छत्तीसगढ़
*आगामी सितम्बर माह में आयोजित होने वाले G-20 सम्मेलन के संबंध में एक दिवसीय कार्यशाला का किया गया आयोजन*
रायपुर पुलिस : आगामी दिनांक 18 सितंबर 2023 को जिला रायपुर में G-20 का 4जी फाइनेंस वर्किंग ग्रुप सम्मेलन होना प्रस्तावित है, उक्त G-20 सम्मेलन के संबंध में आज दिनांक 12.06.2023 को सिविल लाईन रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं सेन्सीटाइजेशन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में प्रदेश के 170 से अधिक पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। छत्तीसगढ़ राज्य में पहली बार इतने बड़े अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मीटिंग का आयोजन होना है, जिसमें सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल हेतु विभिन्न स्तर पर पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। छत्तीसगढ़ में आयोजन को सफल बनाने पुलिस ने अभी से अपनी तैयारियां प्रारंभ कर दी है।
उक्त एक दिवसीय कार्यशाला में पुलिस महानिरीक्षक (गुप्वार्ता) श्री अजय यादव, पुलिस महानिरीक्षक (रायपुर क्षेत्र) श्री आरिफ एच. शेख, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर श्री प्रशांत अग्रवाल, श्री एम. एल. कोटवानी स.म.नि. (सुरक्षा), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री नीरज चंद्राकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ( ए. टी. एस.) श्री सुखनंदन राठौर, अति. पुलिस अधीक्षक ई.ओ.डब्ल्यू. श्री कीर्तन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रोटोकॉल श्री पीताम्बर पटेल द्वारा आयोजन के सभी पहलुओं पर चर्चा करते हुए प्रशिक्षण दिया गया एवं आयोजन के संदर्भ में सेंसीटाइज़ किया गया। इस 1 दिवसीय कार्यशाला में प्रदेश के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, निरीक्षक एवं उप निरीक्षक रैंक के 170 से अधिक पुलिस अधिकारी सम्मिलित हुए।
*नगर पालिकाओं के पार्षद पद के लिए 18 और त्रिस्तरीय पंचायत के रिक्त पदों के लिए 537 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में*
*मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की नगर पंचायत खोंगापानी के वार्ड क्रमांक 6 में निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति*
रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर पालिकाओं और त्रिस्तरीय पंचायतों में रिक्त पदों के लिए जारी निर्वाचन प्रक्रिया के तहत आज 12 जून को नाम वापसी के बाद कुल 555 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। नगर पालिकाओं में पार्षद के रिक्त 8 पदों के लिए 18 अभ्यर्थियों तथा त्रिस्तरीय पंचायतों की कुल 198 सीटों के लिए 537 अभ्यर्थियों के मध्य चुनाव होगा। यहां यह उल्लेखनीय है कि मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की नगर पंचायत खोंगापानी के रिक्त वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद पद के लिए कुल 3 नामांकन दाखिल किया था। नाम निर्देशों पत्रों की संवीक्षा के दौरान 02 अभ्यर्थियों के नाम निर्देशन पत्र निरस्त होने के कारण यहां निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति बनी है।
राज्य की कुल 9 नगर पालिकाओं में रिक्त पार्षद के कुल 9 पदों के लिए निर्वाचन होना था, जिसमें से नगर पंचायत खोंगापानी के पार्षद के पद के लिए निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति बनने से अब पार्षद के मात्र 8 सीटों के लिए चुनाव होगा। पार्षद की इन 8 सीटों में से 6 सीटों पर 2-2 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है, जिनके बीच सीधा मुकाबला होगा। पार्षद की 2 सीटों पर त्रिकोणीय चुनाव होगा। नगर पालिका परिषद चांपा, नगर पंचायत खरोरा, तुमगांव, नगर पालिक निगम दुर्ग, नगर पालिका परिषद अहिवारा एवं बेमेतरा, नगर पंचायत अंबागढ़-चौकी एवं नगर पालिका परिषद कोण्डागांव के पार्षद के रिक्त एक-एक पद के लिए मतदान 27 जून मंगलवार को प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा 30 जून शुक्रवार को होगी।
गौरतलब है कि नगर पालिकाओं के रिक्त पार्षद के पद के लिए 2 जून से 9 जून तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किया गया। 10 जून को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा तथा आज 12 जून को अपरान्ह 3 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हुई। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार पार्षद के रिक्त 9 पदों के लिए कुल 33 अभ्यर्थियों में नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया था। संवीक्षा में 2 नाम निर्देशन पत्र में निरस्त हो गए थे। आज 12 जून को 12 अभ्यर्थियों द्वारा नाम वापस लेने के बाद कुल 18 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में बने हुए हैं।
इसी तरह त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों के लिए जारी निर्वाचन प्रक्रिया के तहत आज नाम वापसी के पश्चात पंच के 304, सरपंच के 22 तथा जनपद सदस्य के 2 पदों के लिए निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति बनी है। पंच के 144 पदों के लिए 361 अभ्यर्थियों, सरपंच के 50 पदों के लिए 166, जनपद सदस्य के 3 सीटों के लिए 8 तथा जिला पंचायत सदस्य की रिक्त एक सीट के लिए 2 अभ्यर्थियों के बीच चुनाव के लिए 27 जून मंगलवार को प्रातः 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक मतदान होगा। परिणाम की घोषणा 30 जून को की जाएगी। यहां यह उल्लेखनीय है कि त्रिस्तरीय पंचायतों के पंच पद के 161 सीटों, सरपंच के 25 तथा जनपद सदस्य के 2 सीटों के लिए एक भी नाम निर्देशन पत्र प्राप्त नहीं हुआ था।
