छत्तीसगढ़
पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत ओबेदुल्ला गंज, जैतवार, उंचेहरा रेलवे स्टेशनों में ठहराव की सुविधा में विस्तार ।
रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने वाली चार एक्सप्रेस गाड़ियो का पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत ओबेदुल्ला गंज, जैतवार, उंचेहरा रेलवे स्टेशनों में ठहराव की सुविधा में विस्तार किया गया है । यह सुविधा 20 जुलाई, 2023 तक दी गयी थी, जिसका विस्तार कर दिनांक 16 जनवरी, 2024 तक किया गया है । विवरण इस प्रकार है:-
गाड़ी संख्या 18237/18238 कोरबा-अमृतसर-कोरबा छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का भोपाल रेल मण्डल के ओबेदुल्ला गंज रेलवे स्टेशन ठहराव की सुविधा दिनांक 14 जुलाई, 2023 तक दी गयी थी, जिसका विस्तार दिनांक 10 जनवरी, 2024 तक किया गया है ।
गाड़ी संख्या 19343 / 19344 इंदौर-सिवनी-इंदौर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का भोपाल रेल मण्डल के ओबेदुल्ला गंज रेलवे स्टेशन ठहराव की सुविधा दिनांक 14 जुलाई, 2023 तक दी गयी थी, जिसका विस्तार दिनांक 10 जनवरी, 2024 तक किया गया है ।
गाड़ी संख्या 15159 / 15160 छपरा-दुर्ग-छपरा सरनाथ एक्सप्रेस का जबलपुर रेल मण्डल के जैतवार रेलवे स्टेशन ठहराव की सुविधा दिनांक 19 जुलाई, 2023 तक दी गयी थी, जिसका विस्तार दिनांक 15 जनवरी, 2024 तक किया गया है ।
गाड़ी संख्या 18247 / 18247 बिलासपुर-रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस का जबलपुर रेल मण्डल के उंचेहरा रेलवे स्टेशन ठहराव की सुविधा दिनांक 20 जुलाई, 2023 तक दी गयी थी, जिसका विस्तार दिनांक 16 जनवरी, 2024 तक किया गया है ।
02 किलो 340 ग्राम गांजा के साथ 02 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय श्री प्रशांत अग्रवाल द्वारा रायपुर पुलिस के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित प्रभारी एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट को नशे का काला कारोबार करने वाले कारोबारियों की पतासाजी कर कार्यवाही करने एवं इस पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाने आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये है। जिस पर समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं एण्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट की टीम द्वारा मुखबीर लगाकर, पेट्रोलिंग व सूचना संकलन कर नशे का कारोबार करने वाले कारोबारियों के संबंध में सूचना एकत्रित की जा रही है।
इसी तारतम्य में दिनांक 12.07.2023 को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना खम्हारडीह क्षेत्रांतर्गत चण्डी नगर रेलवे लाईन के पास एक व्यक्ति अपने पास गांजा रखा है तथा बिक्री की फिराक में ग्राहक की तलाश कर रहा है। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर/अपराध श्री अभिषेक माहेश्वरी एवं नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा श्री उदयन बेहार द्वारा प्रभारी एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना प्रभारी खम्हारडीह को सूचना की तस्दीक कर आरोपी को गांजा के साथ रंगे हाथ पकड़ने हेतु निर्देशित किया गया। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर जाकर मुखबीर द्वारा बताये हुलिये के व्यक्ति की पतासाजी कर चिन्हांकित कर पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम पूरन सिंह दीवान निवासी चण्डी नगर खम्हारडीह रायपुर का होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा उसके पास रखें बैग की तलाशी लेने पर बैग में गांजा रखा होना पाया गया। जिस पर आरोपी पूरन सिंह दीवान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 01.140 किलोग्राम गांजा कीमती लगभग 10,000/- रूपये जप्त किया जाकर आरोपी के विरूद्ध थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 249/23 धारा 20बी नारकोटिक्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया।
