छत्तीसगढ़
चेम्बर के व्यापारी सम्मेलन में श्री सुनील सिंघी जी, चेयरमेन, राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड, भारत सरकार मुख्य आतिथि होंगे
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी, महामंत्री अजय भसीन, कोषाध्यक्ष उत्तम गोलछा, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, विक्रम सिंहदेव,राम मंधान, मनमोहन अग्रवाल ने बताया कि दिनांक 11 जुलाई 2023 को दोपहर 03.30 बजे चेम्बर भवन, बाम्बे मार्केट, रायपुर में व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में माननीय श्री सुनील सिंघी जी, चेयरमेन, राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड, भारत सरकार उपस्थित रहेंगे।
चेम्बर प्रदेश महामंत्री श्री अजय भसीन ने बताया कि चेंबर प्रदेश अध्यक्ष श्री अमर परवानी जी को भारत सरकार, वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय, उद्योग संवर्धन एवं अंतरिक व्यापार विभाग द्वारा राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण समिति के सदस्य नियुक्त किये जाने पर पूरे प्रदेश के व्यापारियों में उत्साह है।
श्री भसीन ने बताया कि उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विकास हेतु गठित राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण समिति में 8 राज्य, संघ राज्य क्षेत्र- (दिल्ली, गोवा, आसाम, पंजाब, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, तामिलनाडू, मध्य प्रदेश), 9 मंत्रालय, विभाग- (आवास और शहरी मंत्रालय, श्रम और रोजगार मंत्रालय, सूक्ष्म, मध्यम और मध्यम उद्यम मंत्रालय, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, नीति आयोग,वाणिज्य विभाग, वित्तीय सेवा विभाग, कृषि निगम और किसान कल्याण विभाग, राजस्व विभाग) सहित अन्य ट्रेड एसोसिएशन (लघु उद्योग भारती, कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स एवं छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ) के प्रतिनिधि भी शामिल हैं।
श्री भसीन ने प्रदेश के समस्त व्यापारी एवं उद्योगपति बंधुओं से अपील की है कि वे व्यापारी सम्मेलन में उपस्थित होकर कार्यक्रम का लाभ उठावें।
स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने चिकित्सालय का किया आकस्मिक निरीक्षण
वार्डों में घूमकर मरीजों से मिले, रात्रिकालीन ड्यूटी में तैनात डॉक्टरों और स्टॉफ की ली जानकारी
रायपुर: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने रविवार को रात आठ बजे कवर्धा जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डो का भ्रमण कर मरीजों से इलाज के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने रात्रिकालीन ड्यूटी में तैनात डॉक्टरों और अन्य स्टॉफ की जानकारी ली। कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने उन्हें जिला चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया। श्री परदेशी ने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए अस्पताल द्वारा प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं में निरंतर सुधार के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री परदेशी ने चिकित्सालय में आपातकालीन वार्ड, एसएनसीयू और सर्जिकल वार्ड का निरीक्षण कर वहां इलाजरत मरीजों से चर्चा की। उन्होंने मेडिकल वार्ड में उपचाररत मरीजों तथा उनके परिजनों से चर्चा कर चिकित्सालय की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहां मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता की भी जानकारी ली। श्री परदेशी ने एनआरसी और पीडियाट्रिक वार्ड का अवलोकन कर वहां मौजूद शिशु रोग विशेषज्ञ से अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में पूछा। कबीरधाम जिला पंचायत के सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, सीएमएचओ-सह-सिविल सर्जन डॉ. सूर्यवंशी और जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती सृष्टि शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस दौरान मौजूद थे।
घोषणा पत्र को लेकर जनता का सामना करने की स्थिति में भी नहीं है कांग्रेस : केदार गुप्ता
रायपुर: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव द्वारा कांग्रेस की चुनाव घोषणा पत्र समिति में नहीं रहने की घोषणा को कांग्रेस की अंदरूनी कलह और कांग्रेस की प्रदेश सरकार की खत्म हो चुकी विश्वसनीयता का प्रमाण बताया है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री गुप्ता ने कहा कि उपमुख्यमंत्री पद पर श्री सिंहदेव की नियुक्ति के बाद भी अंदरूनी असंतोष और गुटीय द्वंद के चलते कांग्रेस का बुरा हाल है। गुटबाजी का आलम तो यह है कि अब दिल्ली में भी छत्तीसगढ़ के लिये दो गुट हो गए हैं,एक मुख्यमंत्री के साथ और दूसरी उप मुख्यमंत्री के साथ इसके चलते कांग्रेस का असंतोष विस्फोटक रूप में दिखाई दे रहा है। श्री गुप्ता ने कहा कि उपमुख्यमंत्री श्री सिंहदेव के घोषणा पत्र समिति में नहीं रहने के ऐलान के बाद यह एकदम स्पष्ट हो गया है। पिछली घोषणा पत्र समिति के 'जय-वीरू' में अबकी बार किसने, किसका साथ छोड़ा? अब घोषणापत्र समिति में एक अकेला रह गया है। उपमुख्यमंत्री श्री सिंहदेव का ऐलान कांग्रेस में मचे घमासान की गूंज है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री गुप्ता ने कहा कि यह कांग्रेस की वादाखिलाफी के राजनीतिक चरित्र को स्पष्ट करता है। प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी के चलते उपमुख्यमंत्री सिंहदेव पहले ही एक मंत्रालय से इस्तीफा दे चुके हैं। प्रधानमंत्री आवास के क्रियान्वयन में केंद्र सरकार द्वारा अपने हिस्से की पूरी राशि भेजे जाने के बावजूद प्रदेश सरकार की अड़ंगेबाजी और ग्रामीणों के आवास पर रोक लगाए जाने से नाराज सिंहदेव ने इस्तीफा देकर कांग्रेस की वादाखिलाफी को जगजाहिर किया था। श्री गुप्ता ने कहा कि जुमलेबाजों के 2018 के घोषणा पत्र की सारी पोल उपमुख्यमंत्री सिंहदेव (जय -वीरु की जोड़ी के एक साथी) ने खोलकर रख दी है। कांग्रेस की प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ही अपनी सरकार और कांग्रेस की घोषणाओं व संकल्पों पर भरोसा नहीं कर रहे हैं। उप मुख्यमंत्री सिंहदेव ने अपनी इस घोषणा से बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है।