"भीषण गर्मी में महासमुंद में जनसमूह की बढ़ती भीड़ ने परिवर्तन का संकेत दिया है: भाजपा"
भारत लेने वाले से देने वाला बना, मोदी बना रहे भारत को विश्वगुरु- माथुर
जब तक भूपेश बघेल नहीं हटते तब तक नहीं मिलेगा गरीबों को पक्का मकान- साव
अपराध के पैसे से चल रहा है कांग्रेस का खर्च- चंद्राकर
रायपुर : भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को महासमुंद में विशाल आमसभा का आयोजन कर केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि भारत सोने की चिड़िया कहलाता था। विदेशी आक्रमणकारियों ने भारत को लूटा और आजादी के बाद कांग्रेस ने भारत को लूटने में कोई कसर बाकी नहीं रखी। देश के लिए कुछ नहीं किया। मोदी सरकार ने भारत का नव निर्माण किया। भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत की। भारत को आत्मनिर्भर बनाया। देश का संपूर्ण विकास कर रहे हैं। आज का भारत कुछ मांगता नहीं है। बल्कि देता है। दुनिया आज हमसे सहायता और सलाह लेती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डंके की चोट पर सारी दुनिया के सामने भारत की बात कहते हैं। पहले जहां भी कांग्रेस के नेता जाते थे, देश की बात करने में संकोच करते थे। आज भारत विश्व गुरु बनने की राह पर है। सारी दुनिया में अब योग दिवस मनाया जाता है। यह भारत के स्वाभिमान का नया स्वरूप है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि न चुनाव तक मैं चैन से बैठूंगा और न आपको बैठने दूंगा। चुनाव जीतने के बाद ही चैन की सांस लेंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने आम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के गौरवशाली 9 साल पूरे होने के अवसर पर एकत्र हुए हैं। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि गांव गरीब और किसान के लिए मोदी जी ने काम किया। उनके प्रधानमंत्री बनने के पहले भ्रष्टाचार, आतंकवाद, देश की अर्थव्यवस्था की दुर्दशा थी। मोदी जी ने देश को विकास की ऊंचाइयों पर पहुंचाया। गांव गरीब और किसान को समर्पित योजनाएं बनाईं। उज्जवला योजना, शौचालय निर्माण, आयुष्मान योजना, आवास योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी जी ने गांव गरीब किसान का उत्थान किया है। कांग्रेस ने गरीब के वोट लेकर सरकार बनाई लेकिन करीब की कभी चिंता नहीं की। मोदी जी ने गरीबों को पक्के मकान दिए और भूपेश बघेल गरीबों के मकान छीन रहे हैं। जब तक भूपेश बघेल नहीं हटेंगे तब तक गरीब को पक्का मकान नहीं मिलेगा। 2023 के चुनाव में भाजपा की सरकार बनाएं। भाजपा की सरकार हर गरीब को पक्का मकान देगी।
पूर्व मंत्री और विधायक अजय चंद्राकर ने भूपेश बघेल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार में पैसे लेकर पदस्थापना होती है। बोली लगती है। कहां का कलेक्टर बनना है, कहां का एसपी बनना है। सरकारी संरक्षण में तस्करी हो रही है। ऐसी कोई सरकार हमने कभी नहीं देखी। खनिज विभाग पर छापे पड़ने के बाद विभाग की आय बढ़ गई। शराब घोटाले के उजागर होने के बाद शराब की व्यवस्था सुधर गई। अपराधियों के पैसे से कांग्रेस पार्टी के खर्चे चलते हैं। भूपेश बघेल की सरकार एटीएम सरकार है।
महासमुंद सांसद चुन्नीलाल साहू ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा क्षेत्र में जितना विकास हुआ है, वह सब भाजपा की सरकार के समय हुआ है। कांग्रेस की सरकार ने महासमुंद लोकसभा क्षेत्र में कोई काम नहीं किया। राज्यपाल अनुसुइया उइके सुपेबेड़ा तक पहुंची। भयंकर महामारी से जनता त्रस्त है लेकिन भूपेश बघेल के बजट में स्वास्थ्य के लिए कोई स्थान नहीं है।
आमसभा में पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, विधायक डमरूधर पुजारी, रंजना साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष सरला कोसरिया, प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा , पूर्वमंत्री पूनम चंद्राकर, भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, शशि पवार,राजेश साहू, सहित अन्य नेता मौजूद रहे। महासमुन्द भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने स्वागत उदबोधन में कहा कि आमसभा की भीड़ बता रही है कि परिवर्तन की लहर चल पड़ी है। जिसकी शुरुआत महासमुन्द की पावनधरा से हो रही है।
शाला प्रवेश उत्सव के शुरूआती 10 दिनों के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए विशेष कार्यक्रम
शाला प्रवेश उत्सव 16 जून से
स्कूलों में मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री के संदेश का होगा वाचन
‘गढ़बो नवा छत्तीसगढ़’ पुस्तक में लिखी कहानियों एवं चित्रों पर बच्चे करेंगे चर्चा
आयोजन के संबंध में दिशा-निर्देश जारी