इसी प्रकार टीम के सदस्यों द्वारा थाना खम्हारडीह क्षेत्रांतर्गत कचना स्थित बी.एस.यू.पी कॉलोनी निवासी दीपक महानंद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 01 किलो 200 ग्राम गांजा कीमती लगभग 10,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 250/23 धारा 20बी नारकोटिक्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. पूरन सिंग दीवान पिता स्वरूप सिंग दीवान उम्र 33 साल निवासी चण्डी नगर रेलवे लाईन के पास थाना खम्हारडीह रायपुर।
02. दीपक महानंद पिता पानपत्तर महानंद उम्र 39 साल निवासी कचना बीएसयूपी कालोनी ब्लॉक नंबर 23 मकान नंबर 18 थाना खम्हारडीह रायपुर।
मुख्यमंत्री से छत्तीसगढ़ टिम्बर व्यापारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की
रायपुर: मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से आज शाम यहां उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री कुलदीप जुनेजा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ टिम्बर व्यापारी संघ रायपुर के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर टिम्बर व्यापारी संघ के पदाधिकारी सर्वश्री सूर्यकांत पटेल, दलपत भाई पटेल, बसंत पटेल, दिलीप पटेल तथा प्रवीण पटेल आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री से राठौर क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की
रायपुर: मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से आज शाम यहां उनके निवास कार्यालय में राठौर क्षत्रिय समाज रायपुर के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल ने सामाजिक विषयों पर चर्चा की और राज्य में सभी वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए चलाए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए उनका आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल में सर्वश्री लक्ष्मीकांत राठौर, शरद कुमार, मुकेश राठौर, जितेन्द्र, रघुनंदन, अनिल राठौर, विजय राठौर, राजेन्द्र एवं सुधीर राठौर शामिल थे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री कुलदीप जुनेजा भी उपस्थित थे।
राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य श्री अमर पारवानी जी का कैट सी.जी. चैप्टर ने स्वागत अभिनंदन किया
राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड, भारत सरकार के चेयरमैन श्री सुनील सिंघी जी एवं बोर्ड के सदस्य श्री अमर पारवानी जी का कैट सी.जी. चैप्टर ने स्वागत अभिनंदन किया
जिला स्तर पर व्यापारी कल्याण सुझाव समिति का गठन किया जायेगा
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमर पारवानी, चेयरमेन मगेलाल मालू, अमर गिदवानी, प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र दोशी, कार्यकारी अध्यक्ष विक्रम सिंहदेव, परमानन्द जैन, वाशु माखीजा, महामंत्री सुरिन्द्रर सिंह, कार्यकारी महामंत्री भरत जैन, एवं कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन श्री सुनील सिंघी जी एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य श्री अमर पारवानी जी का कैट सी.जी. चैप्टर ने स्वागत अभिनंदन किया।
कैट के प्रदेश अध्यक्ष श्री जितेंद दोशी, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्री परमानन्द जैन एवं प्रदेश महामंत्री श्री सुरिन्द्रर सिंह ने बताया कि श्री सुनील सिंघी जी ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड व्यापारियों के सर्वांगीण विकास के लिये कार्य करेगी। 1. व्यापारियों एवं उनके कर्मचारियों के कल्याण के लक्ष्य को हासिल करने तथा सामाजिक सुरक्षा जैसे बीमा, पेंशन, स्वास्थ्य आदि नीतिगत उपायों की पहचान करना। पेंशन योजना द्वारा तीन करोड़ से अधिक छोटे व्यापारियों को तीन हजार रूपये मासिक पेंशन का लाभ मिलेगा। 2. सभी लाइसेंस के लिये सिंगल विंडो प्रणाली से देश के सभी राज्यों में लाइसेंस की प्रक्रिया सरल होगी। 3. व्यापारियों के अनुपालन बोझ को घटाने के लिए संस्तुति करना। 4. व्यापारियों के लिए लागू अधिनियमों और नियमों में सरलीकरण के सुझाव देना। 5. व्यापारियों के लिए आर्थिक निधियों तक की पहुंच सरल करना।
श्री दोशी, श्री जैन एवं श्री सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड व्यापारियों के हितों की रक्षा करने वाला फोरम है जिसके लिए जिला स्तर पर राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण समिति बनाई जायेगी। जो व्यापारियों की समस्या एवं सुझावो को राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड तक पंहुचायेगी। व्यापारियों के लिये लागू अधिनियमों, नियमों आदि में सरलीकरण, सभी प्रकार की व्यापारिक समस्याआें का समाधान किया जायेगा।