रायपुर रेल मंडल के अकलतरा फाटक स्टेशनों के मध्य रेल मरम्मत कार्य हेतु सड़क वाहनों के आवागमन बंद रहेगा
समपार फाटक क. 380 अकलतरा गेट ( निपानिया भाटापारा ) में रेल मरम्मत कार्य हेतु सड़क वाहनों के आवागमन बंद को आगे बढ़ाने बाबत
रायपुर: रायपुर रेल मंडल के अकलतरा फाटक स्टेशनों के मध्य स्थित समपार फाटक कमाक 380 (अकलतरा ) के मध्य डाउन लाइन किमी. 755/4- 6) अकलतरा गेट पर रेलवे के आवश्यक एवं विशेष मरम्मत का कार्य दिनांक 09.07.2023 को दिन राविवार सुबह 08:00 बजे से दिनांक 11.07.2023 दिन मंगलवार को शाम 06:00 बजे तक रखा गया था जिसे तकनीकी कारणों से दिनांक 13.07.23 गुरुवार शाम 06:00 बजे तक के लिए सड़क वाहनो के आवागमन अवरूद्ध रहेगा समपार फाटक पर सड़क आवागमन बंद रहेगा ।
रेल यातायात व यात्रियों की संरक्षा की दृष्टि से यह अति आवश्यक हैं । रेल प्रशासन सभी से सहयोग की आशा करता है ।
कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ को हड़तालगढ़ बना दिया है - कौशिक
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कौशिक ने कहा वादाखिलाफी करना कांग्रेस के डीएनए में ही है
रायपुर: पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार सत्ता पाने के लिए प्रदेश के हर वर्गों को धोखे में रखकर एवं पवित्र गंगाजल की झूठी कसम खाकर सत्ता में आई है। प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी का खामियाजा प्रदेश की जनता बेवजह भुगत रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर की विभिन्न कर्मचारी संगठन अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत है। कर्मचारी संगठनों की मांग जायज है क्योंकि प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपने किए वादों के अनुसार अभी तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया है। विभिन्न कर्मचारी संगठनों की हड़ताल में चले जाने से प्रदेश की जनता पूरी तरह परेशान है। लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार को प्रदेश की जनता से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी के कारण छत्तीसगढ़ आज हड़तालगढ़ बन गया है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि वादाखिलाफी करना कांग्रेस की डीएनए में ही है। चुनाव जीतने के बाद 10 दिनों में कर्जा माफ करने का वादा करने वाली कांग्रेस ने न तो पूरा कर्जा माफ किया नाही किसानों को पिछले 3 वर्षों का धान का बोनस दिया। प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ते देने का वादा करके बेरोजगारी भत्ता देने में भी बेतुके नियम बनाएं ताकि युवाओं को बेरोजगारी भत्ता ना मिल सके। ठीक इसी तरह कर्मचारियों का डीए एवं एचआरए में केंद्र सरकार की तरह नहीं दिया जा रहा है। जिसके कारण कर्मचारी संगठन हड़ताल करने को विवश हो गए हैं। झूठ की बुनियाद पर खड़ी यह सरकार केवल कर्ज लेकर कर्ज का पैसा एक परिवार के लिए एटीएम बन कर बांट रहे हैं। प्रदेश की सरकार को ना तो प्रदेश की जनता की कोई फिक्र है और ना ही कर्मचारी संगठन की कोई चिंता कांग्रेस को तो केवल सत्ता के आनंद से मतलब है इसके लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार किसी भी हद तक गिर सकती है।
प्रदेश में 11 से 24 जुलाई जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा महिला व पुरूष नसबंदी के बारे में किया जाएगा जागरूक
पखवाड़े के दौरान परिवार नियोजन के स्थायी व अस्थायी साधनों की दी जाएगी जानकारी
रायपुर: परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने राज्य शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 11 जुलाई से 24 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा (परिवार नियोजन पखवा़ड़ा) चलाया जाएगा। इस दौरान ग्राम स्तर से लेकर जिला स्तर तक विशेष अभियान चलाकर पुरूष एवं महिला नसबंदी के प्रति फैली अज्ञानता व भ्रांतियों को दूर किया जाएगा। पखवाड़े के दौरान ए.एन.एम. और मितानिनें घर-घर जाकर चिन्हांकित हितग्राहियों को परिवार नियोजन के स्थाई व अस्थाई साधनों के बारे बताएंगी। हितग्राहियों को जरूरी परामर्श और परिवार नियोजन की सेवाएं भी इस दौरान प्रदान की जाएंगी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में परिवार कल्याण के उप संचालक डॉ. टी.के. टोंडर ने बताया कि देश की बढ़ती जनसंख्या चिंता का विषय है। इसके लिए सबको जागरूक होने की जरूरत है। सभी शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में परिवार नियोजन के साधन निःशुल्क उपलब्ध हैं। इनमें पुरूष एवं महिला नसबंदी, निरोध, गर्भ निरोधक गोली, इंजेक्शन, कॉपर-टी जैसी सुविधाएं शामिल हैं। परिवार नियोजन के लिए आवश्यक है कि पहले और दूसरे बच्चे के बीच तीन साल का अंतराल हो।
परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के उपायों पर डॉ. टोंडर ने बताया कि सभी जिला चिकित्सालयों, चिन्हांकित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा मान्यता प्राप्त निजी चिकित्सालयों में एन.एस.व्ही. की सुविधा उपलब्ध है। पुरूष नसबंदी उन दंपत्तियों के लिए परिवार नियोजन का सबसे आसान उपाय है जिन्हें और बच्चे नहीं चाहिए। एन.एस.व्ही. बिना चीरा व टांके के दस से 20 मिनट में पूरी की जाती है, और इस प्रक्रिया में दर्द नहीं होता। नसबंदी के बाद किसी भी प्रकार की शारीरिक दुर्बलता नहीं होती, बल्कि पहले जैसा ही भारी काम कर सकते हैं। शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों में नसबंदी के बाद पुरूष हितग्राहियों को तीन हजार रुपए और महिला हितग्राहियों को दो हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
कार्यशाला में नोडल अधिकारियों को जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के संबंध में दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
11 जुलाई को मनाए जाने वाले विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा आज राजधानी रायपुर में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। सभी जिलों के परिवार कल्याण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी तथा जिला भंडार प्रभारी कार्यशाला में शामिल हुए। कार्यशाला में महामारी नियंत्रण के संचालक डॉ. सुभाष मिश्रा ने सभी नोडल अधिकारियों को जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कांग्रेस का पंजा नौनिहालों के भविष्य पर कस रहा शिकंजा- अरुण साव