रायपुर : राज्य में इस साल शाला प्रवेश उत्सव 16 जून से 15 जुलाई तक मनाया जाएगा। इस दौरान बच्चों के प्रवेश के साथ ही विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा। एक माह तक चलने वाले शाला प्रवेश उत्सव के शुरूआती 10 दिनों के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रथम दिवस सभी स्कूलों में मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल और स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम के संदेश का वाचन होगा। जनप्रतिनिधियों द्वारा नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत, बच्चों को मिलने वाले विभिन्न सुविधाओं का वितरण किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों द्वारा स्कूल के विकास हेतु शपथ एवं विचार व्यक्त किए जाएंगे। बच्चों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। शाला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान और पालकों का स्कूल के बारे में अभिमत और मुख्य अतिथि का उद्बोधन होगा।
शाला प्रवेश उत्सव आयोजन के लिए स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. आलोक शुक्ला ने सभी जिला कलेक्टर और जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शाला प्रवेश उत्सव को जन-जन का अभियान बनाने के लिए व्यक्तिगत रूचि लेते हुए इसे सभी स्तर पर सफल बनाएं ताकि शत्-प्रतिशत बच्चों को शाला में प्रवेश एवं ठहराव सुनिश्चित करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर समग्र शिक्षा की लक्ष्य की प्राप्ति की जा सके। सत्र प्रारंभ होने से पहले शाला प्रबन्धन समिति की विशेष बैठक का आयोजन करने कहा गया है। शाला प्रवेश उत्सव आयोजन के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश उत्सव के दौरान प्रथम दिवस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सभी शालाओं में आयोजन किया जाए।
शाला प्रवेश उत्सव के द्वितीय दिवस- शाला में बड़े कक्षाओं के विद्यार्थी, शिक्षा में रूचि लेने वाले युवाओं, माताओं एवं सेवानिवृत्त व्यक्तियों की बैठक लेकर अपने क्षेत्र को शून्य ड्राप आउट गाँव घोषित करने आवश्यक कार्यवाहियों, प्रतिदिन प्रभात फेरी निकाले जाने की प्रक्रिया एवं रूट चार्ट, घर-घर संपर्क की प्रक्रिया का विवरण एवं अभ्यास, नुक्कड़ नाटक का अभ्यास, शाला से बाह्य बच्चों को मुख्यधारा में जोड़ने के प्रयास आदि पर चर्चा एवं बच्चों को तैयार किया जाएगा।
तृतीय दिवस-बड़ी कक्षाओं के बच्चों को घर-घर संपर्क कार्यक्रम के अंतर्गत कैसे प्रत्येक घर मैं जाकर पालकों से संपर्क कर उन्हें अपने बच्चों को नियमित शाला भेजने प्रेरित किया जाएगा। घरों में यदि अप्रवेशी, प्रवेश योग्य बच्चे एवं अनियमित उपस्थिति वाले बच्चे हैं तो उन्हें शाला में प्रवेश दिलवाते हुए नियमित शाला आने के लिए आवश्यक वातावरण तैयार करेंगे। बड़ी कक्षा के बच्चे यह कार्य प्रतिदिन तब तक करेंगे जब तक कि शाला जाने योग्य आयु के सभी बच्चों को ये शाला नियमित आने के लिए सहमत न कर लेवें एवं प्रवेश प्रक्रिया पूरी न कर लें।
चतुर्थ दिवस-बच्चों में आकांक्षा स्तर विकसित कर उनके लिए आगे जीवन में विकास के क्षेत्रों की पहचान करने, विभिन्न रोजगार के अवसर से परिचित करवाने एवं आसपास का भ्रमण कर विभिन्न रोजगारों से परिचित करवाएंगे। विगत वर्षों में सभी शालाओं में ‘गढ़बो नवा छत्तीसगढ़’ नामक पुस्तक बच्चों को एवं स्कूल में उपलब्ध करवाई गयी है। इस पुस्तक को सभी बच्चों को पढ़वाएं एवं इस पुस्तक में लिखी गयी कहानियों एवं चित्रों पर आगामी दो तीन दिनों तक बच्चों को दिखाते हुए चित्रों एवं कहानियों पर चर्चा आयोजित करें।
पंचम दिवस-बच्चों को साधारण गणित के सवाल देकर बनाने का अभ्यास करवाया जाएगा। शाला में उपलब्ध गणित किट गणित की सहायक सामग्री एवं गणित के रोचक खेल आदि का संकलन कर बच्चों से दिन भर अकेले एवं समूह में रहकर विभिन्न सवालों को हल करवाएं। बच्चों से कुछ मौखिक गणित के सवाल भी हल करवाते हुए उन्हें गणित में रूचि विकसित करने का प्रयास किया जाए।
छठवां दिवस-प्रत्येक शाला में खेलगढ़िया के अंतर्गत खेल सामग्री उपलब्ध करवाई गयी है। प्रवेशोत्सव के छठवें दिवस सभी शालाओं में बच्चों को आमंत्रित कर उन्हें विभिन्न खेलकूद में शामिल करते हुए उनका उत्साहवर्धन करें। छोटी कक्षा में बच्चों को सीखने में सहयोग करने हेतु खिलौने बनाने की प्रतियोगिता भी आयोजित कर स्कूल के लिए समुदाय की मदद से खिलौने एकत्र करने एवं स्थानीय संसाधनों से विभिन्न खिलौने बनाए जाने का कार्य भी करवाएं। पुस्तकालय संचालन के सम्बन्ध में रंगोत्सव सामग्री का अध्ययन कर लिया जाए।
सातवां दिवस-सभी शालाओं में संचालित मुस्कान पुस्तकालय से बच्चों को अपनी इच्छा से पुस्तकें लेकर उन्हें पढ़ने, समझने एवं जोड़ी में पढ़ी गयी पुस्तकों पर आपस में चर्चा करने के अवसर दिया जाए। बच्चों में पढ़ने में रूचि विकसित करने के साथ-साथ पढ़ने के स्पीड का भी आकलन करने की व्यवस्था की जाए। बच्चों को पूरे सत्र में समझ के साथ-साथ अधिक से अधिक स्पीड में पुस्तकों को पढ़ने का अभ्यास करने हेतु प्रेरित किया जाए।
आठवां दिवस-कुछ दिन पहले से ही आसपास के समुदाय के बड़े-बुजुर्गों को किसी एक स्थल में आमंत्रित कर बच्चों के छोटे-छोटे समूह में कहानी सुनाने का अवसर दिया जाए। बड़े कक्षाओं के बच्चों को इन कहानियों को सुनकर कागज में लिखने की जिम्मेदारी दी जाए। स्थानीय युवाओं को ऐसी बेहतर कहानियों को मोबाइल से रिकार्ड कर उनका पोडकास्ट बनाने हेतु प्रेरित करें। इन पोडकास्ट को जिले एवं राज्य स्तर पर भिजवाते हुए व्यापक स्तर पर उपयोग करने के अवसर प्रदान किया जाए।