श्री सुनील सिंघी जी के स्वागत अभिनंदन में कैट एवं युवा टीम के पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे :- अमर पारवानी, मगेलाल मालू, अमर गिदवानी, जितेन्द्र दोशी, परमानन्द जैन, वाशु माखीजा, सुरिन्द्रर सिंह, भरत जैन, अवनीत सिंह, अमर धिंगानी, विजय पटेल, महेन्द्र कुमार बागरोडिया, राकेश ओचवानी, सूरज उपाध्याय, नरेश कुमार पाटनी, प्रीतपाल सिंह बग्गा, जयराम कुकरेजा, जितेन्द्र गोलछा, राकेश अग्रवाल, विजय जैन, सतीश श्रीवास्तव, मोहन वर्ल्यानी, दीपक विधानी, विक्रांत राठौर, परविन्दर सिंह एवं रमेश कुमार खोडियार, सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारीगण शामिल रहे।
छत्तीसगढ़ आएंगे गृह मंत्री अमित शाह, विधायकों की सर्वे रिपोर्ट पर होगी चर्चा
रायपुर : छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को कुछ ही महीने रह गए है। ऐसे में कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने है। प्रदेश में राजनेतिक सरगर्मी बढ़ गई है। वहीं केंद्रीय मंत्रियों के आने का सिलसिला भी लगातार जारी है। कल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। बता दें कि अमित शाह का इस महीने दूसरी बार छत्तीसगढ़ दौरा है। इससे पहले वे 5 जुलाई को छत्तीसगढ़ आए थे। अमित शाह BJP नेताओं को दिए गए टास्क की जानकारी लेंगे। साथ ही विधायकों की सर्वे रिपोर्ट पर चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि शुक्रवार को कई वरिष्ठ नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
जानकारी के अनुसार चुनावी रणनीतियों पर मंथन होगा। और पिछली बैठक में बीजेपी नेताओं को मिले टास्क की जानकारी लेंगे। इस दौरान विधायकों की सर्वे रिपोर्ट पर चर्चा और चुनावी रणनीतियों पर मंथन भी होगा। वहीं बैठक में वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी मिलने की संभावना भी है।
5 जुलाई को भी शाह आए थे छत्तीसगढ़
बता दें कि 5 जुलाई को देर रात रायपुर में बैठक अमित शाह ले चुके हैं। उन्होंने उस बैठक में सभी विधानसभा की रिपोर्ट मांगी है। ये भी पूछा है कि कहां बीजेपी बेहतर है और कहां कमजोर है। ये जानकारी कारणों के साथ दें। बीजेपी प्रभारी ओम माथुर इस काम पर जुटे हुए हैं।
कई दिग्गज होंगे बैठक में शामिल
शुक्रवार को होने वाली मीटिंग में अमित शाह के अलावा कई दिग्गज शामिल होंगे। इनमें गिरिराज सिंह, मनसुख मंडाविया,अर्जुन मुंडा, फग्गनसिंह कुलस्ते समेत केंद्र सरकार के कई मंत्रियों का नाम शामिल है, जो पिछले एक महीने में छत्तीसगढ़ का दौरा कर चुके हैं। मीडिया रिपोर्टस् के मुताबिक अभी 24 से ज्यादा केंद्रीय मंत्री छत्तीसगढ़ का दौरा करने वाले हैं।
छत्तीसगढ़ कोल ब्लॉक आवंटन मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट का बड़ा फैसला
छत्तीसगढ़ में कोल ब्लॉक के आवंटन से जुड़े मामले में बड़ा फैसला।
राउज एवेन्यू कोर्ट ने कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सांसद विजय दर्डा को दोषी ठहराया।
राउज एवेन्यू कोर्ट ने मामले में सभी आरोपियों को दोषी ठहराया।
भ्रष्टाचार से जुड़ी धाराओं के तहत दोषी करार दिया।
राउज एवेन्यू कोर्ट में मामले में 18 जुलाई को सजा पर बहस होगी।
राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व राज्यसभा सांसद विजय दर्डा, पूर्व कोयला सचिव एच सी गुप्ता, दो वरिष्ठ अधिकारियों के एस क्रोफा और के सी सामरिया, और कंपनी मेसर्स जेएलडी यवतमाल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, इसके निदेशक मनोज कुमार जयसवाल को दोषी ठहराया है।
कांग्रेस विधायक दल की सीएम हाउस में हुई बैठक, मानसून सत्र को लेकर बनाई रणनीति
रायपुर: मुख्यमंत्री निवास में आज कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें मानसून सत्र को लेकर रणनीति बनाई गई. बैठक में सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा की गई. मंत्री मोहम्मद अकबर ने बताया, सभी विधायकों को सोशल मीडिया संचालन की जानकारी दी गई है. प्रदेश की योजनाओं, सरकार के कार्यों को जनता तक कैसे पहुंचाना है, इसके बारे में विधायकों को बताया गया.