तबादला उद्योग के सीएमडी का घर घेरने बच्चे मजबूर
रायपुर: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने शिक्षक विहीन शालेय बच्चों द्वारा सीएम हाउस में अपनी किताब कॉपी छोड़ देने को सरकार के तबादला उद्योग की देन बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य में हर मामले में सिंडिकेट काम कर रहे हैं। इन्होंने शिक्षा क्षेत्र को भी नहीं बख्शा। छत्तीसगढ़ का भविष्य खतरे में है। इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण घटना क्या हो सकती है कि शिक्षा को अपनी प्राथमिकता बताने वाले मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र पाटन के 19 स्कूल भी एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हों तो आसानी से समझा जा सकता है कि पूरे छत्तीसगढ़ में क्या स्थिति है।
इससे दुर्भाग्य जनक स्थिति क्या हो सकती है कि आज महासमुंद के बच्चों ने मुख्यमंत्री निवास के सामने कॉपी किताब छोड़ दिये, कल दूसरे स्थानों के बच्चे भी ऐसा कर सकते हैं क्योंकि पूरे छत्तीसगढ़ में स्कूली शिक्षा की दुर्दशा एक जैसी है। भूपेश बघेल के राज में छत्तीसगढ़ की स्कूली शिक्षा का स्तर रसातल में पहुंच गया है। नेशनल अचीवमेंट सर्वे में राज्य देश भर में तीसवें पायदान पर है। भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर तबादला उद्योग चला रहे हैं। कांग्रेस का पंजा छत्तीसगढ़ के नौनिहालों के भविष्य पर शिकंजा कस रहा है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि जब कांग्रेस सरकार के संरक्षण में शिक्षा विभाग में तबादला उद्योग चरम पर था और पूरे प्रदेश में तरह -तरह की धांधली व रिश्वतखोरी, तबादले का भय दिखाकर अवैध वसूली, मनचाही जगह पोस्टिंग की सौदेबाजी, एक ही जिले में दो अलग -अलग तबादला आदेश, अधिकार क्षेत्र के बाहर जाकर पुराने जिलों से नए जिलों के तबादले के गोरखधंधे की शिकायत आम थीं, तब भाजपा ने चेताया था कि अवैध कमाई के लिए शिक्षा का कबाड़ा न करें लेकिन जिस सरकार के स्कूल शिक्षा मंत्री तक पर तबादले के धंधे में शामिल होने के आरोप लगते हों, उस सरकार ने आंख नहीं खोली क्योंकि सारा खेल तो संगठित गिरोह ही संचालित कर रहा है। शिक्षा सत्र शुरू हो गया है और पूरे छत्तीसगढ़ में शालायें शिक्षक विहीन हैं। बच्चों को भूपेश बघेल पर भरोसा नहीं है। वे उनके सरकारी बंगले के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसी सरकार पर कोई भी भरोसा नहीं कर सकता।
अपहरण करने की असफल योजना को अंजाम देने वाले 03 आरोपी गिरफ्तार
थाना अभनपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम कोलर निवासी प्रार्थी रूपल चन्द्राकर की दिनांक 08.05.23 को अपहरण करने का किये थे प्रयास।
आरोपियान अपहरण करने की बनाये थे योजना।
योजना के अनुसार अपहरण की घटना को अंजाम देने में हो गये थे असफल।
फिरौती हेतु प्रार्थी का अपहरण करने की बनाये थे योजना।
आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आई- 20 कार क्रमांक सी जी/07/ए एल/6077, रॉड एवं चाकू को किया है जप्त।
आरोपियों के विरूद्ध थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 200/23 धारा 365, 511, 34 भादवि. का अपराध किया गया है पंजीबद्ध।
रायपुर पुलिस: प्रार्थी रूपल चन्द्राकर ने थाना अभनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह ग्राम कोलर अभनपुर का निवासी है तथा छ.ग.रा.वि.वि.कं. रायपुर में कार्यपालन अभियंता के पद पर मीटर परी. संभाग 01 गुढ़ियारी रायपुर में कार्यरत है। प्रार्थी प्रतिदिन की भांति दिनांक 08.05.23 को रायपुर निवास से अपने कार से कोलर अभनपुर प्रातः करीब 04ः30 बजे पहुंचा तथा दैनिक कार्य के बाद अभनपुर पुराना धमतरी रोड से घुमकर वापस घर की ओर जा रहा था, कि प्रार्थी सरगुंदिया तालाब के पास प्रातः लगभग 05ः10 बजे पहुंचा था। इसी दौरान प्रार्थी के पीछे सफेद रंग की हुण्डई आई-20 कार उसके बाजू में आकर रूकी कार में सवार व्यक्ति नकाबपोश थे। प्रार्थी आगे बढ़ा तत्पश्चात् नकाबपोश व्यक्ति सवार होकर प्रार्थी के सामने गाड़ी को रोककर 02 लोग सामने व पीछे से उतरे तथा सामने से उतरने वाला नकाबपोश व्यक्ति प्रार्थी की ओर बढ़ा तथा उसे पकड़ने की कोशिश किया, जिससे प्रार्थी दौड़ लगाकर बचाओ, बचाओ बालते हुए अपने घर की ओर दौड़ कर भागने लगा। प्रार्थी थोड़ी दूर जाकर पीछे मुड़कर देखा तो कार के नंबर प्लेट में कीचड़ लगा था। कार में दो नकाबपोश व्यक्ति के अलावा ड्रायवर भी था। नंबर प्लेट के अलावा कार साफ सुथरी थी एवं दोनों नकाबपोश व्यक्ति कार में सवार होकर फरार हो गये। जिस पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना अभनपुर में अपराध क्रमांक 200/23 धारा 365, 511, 34 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
घटना का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय श्री प्रशांत अग्रवाल द्वारा गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध श्री अभिषेक माहेश्वरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री नीरज चन्द्राकर, नगर पुलिस अधीक्षक अटल नगर नवा रायपुर श्री जितेन्द्र चन्द्राकर, उप पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री दिनेश सिन्हा, प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी अभनपुर को अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना अभनपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ करते हुए आसपास के लोगों से भी पूछताछ किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा घटना स्थल व उसके आसपास लगे सी.सी.टी.व्ही. कैमरों के फुटेजोें का अवलोकन करने के साथ ही अज्ञात आरोपियों के संबंध में तकनीकी विश्लेषण भी किया गया। अज्ञात आरोपियों द्वारा उपयोग किये गये कार के संबंध में भी जानकारी एकत्र करने के साथ ही प्राप्त अन्य साक्ष्यों व तथ्यों के आधार पर लगातार अज्ञात आरोपियों की पतासाजी की जा रहीं थी।