नवम दिवस-इस दिन समुदाय में बोले जाने वाली प्रचलित स्थानीय भाषा में सामग्री तैयार करने हेतु आवश्यक प्रक्रियाएं अपनाएं। बड़े-बुजुगों द्वारा सुनाई गयी कहानियों एवं प्रचलित कहानियों पर स्थानीय भाषा में कहानी पुस्तकें तैयार कर प्रत्येक स्कूल के पुस्तकालय में रखवाएं। प्रवेशोत्सव के दौरान प्रत्येक स्कूल में कम से कम दस कहानी की पुस्तकें जनसहयोग से तैयार करवाते हुए उपयोग में लाई जाए। इन पुस्तकों को बाद में एक दूसरे के स्कूलों में बदलकर पढ़ने के अवसर दिए जा सकते हैं, शालाओं को प्रदाय की गई स्थानीय सामग्री का उपयोग एवं अध्ययन करें।
दसवां दिवस-इस दिन अवकाश के अवसर पर अधिक से अधिक समुदाय के सदस्यों को पहले से आमंत्रित करते हुए कम से कम आधे दिन का कार्यक्रम आयोजित किया जाए। समुदाय के साथ शाला विकास योजना, शाला एवं परिसर का सुरक्षा ऑडिट बच्चों का सामाजिक अंकेक्षण, अनियमित उपस्थिति एवं रोजगार के लिए लंबी अवधि तक बाहर रहने वाले बच्चों के पालकों से संपर्क कर उन्हें नियमित उपस्थिति के लिए प्रेरित किया जाए। पालकों एवं समुदाय को निपुण भारत शपथ लेकर सभी बच्चों को सीखने-सिखाने के लिए जागरूक करना एवं घर पर बच्चों की पढ़ाई पर नियमित रूप से विशेष ध्यान देने हेतु पालकों को तैयार किया जाना होगा। इस दौरान शाला सुरक्षा योजना एवं शाला संकुल योजना से संबंधित सामग्री का उपयोग एवं अध्ययन कर लिया जाए।
आशा देवी रेखचन्द लुनिया चेरेटबल ट्रस्ट रायपुर द्वारा निः शुल्क नेत्र जाँच एवंं चश्मा वितरण
सैनिक मिलिट्री एनडीए आरआईएमसी नवोदय गोस्वामी साहू सर क्लासेस डी .डी .यु. सेक्टर 04 मे आशा देवी रेखचन्द लुनिया चेरेटबल ट्रस्ट रायपुर द्वारा निः शुल्क नेत्र जाँच एवंं चश्मा वितरण।
गोस्वामी और साहू सर क्लासेस डी डी यू रायपुर के तत्वाधान में आशा देवी रेखचन्द लुनिया चेरेटबल ट्रस्ट रायपुर asg नेत्र चिकित्सालय के द्वारा रविवार 11/06/2023 को निः शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमे 500 से अधिक लोगों ने अपना नेत्र का परीक्षण कराया। जांच के उपरांत उन्हे उचित समाधान और जरूरत के अनुरूप लोगों को चश्मे भी वितरित किये गये। इस अवसर पर आशा देवी रेखचन्द लुनिया चेरेटबल ट्रस्ट के ट्रस्टि श्री सुदीप जैन ट्रस्टी श्रीमती आशा देवी लुनिया समाज सेवी पीयूष जैन , अनंत श्रीवास्तव, छगन चौबे ,प्रशांत गजभिए ,आरके साहू,हेमंत बंजारे Asg टीम से श्री शोभराम पटेल तथा संस्था प्रमुख डीपी गोस्वामी , सी के साहू संस्था के समस्त स्टाफ अनिकेता मैम ,मानस मिश्रा,शुभांगी मैम,शिप्रा मैम,रवि साहू
मंत्र देवगांव उपस्थित थे
यह पूरा शिविर संस्था प्रमुख डी.पी. गोस्वामी और सी.के. साहू के द्वारा निः शुल्क जनहित में आयोजित किया गया
थाना तेलीबांधा क्षेत्रांतर्गत लाभाण्डी स्थित होटल कोर्टयार्ड मैरियेट के बाजू गली पास आरोपियों को ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथ पकड़ा गया।
ब्राउन शुगर के साथ 01 अंतर्राज्यीय आरोपी सहित कुल 02 गिरफ्तार
आरोपी सूर्यप्रकाश शाही है मूलतः उत्तर प्रदेश का निवासी।
आरोपियान ब्राउन शुगर बिक्री हेतु कर रहे थे ग्राहक की तलाश।
आरोपियों के कब्जे से कुल 04 ग्राम ब्राउन शुगर कीमती लगभग 27,000/-रूपये किया गया है जप्त।
आरोपियों के विरूद्व थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 352/23 धारा 21(ए) नारकोटिक्स एक्ट का अपराध किया गया है पंजीबद्ध।
नशे का काला कारोबार समाप्त करने हेतु रायपुर पुलिस द्वारा किये जा रहे है हर संभव प्रयास।
रायपुर पुलिस : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय श्री प्रशांत अग्रवाल द्वारा रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित प्रभारी एण्टी क्राईम एवं साईबर यूनिट को नशे का काला कारोबार करने वाले कारोबारियों की पतासाजी कर कार्यवाही करने एवं इस पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है।
इसी तारतम्य में दिनांक 11.06.2023 को सूचना प्राप्त हुई कि थाना तेलीबांधा क्षेत्रांतर्गत होटल कोटयार्ड मेरियेट के बाजू वाली गली में दो व्यक्ति अपने पास ब्राउन शुगर रखें है तथा बिक्री करने की फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहा है। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध श्री अभिषेक माहेश्वरी, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाईन श्री मनोज धु्रव द्वारा प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी तेलीबांधा को सूचना की तस्दीक कर आरोपियों को ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया।
जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्तियों को चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम दीपेश चन्द्राकर एवं सूर्यप्रकाश शाही निवासी रायपुर का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा दोनों व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके पेन्ट के जेब में ब्राउन शुगर रखा होना पाया गया।
जिस पर टीम के सदस्यों द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 04 ग्राम ब्राउन शुगर कीमती लगभग 27,000/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना तेलीबांधा नगर में अपराध क्रमांक 352/2023 धारा 21ए नारकोटिक्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
01. दीपेश चंद्रा पिता देव चंद्रा उम्र 26 साल निवासी सिमरन हाईट्स बी/205 महावीर नगर थाना न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर।