छत्तीसगढ़ के चार पीएचसी और दो सीएचसी को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण पत्र
रायपुर: उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा और मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने वाले छत्तीसगढ़ के छह शासकीय अस्पतालों को केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS – National Quality Assurance Standard) प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। इनमें चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और दो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की विशेषज्ञों की टीम द्वारा विगत अप्रैल, मई और जून में इन अस्पतालों में मरीजों के लिए उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता के परीक्षण के बाद राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण पत्र जारी किया गया है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सरगुजा जिले के उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और महासमुंद के बागबहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण पत्र से नवाजा गया है। जांजगीर-चांपा जिले के जर्वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बस्तर के कुम्हरावंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सरगुजा के बटईकेला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और कांकेर के बागोदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को भी भारत सरकार द्वारा यह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के विशेषज्ञों द्वारा मरीजों के लिए अस्पताल में उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता के परीक्षण में उदयपुर सीएचसी को 87 प्रतिशत और बागबहरा सीएचसी को 85 प्रतिशत अंक मिले हैं। वहीं जर्वे पीएचसी को 82 प्रतिशत, बागोदर पीएचसी को 80 प्रतिशत, बटईकेला पीएचसी को 76 प्रतिशत और कुम्हरावंड पीएचसी को 75 प्रतिशत अंक मूल्यांकन में प्राप्त हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाण-पत्र प्रदान करने के पूर्व विशेषज्ञों की टीम द्वारा अस्पताल की सेवाओं और संतुष्टि स्तर का विभिन्न मानकों पर परीक्षण किया जाता है। इनमें उपलब्ध सेवाएं, मरीजों के अधिकार, इनपुट, सपोर्ट सर्विसेस, क्लिनिकल सर्विसेस, इन्फेक्शन कंट्रोल, गुणवत्ता प्रबंधन और आउटकम जैसे पैरामीटर शामिल हैं। इन कड़े मानकों पर खरा उतरने वाले अस्पतालों को ही केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुणवत्ता प्रमाण पत्र जारी किए जाते हैं।
फिर छत्तीसगढ़ आ रहे है पं. प्रदीप मिश्रा, 1 से 7 अगस्त तक होगी शिव महापुराण
रायपुर: भाटापारा, रायपुर और भिलाई के बाद विख्यात कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा एक बार फिर शिव महापुराण की कथा करने छत्तीसगढ़ आ रहे है. 1 सा 7 अगस्त तक शिव महापुराण इस बार तिल्दा में आयोजित होनी है.
कथा से पहले कथा स्थल का भूमिपूजन और ध्वजस्थापना का कार्यक्रम आज गुरुवार को संपन्न हुआ. शिव महापुराण समिति के प्रमुख संयोजक एवं आयोजक घनश्याम अग्रवाल ने इस कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि कथास्थल के लिए जहां करीब 6 एकड़ जगह आरक्षित की गई है, वहीं पार्किंग के लिए अलग से जगह विभिन्न स्थानों पर आरक्षित की गई है. उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी परिवार विशेष का नहीं बल्कि पूरे शहर का है.
शिव महापुराण समिति के मुख्य प्रवक्ता रमेश रिंकू अग्रवाल ने बताया कि आयोजनकर्ता किसी से नगद राशि किसी भी रूप में नहीं ले रहे हैं, कथा रसपान करने बाहर से आने वाले कथा श्रोताओं के लिए भोजन, आवास, पानी, स्वच्छता आदि कि निःशुल्क व्यवस्था कि गई है. उन्होंने कहा कि इस विशालतम कार्यक्रम में एक लाख से अधिक शिवभक्त प्रथम दिन से आएंगे जिनकी संख्या प्रतिदिन बढ़ती जाएगी.
प्रोफेसर शाहिद अली की सेवा समाप्त, कुलसचिव ने जारी किया आदेश, जानिए पूरा मामला…
रायपुर: फर्जी दस्तावेज के आधार पर नौकरी करने के मामले में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शाहिद अली की सेवा समाप्त कर दी गई है. इसका आदेश केटीयू के कुलसचिव डॉ. चंद्रशेखर ओझा ने जारी किया है. जांच समिति की रिपोर्ट एवं विश्वविद्यालय की कार्य परिषद के निर्णय के आधार पर डाॅ. शाहिद की सेवा समाप्त की गई है.
डॉक्टर अली जनसंचार विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर थे. विश्वविद्यालय कार्यपरिषद ने डॉ. अली को बर्खास्त करने को लेकर कार्रवाई करते हुए उन्हें अपना पक्ष रखने नोटिस देकर 15 दिनों का समय दिया था. तीन सदस्यी जांच कमेटी ने डाॅ. शाहिद अली का दस्तावेज फर्जी होना बताया था.