इसी दौरान टीम के सदस्यों को घटना में संलिप्त आरोपी ग्राम सारखी निवासी मधुकर सिन्हा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई, जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा मधुकर सिन्हा का पकड़कर प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने साथी अजय उर्फ पिंटू नेताम एवं टेकराम धीवर के साथ मिलकर उक्त घटना को अंजाम देना बताया गया। जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा घटना में संलिप्त आरोपी अजय उर्फ पिंटू नेताम एवं टेकराम धीवर को भी पकड़ा गया।
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने बताया कि उन्हें पैसों की आवश्यकता होने पर तीनों ने मिलकर प्रार्थी रूपल चन्द्राकर जो बड़ा कृषक होने के साथ ही विद्युत विभाग में अधिकारी के पद पर पदस्थ है, जिसके पास बहुत पैसा है जिसका अपहरण कर लेने के बाद फिरौती में हम लोगों को बहुत पैसा मिलेगा की अपहरण करने की योजना बनायी थी तथा योजना के अनुसार दिनांक घटना को तीनों ने मिलकर आरोपी अजय उर्फ पिंटू नेताम के आई-20 कार में अपहरण करने की असफल योजना को अंजाम दिया था।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त आई- 20 कार क्रमांक सी जी/07/ए एल/6077, रॉड एवं चाकू को जप्त कर कार्यवाही की गई।
गिरफ्तार आरोपी
01. मधुकर सिन्हा पिता नरसिंग सिन्हा उम्र 28 साल निवासी ग्राम सारखी थाना अभनपुर रायपुर।
02. अजय उर्फ पिन्टू नेताम पिता स्व. डॉक्टर नेताम उम्र 30 साल निवासी ग्राम सारखी थाना अभनपुर रायपुर।
03. टेकराम धीवर पिता प्रकाष धीवर उम्र 25 साल निवासी ग्राम सारखी थाना अभनपुर रायपुर।
10 जुलाई से आंदोलन की चेतावनी: छत्तीसगढ़ शिक्षक मोर्चा ने आरोप लगाए, वादा पूरा नहीं करने का दोष दिया; वेतन विसंगति और क्रमोन्नति की अभाव का जवाब नहीं मिला...
रायपुर: छत्तीसगढ़ शिक्षक मोर्चा ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान छत्तीसगढ़ शिक्षक मोर्चा ने सरकार पर उदासीनता और वादाखिलाफी का आरोप लगाया. शिक्षक एल. बी. संवर्ग के हितों और मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि राज्य के दो लाख शिक्षकों के सब्र का बांध टूट गया है. विभिन्न शिक्षक संगठनों ने संगठनात्मक मतभेदों को दरकिनार कर संवर्ग के दो लाख कर्मचारियों के हित में "छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा" का गठन कर संघर्ष का बिगुल फूंक दिया है.
छ. ग. सहायक शिक्षक फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष मनीष मिश्रा, शालेय शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र दुबे, नवीन शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष विकास राजपूत, संयुक्त शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष केदार जैन व छ.ग. टीचर्स एसोसिएशन के प्रांताध्यक्ष संजय शर्मा ने संयुक्त वक्तव्य में कहा है कि सरकार ने शिक्षक एल. बी. संवर्ग के हितों की उपेक्षा करने के साथ ही उनके साथ वादाख़िलाफ़ी भी की है.
उन्होंने बताया कि क्रमोन्नति, प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना, वेतन विसंगति, पूर्ण पेंशन, 7 वें वेतनमान में गृहभाड़ा व देय तिथि से मंहगाई भत्ता आदि मुद्दों पर सरकार ने हमें निराश किया है. संवर्ग के हित में आंदोलन के लिए बाध्य किया है.
"छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा" के बैनर तले एक सूत्रीय मांग
"पूर्व सेवा अवधि की गणना कर प्रथम नियुक्ति तिथि से सही वेतन का निर्धारण कर सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर कर / क्रमोन्नत, पुरानी पेंशन निर्धारित कर एवं कुल 20 वर्ष की सेवा में पूर्ण पेंशन की पात्रता" को लेकर आज मंत्रालय में ज्ञापन तथा मांगें पूर्ण नहीं होने पर आंदोलन की सूचना दी जाएगी.
इसी क्रम में 18 जुलाई, 2023 को राजधानी में जंगी धरना प्रदर्शन तथा 31 जुलाई, 2023 से पूरे राज्य में शाला बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन आंदोलन और समस्त जिला व वि.ख. मुख्यालय में धरना दिया जाएगा. मनीष मिश्रा, वीरेंद्र दुबे, विकास राजपूत, केदार जैन व संजय शर्मा ने समस्त शिक्षक साथियों से संघर्ष में शामिल होने की अपील की है.
भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने डीईओ कार्यालय पर घेराव किया, स्कूल खेलों में लापरवाही का आरोप लगाया
रायपुर: भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने रायपुर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव किया। भाजयुमो ने स्कूल खेलों में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान जनसंपर्क अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश खेल एवं कला के प्रमुख अमन यादव ने कहा कि स्कूल द्वारा आयोजित किए जाने वाले खेलों का नोटिस 2 दिन पहले ही आता है, और फिर तुरंत 2 दिन बाद ब्लॉक स्तर पर खेल का आयोजन होता है। इसके बाद जिला स्तर के खेल का आयोजन होता है। यहां तक कि छत्तीसगढ़ ओलंपिक के लिए बच्चों को स्कूल खेलों में खिलवाड़ करने का अवसर मिलता है।
इन बच्चों का भविष्य अंधकार में रखा जा रहा है। स्कूल खेलों में प्रतिभाशाली बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर बोनस अंक प्राप्त होते हैं, जो उन्हें ओलंपिक तक जाने का मौका देता है। हालांकि, इन खिलाड़ियों को लगातार परेशान किया जा रहा है। जूनियर खिलाड़ियों की स्थिति बेहाल है और सीनियर युवा खिलाड़ियों को अब तक राज्य स्तर पर अलंकरण नहीं मिला है। इस मुद्दे को लेकर भाजपा युवा मोर्चा ने जिला शिक्षा अधिकारी को खेल के समय अवधि बढ़ाने के लिए ज्ञापन सौंपा है।
इसके विपरीत, जिला शिक्षा अधिकारी आर.एल ठाकुर ने यह कहा कि स्कूल खेलों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हुई है। संचालनालय ने पत्र जारी किया था, जिसमें कहा था कि 10 जुलाई तक जिले का खेल कैलेंडर तैयार करके भेजा जाए। इसके अनुसार हमने कैलेंडर तैयार करके भेज दिया है और राज्य स्तर का खेल आयोजित किया जा रहा है।
राज्य खेल आयोजन के पहले संभाग का होता है. फिर ब्लॉक का होता है. फिर जिला का होता है. इसके बाद बच्चे चयनित होकर लगातार आगे बढ़ते हैं. इन लोगों की मांग समय अवधि बढ़ाने की है. संचनालय के अनुसार समय अवधि बढ़ाने पर विचार किया जाएगा. संचनालय के निर्देशानुसार किया जाएगा. जो भी निर्णय विद्यार्थी के हित में संभव हो सकेगा, उस पर निर्णय किया जाएगा.