02. सूर्यप्रकाश शाही पिता उदय प्रकाश शाही उम्र 29 साल निवासी गोरखपुर हरैया थाना चोरी चोरा जिला गोरखपुर उत्तर प्रदेश हाल पता म.नं. डी/54 खनिज नगर थाना तेलीबांधा रायपुर।
केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 रायपुर में G20 जनभागीदारी साइकिल रैली का आयोजन किया गया |
रायपुर : केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 रायपुर में G20 जन भागीदारी के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया गया | या आयोजन 12 जून 2023 को सुबह 6:30 बजे विद्यालय परिसर में किया गया था | इस अवसर पर प्राचार्य सुजीत सक्सेना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपने स्वास्थ्य को अच्छा रखने के लिए हमें सुबह साइकिलिंग, योगा एवं प्राणायाम करना चाहिए जिसे हम स्वस्थ रहें और निरोग रह सकें |
इस कार्यक्रम में खेल प्रशिक्षक संजय बिसेन, अनुभा सोनी, कृष्णा किरण, अरविंद भटपहरे एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहें |
मुख्यमंत्री की पहल: धमधा के सांस्कृतिक महत्व के छह प्राचीन तालाबों का लौटा गौरव
विधि विधान से खुदाई कर ताम्रपत्र और काष्ठस्तंभ की हुई स्थापना
छै आगर छै कोरी तरिया के नाम से प्रसिद्ध है धमधा
रायपुर : सांस्कृति महत्व के छह प्राचीन तालाबों का गौरव फिर से लौट आया है। धमधा के छह तालाबों की खुदाई की गई ये तालाब वर्तमान में अस्तित्व खो चुके थे। इन पर कब्जा हो चुका था। इन तालाबों के गौरव को फिर से लौटाने की पहल मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देश पर की गई। जिला प्रशासन दुर्ग द्वारा जल संरक्षण के इस मुहिम में आमजनों ने भी भरपूर साथ दिया। विलुप्त होते इन तालाबों की उपयोगिता व सौंदर्य को पुनःस्थापित करने का सराहनीय कार्य की प्रशंसा यहां के ग्रामीणजन कर रहे हैं।
सांस्कृतिक महत्व के धमधा के पुनर्जीवित इन छह तालाबों में विधि-विधान के साथ ताम्रपत्र व काष्ठ स्तंभ की स्थापना भी की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब हमारी संस्कृति और परंपरा को पल्लवित करते हैं। मुख्यमंत्री की पहल पर इन तालाबों के सौंदर्यीकरण और उन्हें सहेजने का कार्य सराहनीय है। धमधा के अन्य प्राचीन तालाबों के जीर्णाेद्धार करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
सांस्कृतिक महत्व के इन तालाबों को जिला प्रशासन की मदद से पुनर्जीवित करने के अभियान में सबसे पहले तालाबों को पाट कर किए गए कब्जे को हटाया गया। कब्जा हटाने के बाद तालाबों की फिर से खुदाई हुई। खुदाई के काम में स्थानीय लोगों के साथ-साथ गौरवगाथा समिति, हिन्द एथलेटिक्स क्लब, नगर पंचायत, जल संसाधन विभाग के लोगों ने हिस्सा लिया। तालाब बनने के बाद पूरे विधि विधान से सरई लकड़ी का 12 फीट लंबा स्तंभ लगाया गया और शोभायात्रा निकाल कर त्रिमूर्ति महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। इन तालाबों का महत्व दर्शाने के लिए इसमें ताम्रपत्र अंकित किया गया। इस ताम्रपत्र में शासकीय तालाब होने, उसके रकबा, खसरा सहित अन्य ऐतिहासिक बातों का उल्लेख किया गया है।
गौरतलब है कि दुर्ग जिले का धमधा क्षेत्र छै आगर छै कोरी तरिया (126 तालाब) के लिए ऐतिहासिक रूप से प्रसिद्ध था। गुजरते समय के साथ ये जल स्रोत विलुप्त होते चले गए और साथ ही लोगों के द्वारा कब्जा करके इसे पाट दिया गया। जिससे 126 तालाबों ने अपना अस्तित्व खो दिया। धर्मधाम गौरवगाथा समिति ने इन तालाबों पर शोध किया और इनकी पूरी पड़ताल करके 126 तालाबों की सूची बनाई, जिसमें रकबा, खसरा नंबर सहित उनके इतिहास को संजोया और एक किताब छै आगर छै कोरी तरिया अऊ बूढ़वा नरवा का प्रकाशन किया, जिस किताब का विमोचन मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के द्वारा किया गया।
तीन सौ गांवों में नहीं होगी वोल्टेज की समस्या, बढ़ाई गई पारेषण क्षमता
चार करोड़ 88 लाख रुपए की लागत से लगा 40 मेगावोल्ट एंपीयर का लगाया गया अतिरिक्त ट्रांसफार्मर
रायपुर : छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी निरंतर और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति के लिए प्रदेश में लगातार पारेषण क्षमता का विस्तार कर रही है। इसी कड़ी में आज 132/33 केवीए सब-स्टेशन बरमकेला में 40 मेगावोल्ट एंपीयर का तीसरा अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। इससे वहां के 300 गांवों के उपभोक्ताओं को निर्बाध और बेहतर वोल्टेज के साथ बिजली मिल सकेगी।
माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जी के निर्देश पर प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विद्युत पारेषण प्रणाली को मजबूत करने विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी कड़ी में रायगढ़ जिले में स्थित 132/33 केवी उपकेन्द्र में एक अतिरिक्त 40 एमव्हीए (मेगा वोल्ट एम्पीयर) क्षमता की नयी ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। आज इसे सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया गया। इससे बरमकेला सब-स्टेशन की क्षमता 120 एमवीए हो गई है। इसकी लागत चार करोड़ 88 लाख रुपए है। मानसून के पूर्व अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगने से क्षेत्र के हजारों किसानों को बेहतर बिजली मिल सकेगी। इस क्षेत्र मंत काफी संख्या में कृषि पंप हैं, साथ ही औद्योगिक इकाईयों और घरेलू उपभोक्ताओं को लगातार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता श्रीमती कल्पना घाटे, अधीक्षण अभियंता सर्वश्री सीएम बाजपेयी, मनीष तनेजा, आरके अग्रवाल, कार्यपालन अभियंता सर्वश्री जीआर जायसवाल, नरेंद्र नायिक, जेपी सिदार, मोहित बंजारे, एस. भास्करन, सहायक अभियंता मनोज पटेल, बजरंग विश्वकर्मा, मोहन पैकरा, एच. वारे, नीलिमा सिंह, आलोक साव उपस्थित थे।