कार्य परिषद की आपात मीटिंग में डॉक्टर शाहिद अली को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर अपराधिक प्रकरण दर्ज कराने का फैसला लिया गया था. कार्य परिषद के फैसले के बाद नोटिस जारी कर फर्जी दस्तावेज मामले में डॉक्टर शाहिद अली से 15 दिन के भीतर जवाब मांगा गया था. जांच समिति की रिपोर्ट एवं विश्वविद्यालय की कार्य परिषद के निर्णय के आधार पर कुलसचिव ने डाॅ. शाहिद अली की सेवा समाप्त की है.
तूता धरना स्थल, अटल नगर (नया रायपुर) पहुंचे पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह
कर्मचारियों के समर्थन में भूपेश सरकार के विरुद्ध की आवाज बुलंद
रायपुर: आज छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह अटल नगर (नया रायपुर) तूता धरना स्थल पहुंचे जहां उन्होंने भूपेश सरकार के विरुद्ध धरना प्रदर्शन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संविदा कर्मचारी, छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाई, रसोइया संघ तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी संघ के लोगों के साथ दाऊ भूपेश बघेल के कुशासन के विरुद्ध आवाज बुलंद की।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री के साथ भाजपा नेता ओपी चौधरी, प्रदेश महामंत्री समेत प्रदेश भाजपा के कई बड़े नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। मीडिया से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि संविदा कर्मचारी, रसोईया संघ छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल, तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी संघ की जायज़ मांगों को भाजपा के जन घोषणा पत्र में रखा जायेगा।
भाजपा ने हमेशा सन 1988 में और 1997 में कर्मचारियों को रेगुलर किया, 40 हजार अधिक नियमितीकरण भाजपा ने किए हैं जबकि कांग्रेस पिछले पौने 5 वर्षों से केवल झूठे वादों के अलावा कुछ नहीं कर पाई है। साथ ही आदिवासी नेता मोहन मरकाम को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें 100 दिनों के लिए मंत्री बनाकर बड़ा वाला झुनझुना पकड़ाया दिया है।
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के बिर्रा आगमन पर हसौद के प्रसिद्ध पेड़े से तौलकर किया गया स्वागत
रायपुर: मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के ग्राम पंचायत बिर्रा आगमन पर स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों द्वारा हसौद के प्रसिद्ध पेड़े से तौलकर उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ चरण दास महंत, गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, संसदीय सचिव एवं विधायक बिलाईगढ़ श्री चंद्रदेव राय, विधायक चंद्रपुर श्री रामकुमार यादव, खनिज विकास निगम अध्यक्ष श्री गिरीश देवांगन, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री संदीप साहू, गौसेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री महंत डॉ. रामसुंदर दास, शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष श्री रामकुमार पटेल, जिला अध्यक्ष श्री राघवेंद्र सिंह, डॉ. चौलेश्वर चन्द्राकर, गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जांजगीर-चांपा जिला साहू संघ के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में हुए शामिल
समर्थन मूल्य पर 20 क्विंटल धान प्रति एकड़ खरीदी का निर्णय: मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल
ग्राम पंचायत बिर्रा एवं बम्हनीडीह को नगर पंचायत बनाने की घोषणा
ग्राम पंचायत बिर्रा में स्वामी आत्मानंन्द इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलने, नवीन सामुदायिक भवन बनाने, विद्युत विभाग का जूनियर इंजीनियर कार्यालय खोलने की स्वीकृति
हसदेव नदी पर बम्हनीडीह से दहिदा सड़क पल निर्माण को प्रदान की स्वीकृति
रायपुर: मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल आज जांजगीर चांपा जिले के ब्रम्हनडीह विकासखंड के ग्राम बिर्रा के दशहरा मैदान में आयोजित जिला साहू संघ के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी, भक्त माता कर्मा की पूजा-अर्चना की तथा समाज के पूर्वजों को श्रद्धासुमन अर्पित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। श्री बघेल ने सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए ग्राम पंचायत बिर्रा एवं बम्हनीडीह को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम पंचायत बिर्रा में ही नवीन स्वामी आत्मानंन्द इंग्लिश मीडियम स्कूल खोलने, नवीन सामुदायिक भवन बनाने, बिजली विभाग का जूनियर इंजीनियर कार्यालय खोलने को स्वीकृति प्रदान की है। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री ने हसदेव नदी पर बम्हनीडीह से दहिदा सड़क पल निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान की।
