छत्तीसगढ़ / रायपुर

सीएम साय कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल… अवकाश के बाद आज से फिर शुरू होगी विधानसभा की कार्रवाई… राज्यसभा चुनाव के लिए नाम वापसी का आज अंतिम दिन …

 रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 9:50 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से प्रस्थान करेंगे और सुबह 10:00 बजे वीआईपी रोड स्थित भारत सेवा आश्रम पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 12:10 बजे से 1:20 बजे तक वे CII Chhattisgarh Annual Meeting 2026 में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे नवा रायपुर स्थित विधानसभा के लिए रवाना होंगे और दोपहर 1:45 बजे से शाम 6:00 बजे तक विधानसभा सत्र में हिस्सा लेंगे।



होली अवकाश के बाद आज से फिर शुरू होगी विधानसभा की कार्रवाई
रायपुर। होली के अवकाश के बाद आज से छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्रवाई एक बार फिर शुरू होगी। आज सदन में मंत्री दयालदास बघेल और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विभागों को लेकर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप, मंत्री दयालदास बघेल और मंत्री रामविचार नेताम सदन के पटल पर विभिन्न पत्र रखेंगे। वहीं सदन में आज दो ध्यानाकर्षण भी लगाए गए हैं, जिन्हें विधायक भावना बोहरा और ब्यास कश्यप द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा सभापति गोमती साय द्वारा प्रतिवेदनों की प्रस्तुति भी की जाएगी। आज से विधानसभा में अनुदान मांगों पर चर्चा की शुरुआत होगी, जिसमें डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा शामिल होंगे।

राज्यसभा चुनाव के लिए नाम वापसी का आज अंतिम दिन
रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा चुनाव के लिए नाम वापसी का आज अंतिम दिन है। भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम को आज निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र दिया जाएगा। दोपहर 3 बजे के बाद दोनों प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित करते हुए निर्वाचन अधिकारी की ओर से उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा जाएगा। इसके बाद यह प्रमाण पत्र राज्यसभा सचिवालय में जमा किया जाएगा, जिसके पश्चात नव निर्वाचित राज्यसभा सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी।

प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने की आत्महत्या
रायपुर। चरित्र शंका और मायके की संपत्ति में हिस्सा लाने के दबाव से परेशान होकर एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में सरस्वती नगर थाना पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का केस दर्ज किया है। घटना 17 फरवरी 2026 की है। कोटा मस्जिद रोड निवासी आयसा खान (34) की संदिग्ध हालात में मौत हुई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच की। परिजनों के बयान और पीएम रिपोर्ट के आधार पर पति अमजद खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक आयसा की शादी 2011 में अमजद खान से हुई थी। पति अक्सर चरित्र पर शक करता था और मायके से संपत्ति में हिस्सा लाने का दबाव डालता था।

नाबालिग ने रची खुद के अपहरण की साजिश
दुर्ग। भिलाई 3 पुलिस ने नाबालिग के अपहरण की कहानी की जांच की तो चौकाने वाला खुलासा हुआ है। नाबालिग ने म्यूल खाते की रकम * चुकाने दोस्तों के साथ मिलकर अपने अपहरण की साजिश रची थी। जांच के बाद पुलिस ने धनबाद और झारसुगड़ा से कथित अपहरण में शामिल दो आरोपियों को पकड़ा है। अभी दो और आरोपी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने नाबालिग के बड़े भाई आशीष ठाकुर की शिकायत पर पहले अपहरण का केस दर्ज किया। जांच के बाद अब बीएनएस की धारा 3(5),318(4) और 62 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया है।

कर्मा जयंती और आदर्श सामूहिक विवाह 15 को
रायपुर। संत माता कर्मा आश्रम समिति 15 मार्च को टिकरापारा में कर्मा जयंती और आदर्श सामूहिक विवाह कराएगी। कार्यकारी अध्यक्ष तनु साहू ने बताया कि आचार्य पंडित सुकृत साहेब शास्त्री (कबीर आश्रम सेलूद) के सानिध्य में सामूहिक आदर्श विवाह संपन्न होगा।
 

Leave Your Comment

Click to reload image