भाजपा मण्डल उपाध्यक्ष सहित दर्जनों भाजपा के नेताओं ने कांग्रेस का हाथ थामा
कांग्रेस की विचारधारा वाले सभी लोगों का कांग्रेस पार्टी में स्वागत है - विकास उपाध्याय
रायपुर (छत्तीसगढ़): भाजपा नेताओं का शहरी क्षेत्र में भी अब कांग्रेस प्रवेश का सिलसिला शुरू हो गया है। रायपुर पश्चिम विधानसभा के कई महत्वपूर्ण भाजपा नेताओं ने आज विधायक विकास उपाध्याय की सक्रियता एवं भूपेश सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा को छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया है। विकास उपाध्याय ने कहा, जनसेवा के लिए जो भी भाजपा के नेता स्वेच्छा से सेवाभाव उद्देश्य लेकर कांग्रेस की विचारधारा के अनुकूल कार्य करना चाहते हैं उनका आगे भी कांग्रेस के द्वार सदा खुले रहेंगे।
विधायक विकास उपाध्याय प्रतिदिन सुबह के समय आम जनता से भेंट मुलाकात कर उनके गली-मोहल्लो एवं घरों में जाते हैं। इस बीच उनकी मूलभूत समस्याओं सहित व्यक्तिगत् तौर पर किसी तरह की पारिवारिक समस्या के निदान को लेकर पहल करते हैं। उनके इस कार्यप्रणाली का आम जनमानस में खूब प्रशंसा भी होते रही है और लोग रोज उनके आगमन का इंतजार करते हैं। इन्हीं उनकी कार्यप्रणाली व आचरण को देख भाजपा के लोग प्रभावित होने से भी अछूते नहीं हैं और उन्होंने काफी पहले से तय कर लिया था कि विकास उपाध्याय जैसे जनप्रतिनिधि के साथ ही जनसेवा करने का उचित माध्यम होगा। इसी क्रम में आज सुबह जब वे हीरापुर में जनसंपर्क कर रहे थे, भाजपा के कई युवा प्रभावशाली नेताओं ने स्वेच्छा से उनके सम्मुख उपस्थित होकर कांग्रेस पार्टी में सम्मिलित होने की इच्छा जाहिर की।
कांग्रेस प्रवेश करने वालों में भाजपा के तात्यापारा मण्डल उपाध्यक्ष विमल सिंह ठाकुर, धर्मेन्द्र यादव, खुबी राम साहू, खेलू राम साहू, शिवानंद यादव, विनोद राजपूत, प्रदीप राजपूत, मनोहर यादव, शिब्बू यादव ने कांग्रेस प्रवेश कर कहा कि वे कांग्रेस पार्टी के विचारधारा क्षेत्रीय विधायक विकास उपाध्याय की सक्रियता व भूपेश सरकार की प्रदेश में किये जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों से प्रभावित होकर कांग्रेस प्रवेश कर रहे हैं। इस दौरान विधायक विकास उपाध्याय के साथ कांग्रेस के अन्य नेताओं में गिरिश दुबे, दाऊलाल साहू, संदीप साहू, डॉ. अन्नू राम साहू, सिनोद रात्रे, कुलदीप, शिव श्याम शुक्ला, राजेश बघेल, गिरिश सोनकर, जगदीश डहरिया, चोखेलाल, सीएल डहरिया सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।
खदान में डूबे 3 युवकों का शव बरामद, SDRF टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद ब्लू वाटर खदान में किया रेस्क्यू
रायपुर : खदान में डूबे 3 युवकों के शव का बरामद होने के बाद, रायपुर शहर में इस दुखद समाचार की चर्चा हो रही है। यह घटना रायपुर एयरपोर्ट के सामने स्थित ब्लू वाटर खदान में हुई है। दुर्भाग्यपूर्ण रूप से, खदान में डूबने के कारण दो युवक तुरंत ही जान गंवा चुके हैं। इन दोनों युवकों के शवों को पहले ही खदान से निकाल लिया गया है।
एक युवक के शव की तलाशी करने के लिए, SDRF (State Disaster Response Force) टीम ने कठिनाईयों का सामना करना पड़ा है। लगातार मशक्कत के बाद, आज सुबह उनके शव को भी बरामद किया गया है। यह सुनिश्चित करने के लिए कि खदान से निकाले जाने वाले शव सही व्यक्ति के हैं, स्थानीय अस्पताल में पहचान की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है।
मौत पाने वाले युवकों के नाम मोहम्मद नदीम अंसारी, फैजल आजम और शाहबाज अंसारी हैं। ये तीनों युवक रायपुर के बीरगांव इलाके के गाजी नगर के निवासी थे और उम्र के हवाले से 20 से 25 साल के बीच में थे।
इस दुखद समाचार के बाद, शहरी प्रशासन और स्थानीय अधिकारी खदानों की सुरक्षा के मामले पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता को समझ रहे हैं। ऐसे दुर्घटनाग्रस्त स्थानों पर सुरक्षा के नियमों का पालन करने और संघर्ष में पीड़ित परिवारों का साथ देने की जरूरत होती है। इसके अलावा, रेस्क्यू टीमों की तैयारी और विपणन को और अधिक मजबूत बनाने की जरूरत हो सकती है।
अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस : बाल मजदूरी की रोकथाम के लिए जागरूकता जरूरी : श्रीमती भेंड़िया
रायपुर : महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया ने अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस 12 जून के अवसर पर लोगों से अपील करते हुए कहा कि बाल श्रम अपराध की श्रेणी में आता है इसलिए अपने थोड़े से स्वार्थ के लिए बच्चों का जीवन दांव पर ना लगाएं। बच्चे समाज और देश का भविष्य होते हैं।