श्री बघेल ने कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। इसके लिए हमने किसानों, मजदूरों, महिलाओं, भूमिहीन मजदूरों सहित तमाम वर्गों के लिए जनहित में अनेक योजनाएं बनाई है। राज्य के 26 लाख किसान राजीव गांधी किसान न्याय योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। हमने धान की बम्पर पैदावार को देखते हुए इस वर्ष प्रति एकड़ 15 क्विंटल को बढ़ाकर 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी का निर्णय लिया है। हमारी सरकार शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। स्कूल जतन योजना के माध्यम से स्कूलों का रंग रोगन किया जा रहा है।
इसके लिए 1000 करोड़ रूपए खर्च किया जा रहा है। आज कांकेर में प्रदेश का पहला स्वामी आत्मानंन्द इंग्लिश मीडियम कॉलेज प्रारंभ किया गया है। राज्य सरकार द्वारा बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़ के विभिन्न समाजों को सामाजिक भवनों के लिए किफायती दर में जमीन उपलब्ध करायी गई है। इसके साथ ही साथ विभिन्न समाजों को सामाजिक भवनों के निर्माण के लिए सहायता भी दी जा रही है। जिसका यह सुखद परिणाम है कि आज राज्य के अनेक समाजों के पास जमीन एवं भवन उपलब्ध है। इस भवन का उपयोग सभी नागरिक विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में कर रहे हैं।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास मंहत ने सामाजिक प्रेम, एकता, सौहार्द्र-पूर्ण व्यवहार को बढ़ावा देने पर जोर दिया। गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने संबोधित करते हुए कहा कि समय एवं अवसर का उपयोग हमेशा करना चाहिए। आज पदाधिकारियों को समाज की सेवा करने का अवसर मिला है। इसका उपयोग सामाजिक संगठन को मजबूत करने में करें। उन्होंने समाज में फैली बुराईयों, रूढ़िवादी परंपराओं, कुरीतियों को समाप्त करने और सामाजिक समरसता स्थापित करते हुए नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। समारोह की अध्यक्षता साहू समाज के प्रदेशाध्यक्ष श्री टहल राम साहू ने की।
इस अवसर पर संसदीय सचिव एवं विधायक बिलाईगढ़ श्री चंद्रदेव राय, विधायक चंद्रपुर श्री रामकुमार यादव, खनिज विकास निगम अध्यक्ष श्री गिरीश देवांगन, तेलघानी विकास बोर्ड श्री संदीप साहू, गौसेवा आयोग अध्यक्ष राजेश्री महंत डॉ. रामसुंदर दास,शाकम्भरी बोर्ड अध्यक्ष श्री रामकुमार पटेल, साहू समाज प्रदेशाध्यक्ष श्री टहल साहू, जिला अध्यक्ष साहू समाज श्री बालेश्वर साहू, जिला अध्यक्ष श्री राघवेंद्र सिंह, कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी, एसपी श्री विजय अग्रवाल सहित समाज क गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
शराबबंदी पर बयान को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने मंत्री अकबर के निवास का घेराव किया
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राजपूत ने मंत्री अकबर के बयान को महिलाओं का अपमान बताकर मातृ-शक्ति से बिना शर्त क्षमायाचना करने की मांग की
प्रदेश सरकार शराब माफियाओं के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ की पीढ़ियों को बर्बाद करने की सुनियोजित साजिश कर रही : शालिनी
रायपुर: भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने गुरुवार को शराबबंदी को लेकर दिए गए एक बयान के मद्देनजर प्रदेश सरकार के मंत्री मो. अकबर के खिलाफ भारत माता चौक पर आंदोलन कर रैली निकाली और उनके निवास का घेराव किया। आंदोलन व रैली का नेतृत्व महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने किया। भाजपा महिला मोर्चा ने मंत्री अकबर के उस बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है, जिसमें मंत्री अकबर ने कहा था कि ‘हमने शराबबंदी के लिए गंगाजल की कसम नहीं खाई है, हमने कर्जा माफी के लिए गंगाजल की कसम खाई थी।’ मंत्री अकबर के बयान को पूरे प्रदेश की महिलाओं का घोर अपमान बताते हुए महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती राजपूत ने मंत्री अकबर से अपने इस कथन के लिए मातृ-शक्ति से बिना शर्त क्षमायाचना करने की मांग की है।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने मंत्री अकबर के इस कथन को सफेद झूठ और अपने वादे से निर्लज्जतापूर्वक मुकरना बताया। श्रीमती राजपूत ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्ण शराबबंदी का वादा गंगाजल की सौगंध लेकर कांग्रेस के तमाम नेता हर चुनावी मंच पर कर रहे थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद कांग्रेस वादाखिलाफी पर उतर आई। पूरे प्रदेश की जनता जानती है गंगाजल को साक्षी मानकर पूरे प्रदेश में शराब पर प्रतिबंध और पूर्ण शराबबंदी का वादा चुनावी मंचों से चुनावी घोषणा पत्र में कांग्रेस पार्टी ने किया था। माताओं बहनों को शराबबंदी का झाँसा देकर उनका वोट बटोरा गया और अंत में उन्हें ठग दिया गया। श्रीमती राजपूत ने कहा कि शराब घोटाले में आकंठ डूबी हुई यह सरकार भयभीत है कि कहीं शराबबंदी कर दी गई तो शराब ठेकेदार इनके भ्रष्टाचार को सार्वजनिक कर देंगे। 2000 करोड़ के शराब घोटाले पर इनके सचिव और करीबी पहले से ही जेल में हैं और प्रदेश सरकार के मंत्री अब शर्मनाक तरीके से कहते हैं कि प्रदेश में शराबबंदी की हमने कोई कसम नहीं खाई थी।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार और उसके मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शराबबंदी के नाम पर तमाम तरह की ड्रामेबाजी करने में पूरा कार्यकाल बिता दिया। शराबबंदी का वादा करने वाली कांग्रेस की प्रदेश सरकार ने खुद ही शराब की कोचियागिरी करके घर-घर शराब पहुंचाने का कृत्य किया। प्रदेश के मुखिया को यह कहते हुए शर्म आनी चाहिए कि छत्तीसगढ़ के लोग शराब छोड़ेंगे तो मर जाएंगे। कांग्रेस के विधायक और मंत्री शराब पीने की तरीके बताते हैं और आबकारी मंत्री कहते हैं कि मेरे जीते-जी छत्तीसगढ़ में शराबबंदी नहीं हो सकती। श्रीमती राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार शराबबंदी के नाम पर एक ओर ना-नुकुर करती रही, दूसरी ओर सिंडीकेट बनाकर दो हजार करोड़ रुपए का शराब घोटाला करके प्रदेश को शर्मसार करने में कांग्रेस की इस सरकार ने कोई कसर बाकी नहीं रखी। प्रदेश सरकार शराब माफियाओं के बलबूते चल रही है। यह सरकार शराब माफियाओं के साथ मिलकर छत्तीसगढ़ की पीढ़ियों को बर्बाद करने की सुनियोजित साजिश कर रही है।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती राजपूत ने कहा कि भूपेश सरकार शराब की कमाई में अंधी हो चुकी है। माफियाओं के हित को छत्तीसगढ़ के लोगों के जीवन से ज्यादा महत्व दिया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने नकली अवैध शराब पिलाकर लोगों की सेहत ही नहीं, अपितु जान के साथ भी खिलवाड़ करने का काम किया। शराब ने प्रदेश में अपराधों का ग्राफ बढ़ाया है। शराब के सेवन की लत के चलते प्रदेश की महिलाएं सर्वाधिक प्रताड़ित, हिंसा-घरेलू हिंसा की शिकार होती हैं। मंत्री अकबर को महिलाओं इस पीड़ा की अनुभूति नहीं हो रही है, यह इस प्रदेश सरकार की बदनीयती का परिचायक है। उपचुनाव में लगा काला धन इन्हीं शराब माफियाओं के जेब से निकला था। इसलिए भूपेश सरकार पूरी तरीके से शराब माफियाओं की गुलाम बन चुकी है और रोज-रोज शराबबंदी न करने की बात करके उल-जलूल बयान देती है। श्रीमती राजपूत ने कहा कि छत्तीसगढ़ की माताएँ-बहनें भूपेश सरकार के झूठ को भलीभांति समझ चुकी हैं और झूठ का बदला लेने के लिए संकल्पबद्ध होकर एक ही नारा लगा रही है कि "बदलबो, बदलबो, ये दारी कांगरेस के लबरा सरकार ल बदलबो।’
भाजपा महिला मोर्चा की रैली में महिला मोर्चा प्रभारी सरला कोसरिया, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे, प्रदेश उपाध्यक्ष ममता साहू, मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष अलका चंद्राकर, दीप्ति पांडे, हेमलता शर्मा, संध्या तिवारी, किरण मरकाम, पुनीता डेहरिया, किरण बघेल, कृतिका जैन, निशा चौबे, आयुषी पांडे, प्रीति परघनिया सभी जिला इकाइयों की जिला अध्यक्ष, श्रीमती सीमा साहू, सुलक्ष्णा यादव, किरण साहू, सरोज चंद्रवंशी दिव्या कलिहारी दीपा साहू चंद्रकला पटेल स्वीटी कौशिक वैशाली रत्ना पारीक सहित भारी संख्या में महिलाएँ उपस्थित रहीं।
छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर में मनाया गया स्थापना दिवस
विज्ञान के लोकव्यापीकरण में साईंस सेन्टर की महत्वपूर्ण भूमिका: श्री सत्यनारायण शर्मा
रीजनल साइंस सेंटर की वेबसाइट का हुआ विमोचन
विज्ञान प्रश्नोत्तरी, विज्ञान प्रादर्श प्रदर्शनी, वैज्ञानिक व्याख्यान एवं विज्ञान चित्र प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
रायपुर: छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर के 12वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा ने विज्ञान लोकव्यापीकरण की महत्वपूर्ण भूमिका को इंगित करते हुए इसे जन-मानस तक पहुंचाने में साइंस सेन्टर की महती भूमिका की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार हेतु प्रेरित किया। इस अवसर उन्होंने रीजनल साइंस सेंटर की वेबसाइट का भी विमोचन किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा ने साइंस सेंटर के 12 वर्ष पूर्ण होेने पर अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों में विज्ञान के प्रति हमारी रूचि कैसे बढ़े, विज्ञान विषय को रूचिकर कैसे बनाएं। इस दिशा में साइंस सेंटर काम कर रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद, कोलकाता के पूर्व महानिदेशक श्री जी. एस. रौतेला ने की। कार्यक्रम में विभिन्न शालाओं से आये 500 छात्र-छात्राओं ने अन्य अन्य कार्यक्रम यथा- विज्ञान प्रश्नोत्तरी, विज्ञान प्रादर्श प्रदर्शनी, वैज्ञानिक व्याख्यान एवं विज्ञान चित्र प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र तथा चयनित उत्कृष्ट विद्यार्थियों को वर्ग अनुसार पुरस्कार विधायक श्री सत्यनारायण शर्मा एवं महानिदेशक श्री एस.एस. बजाज द्वारा प्रदान किया।
छत्तीसगढ़ रीजनल साईंस सेन्टर का मुख्य उद्देश्य समाज के वैज्ञानिक संकाय को प्रोत्साहित करना तथा उनमें तार्किक वैज्ञानिक सोच विकसित करना है। छत्तीसगढ़ रीजनल साईंस सेन्टर अपने विभिन्न क्रियाकलापों, उपलब्ध प्रतिक्रियात्मक प्रदर्शनियों जैसे परिमापन, छत्तीसगढ़ के संसाधन एवं मनोरंजन विज्ञान गैलरियों, अस्थायी प्रदर्शनी हॉल, बच्चों का कोना, विज्ञान प्रदर्शन कोना, तारामण्डल, 3-डी रंगमंच सुविधा, विज्ञान उद्यान, वाचनालय-सह-संगोष्ठी हॉल तथा अन्य जनोपयोगी सुविधाएं का उपयोग करते हुये अपने उद्देश्यों के पूर्ति के लिये स्थापना वर्ष से सतत प्रयासरत है। कार्यक्रम में महानिदेशक श्री एस.एस. बजाज द्वारा विज्ञान लोकव्यापीकरण के क्षेत्र में प्रदेश स्तर पर सतत कार्य करने हेतु केन्द्र की प्रतिबद्धता व्यक्त की एवं अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं को धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
गौरतलब है कि विज्ञान के क्षेत्र में समसामयिक अनुसंधान के प्रति जन जागरुकता विकसित करने तथा जन मानस के प्रति विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करने में विज्ञान केन्द्रों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वर्ष 1950 में पं. जवाहर लाल नेहरू, भारत के प्रथम प्रधानमंत्री तत्कालीन समय के प्रसिद्ध उद्योगपति श्री जी.डी. बिड़ला एवं विश्व के प्रसिद्ध भौतिकीविद प्रो. के. सी. कृष्णनन एवं डॉ. बी.सी. रॉय ने भारत में विज्ञान संग्रहालय के स्थापना की नींव रखी। इस तारतम्य में राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के तहत् 1978 में स्थापित किया गया जो कि पूरे भारत में फैले 26 विज्ञान केन्द्रों की स्थापना एवं संचालन में महती भूमिका है। इसी श्रृंखला में राज्य के जनमानस में विज्ञान के प्रति रूचि जागृत करने एवं सम-सामयिक अनुसंधान के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ रीजनल साईंस सेन्टर की स्थापना की गई।
प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात भी होने की संभावना
मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर बीकानेर, ग्वालियर, सीधी, गया, बालूरघाट और उसके बाद उत्तर-पूर्व की ओर अरुणाचल प्रदेश तक स्थित है।
एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है।
प्रदेश में कल दिनांक 13 जुलाई को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।
प्रदेश में 16 जुलाई से वर्षा की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना है।
वर्षा की गतिविधि बस्तर संभाग से प्रारंभ होते हुए प्रदेश के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।