40 के बाद 3 से 5% मसल्स होते कम..मसल्स बनाना क्यों है सबसे बड़ा हेल्थ इन्वेस्टमेंट..जानें 5 असरदार तरीके
13-Jun-2025
40 की उम्र के बाद शरीर में हर 10 साल में 3 से 5% मसल्स कम होने लगते हैं। यह धीरे-धीरे ताकत कम करता है, कैलोरी बर्न की रफ्तार घटाता है। डायबिटीज, फैटी लिवर व गिरने से हड्डी टूटने जैसी समस्याओं को बढ़ाता है। कमजोर मसल्स से गिरना बाद के वर्षों में जानलेवा साबित हो सकता है, इसलिए निवेश अभी करें।
जानिए 40 के बाद मसल्स बनाना क्यों सेहत के लिए अच्छा निवेश है।
मेटाबॉलिज्म पर यह असर होता है
अध्ययनों से पता चला है कि बेसल मेटाबॉलिक रेट यानी शरीर की आराम की स्थिति में कैलोरी जलाने की दर, 20 से 60 साल की उम्र तक लगभग एक जैसी रहती है। असली बदलाव मेटाबॉलिज्म में नहीं, बल्कि मांसपेशियों के आकार में होता है। हर बार जब आप 1 किलो मसल्स कम करते हैं, तो शरीर आराम की स्थिति में रोजाना लगभग 50-60 कैलोरी कम जलाता है। साल भर में यह कमी 2.5 किलो फैट बढ़ा सकती है, भले ही आपने अपनी डाइट में कोई बदलाव न किया हो।
मिड-लाइफ मसल्स प्लान: सिर्फ पांच स्टेप्स फॉलो करें
वजन के हिसाब से प्रोटीन
बॉडीवेट के हिसाब से प्रोटीन लें। 1 किलो वजन पर 1 ग्राम प्रोटीन। वजन 70 किलो है तो 70 ग्राम लें।
हफ्ते में 2 बार मसल ट्रेनिंग
स्क्वाट्स, वॉल पुश-अप्स, जैसी एक्सरसाइज करें। दो सेट 10-12 रेप्स के करें, अंत में इसे बढ़ाएं।
रिकवरी पर फोकस करें
7 घंटे की नींद, अंधेरा कमरा और दोपहर 2 बजे के बाद कैफीन से परहेज काफी मदद करता है।
सही न्यूट्रिशन पर ध्यान दें
10 मिनट धूप से विटामिन D, 1 चम्मच कद्दू के बीज खाने से मैग्नीशियम और 1 चम्मच अलसी पाउडर खाने से ओमेगा-3 मिलेगा।
पूरे दिन एक्टिव रहें
रोज 5 मिनट सीढ़ी चढ़ें। साथ ही ब्रश करते हुए 2 मिनट वॉल-सिट कर सकते हैं। यह मायने रखते हैं।