंरचना विकास का लाभ, अधिक संख्या में अनुसूचित जाति एवं जनजाति बसाहट वाले विकासखंडों में स्कूलों खोले जाने का प्रस्ताव जैसे कार्यों पर फोकस किया जावेगा। साथ ही स्कूल शिक्षा में बदलाव लाए जाने हेतु राज्य में कार्यरत स्कूल प्राचार्यों को अकादमिक एवं प्रशासनिक लीडरशिप के अलावा अन्य उपयोगी मुद्दों पर उन्हें प्रशिक्षित कर व्यवहार परिवर्तन हेतु सीमेट के माध्यम से विभिन्न क्षमता विकास कार्यक्रम का आयोजन भी किया जावेगा।