भूपेश बघेल ने भाजपा को निशाना साधते हुए कहा, "बीजेपी में नेतृत्व की अकाल, जिन्हें BJP की आइडियोलॉजी नहीं पता, वे घोषणा पत्र बनाएंगे"
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बालोद जिले के दौरे के लिए रवाना हो गए हैं। सीएम वहां पहुंचकर माता बिंदेश्वरी बघेल पार्क का लोकार्पण और मूर्ति का अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। रवानगी से पहले सीएम भूपेश बघेल ने पत्रकारों से चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और अन्य मुद्दों पर भी अपना बयान दिया।
सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा ने 2013 में संकल्प लिया था। किसानों का दाना-दाना धान खरीदेंगे। डबल इंजन की सरकार ने फैसला लिया 10 क्विटल धान खरीदेंगे। क्यों उस समय दाना-दाना धान नहीं खरीदा गया? बोनस क्यों नहीं दिया गया, किसके कहने पर रोका गया। रमन सिंह किसानों को ठगने का काम किया। हमने 20 क्विटल धान खरीदने की बात की तो श्रेय लेने में लगे हुए हैं। 2018 में जनता ने 15 सीटों पर बीजेपी को समेट दिया। झूठ के सहारे जनता के बीच नहीं जा सकते। ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे रमन सिंह ने ठगा नहीं। हर वर्ग को ठगने का काम रमन सिंह ने किया।
शराब को लेकर मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि यदि शराब फैक्ट्री से शराब की पेटी निकली तो सबसे पहले डिस्ट्रेलरों पर कार्रवाई होना चाहिए था। उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। रमन सिंह की सरकार में शराब को लेकर पॉलिसी बनाई गई। कॉर्पोरशन के माध्यम से शराब बिक्री का प्रावधान किया गया। इन लोगों से रमन सिंह के क्या संबंध हैं? सिर्फ 3 डिस्ट्रिब्यूटर्स से रमन सिंग और क्या संबंध हैं। रमन सिंह बताएं दूसरे डिस्ट्रिब्यूटर्स को क्यों मौका नहीं दिया गया। डिस्ट्रिब्यूटर्स को नोटिस जारी किया गया है। राजस्व में कमी आई है तो कार्रवाई भी होगी और वसूली भी की जाएगी। 2020 का मामला है, चुनाव देखकर ही ईडी आईटी के माध्यम से लड़ना चाहते हैं। कोई भी वर्ग इनके साथ नहीं है, केवल ईडी और आईटी के माध्यम से लड़ना चाहते हैं।
बीजेपी के आरोप पर सीएम का पलटवार
बीजेपी के धान खरीदी वाले आरोपों पर सीएम बघेल ने पलटवार करते हुए कहा कि मैं इनकी सभी बातें मानने को तैयार हूँ। केवल बताएं कि 2014 में बीजेपी ने 10 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी करने का फैसला क्यों किया? केंद्र सरकार कर रही है तो रोका किसने, किसानों की धान खरीदी करने से, रमन सिंह और बीजेपी बताएं। पिछले साल 107 लाख मेट्रिक टन खरीदे थे, इस साल 125 से 140 लाख मेट्रिक टन तक जाएगा। बारिश अच्छी हो रही है, फसल भी अच्छा होगा। लाखों किसानों के भविष्य के साथ क्यों खिलवाड़ किया और आर्थिक क्षति क्यों पहुँचाई।
बीजेपी के आरोपों को लेकर सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि कितना भी विधानसभा में चिल्ला चिल्लाकर बोल लें। रमन सिंह को जब तक नहीं हटेंगे तब तक बृजमोहन, अजय चंद्राकर और प्रेमप्रकाश पांडे का कुछ नहीं हो सकता। जो लोग जीवनभर बीजेपी का साथ दिए, उनको घर बैठा दिया गया।
जिन्हें भाजपा की आइडियोलॉजी पता नहीं, वह बनाएंगे घोषणा पत्र विजय बघेल को घोषणा पत्र की जिम्मेदारी दी गई है। जिसको भाजपा की आइडियोलॉजी पता नहीं, वह घोषणा पत्र बनाएंगे। विजय बघेल तो खुद कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए हैं। बीजेपी में नेतृत्व का अकाल हो गया है।
BJP के आरोपों पर CM का पलटवार
बीजेपी के धान खरीदी वाले आरोपों पर सीएम बघेल ने पलटवार करते हुए कहा कि मैं इनकी सब बातें मानने को तैयार हूं. केवल बताए की 2014 में बीजेपी ने 10 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी करने का फैसला क्यों किया ? केंद्र सरकार कर रही है तो रोका किसने, किसानों की धान खरीदी करने से, रमन सिंह और बीजेपी बताए. पिछले साल 107 लाख मैट्रिक टन खरीदे थे, इस साल 125 से 140 लाख मैट्रिक टन तक जाएगा. बारिश अच्छी हो रही है, फसल भी अच्छा होगा. लाखों किसानों के भविष्य के साथ क्यों खिलवाड़ किया और आर्थिक क्षति क्यों पहुचाई.
गौ पालन से आर्थिक स्वावलंबन की मिसाल गृहिणी रुक्मणी पटेल
राज्य डेयरी उद्यमिता विकास योजना से अपने सपने किए साकार
रायपुर: महासमुंद जिले के विकासखण्ड बसना के ग्राम पड़कीपाली में एक गृहणी श्रीमती रूक्मणी पटेल गौ-पालन कर परिवार को अपना विशेष सहयोग प्रदान कर रही है। पड़कीपाली के प्रगतिशील सीमांत कृषक परिवार की श्रीमती रूक्मणी पटेल ने गृह कार्य के साथ-साथ अपने बचे हुए शेष समय का सदुपयोग कर अपने परिवार का आर्थिक सहयोग करने की ठानी। कृषक परिवार से संबंध होने एवं पूर्व से थोड़ा बहुत पशुपालन की जानकारी होने के कारण विभागीय कर्मचारियों से पशुपालन संबंधी योजनाओं की उनके द्वारा जानकारी ली गई, जिसमें उन्हे छत्तीसगढ़ राज्य डेयरी उद्यमिता विकास योजना उपयोगी एवं लाभप्रद लगा। इसके लिए विभाग से गौ पालन हेतु स्ववित्तीय आवेदन स्वीकृत करा कर दो गाय क्रय कर अपना डेयरी इकाई प्रारंभ की । इस कार्य में रुक्मणी पटेल के परिवार जनों ने भी उनका भरपूर सहयोग किया।
वे बताती हैं कि उनके द्वारा प्रारंभ किए डेयरी इकाई से प्रतिदिन लगभग 25 लीटर दूध उत्पादन होने लगा। 2-3 लीटर घरेलू उपयोग हेतु रखने के बाद शेष दूध को स्थानीय बाजार में 50 रूपये प्रति लीटर की दर से बेचकर प्रतिमाह करीब बीस हजार रूपये का शुद्ध लाभ होने लगा। उनके द्वारा घरेलू उपयोग हेतु रखे गये दूध से घी और दही बनाकर प्रतिमाह लगभग 2000-3000 अतिरिक्त आय भी अर्जित होती रही।
आज गौ पालन करते हुए श्रीमती रूक्मणी पटेल को लगभग डेढ़ वर्ष पूरे हो चुके है, इस दौरान उन्हें लगभग साढ़े तीन लाख रुपए आय अर्जित कर परिवार को बहुत बड़ा आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। परन्तु श्रीमती रूक्मणी पटेल इतने में ही संतुष्ट नहीं हुई, पशु पालन से लाभ को देखते हुए और अपनी आर्थिक स्थिति को और सृदृढ़ करने के उद्देश्य से डेयरी इकाई के लाभ का कुछ हिस्सा बचत करते हुए उनके द्वारा स्थानीय मांग के अनुसार इस वर्ष 8 बकरे-बकरियों का क्रय किया गया है, जिससे निश्चय ही उन्हे आगामी वर्ष में और ज्यादा लाभ की उम्मीद है। राज्य डेयरी उद्यमिता योजना से श्रीमती रुक्मणी पटेल की यह सफलता निश्चित तौर पर महिला आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण के लिए विशेष सोपान सिद्ध हो रहा है। उनकी सफलता में राज्य सरकार की इस योजना का महती भूमिका है।
पश्चिम विधानसभा के शिव मंदिरों में विधायक विकास उपाध्याय ने बेलपत्र एवं जलाभिषेक अर्पित कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की करी शुभकामना
पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार को महादेवघाट स्थित हटकेश्वर मंदिर के महाशिवलिंग सहित पश्चिम विधानसभा के शिव मंदिरों में विधायक विकास उपाध्याय ने बेलपत्र एवं जलाभिषेक अर्पित कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की करी शुभकामना
रायपुर (छत्तीसगढ़): संसदीय सचिव एवं विधायक विकास उपाध्याय ने आज सुबह पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार को महादेवघाट स्थित हटकेश्वर महादेव मंदिर के महाशिवलिंग में जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की मंगल कामना की। तत्पश्चात् उन्होंने सरोना स्थित शिव मंदिर एवं पश्चिम विधानसभा के अन्य मंदिरों में भी जाकर पूजा अर्चना कर लोगों के सुख समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि हम सबके प्रिय भोलेनाथ जी को प्रसन्न करने एवं मनोकामना मांगने का यही एक अवसर होता है, इस पावन सावन के महिने में भगवान शिव अति प्रसन्न होकर सबकी मुरादें पूरी करते हैं।
वैसे तो विधायक विकास उपाध्याय हिन्दू धर्म, रीति-रिवाजों, भक्ति-भाव में पूरी तरह लिप्त रहकर बड़े ही भाव विभोर से प्रतिदिन पूजा-अर्चना करते हैं, लेकिन आज के दिन उन्होंने पूरे प्रदेश वासियों के हित में अपने आपको समर्पित कर महादेवघाट स्थित महादेव जी के समक्ष बेलपत्र एवं जलाभिषेक अर्पित कर श्रद्धा-भाव से लोगों के स्वास्थ्य एवं प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
पचपेढ़ी नाका से देवपुरी तक के मार्ग विभाजक के मध्य सामूहिक पौधरोपण कर दिया स्वच्छ पर्यावरण का सकारात्मक सन्देश
रायपुर ग्रामीण विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक रायपुर के अध्यक्ष श्री पंकज शर्मा ने स्वर्गीय श्रीराम शर्मा मिन्टू शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डुमरतराई एवं आदित्य पब्लिक स्कूल डुमरतराई के छात्र - छात्राओं, एनजीओ के साथ पचपेढ़ी नाका से देवपुरी तक के मार्ग विभाजक के मध्य सामूहिक पौधरोपण कर दिया स्वच्छ पर्यावरण का सकारात्मक सन्देश
रायपुर: सक्रिय जनसहभागिता एवं पर्यावरण जागरूकता के माध्यम से राजधानी शहर रायपुर को सुन्दर, स्वच्छ, हरित स्मार्ट सिटी का स्वरूप देने समाज हित में पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से रायपुर जिला प्रशासन की सकारात्मक पहल पर नगर पालिक निगम रायपुर, रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड, रायपुर जिला शिक्षा कार्यालय के साथ मिलकर लिये गये संकल्प के अनुरूप राजधानी शहर में जनप्रतिनिधियों, विद्यालयीन छात्र - छात्राओं, शिक्षक - शिक्षकाओं, अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रीन आर्मी ऑफ रायपुर, एनजीओ संगठनों के स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी से चलाये जा रहे सघन पौधरोपण अभियान ( दिनांक 1 से 9 जुलाई 2023 ) के अन्तर्गत आज अंतिम नवें दिन पचपेढ़ी नाका से देवपुरी के सामने के मार्ग विभाजक तक के मध्य हरियाली बिखेरने का कार्य किया गया.
रायपुर ग्रामीण विधायक एवं श्री सत्यनारायण शर्मा एवं जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक रायपुर के अध्यक्ष श्री पंकज शर्मा ने रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 6 एवं जोन क्रमांक 10 सहित नगर पालिक निगम मुख्यालय उद्यानिकी विभाग के सम्बंधित अधिकारियों की उपस्थिति में स्वर्गीय श्रीराम शर्मा मिन्टू शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डुमरतराई एवं आदित्य पब्लिक स्कूल डुमर तराई के प्राचार्य, शिक्षक- शिक्षिकाओं एवं छात्र - छात्राओं, ग्रीन आर्मी ऑफ रायपुर एनजीओ संगठनों, पर्यावरण विशेषज्ञगणों के साथ मिलकर पचपेढ़ी नाका से लेकर देवपुरी तक के मध्य के मार्ग विभाजक के मध्य के क्षेत्र को हरा -भरा बनाने सामूहिक पौधरोपण कर समाज हित में पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से राजधानी वासियों को स्वच्छ पर्यावरण का सकारात्मक सन्देश दिया एवं सभी नगरवासियों से रायपुर शहर में अधिक से अधिक संख्या में सुरक्षित स्थानों पर पौधे रोपित कर रोपित किये गये प्रत्येक पौधे की सुरक्षा एवं देखभाल करने का संकल्प समाज हित में पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से लेने का आव्हान किया.
रायपुर ग्रामीण विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा और जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक रायपुर के अध्यक्ष श्री पंकज शर्मा ने राजधानी शहर रायपुर के प्रमुख मार्गो के विभिन्न मार्ग विभाजक के मध्य दिनांक 1 जुलाई से 9 जुलाई तक एनजीओ के स्वयंसेवकों, विद्यालयीन छात्र - छात्राओं की सक्रिय सहभागिता से सघन पौधरोपण अभियान चलाये जाने पर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसके लिये प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मन्त्री डॉक्टर शिव कुमार डहरिया के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में रायपुर नगर पालिक निगम के महापौर श्री एजाज ढेबर, सभापति श्री प्रमोद दुबे, पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग के अध्यक्ष श्री सुरेश चन्नावार आयुक्त श्री मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में नगर पालिक निगम मुख्यालय उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों, जोन कमिश्नरगणों, विद्यालयीन छात्र - छात्राओं, एनजीओ संगठनों के स्वयंसेवकों, जनप्रतिनिधि वार्ड पार्षदगणों की पर्यावरण के प्रति जागरूकता के साथ सघन पौधरोपण अभियान में उनकी सक्रिय सहभागिता के सतत प्रयासों को सराहा.
सामूहिक पौधरोपण अभियान के दौरान डुमरतराई के विद्यालयीन छात्र - छात्राओं ने "सूखी धरती करे पुकार, वृक्ष लगाकर करें श्रृंगार" " प्रकृति का न करें हरण, आओ बचायें पर्यावरण" के मनोहारी स्लोगन लहराकर पर्यावरण हितैषी जयघोष से आकाश को गुंजायमान कर दिया.
अलग - अलग विभागों में नौकरी लगाने का झांसा देकर लाखों रूपये की ठगी करने वाला आरोपी भूपेश सोनवानी गिरफ्तार
खाद्य निरीक्षक, लेबर निरीक्षक, स्टाफ नर्सिंग सहित अन्य कई शासकीय विभागों के विभिन्न पदों में नौकरी लगाने का झांसा देकर 01 दर्जन से अधिक लोगों को बनाया है अपना शिकार।
शासकीय विभागों में उच्च अधिकारियों से स्वयं की जान पहचान होना बताकर पीड़ितों को लेता था अपने भरोसे में।
प्रार्थी से कुल 30,50,000/- रूपये की, किया गया है ठगी।
प्रार्थी सहित अन्य पीड़ितों से कुल 70,10,000/- रूपये की किया है ठगी।
आरोपी के कब्जे से घटना से संबंधित 01 नग मोबाईल फोन किया गया है जप्त।
आरोपी के विरूद्ध थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 329/23 धारा 420 भादवि. का अपराध किया गया है पंजीबद्ध।
रायपुर पुलिस: प्रार्थी सुरेन्द्र कुमार वर्मा ने थाना सिविल लाईन में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह ग्राम माठ पोस्ट खरोरा जिला रायपुर का निवासी है तथा ठेकेदारी एवं कृषि कार्य करता है। मंत्रालय में आपदा प्रबंधक के पद के लिये प्रार्थी के पुत्र लोकेन्द्र वर्मा एवं रिश्तेदार बलराम वर्मा एवं एम्स में नर्सिंग स्टॉफ पद हेतु मानषु वर्मा ने ऑन लाईन फार्म भरा था। माह अगस्त 2022 में कलेक्ट्रेट गार्डन में प्रार्थी का परिचय उसकेे एक मित्र के माध्यम से भूपेश कुमार सोनवानी निवासी अमर चौक राजातालाब रायपुर से हुआ था। इसी दौरान भूपेश कुमार सोनवानी ने प्रार्थी को बताया कि उसका मंत्रालय एवं स्वास्थ्य विभाग में वरिष्ठ अधिकारियांे से जान पहचान है एवं भर्ती में वह सेटिंग करवा देगा। जिस पर प्रार्थी ने भूपेश सोनवानी को बताया कि मंत्रालय में आपदा प्रबंधक के पद के लिये उसके पुत्र लोकेन्द्र वर्मा एवं रिश्तेदार बलराम वर्मा एवं एम्स में नर्सिंग स्टॉफ पद हेतु मानषु वर्मा ने फार्म भरे है।
तब उसके द्वारा प्रार्थी को बताया गया कि लेबर निरीक्षक, खाद्य निरीक्षक एवं मेकाहारा में चपरासी पद के लिये अंडर ग्राउंड संविदा भर्ती निकला है जिसमें वह नौकरी लगवा देगा कि प्रार्थी लेबर निरीक्षक पद के लिये अपने रिश्तेदार प्रदीप वर्मा, दीपक वर्मा एवं दुर्गेश वर्मा तथा खाद्य निरीक्षक पद के लिये मारूति नंदन वर्मा व मेकाहारा में चपरासी पद हेतु लक्की ऊर्फ लिकेश वर्मा का नौकरी लगाने कहा। जिस पर भूपेश कुमार सोनवानी ने स्वयं भर्ती के लिये फार्म लाकर सभी से भरवाया तथा कहा कि वह इन लोगो का नौकरी लगवाने का पूर्ण आश्वासन दिया एवं भूपेश कुमार सोनवानी द्वारा प्रार्थी को आपदा प्रबंधक हेतु 10,50,000 रू, लेबर निरीक्षक हेतु 8,00,000 रू, खाद्य निरीक्षक हेतु 5,00,000 रू, एम्स में नर्सिंग स्टाफ हेतु 4,00,000 रू एवं मेकाहारा में चपरासी पद हेतु 