श्रीमती भेंड़िया ने कहा कि बाल श्रम, बाल तस्करी के कई मामले आज भी सामने आते रहते हैं। लोग कल-कारखानों सहित अपने घर-दुकानों में भी छोटे-छोटे बच्चों से काम करवाने लगे हैं। इस दौरान बच्चों से दुर्व्यवहार और हिंसा की कई घटनाएं भी प्रकाश में आई हैं। उन्होंने कहा कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से ऐसा काम लेना जो उनके स्वास्थ्य और जीवन के लिए असुरक्षित हो, कानूनन अपराध है। सरकार ऐसे लोगों पर कानूनी कार्रवाई करती है, लेकिन इसके लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक होना जरूरी है। बच्चों के प्रति किसी भी प्रकार के अवैधानिक नियोजन, हिंसा, अपराध और दुर्व्यवहार की घटनाओं के प्रति सजग और सतर्क रहें और इसकी सूचना पुलिस, चाइल्ड लाइन, महिला बाल विकास विभाग या प्रशासन तक पहुंचाएं। बच्चों के प्रति हमारी संवेदनशील सोच ही देश-प्रदेश का भविष्य तय करेगी।
मुख्यमंत्री ‘ओपन माईक’ कार्यक्रम में हुए शामिल
छत्तीसगढ़ को विकास के क्षेत्र में मिल रही नई पहचान -मुख्यमंत्री श्री बघेल
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ को विकास की दिशा में नई पहचान मिलने लगी है। हमारी सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के फलस्वरूप हर वर्ग के लोगों में खुशहाली आयी है। यहां ग्रामीण हो व शहरी क्षेत्र, हर अंचल में निवासरत लोगों को उन्नति के भरपूर अवसर उपलब्ध हुए हैं, जिससे उनकी स्थिति मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल आज शाम राजधानी के एक निजी होटल में न्यूज-18 इंडिया द्वारा आयोजित ‘ओपन माईक’ कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने हिन्दी न्यूज चैनल ‘न्यूज-18 इंडिया’ से परिचर्चा के दौरान कहा कि छत्तीसगढ़ के समन्वित विकास के लिए महात्मा गांधी के बताए रास्ते का अनुशरण करते हुए सुराजी गांव योजना का बेहतर ढंग से संचालन किया जा रहा है। योजनाओं का गांव, गरीब, किसान तथा मजदूर आदि वर्ग को भरपूर लाभ मिल रहा है, इससे गांव-गांव का विकास सहित उन्हें स्वावलंबी बनाने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने इस दौरान जनहित में संचालित विभिन्न योजनाओं राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना तथा राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना आदि कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे समाज के खासकर किसान, मजदूर, महिला, आदिवासी तथा युवा वर्ग और गरीब तथा कमजोर वर्ग सहित सभी वर्ग के लोगों की भलाई तथा उत्थान का कार्य हो रहा है। इस तरह सुराजी गांव योजना, गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना से लोगों को सुगमता से रोजगार मिल रहा है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इस दौरान प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा तथा रोजगार आदि विभिन्न क्षेत्रों में चलाए जा रहे कार्यक्रमों का भी विशेष रूप से उल्लेख किया।
वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले कार्यकर्ता केंद्र की मोदी सरकार के कामों को अपना बताकर झूठा श्रेय लेते हैं भूपेश बघेल
वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले ओम माथुर आपके आशीर्वाद से ही हमारी सरकार बनेगी
अपनी पीढ़ी के कार्यकर्ताओं से मिलना बेहद सुखद अनुभव: ओम माथुर
जो काम किसी ने सोचे तक नहीं थे वह मोदी सरकार ने कर दिखाएं: अरुण साव
रायपुर: भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ,प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ,सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर ग्रामीण जिला के धरसीवां विधानसभा में आयोजित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की एवं सभी के सुझाव एवं पुरानी यादों को सुना, कार्यक्रम उपरांत सभी ने एक साथ भोजन भी किया।
वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने कहा भारतीय जनता पार्टी एक व्यक्ति एक परिवार ने नही बनाई इसे विश्व की सबसे बड़ी पार्टी आप जैसे लाखो करोड़ो कार्यकर्ताओं ने बनाया है।
श्री माथुर ने कहा मै आज अपनी उम्र के सारे साथियों के साथ मिलकर सुखद महसूस कर रहा हूं।
आप सबसे युवा पीढ़ी को सीखना है।
55/ 60 वर्ष एक परिवार ने देश पर राज किया। पहले के प्रधानमंत्री खुद कहते थे 100 रु में 85 रु भ्रष्टाचार हो जाता है।मोदी जी के 9 साल के कार्यकाल में कोई 1 रु के भ्रटाचार का आरोप नही लगा पाया। यह बात हमारी देशभक्ति को बताती है।
वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से अपनी बातें साझा करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा किसी ने नहीं सोचा था कि हर घर में शौचालय बन जाएगा, सबको 5 लाख का मुफ्त इलाज मिलेगा, सबके बैंकों में खाते होंगे,भारत इतना सशक्त होगा कि बात बात पर भारत को परेशान करने वाले दुश्मन देश पाकिस्तान के घर में घुसकर उसको मारेगा यह सभी कार्य भारतीय जनता पार्टी ने कर दिखाए हैं जिसका कार्यकर्ता होना हम सब के लिए गौरव की बात है। श्री साव ने कहा कि आप सभी अपने पुराने अनुभव भी जरूर साझा करें जिससे सभी को प्रेरणा मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान कई वरिष्ठ कार्यकर्ता जो पार्टी के शुरुआती दिनों से पार्टी के लिए कार्य कर रहे हैं उन्होंने अपने बहुमूल्य सुझाव भी रखे, कार्यकर्ताओं ने विधानसभा सहित प्रदेश स्तर पर चुनाव जीतने के लिए अपने विचार साझा किए, कई कार्यकर्ताओं ने बताया कि जो काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं उसे भूपेश बघेल खुद का काम बताकर प्रचारित कर रहे हैं, एक कार्यकर्ता ने तो यह भी कहा कि वह जिंदा है और कांग्रेस सरकार ने उसका मृत्यु प्रमाण पत्र बना दिया और उसकी पेंशन बंद कर दी। सभी कार्यकर्ताओं ने एकमत होकर इस बात को कहा कि कांग्रेस की इस भूपेश बघेल सरकार ने छत्तीसगढ़ को पीछे ले जाने का काम किया है लोगों के साथ अन्याय करने का काम किया है। हम सभी अपने प्रदेश को आगे ले जाने के लिए कांग्रेस सरकार को विदा जरूर करेंगे।
वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री विधायक बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी अशोक पांडे जिलाअध्यक्ष टंकराम वर्मा,अनुज शर्मा माजूद रहे।
*दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल केे संरक्षा विभाग के द्वारा दिनांक 10.06.23 से 16.06.23 तक समपार फाटक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है
रायपुर : दिनांक 10.06.23 से 16.06.23 तक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल के संरक्षा विभाग के द्वारा *समपार फाटक जागरूकता अभियान* चलाया जा रहा है , जिसके तहत दिनांक 11.06.23 को संरक्षा अधिकारियों , संरक्षा सलाहकारों एवं सिविल डिफेंस वोलैंटियर के द्वारा रायपुर स्टेशन, भाटापारा स्टेशन , तिल्दा स्टेशन, बिल्हा स्टेशन , दुर्ग , भिलाई पावर हाउस स्टेशन एवं विभिन्न समपार फाटकों जैसे बिल्हा गेट, तिल्दा गेट, खुर्सीपार गेट एवं भाटापारा के नजदीक तथा भिलाई के आसपास का गेट सहित कुल 9 समपार फाटकों में तथा इसके अलावे तिल्दा पेट्रोल पंप, भाटापारा पेट्रोल पंप सहित 4 पेट्रोल पंप में जाकर लोगों को पंपलेट वितरण करके , स्टीकर चिपका कर एवं बैनर लगाकर समपार फाटकों पर लोगों को सही तरीके से पार करने एवं इससे संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान किया गया साथ में लोगों की काउंसिलिंग भी की गई एवं महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान किया जा रहा है ।
पूर्व केन्द्रीय मन्त्री शहीद पण्डित विद्याचरण शुक्ल को पुण्यतिथि पर दी आदरांजलि
महापौर श्री एजाज ढेबर, छग पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष श्री शैलेश नीतिन त्रिवेदी, गणमान्यजनों ने पूर्व केन्द्रीय मन्त्री शहीद पण्डित विद्याचरण शुक्ल को पुण्यतिथि पर दी आदरांजलि
रायपुर : आज राजधानी शहर के प्रथम नागरिक नगर पालिक निगम रायपुर के महापौर श्री एजाज ढेबर ने पूर्व केन्द्रीय मन्त्री शहीद पण्डित विद्याचरण शुक्ल को पुण्यतिथि पर राजधानी शहर के नगर पालिक निगम मुख्यालय भवन महात्मा गाँधी सदन के सामने शहीद पण्डित विद्याचरण शुक्ल उद्यान परिसर स्थित उनकी मूर्ति के समक्ष पहुंचकर नगर निगम संस्कृति विभाग के तत्वावधान में नगर निगम जोन क्रमांक 4 के सहयोग से रखे गये संक्षिप्त एवं गरिमामयी आयोजन में पहुंचकर समस्त राजधानीवासियों की ओर से उन्हें सादर नमन करते हुए आदरांजलि अर्पित की. इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री शैलेश नीतिन त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य जनों, सामाजिक कार्यकर्त्ताओं, नवयुवकों, महिलाओं ने पूर्व केन्द्रीय मन्त्री शहीद पण्डित विद्याचरण शुक्ल को उनकी पुण्यतिथि पर नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किये.
प्रथम खेलो इंडिया जनजाति खेल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ को मिला पदक
आवासीय तीरंदाजी तथा एथलेटिक अकादमी के खिलाड़ियों ने जीते पदक
आवासीय तीरंदाजी अकादमी बिलासपुर के कुबेर सिंह को 30 मीटर में सिल्वर मैडल मिला और ओवर ऑल में दूसरा पोजिशन रहा
आवासीय एथलेटिक अकादमी बिलासपुर की खिलाड़ी कुमारी तर्निका टेटा ने 100 मीटर विमेंस प्रतियोगिता में रजत पदक जीता
राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र बिलासपुर में 25 मई को राज्य के विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित किया गया था
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री उमेश पटेल ने खिलाड़ियों को दी बधाई
रायपुर : ओडिशा के भुवनेश्वर में प्रथम खेलो इंडिया जनजाति खेल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को विभिन्न स्पर्धाओं में पदक मिले हैं। आवासीय तीरंदाजी अकादमी बिलासपुर तथा एथलेटिक अकादमी के खिलाड़ियों ने पदक जीते हैं। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल एवं खेल युवा कल्याण मंत्री श्री उमेश पटेल ने खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन के लिए बधाई दी है। आवासीय तीरंदाजी अकादमी बिलासपुर के कुबेर सिंह को 30 मीटर में सिल्वर मेडल मिला है और ओवरऑल चैंपियनशिप में वे दूसरे पोजीशन में रहे हैं। इसी तरह से आवासीय एथलेटिक अकादमी बिलासपुर की खिलाड़ी कुमारी तर्निका टेटा ने 100 मीटर वीमेन्स स्पर्धा में रजत पदक जीता है। राज्य के प्रशिक्षण केंद्र बिलासपुर में 25 मई को राज्य के विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित किया गया था।
प्रतियोगिता में आज आयोजित हुए विमेन फुटबॉल सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ की टीम ने त्रिपुरा को 4-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस प्रतियोगिता में बालिका फुटबॉल एकेडमी रायपुर की खिलाड़ी किरण पिस्दा ने तीन गोल किए जबकि बस्तर की पिंकी कश्यप ने एक गोल किया। फाइनल मैच छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच 12 जून को खेला जाएगा। उल्लेखनीय है कि भुवनेश्वर में आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में 18 राज्यों के 5000 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं।