CM साय आज मैनपाट महोत्सव का करेंगे आगाज… बिलासपुर समेत इन क्षेत्रों में आज से संशोधित गाइडलाइन दरें लागू… राज्यसभा में सांसद फूलोदेवी ने छत्तीसगढ़ के किसानों की आत्महत्या का मुद्दा उठाया…
रायपुर |
13-Feb-2026
रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णदेव साय आज सरगुजा दौरे पर रहेंगे. वे सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास में बैठक में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 12 बजे विश्व रेडियो दिवस कार्यक्रम में शिरकरत करेंगे. इसके बाद रायपुर से सरगुजा जाएंगे, जहां वे तीन दिवसीय मैनपाट महोत्व 2026 का भव्य आगाज करेंगे. कार्यक्रम के बाद शाम करीब 5:12 बजे रायपुर लौटेंगे.
विश्व रेडियो दिवस पर रायपुर में कार्यक्रम
रायपुर. विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर 13 फरवरी को राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम प्रसार भारती और यूनेस्को द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जाएगा. समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे. इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधियों के साथ ही आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव जैन, यूनेस्को की क्षेत्रीय संचार और सूचना सलाहकार हज्जाज माले, प्रस्तुतियों का डिजिटल विमोचन भी किया जाएगा.
इस वर्ष विश्व रेडियो दिवस की थीम ‘रेडियो और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस’ रखी गई है. इस थीम के अंतर्गत रेडियो प्रसारण में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के नवाचारपूर्ण उपयोग, सामग्री निर्माण में एआई की भूमिका, श्रोताओं तक प्रभावी पहुंच तथा तकनीकी और नैतिक चुनौतियों पर व्यापक चर्चा की जाएगी.
सीएम साय करेंगे शुभारंभ
यूनेस्को के प्रतिनिधि, प्रसार भारती और आकाशवाणी के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ भी शामिल होंगे. शुभारंभअवसर पर राष्ट्रगीत वंदेमातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आकाशवाणी की विशेष स्मारक श्रृंखला ‘स्वाधीनता का जयघोष-वंदे मातरम्ः भारत की सांस्कृतिक धरोहर – एक संगीतमय यात्रा’ के अंतर्गत अगले छह संगीत प्रस्तुतियों का डिजिटल विमोचन भी किया जाएगा.
‘मैनपाट महोत्सव’ का होगा आगाज
रायपुर. सरगुजा जिले के मैनपाट में कल से तीन दिवसीय ‘मैनपाट महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा. इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे. वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे. पंद्रह फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव के दौरान लोकगीत और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा.
महोत्सव के पहले दिन कल भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी प्रस्तुति देंगे. वहीं, छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी के अलावा ओडिशा के प्रसिद्ध छऊ नृत्य की भी प्रस्तुति होगी. चौदह फरवरी को छत्तीसगढ़ की लोक गायिका अलका चंद्राकर और इंडियन आइडल फेम वैशाली रायकवार अपना कार्यक्रम पेश करेंगी. महोत्सव के तीसरे और अंतिम दिन पंद्रह फरवरी को बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर और रायगढ़ घराने की कत्थक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव के साथ ही गायक आयुष नामदेव अपनी प्रस्तुति देंगे.
बिलासपुर समेत इन क्षेत्रों में आज से संशोधित गाइडलाइन दरें लागू
रायपुर. बिलासपुर, कोरिया व सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में संशोधित गाइडलाइन दरें जारी कर दी गई हैं. ये दरें 13 फरवरी से लागू हो जाएंगी. छत्तीसगढ़ में 20 नवंबर 2025 से नवीन गाइडलाइन दरें लागू हैं. राज्य शासन द्वारा जिला मूल्यांकन समितियों को यह निर्देश दिए गए थे कि आवश्यकता के अनुसार गाइडलाइन दरों में पुनरीक्षण के प्रस्ताव केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजे जा सकते हैं. इसी कड़ी में बिलासपुर, कोरिया व सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की जिला मूल्यांकन समितियों से संशोधित गाइडलाइन दरों के प्रस्ताव प्राप्त हुए. इन प्रस्तावों पर विचार हेतु उप महानिरीक्षक पंजीयन की अध्यक्षता में केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड की बैठक आयोजित की गई. बैठक में तीनों जिलों से प्राप्त प्रस्तावों का विस्तृत परीक्षण व समग्र समीक्षा की गई. विचार-विमर्श उपरांत केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड द्वारा बिलासपुर, कोरिया एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों की संशोधित गाइडलाइन दरों के प्रस्तावों को अनुमोदित किया गया है. बोर्ड द्वारा अनुमोदित नवीन गाइडलाइन दरें इन तीनों जिलों में 13 फरवरी से प्रभावशील होंगी. आम नागरिक व संबंधित हितधारक नवीन गाइडलाइन दरों की जानकारी संबंधित जिला पंजीयन कार्यालयों और विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं. अन्य जिलों से प्राप्त होने वाले संशोधित प्रस्तावों पर परीक्षण के बाद गाइडलाइन दरें चरणबद्ध रूप से जारी की जाएंगी.
मंत्री विजय शर्मा आज करेंगे प्रेस वार्ता
रायपुर. गृह एवं जेल मंत्री विजय शर्मा आज प्रेस वार्ता करेंगे. दोपहर 12:30 बजे छत्तीसगढ़ संवाद नवा रायपुर में गृह एवं जेल विभाग के विकास कार्यों की जानकारी देंगे. इस दौरान वह आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा करेंगे.
भाजपा सहयोग केंद्र में आज मंत्री केदार कश्यप
रायपुर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में संचालित सहयोग केंद्र में 13 फरवरी शुक्रवार को वन मंत्री केदार कश्यप आमद देंगे. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक केवल वित्त मंत्री ओपी चौधरी की 12 फरवरी को लगाई ड्यूटी निरस्त की गई है. इसकी वजह उनका असम दौरा बताया गया. सहयोग केंद्र 3 फरवरी से शुरू हुआ और दो सप्ताह में एक उपमुख्यमंत्री समेत सात मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी.
राज्यसभा में कांग्रेस सांसद फूलोदेवी ने उठाया किसानों की आत्महत्या का मुद्दा
रायपुर. कांग्रेस सांसद फूलोदेवी नेताम ने राज्यसभा में छत्तीसगढ़ में किसानों का मामला उठाया. कांग्रेस सांसद ने विशेष उल्लेख के माध्यम से कहा कि कृषि प्रधान देश में किसान जान देने को मजबूर है, जो व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है. फूलोदेवी नेताम ने आत्महत्या करने वाले किसानों का पूरा कर्ज माफ करने, पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने और अंतिम किसान तक टोकन वितरण और उपज खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की है.
रायपुर में आज के कार्यक्रम
थैलेसीमिया व सिकलसेल कैंप
संस्थान- काश फाउंडेशन
स्थान- सचदेव धर्मशाला, फाफाडीह
समय- सुबह 8.30 बजे से
वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण
संस्थान- दुर्गा एजुकेशन सोसाइटी, विवेकानंद महाविद्यालय
स्थान- मौदहापारा, जनक बाड़ा
समय- सुबह 9 बजे से