3,50,000 रू. लगना बताकर रूपयों की मांग की गई। जिस पर प्रार्थी अपने पुत्र एवं रिश्तेदारों को उक्त पदों पर नौकरी लगाने हेतु भूपेश कुमार सोनवानी को अलग - अलग तिथियों व किश्तों मे कुल 30,50,000/- रूपये दिया तथा भूपेश कुमार सोनवानी द्वारा नौकरी लगने के बाद प्रार्थी से 40,00,000/- रूपये और लगेगा कहा था। इसी दौरान प्रार्थी को जानकारी प्राप्त हुई कि भूपेश कुमार सोनवानी द्वारा अन्य कई लोगों को विभिन्न शासकीय विभागों मंे नौकरी लगाने का झांसा देकर उनसेे भी लाखों रूपये लिया गया है। इस प्रकार भूपेश कुमार सोनवानी द्वारा प्रार्थी के पुत्र एवं रिश्तेदारों सहित अन्य लोगों को विभिन्न शासकीय विभागों के विभिन्न पदों में नौकरी लगाने का झांसा देकर कुल 70,10,000/- रूपये ठगी किया गया। जिस पर आरोपी भूपेश कुमार सोनवानी के विरूद्ध थाना सिविल लाईन मंे अपराध क्रमांक 329/23 धारा 420 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
लाखों रूपये की ठगी की घटना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय श्री प्रशांत अग्रवाल द्वारा गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध श्री अभिषेक माहेश्वरी, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाईन श्री मनोज ध्रुव, प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी सिविल लाईन को आरोपी की पतासाजी कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना सिविल लाईन पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी सहित अन्य पीड़ितो से विस्तृत पूछताछ कर आरोपी की पतासाजी करना प्रारंभ किया गया।
टीम के सदस्यों द्वारा आरोपी के छिपने के हर संभावित स्थानों मंे लगातार रेड कार्यवाही करते हुए प्रकरण में संलिप्त आरोपी भूपेश कुमार सोनवानी को पकड़ा गया। पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा ठगी की उक्त घटनाओं को अंजाम देना बताया गया। जिस पर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना से संबंधित 01 नग मोबाईल फोन जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।
गिरफ्तार आरोपी - भूपेश कुमार सोनवानी पिता भोला सिंह सोनवानी उम्र 48 साल पता ग्राम दबनई, थाना देवभोग, जिला गरियाबंद। हाल पता - अमर चौक राजातालाब सिविल लाईन रायपुर।
कार्यवाही में निरीक्षक श्रीमती अर्चना धुरंधर थाना प्रभारी सिविल लाईन, एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट से निरीक्षक गौरव तिवारी, प्र.आर. सरफराज चिश्ती, कृपासिंधु पटेल, मोह0 सुल्तान, महेन्द्र राजपूत, आर. दिलीप जांगडे, राजिक खान, राकेश पांडे, प्रमोद बेहरा, हिमांशु राठौड़, तुकेश निषाद, राकेश सोनी, टीकम साहू तथा थाना सिविल लाईन से सउनि. एल.एन. साहू, प्र.आर. उमेश पटेल एवं आर. दीपक पटेल की महत्वपूर्ण भूमिंका रहीं।
रेल्वे स्टेशन रायपुर के पास जान से मारने की धमकी देकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले गिरफ्तार
रेल्वे स्टेशन रायपुर के पास जान से मारने की धमकी देकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले ऑटो चालक एवं उनके साथियों अनीश खान, समीर अहमद और अंसार उर्फ बबुआ को रायपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर थाना गंज के अपराध क्रमांक 234/2023 धारा 392,34 भादवि के तहत कार्यवाही कर जेल भेजा गया।
प्रदेश सरकार की नोनी सशक्तिकरण योजना बेटियों को शिक्षित और सक्षम बनाने के लिए मददगार साबित हो रही है
बेटियों के सपनों को सहारा देती मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना
शिक्षा और रोजगार का सपना हो रहा साकार
रायपुर: प्रदेश में श्रमिकों की बेटियां अब अपने सपने बुन रहीं हैं और सफलता की राह में आगे बढ़ रही है। प्रदेश सरकार की नोनी सशक्तिकरण योजना बेटियों को शिक्षित और सक्षम बनाने के लिए मददगार साबित हो रही है। योजना से मिले सहारे ने बेटियों का आत्मविश्वास बढ़ाया है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार, छत्तीसगढ़ के श्रमिक परिवारों की बेटियों के शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार तथा विवाह में आर्थिक सहयोग के उद्देश्य से नोनी सशक्तिकरण योजना संचालित कर रही है।
धमतरी जिला मुख्यालय के गोकुलपुर वार्ड की रहने वाली श्रीमती माधुरी गुप्ता खुद तो रोजी-मजदूरी का काम करती है लेकिन उसकी हमेशा से इच्छा रही है कि उनके बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले। माधुरी शिक्षा के महत्व को समझती है। माधुरी बताती हैं कि पति की तबीयत खराब होने के बाद परिवार में वह अकेली कमाने वाली है। उसके लिए चार बच्चों की परवरिश और पढ़ाई-लिखाई करवाना आसान काम नहीं था। लेकिन माधुरी ने बच्चों को पढ़ाने का संकल्प लिया ताकि वे आगे बढ़ सकें। अभिभावक के तौर पर माधुरी ने अपनी जिम्मेदारी निभाने की भरपूर कोशिश की और अपने बच्चों को जीवन में हर परिस्थिति का डटकर सामना करने की सीख दी। मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण के साथ-साथ बच्चों को पढ़ने के लिए भी प्रेरित करती रहीं। उनके इस संघर्ष को मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना का सहारा मिला और वह अब अपनी बेटी को आगे पढ़ा रही है। नोनी सशक्तिकरण योजना के माध्यम से मिले आर्थिक सहयोग से माधुरी ने अपनी बेटी को 12वीं की पढ़ाई कराई और अब आगे उसका दाखिला आईटीआई में करवा रही है।
गौरतलब है कि धमतरी जिले में मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना के बेहतर क्रियान्वयन से अब तक 1,999 हितग्राहियों को कुल 3 करोड़ 99 लाख 80 हजार रूपए की सहायता प्रदान की गई है।